कोरोना वायरस: इटली के प्रधानमंत्री ने 3 मई तक के लिए बढ़ाया लॉकडाउन

कोरोना वायरस से दुनिया भर में क़रीब एक लाख लोगों की मौत हो चुकी है. भारत में भी 6,700 से ज़्यादा लोग संक्रमित हैं और 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

लाइव कवरेज

  1. बोरिस जॉनसन के पिता ने दी बेटे को आराम करने की सलाह

    बोरिस जॉनसन

    इमेज स्रोत, PIPPA FOWLES / DOWNING STREET HANDOUT

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं पर उन्हें अभी भी अस्पताल में रखा गया है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि सुधार के शुरुआती दौर में उनकी सेहत पर क़रीब से नज़र रखी जा रही है.

    बोरिस जॉनसन के पिता स्टैनली जॉनसन ने कहा है कि उनके परिवार को सुकून मिला है, वो एनएचएस के स्वास्थ्यकर्मियों के शुक्रगुज़ार हैं और प्रधानमंत्री को अब बिल्कुल आराम करना चाहिए.

    उन्होंने बीबीसी के रेडियो-4 कार्यक्रम में कहा, “मैं नहीं मानता कि ठीक होते ही आप सीधे डाउनिंग स्ट्रीट चले जाएँगे और बिना थोड़ा व्यवस्थित हुए सीधे कमान अपनी हाथ में ले लेंगे.”

  2. कच्चे तेल की कीमतों को लेकर आज होगी अहम बैठक

    जी29 देशों के समूह के उर्जा मंत्री शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की क़ीमतें स्थिर करने की कोशिशों के बारे में चर्चा करेंगे.

    इससे पहले गुरुवार को तेल का निर्यात करने वाले देश प्रतिदिन 1 करोड़ डॉलर कच्चे तेल का उत्पादन कम करने पर राज़ी हुए थे. हालांकि मेक्सिको ने कहा था कि तेल उत्पादन में कोई कटौती नहीं करेगा.

    माना जा रहा है कि शुक्रवार को होने वाली बैठक में सऊदी अरब और रूस, अमरीका और कनाडा को तेल उत्पादन कम करने के लिए राज़ी करने की कोशिश करेंगे.

    हाल के महीनों में कोरोना वायरस महामारी का असर अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के की कीमतों पर पड़ा है. इस कारण तेल उत्पादक देशों में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई थी.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, EPA

  3. कोरोना के साथ-साथ दूसरे संकट से कैसे निपटेंगे मोदी?

    कोरोना वायरस से कुल कितनी तबाही हुई, इसका सही अंदाज़ा इसके ख़त्म होने के बाद ही मिलेगा.

    लेकिन इसमें कोई शक़ नहीं कि दुनिया के विकसित देश और आर्थिक सुपर पावर एक बड़े संकट का सामना कर रहे होंगे.

    दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत का भी कुछ ऐसा ही हाल हो सकता है. करोड़ों लोग फिर से ग़रीबी रेखा के नीचे जा सकते हैं.

    ग़रीब किसान और मज़दूरों की जेबों से पैसे गायब हो सकते हैं. मध्यम वर्ग के लाखों लोगों की नौकरियां जा सकती हैं या फिर उनके वेतन घट सकते हैं.

    बड़े कारोबारियों पर बैंकों का काफ़ी कर्ज़ हो सकता है. उद्योगपतियों की कंपनियों का मुनाफ़ा कम हो सकता है.

    इन तमाम संभावित मुश्किलों के सामने मोदी सरकार की क्या भूमिका होगी?

    क्या उसके पास हालात संभालने के लिए पर्याप्त पूंजी है?

    वीडियो: ज़ुबैर अहमद और देबलिन रॉय

    वीडियो कैप्शन, Corona Virus के साथ-साथ नरेंद्र मोदी इस मुसीबत से कैसे निपटेंगे?
  4. क्या भारत में इस महामारी का सबसे ख़तरनाक Stage 3 आ चुका है?

