फ्रांस में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 20 हज़ार के पार

फ्रांस से स्वास्थ्य सेवा निदेशक ने इन आंकड़ों को 'प्रतीकात्मक और दुखद' बताया है.

लाइव कवरेज

  1. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में आम दिनों की तरह कोर्ट रूम में होगी सुनवाई

    महिला वकील

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आलोक प्रकाश पुतुल

    रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कोरोना वायरस से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई आम दिनों की तरह कोर्ट रूम में करने का फ़ैसला किया है. इससे पहले लॉकडाउन के बाद से अदालत में अत्यधिक ज़रूरी मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिये हो रही थी.

    सोमवार को कोविड-19 से संबंधित कई याचिकाओं की एक साथ सुनवाई करते हुये अदालत ने पाया कि राज्य के बिलासुपर शहर में कोविड-19 की जांच सुविधा की शुरुआत नहीं हो पाई है.

    इससे पहले अदालत ने राज्य सरकार को आदेश दिया था कि वह 3 दिनों के भीतर बिलासपुर में कोविड-19 की जांच सुविधा की कार्रवाई पूरी करे. अदालत ने केंद्र सरकार को 3 दिनों के भीतर राज्य सरकार की इस सुविधा को मान्यता देने का निर्देश दिया था. लेकिन अदालत के इस फ़ैसले पर अमल नहीं हो सका.

    सोमवार को सुनवाई के बाद जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस गौतम भादुड़ी की पीठ ने शाम तक एम्स रायपुर के निदेशक और राज्य सरकार के स्वास्थ्य सचिव को बैठक करके इस मसले को सुलझाने का आदेश जारी किया.

    अदालत ने कहा कि ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार के सहायक सॉलिसिटर जनरल द्वारा दायर किए गए दस्तावेज़ न तो अदालत के पास और ना ही एमिकस क्यूरी या संबंधित वकीलों के पास उपलब्ध हैं. ऐसी स्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के सहारे सुनवाई संभव नहीं है.

    अदालत ने कहा कि कोविड-19 की हर दिन बढ़ती महामारी की अत्याधिक आवश्यक स्थिति के बीच, अदालत कल से नियमित कोर्ट रूम में बैठने के लिये मजबूर है.

  2. Corona Virus पर बीबीसी हिंदी का विशेष डिजिटल बुलेटिन 'कोरोना दिनभर', सुनिए बीबीसी हिंदी सेवा के संपादक मुकेश शर्मा के साथ

  3. पश्चिम बंगाल में केंद्र की अंतर मंत्रालयी टीम भेजने पर ममता भड़कीं

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में कोरोना और लॉकडाउन की परिस्थितियों की समीक्षा के लिए केंद्र की ओर से दो अंतर-मंत्रालयी टीमों के सोमवार को राज्य में पहुंचने पर विवाद शुरू हो गया है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सवाल किया है कि आख़िर किस आधार पर इन टीमों को बंगाल भेजा गया है?

    उन्होंने अपने एक ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस सवाल का जवाब जानना चाहा है.

    मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिना ठोस वजह जाने इस मुद्दे पर आगे बढ़ना संभव नहीं है, यह संघवाद की भावना के ख़िलाफ़ है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस बीच राज्य में कोरोना के मरीज़ों की तादाद 200 पार कर गई है. सरकार ने लॉकडाउन को सख़्ती से लागू करने के लिए फूलों और मिठाइयों की दुकानों को दोपहर 12 बजे से बंद करने का फ़ैसला किया है. पहले यह शाम चार बजे तक खुली रहती थीं.

    फूल

    इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari

    मुख्यमंत्री से पहले मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने भी सरकार को सूचित किए बिना दो टीमों को यहां भेजने पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी. उनके बुलावे पर एक टीम के पांच सदस्यों ने राज्य सचिवालय नवान्न का दौरा भी किया. एक टीम जलपाईगुड़ी में है.

    ध्यान रहे कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में ज़मीनी परिस्थिति के आकलन और लॉकडाउन के ठीक से पालन नहीं होने के आरोपों की जांच के लिए दो अंतर मंत्रालयी टीमों को राज्य के दौरे पर भेजने का फ़ैसला किया था.

