You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: दुनियाभर में संक्रमण का आंकड़ा 27 लाख के पार, एक लाख 90 हज़ार से ज़्यादा मौतें

अमरीका में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 8 लाख 66 हज़ार से ज़्यादा हो गई है और लगभग 50 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.

लाइव कवरेज

  1. अमरीकी संसद में 484 अरब डॉलर के नए राहत पैकेज पर चर्चा

    अमरीका में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स में सांसद 484 अरब डॉलर के एक नए राहत पैकेज पर बहस के बाद मतदान करने जा रहे हैं.

    इसका मक़सद छोटे व्यवसायों को क़र्ज़ देना और हॉस्पिटलों और कोरोना वायरस की परीक्षा के लिए और राशि उपलब्ध कराना है.

    इस पैकेज पर चर्चा ऐसे समय हो रही है जब अमरीका में बेरोज़गारी भत्ता लेने के लिए आवेदन करनेवाले लोगों की संख्या मार्च के मध्य से अब तक बढ़कर 2 करोड़ 64 लाख तक जा पहुँची है.

    अमरीका में कोरोना से सबसे ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं.

    वहाँ संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 8 लाख 40 हज़ार हो गई है.

    लगभग 47 हज़ार लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है.

  2. बिहार सरकार ने कोटा के छात्रों समेत बाहर फँसे किसी को वापस लाने से किया इनकार

    नीरज प्रियदर्शी

    बीबीसी हिन्दी के लिए पटना से

    बिहार सरकार ने राज्य से बाहर फंसे लोगों को वापस लाने से साफ़ तौर पर इनकार कर दिया है.

    आज हाईकोर्ट में अपने जवाब में बिहार सरकार ने राजस्थान के कोटा में फंसे छात्रों को भी वापस लाने से मना कर दिया है.

    हालांकि सरकार का दावा है कि बाहर फंसे हुए लोगों को राशन के साथ ही नकद रूपये दिए गए हैं.

    सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक लॉकडाउन की वजह से बिहार के 17 लाख से भी ज़्यादा लोग बाहर फंसे हुए हैं.

    सरकार का दावा है कि उसने बिहार के बाहर फंसे तमाम बिहारियों को मदद पहुंचा दी है.

    उसने कहा है कि बाहर फंसे लोगों की टेलीफोन, हेल्पलाइन नम्बर और मोबाइल ऐप के ज़रिए पूरी मदद की जा रही है.

  3. ओडिशा के तीन जिलों में 60 घंटे का कर्फ्यू

    पूरे भारत में कोरोना को लेकर संपूर्ण लॉकडाउन के बीच ओडिशा सरकार ने राज्य के तीन जिलों जाजपुर, भद्रक और बालासोर में 60 घंटों का कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है.

    प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कर्फ्यू 23 अप्रैल 2020 के रात 10 बजे से शुरु होगा जो 26 अप्रैल के सवेरे 10 बजे तक लागू रहेगा.

    ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे अधिक मामले खोरदा, जाजपुर, भद्रक और बालासोर में सामने आए हैं.

    जहां खोरदा में 46 लोग और जाजपुर में 12 लोग कोरोना संक्रमित हैं वहीं भद्रक में 11 और बालासोर में 10 लोग इस वायरस की चपेट में हैं.

    ओडिशा के 10 जिलों में कोरोना के कुल 89 मामले हैं. यहां कोरोना से एक्टिव संक्रमण के 55 मामले हैं जबकि 33 लोग इलाज के बाद ठीक हुए हैं.

  4. अमरीकाः लगभग आधे दाम पर मिल रही हैं फ़्लाइट की टिकट

    अमरीका में विमानों के टिकटों की कीमतें लगभग 40% गिर गई हैं और उनमें गिरावट जारी है.

    एयरबस की रिस्क-मैनेजमेंट सहयोगी कंपनी स्काइट्रा ने कहा है कि उत्तर अमरीका में विमान कंपनियाँ अभी जारी हवाई सेवाओं पर भारी छूट दे रही हैं.

    लेकिन 1 जनवरी के बाद से उनकी कीमतें 37.8 प्रतिशत नीचे चली गई हैं.

    उधर यूरोप और एशिया में फ़्लाइट टिकटों की कीमतें अपने निचले स्तर पर जाने के बाद अब थोड़ी संभलती लग रही हैं.

    यूरोप में टिकटों के दाम में 20 प्रतिशत और एशिया में 13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

    पिछले सप्ताह के मुक़ाबले उनमें थोड़ा सुधार हुआ है.

  5. CARTOON OF THE DAY - नेशन वांट्स टू लो वॉल्यूम

  6. राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद की तस्वीर वायरल, पर क्यों

  7. कोरोना: महज़ तीन हफ़्ते की बच्ची जिसने इस महामारी के ख़िलाफ़ जंग जीती

  8. कोरोना वायरस: लॉकडाउन में फंसे मज़दूर किसी तरह अपने घर लौटना चाहते हैं

  9. कोरोना वायरस: ब्रिटेन में जान गंवाने वाले आप्रवासी

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना के कारण 21,700 लोग संक्रमित

    देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या अब 21,700 तक पहुंच चुकी है, वहीं मरने वालं की संख्या 686 हो गई है. सावास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 4,325 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं.