    भारत में इस समय कोरोना वायरस की दूसरी स्टेज चल रही है या फिर तीसरी स्टेज है या देश उसकी तरफ बढ़ रहा है?

    आखिर कोरोना वायरस की कितनी स्टेज होती हैं और हर एक स्टेज में क्या-क्या होता है.

    साथ ही जानिए कि कोरोना वायरस की सबसे ख़तरनाक स्टेज कौन सी है और उसमें क्या-क्या होता है?

    वीडियोः सर्वप्रिया सांगवान/ मनीष जालुई

    वीडियो कैप्शन, Corona Virus : क्या भारत में इस वायरस की सबसे ख़तरनाक Stage 3 आ चुकी है?
  5. असम में कोरोना वायरस से पहली मौत

    दिलीप कुमार शर्मा

    गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम में कोराना वायरस से संक्रमित एक 65 साल के मरीज़ की मौत हो गई है.

    स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार तड़के एक ट्वीट के जरिए राज्य में कोविड 19 से संक्रमित इस मरीज़ की मौत की पुष्टी की है.

    मंत्री सरमा ने बताया, "अत्यंत दुःख के साथ, मैं बताना चाहता हूं कि हैलाकांदी जिले में कोविड 19 से संक्रमित 65 वर्षिय फ़ारूक़ अहमद (बदला हुआ नाम) की जटिलता के कारण सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल में कुछ मिनट पहले निधन हो गया है."

    असम में कोरोना वायरस से इस मरीज की मौत के बाद लोगों में भय और आतंक का माहौल है.

    कई लोगों ने हिमंत बिस्वा सरमा के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मौजूदा लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने की अपील की है.

    इस बीच बांग्लादेश की सीमा से सटे धुबड़ी जिले में कोविड 19 से संक्रमित एक और मरीज़ मिलने से प्रदेश में अब कुल रोगियों की संख्या 29 हो गई है जिनमें से एक की मौत हुई है.

  6. इंदौर, भोपाल और उज्जैन को पूरी तरह सील किया गया

    शुरैह नियाज़ी

    भोपाल से, बीबीसी हिंदी के लिये

    मध्यप्रदेश की कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. प्रदेश के 20 ऐसे जिले है जहां पर अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीज़ मिल चुके है.

    इंदौर, भोपाल और उज्जैन को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. बाकी के प्रभावित जिलों में आने-जाने पर पाबंदी लगाई गई है.

    प्रदेश में अब तक 423 कोरोना पॉजिटिव पाये गये है वहीं यहां अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है.

    राजधानी भोपाल में पॉजिटिव मरीज़ों का आंकड़ा 99 पहुंच गया है.

    विदिशा में 10 नये पॉजिटिव मरीज़ मिले है. वही इंदौर में सबसे ज्यादा 235 पॉजिटिव मरीज़ मिले है और 23 मौतें हो चुकी है.

    गुरुवार को सरकार ने पब्लिक हेल्थ एक्ट की धारा 71(1) के तहत पूरे प्रदेश में मास्क पहनना ज़रूरी कर दिया है.

    वहीं स्वास्थ्य अमले में भी दहशत का माहौल देखा जा रहा है. जिस तरह से कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ रही है उस के भय से ग्वालियर में 50 जूनियर रेजिडेंट डाक्टर्स ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

    गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के इन डाक्टर्स ने इस्तीफा सौंपा है. इन्होंने पिछले हफ्ते ही ज्वाइन किया था. वही बांड की शर्त के मुताबिक़ इन्होंने 5 लाख रुपये देने की भी हामी भर दी है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Shuraih Niyazi /BBC

  7. कोलकाता में लगा पहला आटोमेटिक सैनिटाइजिंग गेट

    आटोमेटिक सैनिटाइजिंग गेट

    इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tewari /BBC

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट में पहला आटोमेटिक सैनिटाइजिंग गेट लगाया गया है.

    इसके बाद कोलकाता नगर निगम ने महानगर के विभिन्न बाजारों में ऐसे 17 और गेट लगाने का फ़ैसला किया है.