    यह टीमें राज्य के सात हॉटस्पॉट ज़िलों का दौरा करेगी. इनमें से एक टीम कोलकाता के अलावा हावड़ा, उत्तर 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर का दौरा करेंगी जबकि दूसरी टीम दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी ज़िलों का दौरा करेंगी. यहां से लौटने के बाद यह दोनों टीमें केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौपेंगी.

    मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने कहा, “आख़िर राज्य को अंधेरे में रखकर यह काम क्यों किया जा रहा है? राज्य सरकार के साथ इस बारे में पहले कोई विचार-विमर्श क्यों नहीं किया गया? सरकार को पता ही नहीं है कि यह टीमें क्यों आई हैं और इलाक़ों की पहचान किस आधार पर की गई है.”

  4. मध्य प्रदेश में 76 लोगों की मौत, सिर्फ़ इंदौर में 52 की मौत

    मध्य प्रदेश

    इमेज स्रोत, Shuriah Niazi

    मध्य प्रदेश

    इमेज स्रोत, Shuriah Niazi

    शुरैह नियाज़ी

    भोपाल से बीबीसी हिंदी के लिये,

    मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से मरने वालों की तादाद 76 पहुंच गई है. वहीं पूरे प्रदेश में 78 नए कोरोना पॉज़िटिव मरीज़ मिलने के साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीज़ों का आकड़ा 1485 पर पहुंच गया है.

    अकेले इंदौर शहर में 52 लोगों की मौत इस बीमारी से हो चुकी है.

    इंदौर शहर कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित है. वहां पर अब तक 897 पॉज़िटिव मरीज़ मिल चुके है. इनमें से 52 मरीज़ों की मौत हो गई है. केंद्र सरकार ने इंदौर में कोरोना से निपटने के लिये एक विशेष टीम भेजी है.

    राजधानी भोपाल में सोमवार को 27 कोरोना पॉज़िटिव मरीज़ मिले हैं जिसके साथ ही शहर का आंकड़ा 262 पर पहुंच गया है. लेकिन अभी तक़रीबन 3,500 लोगों की रिपोर्ट आना बाक़ी है. बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात तक इनकी रिपोर्ट आ सकती है.

    भोपाल में 9 दिन की एक बच्ची भी कोरोना पॉज़िटिव पाई गई है. बताया जा रहा है कि उसे यह मर्ज़ डिलीवरी कराने वाली डॉक्टर से लगा.

    राज्य में भोपाल, इंदौर, उज्जैन को छोड़कर अन्य जगहों पर सरकार ने कुछ रियायतें दी हैं. बाक़ी के ज़िलों में कुछ उद्योग और दफ़्तरों को खोला गया है.

  5. दुनिया में अब तक कोरोना वायरस के कारण क्या कुछ हो चुका है..

    महिला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    • जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, पूरी दुनिया में इस वायरस से संक्रमित मरीज़ों की संख्या 24 लाख के पार जा चुकी है जबकि इसके कारण 1.66 लाख लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
    • इस वायरस से संक्रमण के सबसे अधिक मामले 7,60,000 इस समय अमरीका में हैं.
    • यूरोप के कई हिस्सों में लॉकडाउन में ढील दी जा रही है. डेनमार्क, जर्मनी और चेक रिपब्लिक में कुछ दुकानें खुल रही हैं जबकि नॉर्वे में छात्र किंडरगार्टन में लौट रहे हैं और पोलैंड में लोगों को पार्क और जंगल में जाने की अनुमति मिल चुकी है.
    • भारत में ग़ैर-हॉटस्पॉट वाली जगहों पर लॉकडाउन में कुछ व्यापारिक गतिविधियों की अनुमति दी गई है. इसके तहत कृषि कार्य, सरकारी कामकाज, बैंक और कार्गो ट्रांसपोर्ट का काम हो सकेगा.
    • वहीं, फ़्रांस और स्पेन ने कोई राहत न देने का फ़ैसला किया है.
    • ब्रिटेन सरकार की आपातकालीन आर्थिक सहायता सेवा की आज से शुरुआत हो रही है जिसका लक्ष्य कोविड-19 के कारण जिनकी नौकरियां प्रभावित हुई हैं, उन्हें सहायता देना है.
    • चीन में ग्रेट वॉल चाइना से सटी जगहों के अलावा 73 बड़े पर्यटक स्थलों को खोल दिया गया है.
    • अमरीकी तेल के दाम 21 साल में सबसे निचले स्तर पर हैं.
  6. भारत में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या साढ़े 17 हज़ार के पार

    स्वास्थ्यकर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या 17,656 हो चुकी है.