    बते 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 1,229 ताज़ा मामले दर्ज किए गए हैं और देश में 34 मौतें हुई हैं.

    राज्यों के मामले में संक्रमितों की सबसे अधिक संख्या महाराष्ट्र में है जहां 5,652 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं और 269 इस कारण अपनी जान गंवा चुके हैं.

    वहीं गुजरात में 2,407 लोग कोरोना संक्रमित हैं और राजधानी दिल्ली में 2,248 इसकी चपेट में आए हैं.

  11. झारखंड में तंबाकू-पान मसालों की बिक्री पर प्रतिबंध, स्मोकिंग पर भी लगाम

    रवि प्रकाश

    बीबीसी हिन्दी के लिए, रांची से

    झारखंड सरकार ने राज्य में तंबाकू और पान मसालों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    अब सार्वजनिक जगहों पर सिगरेट, बीड़ी, पान मसाला, हुक्का, खैनी, ज़र्दा, गुटका और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का उपयोग ग़ैरक़ानूनी होगा.

    सरकारी एवं निजी कार्यालयों में इस संबंधित बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं.

    स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा," पान मसाला, खैनी, जर्दा और गुटका खाकर यहां-वहाँ थूकने से कोरोना वायरस के संक्रमण का ख़तरा रहता है. इसलिए यह प्रतिबंध लगाया गया है.

    उन्होंने बताया कि इसका उल्लंघन करने पर छह महीने की जेल भी हो सकती है.

    झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 53 हो गई है.

    गुरुवार को चार नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है.

    स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री बन्ना गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राँची का हिंदपीड़ी इलाका अभी भी संक्रमण का हॉटस्पॉट बना हुआ है.

    राज्य के आधे से अधिक कोरोना संक्रमित इसी इलाके के हैं. इसे पूरी तरह सील कर दिया गया है.

  12. स्पेनः बच्चों को मिली छूट, एक घंटे बाहर जा सकेंगे बच्चे

    स्पेन में 14 साल तक के बच्चों को रविवार से अपने घरों से निकलने की अनुमति दी गई है.

    स्पेन में पिछले छह सप्ताह से लॉकडाउन लागू है.

    सरकार ने अब 1-1-1 नियम लागू किया है. इसके तहत 1 ज़़िम्मेदार वयस्क अधिकतम 3 बच्चों को 1 किलोमीटर के दायरे में 1 घंटे तक बाहर ले जा सकेगा.

    बच्चे सुबह 9 बजे से 9 बजे रात तक दौड़ सकते हैं, खिलौने और एक बॉल से खेल सकते हैं और स्कूटर ले जा सकते हैं.

    मगर पार्क और खेल के मैदान बंद रहेंगे और सोशल डिस्टैंसिंग का भी पालन करना पड़ेगा.

    वहाँ सरकार ने पहले बच्चों को अपने मां-बाप के साथ केवल दुकानों तक जाने की बात की थी पर आलोचनाओं के बाद उन्होंने बच्चों को खेलने और कसरत करने की भी अनुमति दे दी.

  13. लैटिन अमरीका में क्या है हालत?

    • मेक्सिकोः मरने वालों की संख्या 10,000 के ऊपर चली गई है. देश की अर्थव्यवस्था डाँवाडोल हो रही है. इस साल देश की आर्थिक वृद्धि में 10 फ़ीसदी की गिरावट होने की आशंका है. इसे देखते हुए राष्ट्रपति ने सामाजिक कार्यों और बुनियादी ढाँचे की परियोजनाओं में 25 अरब डॉलर से ज़्यादा का ख़र्च करने की घोषणा की है ताकि अर्थव्यवस्था में गति लाई जा सके.
    • पेरुः लगभग 3,000 क़ैदियों को रिहा किया जा रहा है जिन्हें कोरोना संक्रमण होने का ख़तरा है. गर्भवती महिला क़ैदियों, बच्चों के साथ क़ैद महिलाओं और 70 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को सबसे पहले माफ़ी दी जाएगी.
    • उरुग्वेः पाँच सप्ताह बंद रहने के बाद प्राइमरी स्कूलों को खोल दिया गया है. मगर अभिभावकों को ये छूट दी गई है कि यदि वो ना चाहें तो बच्चों को स्कूल नहीं भेज सकते हैं.
  14. ब्रेकिंग न्यूज़, यूरोप में आधे से ज़्यादा मौतें केयर होम्स में हुईंः WHO

    यूरोप में विश्व स्वास्थ्य संगठन के क्षेत्रीय निदेशक ने कहा है कि यूरोप में कोरोना वायरस से जितने लोग मारे गए, उनमें लगभग आधी संख्या ऐसे लोगों की थी जो केयर होम्स या वृद्धाश्रमों जैसी जगहों में थे.