    इस गेट से बाज़ार में प्रवेश करने वालों को हाइड्रोजन पेरोक्साइड मिले हुए पानी की फुहारों से कीटाणुमुक्त किया जाएगा. फिलहाल इसका परीक्षण चल रहा है.

    कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने आने के साथ राज्य में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ कर 83 हो गई. इनमें 70 लोग 11 परिवारों के ही हैं.

    राज्य में इस वायरस के संक्रमण से अब तक पांच लोगों की ही मौत हुई है.

    इस बीच, कलकत्ता हाईकोर्ट ने 30 अप्रैल तक अदालतों का कामकाज बंद रखने का निर्देश दिया है. पहले उसने नौ अप्रैल तक इसे बंद रखने को कहा था.

    दूसरी ओर, सरकार ने एक नौ-सदस्यीय डाटा एनालिसिस सेल का गठन किया है जो पूरे राज्य से आंकड़े जुटा कर उनका अध्ययन करेगा और राज्य के हॉटस्पॉट की पहचान करेगा.

    नगर निगम के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के मेयर परिषद के सदस्य देबब्रत मजुमदार बताते हैं, “इस गेट को परीक्षण के तौर पर लगाया गया है. पहले विशेषज्ञों से इसका प्रमाणपत्र हासिल किया जाएगा कि हाइड्रोजन पेरोक्साइड से इंसान के शरीर पर कोई प्रतिकूल असर तो नहीं होगा. हरी झंडी मिलने के बाद यह योजना आगे बढ़ाई जाएगी.”

    वह बताते हैं कि इस गेट में एक सेंसर लगा है. किसी व्यक्ति के भीतर आते ही मोटर चालू हो जाएगा और उस पर कीटाणुनाशक का छिड़काव होने लगेगा.

    न्यू मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव राजीव सिंह ने इस कदम का स्वागत किया है. वह कहते हैं, “कोलकाता में पहली बार ऐसा गेट लगाया गया है. इससे बाजार में आने वाले लोगों को संक्रमण का डर नहीं रहेगा.”

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया है, “जरूरी सेवाओं के लिए कोलकाता में कुछ जगह टैक्सी स्टैंड खुलेंगे. उन टैक्सियों में ड्राइवर के अलावा दो से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकते. बाजारों और दुकानों में खाद्य सामग्रियों को पहुंचाने के लिए भी टैक्सियों की सहायता ली जाएगी.”

    इससे पहले मुख्यमंत्री ने व्यापारिक संगठनों, होटल औऱ पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में लॉकडाउन और इससे होने वाली समस्याओं की जानकारी ली थी.

    कोलकाता हाई कोर्ट

    इमेज स्रोत, Prabhakar Mani Tewari /BBC

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में फंसे अपने नागरिकों को निकालेगा ब्रिटेन

    ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोरोना वायरस माहामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण भारत में फंसे और ब्रितानी नागरिकों को वो बाहर निकालेगा.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अपने 3000 से अधिक नागरिकों को निकाल कर वापस ले जाने के लिए वो 12 विशेष फ्लाइट्स का इंतज़ाम करेगा.

    इसके साथ ही ब्रिटेन के कुल 5000 नागरिक वापस अपने देश पहुंच सकेंगे. अब तक सात विशेष उड़ानों से कई लोगों को वापिस ब्रिटेन पहुंचाया गया है.

    विदेश मंत्रालय के दक्षिण एशिया और कॉमनवेल्थ देशों के मामलों के मंत्री लॉर्ड तारिक अहमद ने कहा कि, “ये जटिल काम है और इसके लिए भारत सरकार के साथ मिल कर काम करना होगा भारत में जो लोग फंसे हैं उन्हें सुरक्षित एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचाया जा सके.”

  9. झारखंड: लॉकडाउन पर चर्चा के लिए आज सर्वदलीय बैठक

    रवि प्रकाश

    राँची से, बीबीसी हिन्दी के लिए

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लॉकडाउन आगे बढ़ाया जाए या नहीं, इस पर चर्चा के लिए आज सचिवालय में सर्वदलीय बैठक बुलायी है.

    इसके बाद वे राज्य के सभी विधायकों और सांसदों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर लॉकडाउन पर बातचीत करेंगे, जिसके बाद ही सरकार लॉकडाउन बढ़ाने या स्थगित करने पर अंतिम निर्णय ले सकती है.

    वहीं बोकारो जिले में कोविड-19 से संक्रमित एक और मरीज़ मिला है. प्रिंसिपल सेक्रेटरी (हेल्थ) डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि इस नए मरीज़ के साथ झारखंड में कोरोना पॉज़िटिव की मरीज़ों की कुल संख्या 14 हो गई है.

    इस बीच सरकार ने राँची में मोबाइल सैंपलिंग वैन चलाकर लोगों का सैंपल लेना शुरू कर दिया है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Ravi Prakash/BBC

    इमेज कैप्शन, कोरोना वायरस की जांच के लिए नमूने इकट्ठा करने के लिए मोबाइल वैन
  10. दिल्ली में शुरु हुई डोर-टू-डोर जांच

    राजधानी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में अब तक 720 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं जिनमें से 22 लोगों को आईसीयू में रखा गया है.

    स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि 7 लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें वेन्टिलेटर पर रखा गया है.

    वहीं दिल्ली में कुछ इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित कर सील करने के बाद स्वास्थ्यकर्मी प्रत्येक घर में जा कर सलोगों की जांच कर रहे हैं. वहीं निज़ामुद्दीन इलाक़े में अब तक करीब 6000 घरों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  11. लॉकडाउन में कैसे काम कर रहा है थिएटर?

    कोरोनावायरस से निपटने के लिए रूस में भी बाकी देशों की तरह लॉकडाउन लगाया गया है.

    कई कलाकार ऑनलाइन आकर लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं और कुछ तो इसके लिए पैसे भी नहीं ले रहे हैं.

    सेंट पीटर्सबर्ग में भी एक थिएटर में रोज़ाना एक शो चल रहा है और उसका प्रसारण होता है कभी किचन से तो कभी घर से.

    देखिए बीबीसी संवाददाता स्टीव रोज़नबर्ग की रिपोर्ट.

    वीडियो कैप्शन, कोरोना के चलते रूस में किचन से मनोरंजन कर रहे डांसर
  12. कितना ज़रूरी है मास्क पहनना?

    कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में एक अहम सवाल बार-बार सामने आता है- क्या सभी को मास्क पहनना चाहिए?

    भारत के कई शहरों में घर से बाहर निकलते वक़्त मास्क पहनना ज़रूरी कर दिया गया है. इसराइल, इंडोनेशिया और अमरीका में भी सरकारें लोगों को ऐसी ही हिदायत दे रही हैं.

    तो क्या होना चाहिए बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता डेविड शुकमैन.

    वीडियो कैप्शन, मास्क पहनना कितना ज़रूरी?
  13. भारत में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 199 हुआ

    स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना के कारण गुरुवार रात के बाद से अब तक 30 और लोगों की मौत हो गई है जबकि 547 और लोगों के संक्रमित होने की ख़बर है.

    इसके बाद इस वायरस के कारण कुल मौतों की संख्या अब 199 हो गई है.

    वहीं इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या अब 6412 पहुंच चुकी है और 504 इलाज के बाद इससे ठीक भी हुए हैं.

    भारत में कोरोना से सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली में सामने आए हैं.

    जहां महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1364 हैं वहीं तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या 834 और दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 720 है.

    कोरना के कारण देश में सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में हुई है. यहां 97 लोगों की जान इस वायरस से गई है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, bbc

  14. गुरुग्राम के 9 इलाके सील

    हरियाणा के गुरुग्राम के 9 इलाकों को सील कर दिया गया है.

    गुरुग्राम प्रशासन ने कोविड 19 हॉटस्पॉट के रूप में 9 जगहों को चिन्हित किया है जिसके बाद बीमारी फैलने से रोकने के लिए इन इलाकों को पूरी तरह सील किया गया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  15. कोरोना संक्रमण के मामले कहां, कितने बढ़े?

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन में कोरोना के 42 नए मामले

    चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 42 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से 38 लोग बाहर से चीन में आए हैं.

    जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, चीन में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 82,883 मामले सामने आए हैं और 3339 लोगों की मौत हो चुकी है. यहां 77,679 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

    ब्रिटेन में करीब आठ हज़ार मौतें

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 7993 लोगों की मौत हो चुकी है. यहां अब तक 359 लोग इलाज से ठीक हुए हैं. देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 65872 हो चुके हैं.

    कोरोना संक्रमण की वजह अस्पताल में भर्ती प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं लेकिन फिलहाल वो अस्पताल में ही रहेंगे. बीते रविवार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    भारत में करीब 6000 लोग संक्रमित

    भारत में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 5865 मामले हो गए हैं. संक्रमण की वजह से अब तक 169 लोगों की मौत हुई है. देश में अब तक 478 लोगों का इलाज हो चुका है.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमरीका में 16000 से अधिक मौतें

    अमरीका में कोरोना वायरस से कुल 462,135 लोग संक्रमित है. वायरस संक्रमण की वजह से 16,513 लोगों की मौत हो चुकी है. अमरीका में सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले न्यूयॉर्क में आए हैं. यहां 5150 लोगों की मौत हुई है.

    स्पेन में संक्रमण के मामले डेढ़ लाख के ऊपर

    कोरोना संक्रमण से स्पेन में 153,222 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. यहां अब तक 15,447 से अधिक मौतें हो चुकी हैं.

    इटली में 18 हज़ार से अधिक की मौत

    एक समय इटली की हालत बेहद खराब थी और दुनिया में सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले यहीं आ रहे थे. इटली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 143,626 हैं. यहां अब तक 18279 लोगों की मौत हुई है. कोरोना संक्रमित 28470 लोगों का इलाज भी किया जा चुका है.

    पाकिस्तान में 65 लोगों की मौत

    पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के 4489 मामले सामने आ चुके हैं. यहां अब तक 65 लोगों की मौत हुई है.

  16. दुनिया भर में कोरोना संक्रमण से 95 हज़ार से ज़्यादा मौतें

    कोरोना वायरस से दुनिया भर में लोगों की मौत का सिलसिला जारी है. अब तक इस महामारी की चपेट में आकर 95 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    वहीं जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डैशबोर्ड के मुताबिक़ गुरुवार रात तक में 184 देशों में 15.9 लाख लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं. अमरीका में संक्रमित मरीजों की संख्या चार लाख साठ हज़ार को पार कर गई है, जबकि वहां 16.5 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    अमरीका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी है.

    वहीं भारत के दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हॉट स्पॉट को गुरुवार को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, जबकि देश में संक्रमित मरीज़ों की संख्या 5800 के पार पहुंच गई है. देश भर में 169 मरीज़ों की मौत भी इस वायरस के कारण हुई है.

    मौत के आंकड़ों के हिसाब से इटली अभी भी सबसे भयावह स्थिति में है. इटली में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 143,626 हैं. यहां अब तक 18279 लोगों की मौत हुई है. कोरोना संक्रमित 28470 लोगों का इलाज भी किया जा चुका है. जबकि कोरोना संक्रमण से स्पेन में 153,222 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. यहां अब तक 15.4 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.

    भारत ने कहा है कि वो अमरीका, ब्रिटेन और इसराइल समेत कई देशों को हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्विन देने के लिए तैयार है. लइस दवा का इस्तेमाल मलेरिया के बुखार को कम करने में किया जा रहा है और उम्मीद है कि यह कोरोना वायरस को भी रोकने में सक्षम हो सकती है.

    गुरुवार देर रात तक कोरोना वायरस को लेकर दुनिया भर में कहां क्या क्या हुआ, इसके लिए आप बीबीसी हिंदी पर कोरोना संबंधी समाचारों का लाइव अपडेट्स यहां पढ़ सकते हैं.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images