You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: इटली में लगातार तीसरे दिन सबसे कम मौतें

14 मार्च के बाद इटली में सबसे कम मौतों का आंकड़ा दर्ज किया गया है. इटली में 26,644 लोगों की मौत हुई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस: WHO ने ठीक हुए मरीज़ों को लेकर दुनिया को क्यों चेताया

  2. इसलिए है किम जोंग-उन की सेहत को लेकर अटकलें

    उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग-उन के स्वास्थ्य को लेकर अटकलें लगनी तब शुरू हुईं जब वो उत्तर कोरिया के सबसे बड़े नेता और अपने दादा किम-इल सुंग के जन्मदिन 15 अप्रैल को होने वाले जलसे में शामिल नहीं हुए. शनिवार को एक बार फिर किम उत्तर कोरिया के सैन्य स्थापना दिवस के मौक़े पर दिखाई नहीं पड़े.

    इसके उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलें और तेज़ हो गई हैं. न्यूज़वीक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक़ अमरीका की गुप्तचर एजेंसियों ने किसी भी तरह की कोई असामान्य सैन्य गतिविधियां तो नहीं देखी हैं लेकिन वो हालात पर बारीकी से नज़र रखे हुए है.

    न्यूज़वीक ने पेंटागन के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा, “हमने किसी भी तरह का कोई संकेत या फिर अतिरिक्त जानकारी नहीं हासिल किया है जिसके आधार पर उत्तर कोरियाई नेत़त्व या किम जोंग उन के स्वास्थ्य को लेकर कोई ठोस मूल्यांकन कर सके.” लेकिन अधिकारियों ने यहाँ तक कहा है कि वोनसान में ट्रेन की मौजूदगी और हाल के समारोहों में किम की ग़ैर-मौजूदगी उनके बीमार होने की रिपोर्टों को विश्वसनीयता प्रदान करते हैं. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने आख़िरी बार 11 अप्रैल को किम की एक बैठक में होने की ख़बर दी थी.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, किम जोंग-उन की सेहत को लेकर कई तरह के क़यास

    वॉशिगंटन स्थित उत्तर कोरिया मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट ने सैटलाइट इमेज की समीक्षा कर बताया है कि उत्तर कोरिया के रिजॉर्ट टाउन वोनसन में एक ट्रेन खड़ी है जो संभवतः किम जोंग-उन, जिसका इस्तेमाल करते हैं, वही है. मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट 38 नॉर्थ का कहना है कि ट्रेन 21 अप्रैल को वोनसन में लीडरशिप स्टेशन पर पार्क की गई थी.

    मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट 38 नॉर्थ के अनुसार यह स्टेशन किम जोंग-उन के परिवार के लिए सुरक्षित रहता है. इस रिपोर्ट को समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने छापा है. मॉनिटरिंग ग्रुप की रिपोर्ट की रॉयटर्स ने स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और ये भी नहीं बताया है कि किम जोंग-उन वोनसन में ही हैं.

    रिपोर्ट में कहा गया है, ''ट्रेन की मौजूदगी से यह पता नहीं चल पाया है कि किम जोंग-उन कहां हैं और न ही उनकी सेहत के बारे में कुछ जानकारी मिली है. लेकिन इतना ज़रूर पता चलता है कि वो देश के बेहद ख़ास पूर्वी तटीय इलाक़े में हैं.''

    दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल स्थित न्यूज़ वेबसाइट डेली एनके की रिपोर्ट के अनुसार किम जोंग-उन प्योंगयांग के उत्तरी इलाक़े रिजॉर्ट काउंटी ऑफ ह्यागसन में मेडिकल ट्रीटमेंट ले रहे हैं. डेली एनके ने यह ख़बर उत्तर कोरिया में मौजूद एक अनाम सूत्र के हवाले से दी है. दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी न्यूज़इज के अनुसार किम शायद कोविड-19 से बचने को लेकर वोनसम में हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी कर्फ़्यू में देगा ढील

    सऊदी अरब कर्फ़्यू में ढील देने जा रहा है. इसके साथ ही कुछ व्यावसायिक संस्थानों को खोलेगा. सऊदी के सरकारी मीडिया के अनुसार रविवार से मुल्क के सभी इलाक़ों में लगे कर्फ़्यू में ढील दी जाएगी. हालांकि मक्का में अब भी 24 घंटे का कर्फ़्यू लगा रहेगा. रमज़ान के महीने में कुछ रीटेल स्टोर भी खोले जाएंगे.

  5. चीन में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 11 नए मामले

    25 अप्रैल को चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण के 11 नए मामले सामने आए. इससे पहले 24 अप्रैल को भी 12 नए मामलों की पुष्टि हुई थी. 25 अप्रैल को भी कोरोना वायरस के संक्रमण से चीन में किसी की मौत नहीं हुई. चीन में कोरोना वायरस से संक्रमण के अब तक कुल 82,827 मामले सामने आ चुके हैं और 4,632 लोगों की मौत हुई है.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने प्रेस दैनिक कॉन्फ़्रेंस क्यों बंद की?

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कोरोना वायरस को लेकर होने वाली दैनिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस को बंद कर दिया है. कहा जा रहा है कि ट्रंप को उनके सलाहकारों ने बताया था कि दैनिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस से उनके चुनावी कैंपेन को झटका लग सकता है. दरअसल, ट्रंप प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पत्रकारों से उलझ जाते थे और कुछ ऐसा कह जाते थे जिससे उनकी ख़ूब आलोचना होती थी.

    ट्रंप ने ख़ुद ही ट्विटर पर बताया कि प्रेस ब्रिफ़िंग का कोई मतलब नहीं है. हाल के हफ़्तों में ट्रंप ने अपनी प्रेस ब्रीफ़िंग में कोविड-19 के संक्रमण को ठीक करने के लिए अप्रमाणित और ग़लत मेडिकल सलाह दिए हैं. उन्होंने कोरोना के इलाज के तौर पर धूप और मलेरिया की दवाओं के इस्तेमाल की सलाह देने जैसी बातें कही हैं. उनके इस तरह के बयान पर उनके ही विशेषज्ञों की टीम को अक्सर सफ़ाई देनी पड़ी है.

    लेकिन शुक्रवार को ट्रंप ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कोई भी सवाल का जवाब न देकर लोगों को चौंका दिया. वो 22 मिनट की बंद कमरे में मीटिंग बाद बाहर चले गए. कुछ लोग इसे इस तरह से देख रहे हैं कि वो गुरुवार को अपनी ख़ुद कही विवादास्पद बात को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे.

    उन्होंने कहा था कि रोगाणुनाशक का इस्तेमाल कोविड-19 के इस्तेमाल में किया जा सकता है. उनके इस बयान को लेकर काफी आलोचना हुई और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसे खारिज करते हुए चेतावनी दी. बाद में ट्रंप ने सफ़ाई दी थी कि उन्होंने यह बयान तंज में दिया था जबकि वीडियो देखने पर ऐसा लग नहीं रहा.

    अब ट्रंप ने ट्वीट किया है, “व्हाइट हाउस के न्यूज़ कॉन्फ्रेंस का क्या मक़सद रह जाता है जब पक्षपाती मीडिया शत्रुतापूर्ण सवाल छोड़कर और कुछ नहीं पूछता और फिर चीज़ों को तथ्यों के साथ रिपोर्ट नहीं करता. उन्हें इससे रेटिंग्स मिलती है और अमरीकी लोगों को फ़ेक न्यूज़ के अलावा और कुछ नहीं. इसमें समय देना और प्रयास करना बेकार है.“ प्रेस ब्रीफ़िंग के जरिए टास्क फोर्स देश भर में कोरोना को लेकर अपडेट्स देता है लेकिन इस ब्रीफ़िंग को लेकर अब सारा ध्यान ट्रंप के इन बयानों पर केंद्रीत हो गया है.

  7. अब तक के बड़े अपडेट्स

    कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक दो लाख से ज़्यादा लोगों की मौत

    दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या दो लाख पार गई है. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़ शनिवार तक दुनिया भर में 202368 लोग अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण से मारे जा चुके हैं. मरने वालों की संख्या में और इजाफा हो सकता है क्योंकि कई मामलों में संदिग्ध मरीज़ों की अभी टेस्ट रिपोर्ट नहीं आई है.

    बोरिस जॉनसन सोमवार से दफ़्तर आना शुरू कर देंगे

    डाउनिंग स्ट्रीट की प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन सोमवार से पूरी तरह स्वस्थ्य होने के बाद दफ़्तर आना शुरू कर देंगे. बोरिस जॉनसन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद उन्हें तीन दिनों तक आईसीयू में रखना पड़ा था. वापस लौटने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती लॉकडाउन में ढील बरतने के फ़ैसले को लेकर होगी. वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि नए मामलों की संख्या वैसी की वैसी ही बनी हुई है.

    जर्मनी में लॉकडाउन का विरोध करने वाले गिरफ़्तार

    जर्मनी की पुलिस ने बर्लिन में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया है. ये प्रदर्शनकारी लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. क़रीब 1000 लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इस विरोध-प्रदर्शन में ज़्यादातर धुर-वामपंथी कार्यकर्ता शामिल हुए थे लेकिन इसमें दक्षिणपंथी समर्थक और दूसरे समूह भी शामिल थे.

    पराग्वे ने पेश की लॉकडाउन से निकलने की योजना

    पराग्वे के अधिकारियों ने लॉकडाउन से निकलने की योजना पेश की है. वहां के स्वास्थ्य मंत्री जुलियो मैज़ोलेनी ने प्रेस कॉफ्रेंस में चार मई से ‘इंटेलिजेंट क्वॉरंटीन’ शुरू करने की घोषणा की है. इसके तहत धीरे-धीरे आर्थिक गतिविधियों और लोगों की आवाजाही को चार चरणों में जुलाई के शुरुआत तक शुरू किया जाएगा.

    ब्रिटेन की सरकार से बेलआउट पैकेज की मांग

    वेल्श के सांसद स्टीफन किननॉक के मुताबिक़ ब्रिटेन के सबसे बड़े स्टील उत्पादक को कोरोना से उत्पन्न हुए संकट से निकलने के लिए सरकार से पचास करोड़ पाउंड की सहायता की दरकार है. टाटा स्टील ने कथित तौर पर ब्रिटेन और वेल्श की सरकार से बेलआउट पैकेज मांगी है क्योंकि लॉकडाउन की वजह से उसका उत्पादन ठप पड़ गया है. पूरे ब्रिटेन में कंपनी के 8385 कर्मचारी हैं. इसमें से चार हज़ार से ज़्यादा कर्मचारी साउथ वेल्स के पोर्ट टालबोट स्टीलवर्क में काम करते हैं.

    स्पेन लॉकडाउन की पाबंदियां उठा सकता है

    अगर हालात में यूं ही सुधार होता दिखा तो फिर स्पेन लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील दे सकता है और दो मई से वयस्कों को कसरत करने के लिए जाने की इजाज़त दे सकता है. प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इसकी घोषणा की है.

  8. आज के इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर देश-दुनिया में कोरोना वायरस की महामारी को लेकर जो कुछ भी हो रहा है वो दिखाएंगे और बताएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.