दुनिया भर में कुल 27 लाख लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के
मुताबिक़, दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 27 लाख के पार पहुंच
गए हैं. कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या भी एक लाख 90 हज़ार से अधिक
हो गई है.
अमरीका में मरने वालों की तादाद 50 हज़ार के क़रीब
अमरीका दुनिया का सबसे बुरी तरह प्रभावित
देश है. अमरीका में मरने वालों की संख्या 49,759 हो गई है. अमरीका में संक्रमण के
8 लाख 66 हज़ार से अधिक मामले हैं. इटली में मरने वालों की संख्या 25 हज़ार से
अधिक है. फ्रांस में मौत का आंकड़ा 21 हज़ार के पार हो गया है. ब्रिटेन में भी 18
हज़ार से अधिक लोगों की मौत हुई है. स्पेन में मरने वालों की संख्या 22 हज़ार से
अधिक है.
भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 21 हज़ार के पार
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं
परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, भारत में
संक्रमण के कुल 21700 मामले हैं जबकि मरने वालों की संख्या 686 हो गई है. भारत में
4325 मामलों में लोग ठीक भी हुए हैं.
अमरीकी कांग्रेस ने 484 अरब डॉलर का पैकेज पास किया
अमरीका में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स में 484 अरब डॉलर के एक नए राहत पैकेज से जुड़ा बिल पास हो गया है. इसका मक़सद छोटे
व्यवसायों को क़र्ज़ देना और हॉस्पिटल और कोरोना वायरस से निपटने के लिए और आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग को
लेकर जो गाइडलाइन्स जारी की गई हैं उन्हें गर्मियों तक बढ़ाया जा सकता है.
अमरीकी सीनेटर के भाई की कोरोना वायरस से मौत
डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद एलिज़ाबेथ वॉरेन ने स्वीकार
किया है कि उनके बड़े भाई की मौत कोरोना वायरस संक्रमण के कारण हुई है.
इंडोनेशिया में ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं पर प्रतिबंध
रमज़ान के मद्देनज़र इंडोनेशिया ने अपने प्रातों में ग़ैर-ज़रूरी
यात्राओं पर रोक लगा दी है. कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए यह
क़दम उठाया गया है.
अल्जीरिया में रमज़ान में प्रतिबंधों में ढील
अल्जीरिया में रमज़ान के महीने में प्रतिबंधों में कुछ ढील
दी जाएगी. अल्जीरिया के प्रधानमंत्री के कार्यालय द्वारा गुरुवार को बताया गया कि रमज़ान
के पवित्र महीने के पहले दिन से रात में कर्फ़्यू में कुछ राहत दी जाएगी. साथ ही
राजधानी अल्जीयर्स के पास के एक प्रांत से लॉकडाउन को पूरी तरह हटा दिया जाएगा.
इक्वाडोर में 11 हज़ार नए मामले
इक्वाडोर के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि देश में कोरोना
वायरस संक्रमण के मामले पहले के पुष्ट मामलों की तुलना में कहीं अधिक बढ़ गए हैं. अधिकारियों
का कहना है कि देर से टेस्ट होने के कारण संक्रमण के 11 हज़ार नए मामले सामने आए
हैं. देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अभी तक 560 लोगों की मौत हो चुकी है.
वहीं संक्रमण के मामले बढ़कर 11 हज़ार 183 हो गए हैं.
फ़लीस्तीनी शरणार्थी शिविर में चार लोगों में संक्रमण
लेबनान में एक फ़लीस्तीनी शरणार्थी शिविर में चार
लोगों में संक्रमण पाया गया है. एक स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि इसी के साथ यहां
कोविड19 पॉज़ीटिव केस की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.
2020 यूरोपियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप को रद्द
कोरोना वायरस के कारण अगस्त महीने में पेरिस
में होने वाले 2020 यूरोपियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप को रद्द कर दिया गया है.आयोजकों
ने इस बात की घोषणा की.इस साल आयोजित होने वाले अधिकांश खेल आयोजन या तो रद्द कर
दिये गए हैं या टाल दिए गए हैं.