    मंत्रालय की वेबसाइट में बताया गया है कि कोरोना वायरस के कारण देश में अब तक 559 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2841 लोग ठीक हो चुके हैं.

    देश में इस समय जिन लोगों में कोरोना वायरस सक्रिय है उनकी संख्या 14,255 है.

  7. जम्मू-कश्मीर में संक्रमित मरीज़ों की संख्या 368 हुई

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार माजिद जहांगीर ने बताया है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के 14 नए संक्रमित मामलों का पता चला है. यह सभी मामले घाटी के हैं.

    इसी के साथ ही राज्य में कुल संक्रमित मरीज़ों की संख्या 368 हो चुकी है.

    जम्मू में कुल संक्रमित मरीज़ों की संख्या 55 जबकि कश्मीर में 313 है.

    वहीं, जम्मू-कश्मीर की एक फ़ोटो जनर्लिस्ट पर एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मामला दर्ज किया गया है.

  8. बांग्लादेश: जनाज़े में शामिल होने के लिए तोड़ा लॉकडाउन, जांच समिति गठित

    नमाज़ पढ़ता एक आदमी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बांग्लादेश में जारी लॉकडाउन को 1,00,000 लोगों द्वारा तोड़े जाने की घटना के बाद तीन सदस्यीय कमिटी का गठन किया गया है.

    लॉकडाउन का उल्लंघन इस्लामिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता मौलान जुबायेर अहमद अंसारी के जनाज़े में शामिल होने के लिए तोड़ा गया.

    इस घटना के बाद कोविड-19 कलस्टर्स के बढ़ने का डर सता रहा है. बांग्लादेश में अभी तक 2,400 से अधिक संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई है जबकि 91 लोगों की मौत हुई है.

    बाकी देशों का क्या है हाल...

    • पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने लोगों से आग्रह किया है कि वो घरों में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. देश में इस समय 8,400 संक्रमण के मामले हैं.
    • स्थानीय मीडिया के अनुसार, नेपाल ने 14 मस्जिदों को सील किया है जबकि 33 भारतीयों और 7 पाकिस्तानी नागरिकों को क्वारंटीन किया गया है.
    • प्रशासन ने शनिवार को कहा कि श्रीलंका अगले सप्ताह से लॉकडाउन में ढील देगा. इस द्वीप पर अब तक 250 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं जबकि 7 लोगों की मौत हुई है.
  9. CARTOON OF THE DAY: डिस्टेंसिंग के दौर में सोशल लिंचिंग

    कार्टून
  10. स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए यूपी जैसा क़ानून बनाएगी कर्नाटक सरकार

    लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमरान क़ुरैशी

    बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक की बीजेपी सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के उस फ़ैसले को लागू करने का सोच रही है जिसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला करने वाले लोगों की संपत्ति कुर्क की जा सके.

    रविवार रात को बेंगलुरु के कंटेनमेंट ज़ोन में दंगा हुआ था जिसके बाद राज्य का मंत्रिमंडल यूपी और केरल के क़ानून को अमल में लाने की कोशिश कर रहा है.

    स्वास्थ्य कर्मी उन लोगों को लेने गए थे जो कोविड-19 के कारण मारे गए लोगों के संपर्क में थे. स्वास्थ्य कर्मी कई लोगों को वहां से ले आए थे लेकिन जब वो बाकी लोगों को लाने लगे तो उन पर हमला हुआ.

    दंगे भड़काने और क़ानूनी आदेश के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने 59 लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य के गृह मंत्री बसवराज बोमाई ने पत्रकारों से कहा, “एक कड़ा क़ानून बनाने के लिए हम उत्तर प्रदेश और केरल के क़ानूनों का अध्ययन कर रहे हैं.”

    मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, “सरकार इस तरह की गुंडागिरी को बर्दाश्त नहीं करेगी.”