    डॉक्टर हान्स क्लुग ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि ऐसे लोगों के बारे में बहुत चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है जिन्हें स्वास्थ्य कारणों से जीने के लिए सहायता की ज़रूरत होती है.

    उन्होंने कहा,”यूरोप के देशों से आँकड़े मिले हैं उनसे पता चलता है कि कोविड-19 से मारे गए लगभग आधे लोग केयर होम्स में रह रहे थे. ये अकल्पनीय मानवीय त्रासदी है.“

  15. भारत में कोरोना के और 1,409 नए मामले

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1409 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 21,393 हो गई है.

    इनमें से 4,258 लोग अब ठीक भी हो चुके हैं. वहीं कोरोना वायरस से मरने वालों का आंकड़ा अब 681 हो गया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कुछ घटनाओं को छोड़ कर देश भर में लॉकडाउन के दौरान स्थति सामान्य रही है. इस बीच स्वास्थ्य मंत्री ने आईएमई से चर्चा कर स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा का वादा किया है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि बीते 28 दिनों पहले चार जिलों में कोरोना के कोई मामले नहीं आए थे, ये संख्या अब बढ़ कर 12 हो गई है जहां बीते 28 दिनों के भीतर कोई नया मामला सामने नहीं आया है.

    इस सूची में अब चित्रदुर्ग, बिलासपुल, मणिपुर का एक ज़िला, आइज़ोल, पीलीभीत, एसबीएस नगर और साउथ गोवा भी शामिल हैं.

    साथ ही 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 78 ऐसे जिले हैं जहां बीते 14 दिनों से कोरोना का कोई ताज़ा मामला सामने नहीं आया है.

    संवाददाता सम्मेलन में एंपावर्ड ग्रूप के पर्यावरण सचिव और चेयरमैन सीके मिश्रा ने कहा कि बीते 30 दिनों में हमने टेस्टिंग बढ़ाई है.

    साथ ही इस बीच सरकार ने राजधानी में ही नहीं बल्कि जिला स्तरों में अस्पतालों की क्षमता बढ़ाई है.

    अब सरकार की कोशिश है कि जिला स्तर पर मौजूद अस्पतालों को दुरुस्त किया जाए और वहां दवाई, ऑक्सीजन जैसी सुविधाओं की कमी न हो.

    गंभीर मामलों के मरीज़ों को इसके बाद ऐसे अस्पताल में ले जाने की व्यवस्था की जाएगी जहां आईसीयू और वेन्टिलेटर सुविधा है.

    बीते दिनों देश में आइसोलेशन बेड की संख्या और अस्पतालों में बेड संख्या भी बढ़ाई है और इसे और बढ़ाने पर काम जारी है.

  16. कोरोना वायरस: सरकारें इतना पैसा कैसे खर्च कर पा रही हैं?

  17. कोरोना से लड़ने के लिए WHO को और 3 करोड़ डॉलर देगा चीन

    कोरोना महामारी से लड़ने के लिए चीन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को अतिरिक्त 3 करोड़ डॉलर देने की घोषणा की है.

  18. कोरोना: केंद्र सरकार के कर्मचारियों का जनवरी 2020 से जून 2021 तक नहीं बढ़ेगा महंगाई भत्ता

  19. वुहान का लापता पत्रकार लौटा

    चीन में वुहान शहर से रिपोर्ट देने वाला लापता हो गया एक सिटिज़न जर्नलिस्ट लगभग दो महीने बाद फिर से सामने आया है.

    ली ज़ेहुआ ने कोराना वायरस से सबसे पहले प्रभावित हुए शहर वुहान से आख़िरी बार 26 फ़रवरी को रिपोर्ट भेजी थी जिसमें पुलिस को उनका पीछा करते और फिर उन्हें हिरासत में ले जाते देखा गया था.

    इसके बाद से उनका कोई पता नहीं था.

    ज़ेहुआ ने अब यूट्यूब पर एक नया वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उनका कहना है कि वो क्वारंटीन में चले गए थे.

    उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने उनको ये कहते हुए क्वारंटीन पर भेज दिया कि वो संवेदनशील इलाक़ों में गए थे.

  20. फ़िनलैंड की प्रधानमंत्री ने ख़ुद को क्वारंटीन किया

    फ़िनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन ने ख़ुद को क्वारंटीन कर लिया है.

    उन्होंन अपने निवास पर काम करने वाले एक व्यक्ति के एक अन्य व्यक्ति से संपर्क होने के बाद ये क़दम उठाया जो कोरोना पॉज़िटिव पाया गया है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि उनका टेस्ट हुआ है और उनमें कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं.

    34 वर्षीया सना मरीन ने पिछले साल दिसंबर में सारी दुनिया का ध्यान खींचा था जब वो दुनिया की सबसे कम उम्र की शासनाध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं.