कोरोना वायरस: फ्रांस में कोविड 19 से मरने वालों की संख्या 10,000 के पार-LIVE

फ्रांस में अभी 30 हज़ार से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से सात हज़ार से अधिक इंटेसिव केयर में है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन आईसीयू में

    ब्रिटिश प्रधानमंत्री के कार्यालय के अनुसार कोरोना वारयस के संक्रमण के लक्षण और ख़राब होने के बाद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को आईसीयू में शिफ़्ट किया गया है. एक प्रवक्ता ने बताया कि उनकी मेडिकल टीम की सलाह के बाद पीएम जॉनसन को आईसीयू में रखने का फ़ैसला किया गया. प्रवक्ता ने ये भी बताया कि प्रधानमंत्री का काम ब्रिटिश विदेश मंत्री डॉमिनिक राब देखेंगे.

    55 साल के बोरिस जॉनसन में कोरोना वायरस के संक्रमण और गहरा होने के बाद रविवार शाम ही अस्पताल में भर्ती किया गया था. बीबीसी के पॉलिटिकल संवाददाता क्रिस मैसन ने बताया कि प्रधानमंत्री को सोमवार दोपहर बाद ऑक्सिजन दिया गया था. इसके बाद उन्हें आईसीयू में रखने का फ़ैसला किया गया. हालांकि उन्हें वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया है.

    ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

  2. कोरोना वायरस से जुड़े दुनिया भर के अब तक बड़े अपडेट्स

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू में भर्ती

    कोरोना वायरस से संक्रमित ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को लंदन में एक अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट यानी आईसीयू में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत बिगड़ने पर यह क़दम उठाया गया है. एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य को देखते हुए यह सतर्कता बरती गई है कि अगर उन्हें वेंटिलेटर की ज़रूरत पड़ी तो वक़्त रहते क़दम उठाए जा सकें. अधिकारियों के मुताबिक़, पीएम जॉनसन को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    दुनिया भर में 13 लाख से अधिक मामले

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक़ दुनिया भर में 13 लाख 37 हज़ार 749 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और अब तक 73 हज़ार 917 लोगों की मौत हो चुकी है. संक्रमण के मामले और अधिक भी हो सकते हैं क्योंकि ऐसी ख़बरें आई हैं कि दुनिया के कुछ देश अपने यहां कोरोना संक्रमण के मामलों को कम करके बता रहे हैं. शोधकर्ताओं के मुताबिक़ अब तक दो लाख 75 हज़ार 883 लोग इलाज के बाद ठीक हो गए हैं. हालांकि इसकी अब तक कोई दवाई नहीं बन पाई है.

    डोमिनिक राब पीएम बोरिस जॉनसन का काम देखेंगे

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अब विदेश मंत्री डोमिनिक राब प्रधानमंत्री का काम देखेंगे. विदेश मंत्री ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि ब्रिटेन सरकार की कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जंग जारी रहेगी और प्रधानमंत्री की योजना को लागू करने में सभी मंत्री ध्यान लगाएंगे.

    पीएम जॉनसन के लिए दुनिया भर के नेताओं के संदेश

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जल्द स्वस्थ हो जाएंगे. अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी कहा कि वो जॉनसन के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनके लिए संदेश भेजा है. भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बोरिस जॉनसन के जल्दी स्वस्थ्य होने की कामना की है.

    भारत में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 4281 हो गए हैं. अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है और 318 लोग ठीक भी हो चुके हैं.

    फ़्रांस में मौत का आँकड़ा बढ़ा

    फ़्रांस में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से मौतों का आँकड़ा एक दिन में 10 फ़ीसदी बढ़ गया है. इसके साथ ही फ़्रांस में मरने वालों की कुल संख्या 6494 हो गई है. फ़्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम्स में मरने वालों का आँकड़ा शामिल करने के बाद देश में कोरोना से मौत का आँकड़ा रविवार को 8078 से बढ़कर 8911 हो गया.

    अमरीका में क़रीब 9000 की मौत

    अमरीका में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से अब तक क़रीब 9000 लोगों की मौत हो चुकी है. यहां अब तक तीन लाख 30 हज़ार 891 लोग संक्रमित पाए गए हैं.

    डेनमार्क में लॉकडॉउन में राहत देने का फ़ैसला

    डेनमार्क ने अब देशवासियों को लॉकडाउन से थोड़ी राहत देने का फ़ैसला किया है. डेनमार्क के प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले और मौतों के आँकड़े स्थिर होने के बाद सरकार ने फ़ैसला किया है कि 15 अप्रैल से डे-केयर सेंटर और पहली से पांचवीं क्लास तक के स्कूलों को खोला जाए. बाक़ी प्रतिबंध 10 मई तक वैसे ही लागू रहेंगे और किसी भी बड़े आयोजन पर अगस्त तक प्रतिबंध जारी रहेगा.

    इटली में फिर बढ़ा मौत का आँकड़ा

    चीन के बाद कोरोना संक्रमण का कहर पहले इटली में सबसे अधिक दिखा. लेकिन धीरे-धीरे वहां मौतों का आँकड़ा गिर रहा था. हालांकि सोमवार को एक बार फिर ये आँकड़ा बढ़ गया. एक दिन में 636 लोगों की मौत हो गई. इटली में अब तक 16523 लोगों की मौत हो चुकी है. देश में नए संक्रमण मामले 1941 हैं जो रविवार को आए मामलों से दो फ़ीसदी ज़्यादा हैं. हालांकि एक दिन में आए संक्रमण के मामले देखें तो 30 मार्च के बाद यह सबसे कम है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images