You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: अमरीका में मरने वालों की संख्या 50 हज़ार के पार

अमरीका में कोरोना से संक्रमित रोगियों की संख्या 870,000 से ज़्यादा है. ये वो मामले हैं जिनकी पुष्टि हो चुकी है.

लाइव कवरेज

  1. पश्चिम बंगालः केंद्रीय टीम ने बढ़ाई ममता सरकार की मुश्किल

    प्रभाकर मणि तिवारी

    बीबीसी हिन्दी के लिए कोलकाता से

    कोरोना से उपजी परिस्थिति का जायज़ा लेने पश्चिम बंगाल पहुंची केंद्रीय टीमों ने राज्य सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

    कोलकाता पहुंची टीम के प्रमुख अपूर्व चंद्र ने मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को शुक्रवार को भेजे गए दो अलग-अलग पत्रों में उनसे कई मुद्दों पर सफ़ाई मांगी है.

    इस टीम ने राज्य के तमाम अस्पतालों और क्वारंटीन केंद्रों में फैली अव्यवस्था पर स्पष्टीकरण मांगा है.

    उसने सरकार से कोरोना के मरीजों की जांच में होने वाली देरी पर भी जवाब मांगा है.

    केंद्रीय टीम ने सवाल किया है कि बंगाल सरकार इतनी कम तादाद में नमूनों की जांच क्यों कर रही है?

    राज्य सरकार से यह भी बताने को कहा गया है कि वह रोज़ाना ढाई हजार से 5000 तक नमूनों की जांच कब से शुरू करेगी और इसके लिए क्या उपाय किए गए हैं.

    इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पत्र का जवाब भेजा है.

    इसमें उन्होंने ममता के तमाम आरोपों को निराधार करार देते हुए आरोप लगाया है कि वे कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने में नाकाम रहने के बाद अपनी विफलताओं को छिपाने की रणनीति के तहत ही पत्र के ज़रिए राज्यपाल पर हमला कर रही हैं.

    धनखड़ ने कुल 37 बिंदुओं पर सिलसिलेवार जवाब भेजा है. इसमें उन्होंने ममता पर कोरोना के मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की भी सलाह दी है.

  2. CARTOON OF THE DAY

  3. स्पेनः पिछले एक महीने में मृतकों की संख्या सबसे कम

    स्पेन से शुक्रवार को कुछ राहत भरी ख़बर आई. वहाँ पिछले एक महीने में पहली बार किसी एक दिन में मृतकों की संख्या सबसे कम दर्ज की गई है.

    पिछले 24 घंटों में वहाँ 367 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है.

    स्पेन में मरने वालों की संख्या 22,524 हो गई है. मृतकों की संख्या के हिसाब से अमरीका और इटली के बाद स्पेन तीसरे नंबर पर आता है.

    स्पेन में संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 2 लाख 20 हज़ार है.

  4. इंग्लैंडः टेस्ट के लिए इतने आवेदन आ गए कि बंद करनी पड़ी बुकिंग

    इंग्लैंड में आवश्यक कार्यों से जुड़े लाखों कर्मचारियों और उनके परिवार के लोगों को सरकार ने कोरोना वायरस टेस्ट की सुविधा देने की घोषणा की थी.

    मगर इसके लिए कुछ ही घंटों के भीतर इतने ज़्यादा आवेदन आ गए कि सरकार को वेबसाइट पर बुकिंग बंद करनी पड़ी.

    बुकिंग की वेबसाइट पर जाने वाले लोगों को बाद में चेक करने का संदेश लिखा मिल रहा था.

    ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस परेशानी के लिए ट्वीट कर माफ़ी माँगी है.

  5. बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,684 नए मामले, कुल 23,077 संक्रमित

    शुक्रवार को भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता लव अग्रवाल ने कहा कि बीते 24 घंटों में भारत में कोरोना संक्रमण के 1,684 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या अब 23,077 हो गया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना से बीते 24 घंटों में 424 लोग ठीक हुए हैं जिसके बाद वायरस से ठीक होने वालों की संख्या 4,749 हो गई है जो करीब 20.57 फीसदी है, ये अच्छी ख़बर है.

    उन्होंने बताया कि बीते 28 दिनों में जिन जिलों से कोई मामला नहीं आया है उनमें तीन और जिलों के नाम शामिल हो गए हैं, और ये संख्या अब 15 हो गई है. इस सूची में राजनंदगांव, दुर्ग और शिवपुरी का नाम भी शामिल हो गया है.

    इसके साथ ही 80 जिले ऐसे हैं जहां बीते 14 दिनों से कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है.

    प्रेस कॉन्फ्रेस में एक एम्पावर्ड ग्रुप के चेयरमैन डॉक्टर वीके पॉल ने कहा कि बीते एक महीने में देश ने कोरोना वायरस को रोकने में काफी हद तक सफलता पाई है.

    उन्होंने कहा कि वो कहते हैं कि दो सप्ताह से पहले जो डबलिंग रेट 9 दिन था वो अब 10 दिन का हो गया है.

    वो कहते हैं, कोरोना फैलने के मामले में शुरुआती तीन दिन में (21 मार्च के बाद से) डबलिंग रेट 3.3-3.4 था. 23 मार्च के बाद यात्रा में रोक लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को लागू करने के बाद थोड़ी गिरावट देखी जा रही थी. इसके दो सप्ताह बाद डबलिंग रेट करीब 5 दिन तक हो गई.

    अप्रैल 6 के बाद से हम इससे और आगे बढ़े हैं और अब 10 दिन के डबलिंग रेट की तरफ बढ़े हैं जो सीथे तौर पर कहा जा सकता है कि लॉकडाउन का असर है.

    उनका कहना है कि लॉकडाउन का अभी और असर देखा जाना है.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय से सवाल पूछा गया कि क्या लॉकडाउन को 3 मई के बाद आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं और जो टेस्टिंग हो रही है क्या वो काफी है.

    इस पर डॉक्टर वीे पाल ने कहा कि टेस्टिंग को बढ़ाने की पूरी कोशिश की जा रही है और ज़रूरत पड़ने पर टेस्टिंग की संख्या और बढ़ाई जाएगी.

    उन्होंने कहा महामारी को रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन प्रभावी रहा है लेकिन लॉकडाउन खुलेगा या नहीं इस पर जब फ़ैसला आएगा तक तब सभी को बताया जाएगा.

  6. इंग्लैंडः 1 जुलाई से पहले कोई क्रिकेट मैच नहीं

    इंग्लैंड में कम-से-कम 1 जुलाई तक कोई भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच नहीं खेला जाएगा.

    इस वजह से जून में होनेवाली इंग्लैंड-वेस्ट इंडीज़ की तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ टल गई है.

    वहाँ घरेलू काउंटी क्रिकेट का सत्र अप्रैल के मध्य से शुरू हो जाता है मगर इस बार उसे भी टाल दिया गया है.

    इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि इंग्लैंड की पुरुष और महिला टीमें जुलाई से सितंबर के बीच मैच खेलेंगी, मगर ये सरकार के निर्देशों के हिसाब से तय होगा.

    बोर्ड के मुख्य कार्यकारी टॉम हैरिसन ने कहा,” हमें आशा है कि गर्मियों में कुछ मैच हो सकेंगे, पर जब तक खेलना सुरक्षित ना हो जाए, कोई खेल नहीं होगा.”

  7. ज़ू में बाघिन की मौत, कोरोना टेस्ट के लिए भेजे गए नमूने

    दिल्ली के चिड़ियाघर में एक बाघिन की मौत किडनी फेल होने से हो गई है.

    इसके बाद मौत की कारण की जांच के लिए बाघिन के नमूने कोरोना टेस्ट के लिए भेजे गए हैं.

  8. राहुल गांधी: महंगाई भत्ता काटने का सरकार का फ़ैसला अमानवीय

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना संकट की वजह से केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को बढ़ाने पर रोक लगाने के सरकार के फ़ैसले की आलोचना करते हुए ट्वीट किया है.

  9. ऑस्ट्रेलिया ने कैसे बदली तस्वीर

    साएमा ख़लील

    बीबीसी संवाददाता, सिडनी

    लगभग चार सप्ताह पहले, ऑस्ट्रेलिया में सोशल डिस्टेंसिंग को सख़्ती से लागू किया गया और सभी ग़ैर-ज़रूरी सेवाएँ बंद कर दी गईं.

    हम सब इस नई तरह की जीवन शैली में ढलने लगे थे. कोई बाहर तफ़रीह नहीं करता था. सारे समुद्रतट ख़ाली हो गए थे. उस समय रोज़ाना वहाँ सैकड़ों की संख्या में मामले आ रहे थे.

    पर अब वहाँ की तस्वीर बदल चुकी है. आज देश में 13 नए मामले सामने आए. ऑस्ट्रेलिया में कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों की खोज और टेस्टिंग से स्थिति क़ाबू में आती लग रही है. अभी तक देश में 79 लोगों की कोरोना से मौत हुई है.

    ऑस्ट्रेलिया ने यूरोप और अमरीका से अलग सक्रियता दिखाते हुए अपनी सीमाएँ सील कर दीं और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया.

    अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की चिंताओं के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने सख़्ती बरती और साथ ही लोगों और व्यवसायों की मदद के लिए राहत पैकेज का भी एलान किया.

    इन उपायों से वहाँ की तस्वीर बदल गई मगर सरकार ने आत्मसंतुष्ट होने को लेकर सावधान किया है.

  10. कोरोना से लड़ने वालों की चुनौती वायरस ही नहीं, लोग भी

  11. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्लाज़्मा थेरेपी को लेकर जगाई उम्मीद

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस पर ब्रीफ़िंग के दौरान कहा कि उनकी सरकार दो दिशा में प्रयास कर रही है.

    एक प्रयास तो इस दिशा में किया जा रहा है कि इस वायरस को फैलने से कैसे रोका जाए और दूसरी कोशिश यह है कि किस तरह से कोरोना वायरस से होने वाली मौतों को रोका जाए.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बताया कि क़रीब दस दिन पहले केंद्र सरकार से उन्हें कोरोना वायरस के सबसे गंभीर मामलों में प्लाज़्मा थेरेपी करने की अनुमति मिली थी.

    प्लाज़्मा थेरेपी के तहत कोरोना वायरस के जो मरीज़ ठीक हो जाते हैं, उन मरीज़ों में एंटीबॉडी बन जाती है जो उन्हें कोरोना से बचाती है.अगर ठीक हुए मरीज़ के खून से प्लाज्मा निकालकर उससे एंटीबॉडी निकाला जाए तो उससे बीमार लोगों का इलाज किया जा सकता है. इसका छोटे स्तर पर ट्रायल शुरू किया गया है और इसे उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, कुछ देशों में लॉकडाउन के बावजूद मस्जिदें खुलीं

    दुनिया भर में आज से रमज़ान का महीना शुरू हो गया है. इस साल का रमज़ान दुनिया भर के 1.8 अरब मुसलमानों के लिए बिल्कुल अलग है. कोरोना वायरस की महामारी के कारण हर देश में लॉकडाउन चल रहा है.

    इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग और एक साथ जमा होने पर रोक लगाई गई है. दुनिया के ज़्यादातर इस्लामिक देशों में लॉकडाउन है लेकिन जहां इस्लामिक समूहों का दबदबा है वहां रमज़ान के दौरान मस्जिदें खुली हैं और लोग साथ में नमाज़ भी अदा कर रहे हैं.

    कई देशों में रोज़ा खोलने के दौरान रात में कर्फ़्यू लगा दिया गया है. रोज़ा खोलने के दौरान लोग समूहों में खाते थे और इसी को रोकने के लिए ऐसा किया गया है ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचा जा सके.

    पाकिस्तान के अलावा इंडोनेशिया में भी मस्जिदें खुली रहने की ख़बर है. पाकिस्तान के डॉक्टरों ने मस्जिदें खुली रखने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि इससे संक्रमण बढ़ने का ख़तरा है. पाकिस्तान ने पहले मस्जिद बंद रखने का फ़ैसला किया था लेकिन बाद में कुछ शर्तों के साथ फ़ैसला बदल दिया था.

    इंडोनेशिया के अचे प्रांत में मुसलमान बड़ी संख्या में गुरुवार रात मस्जिद में सामूहिक नमाज़ में शामिल हुए. यह रमज़ान शुरू होने से पहले की नमाज़ थी. हालांकि ज़्यादातर लोगों ने फेस मास्क लगा रखे थे लेकिन सब बहुत ही क़रीब थे. इन लोगों ने इंडोनेशिया की सरकार की गाइडलाइन का भी उल्लंघन किया.

    बीबीसी इंडोनेशिया से पुतरी सराह नाम के एक नमाज़ी ने कहा, ''कोरोना वायरस से डर है लेकिन नमाज़ के लिए निकलने में कोरोना से डर नहीं लगता. सबसे ज़रूरी चीज़ है ख़ुद को साफ़ सुथरा रखना. हम हाथ धो रहे हैं और मास्क भी पहन रहे हैं.'' वाहयुका नाम के एक और नमाज़ी ने कहा कि वो बच्चों के दबाव में मस्जिद आए हैं. उन्होंने कहा, ''मुझे साथ में नमाज़ अदा करने में डर लग रहा है इसलिए मैं लाइन से बिल्कुल दूर हूं.''

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: दक्षिण कोरिया में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से कोई मौत नहीं

    चीन में पिछले एक सप्ताह में कोरोना वायरस के कारण किसी की भी मौत नहीं हुई है.

    वहीं दक्षिण कोरिया में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से मौत का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है.

    अप्रैल महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोरोना वायरस के संक्रमण से 24 घंटे में किसी की मौत नहीं हुई है.

    सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल के मुताबिक़ बीते 24 घंटे में संक्रमण के भी सिर्फ़ छह ही नए मामले आए हैं,जो 18 फ़रवरी के बाद से पहली बार इतने कम हैं.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ो के मुताबिक़, देश में संक्रमण के 10 हज़ार से अधिक केस हैं जबकि मरने वालों की संख्या 240 है.

  14. कोरोना वायरस: ब्रिटेन में पहली बार किसी मरीज़ को दिया गया वैक्सीन

    ब्रिटेन में दो लोगों को संभावित टीका लगाया गया है.

    यह पहला मौक़ा है जब यूरोप में इंसानों पर किसी वैक्सीन का टेस्ट किया गया है.

    इस अध्ययन के लिए कम से कम 800 लोगों को चुना गया है.

    इन आठ सौ लोगों में से आधे लोगों को कोविड19 की वैक्सीन दी जाएगी और आधे लोगों को एक कंट्रोल वैक्सीन जो मेनिनजाइटिस से तो बचाता है लेकिन कोरोनावायरस से नहीं. इन 800 लोगों में से किसी को यह पता नहीं है कि उन्हें कौन सी वैक्सीन दी जाएगी.

    इस वैक्सीन को ऑक्सफ़र्ड विश्वविद्यालय में एक टीम ने तीन महीने के भीतर विकसित किया गया है.

    जेनर इंस्टीट्यूट में वैक्सीनोलॉजी की प्रोफ़ेसर सारा गिलबर्ट इस प्री-क्लिनिकल रिसर्च का नेतृत्व कर रही हैं.

    इससे पहले गिलबर्ट ने कहा था कि वो 80 फ़ीसदी श्योर है कि यह वैक्सीन काम करेगी लेकिन वो अब वो इसे लेकर कोई आँकड़े नहीं देना चाहती हैं. फिलहाल उनका सिर्फ़ इतना ही कहना है कि वो इसे लेकर बहुत आशांवित हैं.

  15. कोरोना वायरस: ट्रंप की अजीब सलाह- रोगाणुनाशक का इंजेक्शन

  16. कोरोना वायरस वैक्सीन: टूटी उम्मीद ट्रायल में फेल हुआ रेमडेसिवयर

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस से अमरीका में क़रीब 50 हज़ार लोगों की मौत

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की ओर से जारी किए गए ताज़ा आँकड़ो के मुताबिक़, दुनिया भर में संक्रमण के मामले बढ़कर 27,09, 408 हो गए हैं. वहीं मरने वालों की संख्या 1,90,861 हो गई है.

    संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका में हैं. अमरीका में संक्रमित लोगों की संख्या 8,69,172 हो गई है जबकि इससे मरने वालों की संख्या लगभग पचास हज़ार (49,954) है.

    वहीं इटली दूसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. जहां मरने वालों की संख्या 25,549 हो गई है. देश में संक्रमण के कुल 189,973 मामलों की पुष्टि हुई है.

    स्पेन में मरने वालों की संख्या 22,157 है और फ्रांस में कोरोना वायरस के कारण अभी तक 21,856 लोगों की मौत हो चुकी है.

    स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने व्यापक तौर पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान की निंदा की है जिसमें उन्होंने कहा कि वायरस से लड़ने के लिए रोगाणुनाशक और अल्ट्रा वायलट किरणों का इस्तेमाल किया जा सकता है. ट्रंप ने कोरोना वायरस पर अपनी डेली प्रेस ब्रीफिंग में यह बात कही थी.

  18. इंडोनेशिया में रमज़ान के दौरान टूटी सरकार की गाइडलाइन

    रेस्ती वोरो युनिअर

    बीबीसी न्यूज़, जकार्ता

    इंडोनेशिया के अचे प्रांत में मुसलमान बड़ी संख्या में गुरुवार रात मस्जिद में सामूहिक नमाज़ में शामिल हुए. यह रमज़ान शुरू होने से पहले की नमाज़ थी. हालांकि ज़्यादातर लोगों ने फेस मास्क लगा रखे थे लेकिन सब बहुत ही क़रीब थे.

    इन लोगों ने इंडोनेशिया की सरकार की गाइडलाइन का भी उल्लंघन किया. बीबीसी इंडोनेशिया से पुतरी सराह नाम के एक नमाज़ी ने कहा, ''कोरोना वायरस से डर है लेकिन नमाज़ के लिए निकलने में कोरोना से डर नहीं लगता. सबसे ज़रूरी चीज़ है ख़ुद को साफ़ सुथरा रखना. हम हाथ धो रहे हैं और मास्क भी पहन रहे हैं.''