    मंत्रिमंडल ने लॉकडाउन 3 मई तक जारी रखने का फ़ैसला किया है और चरणबद्ध तरीक़े से लॉकडाउन हटाने के केंद्र के दिशानिर्देशों का इंतज़ार है.

    मंत्रिमंडल ने मुख्य सचिव को आदेश दिए हैं कि वो यह पता लगाईं कि तीन-चार दिनों में लॉकडाउन में ढिलाई के लिए किन इलाक़ों में किस चीज़ की अनुमति दी जानी चाहिए और किन चीज़ों की नहीं.

  11. राहुल गांधी की मांग, जीएसटी मुक्त हो साबुन, मास्क, सैनिटाइज़र

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार से मांग की है कि वो कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए इस्तेमाल में होने वाले सामान को जीएसटी मुक्त करे.

  12. पश्चिम बंगाल के हॉटस्पॉट इलाक़ों में शुरू हुआ रैपिड एंटी बॉडी टेस्ट

    उत्तर 24-परगना ज़िले में रैपिड एंटी बॉडी जांच के लिए बना केंद्र

    इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tiwari

    इमेज कैप्शन, उत्तर 24-परगना ज़िले में रैपिड एंटी बॉडी जांच के लिए बना केंद्र

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के हॉटस्पॉट इलाकों में सोमवार से रैपिड एंटी बॉडी जांच शुरू हो गई. कल रात को 10 हज़ार रैंडम टेस्टिंग किट राज्य सरकार को मिली थीं.

    इस बीचसरकार ने अस्पतालों में ड्यूटी करने वाले स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के दौरान मुख्यालय में रहना अनिवार्य कर दिया है.

    इससे पहले सरकार ने कहा था कि ऐसे कर्मचारियों को एक सप्ताह की ड्यूटी के बाद एक सप्ताह छुट्टी दी जाएगी.

    स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा और उत्तर 24-परगना ज़िले के कई इलाक़ों में रैपिड टेस्टिंग शुरू हो गई है. कोरोना की चपेट में आने वाले मरीज़ों के परिजनों के अलावा ऐसे इलाक़ों में तमाम घरो में जाकर जांच की जाएगी. लेकिन उसके नतीजे तत्काल नहीं बताए जाएंगे.

    ऐसा करने की स्थिति में आतंक फैल सकता है. रैपिड टेस्ट के नतीजे 10-15 मिनट में ही मिल जाएंगे.

    एक अधिकारी बताते हैं, “ऐसी रैपिड टेस्टिंग से कोरोना संक्रमण का पता तो नहीं चलता. लेकिन इससे शरीर में एक किस्म की एंटी बॉडी का पता चल जाता है. उससे पता चल जाएगा कि उस व्यक्ति के शरीर में संक्रमण है या नहीं. उसके बाद संबंधित व्यक्ति को अलग कर उसकी जांच की जाएगी.”

    इस बीचसरकार की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य में अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारियों को अब ड्यूटी पर रहने के दौरान रोज़ाना घर जाने की ज़रूरत नहीं है.

    स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि राज्य में कई ऐसे स्वास्थ्यकर्मी हैं, जो काफ़ी दूर स्थित घर से रोज़ाना अस्पताल आते-जाते हैं. इससे कई तरह की समस्याएं होती हैं.

    कई जगह उन पर हमले भी हो रहे हैं. इसके अलावा ऐसी स्थिति में संक्रमण फैलने का भी ख़तरा है. अब ड्यूटी के दौरान कर्मचारी घर नहीं जाएंगे. अस्पताल के पास ही उनके रहने की व्यवस्था की गई है.

    यह फ़ैसला सरकारी कर्मचारियों पर लागू होगा. अगर इस दौरान किसी को ज़रूरी काम से घर जाने की ज़रूरत पड़ी तो वह मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अनुमति लेकर ऐसा कर सकता है.

  13. स्पेन में संक्रमित मरीज़ों की संख्या 2,00,000 पार

    स्वास्थ्यकर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में संक्रमित मरीज़ों की संख्या 2,00,210 हो गई है.

    वहीं, बीते 24 घंटों में 400 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही इस देश में मरने वालों का आंकड़ा 20,852 हो चुके हैं.

    जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के अनुसार, अमरीका के बाद स्पेन में दुनिया के सबसे अधिक संक्रमित मरीज़ हैं.

  14. ओडिशा में कोरोना के 13 नए मामले

    ओडिशा में बीबीसी के सहयोगी पत्रकार सुब्रत कुमार पति ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 13 नए पॉज़िटिव मामले सामने आए हैं. इससे ओडिशा में कोरोना मरीज़ों की कुल संख्या 74 पर पहुंच गई है.

    सारे नए मामले भद्रक, जाजपुर और बालेश्वर के हैं.इससे पहले पिछले 4 दिनों में कोरोना का सिर्फ़ एक पॉज़िटिव मामला सामने आया था.

  15. कोरोना: बीते 24 घंटों में भारत में 1553 नए मामले, 36 लोगों की मौत

    पढ़ें स्वास्थ्य और गृह मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ़्रेंस की मुख्य बातें

    स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने सोमवार को कोरोना मामलों की ब्रीफ़िंग के दौरान बताया कि पिछले 24 घंटों में भारत में 36 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1553 लोग पॉज़िटिव पाए गए हैं. उन्होंने ये भी बताया कि अब तक कोरोना के 2546 मरीज़ पूरी तरह ठीक हो चुके हैं.

    भारत में अब तक 17265 कोरोना के पॉज़िटिव मामले हो गए हैं, जबकि इस वायरस से मरने वालों की संख्या अब तक 543 हो गई है.

    उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का सकारात्मक असर साफ़ दिख रहा है. भारत में कोरोना केस के डबलिंग का रेट 7.5 दिन हो गया है. पहले 3.4 दिनों में ही कोरोना पॉज़िटिव के मामले दो गुना हो जाते थे.

    उन्होंने कहा कि मरीज़ों के ठीक होने की दर 14.75 फ़ीसदी हो गई है.

    उन्होंने कहा कि 59 ज़िले में 14 दिनों से कोरोना का एक भी केस नहीं आया है.

    उन्होंने कहा कि केरल और ओडिशा में हालात लगातार बेहतर हो रहे हैं. गोवा के सभी मरीज़ ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं और आज की तारीख़ में गोवा में कोरोना का एक भी एक्टिव केस नहीं है.

    आईसीएमआर के रमन गंगाखेड़कर ने कहा कि रैपिड टेस्ट निगरानी के लिए है.

    उन्होंने कहा कि भारत में तक़रीबन 80 फ़ीसदी पॉज़िटिव मामले या तो बिना लक्षण के हैं या फिर बहुत ही मामूली लक्षण देखे गए हैं.

    इससे पहले गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि लॉकडाउन पर कड़ी नज़र रखी जा रही है. उनके अनुसार अगर राज्यों में गाइडलाइन का उल्लंघन हो रहा है तो उल्लंघन क्षेत्रों में राज्य सरकारें काम कर रही हैं.

    उन्होंने कहा कि चार राज्यों के कुछ ज़िलोंं में स्थिति गंभीर है या होती जा रही है. जैसे जयपुर, इंदौर वग़ैरह. इन जगहों का ऑन द स्पॉट इंस्पेक्शन के लिए केंद्र सरकार की छह टीम पहुंच चुकी है. इसको भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी की निगरानी में किया जा रहा है.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  16. सिंगापुर में एक दिन में संक्रमण के सबसे अधिक मामले

    सिंगापुर में एक दिन में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक 1,426 मामले सामने आए हैं.

    पूरे देश में संक्रमण के मामले 8,000 हो गए हैं. इसके बाद सिंगापुर में इंडोनेशिया और फ़िलीपींस से अधिक मामले हो गए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, देश में अधिकतर संक्रमण के मामले विदेशी नौकरीपेशा लोगों में हैं जबकि 16 ही सिंगापुर के लोग हैं या फिर स्थाई निवासी हैं.

    दक्षिण एशियाई देशों के तक़रीबन 3 लाख मज़दूर सिंगापुर के कंस्ट्रक्शन और मैंटेनेंस के कामों में लगे हुए हैं.

  17. पालघर में मॉब लिंचिंग की घटना पर बोले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे

    उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पालघर में मॉब लिंचिंग में तीन लोगों के मारे जाने की घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को बयान दिया.

    उन्होंने कहा, “यह घटना 16 तारीख़ को हुई. पिछले पांच साल में भी हमारे राज्य में मॉब लिंचिंग की घटनाऐं हुईं. ये नहीं होना चाहिए था. पालघर से 110 किलोमीटर दूर दादर-नगर हवेली की सीमा के पास ये घटना हुई.”

    उद्धव ठाकरे ने बताया किवो साधू सीधे रास्ते से जाने में असमर्थ थे इसलिए उन्होंने यह रास्ता चुना, यह क़स्बा बिलकुल अंदरुनी इलाक़े में है वो दोनों गुजरात की तरफ़ जा रहे थे. उनको वहां रोका गया. लौटते समय ग़लतफ़हमी के चलते उन पर हमला हुआ और उनकी मौत हो गई. उस समय पुलिस पर भी हमला हुआ.

    इस घटना के बाद रात को 12.30 बजे के क़रीब पुलिस वहां पहुंची और घने अंधेरे में आरोपी लोगों को ढूंढने की मुहिम चालू हुई.

    उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को (दूसरे दिन) 100 से ज़्यादा आरोपी पकड़े गए, वे अभी पुलिस हिरासत में हैं. आरोपियों को 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया गया है.

    मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि जो लोग इस घटना के चलते लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं,वे ऐसा ना करें क्योंकि इससे धर्म का कोई संबंध नहीं है.

    इस मामले की जांच के लिए एक टास्क फ़ोर्स का गठन किया गया है.

  18. Miss England का ताज उतारकर अस्पताल पहुंचने वालीं डॉक्टर भाषा

  19. यूरोप के कई हिस्सों में लॉकडाउन में दी जा रही ढील

    महिला

    इमेज स्रोत, Reuters

    यूरोप के कई देशों ने अब अपने यहां जारी लॉकडाउन में ढील देनी शुरू कर दी है. हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि कोरोना वायरस का क़हर अभी शुरू नहीं हुआ है. कहां-कहां दी जा रही है ढील पढ़ें...

    • जर्मनी में कुछ दुकानें खुलनी शुरू हो गई हैं तो वहीं नॉर्वे में स्कूली बच्चे किंडरगार्टन लौटने लगे हैं.
    • पॉलैंड में लोगों को पार्क और जंगलों में जाने की अनुमति दे दी गई है.
    • डेनमार्क में बुधवार से छात्र प्राइमरी स्कूलों और नर्सरीज़ में जा सकेंगे और हेयरड्रेसर, डेंटिस्ट और टैटू पार्लर अब दोबारा खुल रहे हैं.
    • स्पेन में रविवार को 410 लोगों की मौत हुई जो पूरे महीने में सबसे निचले स्तर पर थी लेकिन देश में अभी तक लॉकडाउन समाप्त करने की कोई योजना नहीं है. प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ सोमवार को विपक्षी नेता पाब्लो कसाडो से इस संकट को लेकर बात करेंगे.
    • फ़्रांस के प्रधानमंत्री एडुआर्ड फ़िलिप का कहना है कि देश में संकट समाप्त नहीं हुआ है. देश में 20,000 के क़रीब मौतें हुई हैं. सरकार सार्वजनिक परिवहन में मास्क पहनना अनिवार्य कर रही है और सरकार की योजना बड़े पैमाने पर मास्क बनाने की है ताकि हर कोई मास्क पहन सके.
    • स्लोवेनिया में सोमवार से रेंडम टेस्टिंग कार्यक्रम शुरू किया है. 3,000 लोगों की टीमें एंटिबॉडी टेस्ट हर घरों में करेंगी.
  20. कोई यह न सोचे कि लॉकडाउन हट चुका है: उद्धव ठाकरे

    उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि कोई भी यह न सोचे की लॉकडाउन राज्य में हट चुका है.

    उन्होंने कहा, “अर्थव्यवस्था का पहिया घूमे इसके लिए हमने उसकी छोटी सी कोशिश की है. हमने सुना है कि कुछ लोग इस राहत को लॉकडाउन हटाने के तौर पर देख रहे हैं अगर वे इस तरह का व्यवहार जारी रखते हैं तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.”