दुनिया भर में एक लाख 83 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत
दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले बढ़कर 26 लाख 24 हज़ार के पार पहुंच गए हैं. कोरोना वायरस से अभी तक दुनिया भर में एक लाख 83 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अमरीका इससे सबसे अधिक प्रभावित देश है, जहां मरने वालों की संख्या 46 हज़ार के पार पहुंच गई है और संक्रमण के मामले 8 लाख 40 हज़ार के पार. वहीं भारत में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक़, देश में संक्रमण के मामले 20 हज़ार से अधिक हैं और मरने वालों की संख्या 652 हो गई है.
दुनिया को अभी लंबा रास्ता तय करना है- WHO
प्रमुख
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख डॉ टेड्रोस ने कहा है कि इस महामारी से निपटने के लिए दुनिया को अब भी एक लंबा रास्ता तय करना है. डॉ. टेड्रोस ने कहा कि एक ओर जहां पश्चिमी यूरोप के कई देशों में कोरोना वायरस के मामले घटते हुए नज़र आ रहे हैं वहीं अफ़्रीका, मध्य और दक्षिण अमरीका और पूर्वी यूरोप में प्रकोप बढ़ता दिख रहा है.
रिफ़्यूजी कैंप भी कोरोना वायरस की चपेट में
लेबनान में एक शरणार्थी शिविर में कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि की गई है. कोरोना वायरस के शुरुआत से ही इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि यह शरणार्थी शिविरों को भी चपेट में ले सकता है क्योंकि अमूमन शरणार्थी शिविरों की साफ़-सफ़ाई उस स्तर की नहीं होती. यहां जगह के अनुपात में लोगों की संख्या भी बहुत अधिक होती है.
स्पेन ने की लॉकडाउन में ढील देने की घोषणा
कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक स्पेन ने घोषणा की है कि वह मई महीने के आख़िरी दो हफ़्तों में लॉकडाउन हटाने की योजना बना रहा है.
जर्मनी ने अपने यहां कोविड-19 की वैक्सीन के लिए पहले मानव परीक्षण को मंज़ूरी दे दी है. 18 साल से 55 साल के बीच क़रीब 200 लोगों पर यह परीक्षण किया जाएगा.
पोप ने यूरोपीय संघ के नेताओं से बात की
पोप फ्रांसिस ने यूरोपीय संघ के सदस्यों से कोरोना वायरस के इस दौर में एकता बनाए रखने का आह्वान किया है. पोप ने यह बात यूरोपीय संघ के सदस्यों के एक सम्मेलन के दौरान कही. इस सम्मेलन में कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए एक बड़े आर्थिक पैकेज पर चर्चा की गई. यूरोपीय संघ के देशों के बीच बीते कई दिनों से वित्तीय मामलों को लेकर टकराव की स्थिति बनी है.
क्रू शिप पर कोरोना वायरस के 34 पॉज़ीटिव केस
जापान के तट पर रख-रखाव के लिए रुके क्रूज़ पर चालक दल के 34 सदस्य कोरोना पॉज़ीटिव पाए गए हैं. इटली के इस क्रूज़ कोस्टा अटलांटिका पर कोरोना वायरस के पॉज़ीटिव केस मिलने से जापान के नागासाकी शहर के लिए चिंताएं बढ़ गई हैं. जहां सिर्फ़ 102 बिस्तरों की ही व्यवस्था है.
ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या को लेकर सवाल
ऑफ़िस फ़ॉर नेशनल स्टैटिस्टिक्स की ओर से जारी किए गए आंकड़ों को आधार बनाकर फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने आशंका ज़ाहिर की है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 41 हज़ार से अधिक हो सकती है. इन आँकड़ों का आधार यह है कि सार्वजनिक तौर पर उन्हीं मौतों की गिनती की जा रही है जो अस्पताल में हुई है जबकि इससे अलग मरने वालों की संख्या कहीं अधिक हो सकती है.
फ्रांस में लगातार बढ़ रही है बेरोज़गारी
फ्रांस के श्रम मंत्री मुरिल पेनेइकूद के अनुसार, देश में काम करने वाली क़रीब आधी आबादी ने देश की अस्थायी बेरोज़गारी योजना पर हस्ताक्षर किए हैं. निजी क्षेत्र में काम करने वाले क़रीब 1.2 करोड़ लोगों ने मदद के लिए आवेदन किया है. पेनेइकूद ने कहा कि हर दो में से एक कर्मचारी ने और हर दस में से छह कंपनी ने मदद के लिए आवेदन किया है.