    वाहयुका नाम के एक और नमाज़ी ने कहा कि वो बच्चों के दबाव में मस्जिद आए हैं. उन्होंने कहा, ''मुझे साथ में नमाज़ अदा करने में डर लग रहा है इसलिए मैं लाइन से बिल्कुल दूर हूं.''

    अचे में सिया कुअला यूनिवर्सिटी में समाज विज्ञान के प्रोफ़ेसर मारिनी कृस्टिआनी ने कहा कि यहां के लोगों ने सरकार के दिशा-निर्देशों की तुलना में इस्लामिक समूहों के फतवे का पालन करना ठीक समझा.

    अचे इंडोनेशिया का एकमात्र इलाक़ा है जहां इस्लामिक शरिया क़ानून का पालन होता है. इस इलाक़े में अब भी कोड़े से मारने की सज़ा कायम है. इसी मंगलवार को इस्लामिक क़ानून के उल्लंघन में छह लोगों को कोड़े मारे गए थे.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: नोबेल विजेता से अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने कहा भारत रहमदिली दिखाए

    नोबेल विजेता से अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने बीबीसी से कहा है कि भारत को ग़रीबों के प्रति और संवेदना दिखाने की ज़रूरत है. उन्होंने कहा कि भारत में लॉकडाउन से लाखों की संख्या में ग़रीब बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं.

    अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने कहा कि हमने अभी तक उस स्तर पर कुछ भी पर्याप्त नहीं किया है.

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते महीने 24 मार्च को देश में लॉकडाउन की घोषणा की थी. बाद में भारत सरकार ने 23 अरब डॉलर के राहत पैकेज की घोषणा की थी.

    इनमें से एक बड़ा हिस्सा ग़रीबों को नक़द देना और उनके लिए खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना है.

    साल 2019 में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में अपनी पत्नी और को-रीसर्चर ईस्थर डफ़्लो के साथ संयुक्त तौर पर नोबल पुरस्कार पाने वाले अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी का कहना है कि सरकार ने कोविड 19 के प्रसार को रोकने के लिए जो क़दम उठाया वो बिल्कुल ठीक था.

    लेकिन वो आगे कहते हैं “लेकिन लॉकडाउन इस कहानी या परिस्थति का अंत नहीं है. यह बीमारी लंबे समय तक हमारे साथ रहने वाली है. जब तक इसकी वैक्सीन नहीं बन जाती है तब तक मुश्किलें जारी रहेंगी. फ़िलहाल वैक्सीन इतनी जल्दी बनती नहीं दिख रही. ”

  20. कोरोना वायरस: पूरी दुनिया में पाबंदी लेकिन नहीं माना पाकिस्तान

    पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर रमज़ान शनिवार को शुरू हो रहा है लेकिन संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने जो क़दम उठाए हैं उसे लेकर सवाल उठाए जा रहा हैं.

    लगभग एक महीने तक बंदी के बाद अंतत: सरकार ने रमज़ान के लिए मस्जिदों में प्रार्थना को मंज़ूरी दे दी है.

    ये अपने आप में चिंता की बात इसलिए है क्योंकि इस्लाम का मूल स्थान माने जाने वाले सऊदी अरब ने भी अपने यहां सामूहिक प्रार्थनाओं पर लगे प्रतिबंधों को जारी रखने का फ़ैसला किया है.

    उन्होंने कहा है कि वे प्रतिबंधों को जारी रखेंगे.

    आमतौर पर रमज़ान में इस्लाम को मानने वाले मस्जिदों में जमा होते हैं और प्रार्थना करते हैं और दूसरी प्रक्रियाओं और नियमों का पालन करते हैं. लेकिन इस बार अधिकांश देशों में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन की स्थिति है जिसके कारण मस्जिदों में लोगों के जमा होने पर मनाही है.

    पाकिस्तान में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के दस हज़ार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है. जिसमें से 66 फ़ीसदी मामले लोकल-ट्रांसमिशन के हैं.

    पाकिस्तान के वरिष्ठ चिकित्सकों ने इससे पहले चेतावनी जारी की थी और कहा था कि अगर रमज़ान के लिए लोगों की भीड़ जुटती है तो यह ख़तरनाक हो सकता है और इससे संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं. उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा होता है तो इस पर क़ाबू पाना मुश्किल होगा.