You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
जामिया मामला: अमित शाह ने कहा- कुछ पार्टियाँ भड़का रही हैं हिंसा
दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चौतरफ़ा सवाल उठ रहे हैं. प्रियंका गांधी ने कहा- ये तानाशाही.
लाइव कवरेज
जामिया में पुलिस के घुसने पर दिल्ली पुलिस का बयान- "जांच कर रहे हैं"
दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा ने पुलिस के जामिया में घुसने के बारे में कहा कि "जब हमने उग्र लोगों को पीछे हटाना शुरू किया, वे जामिया के अंदर गए. पुलिस ने भी उनका पीछा किया, हम पर पथराव किए गए. हम इस मामले में विस्तृत जांच कर रहे हैं."
जामिया की घटना पर दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा ने बीते दो दिनों से हो रहे विरोध प्रदर्शन पर प्रेस वार्ता की. इसमें उन्होंने आगे लिखी बातें कहीं. ये विरोध प्रदर्शन 13 दिसंबर (शुक्रवार) को शुरू हुए. हमने पूरी तरह से पुलिस व्यवस्था बनाई थी. हमारे सुखदेव विहार और इसके आसपास पिकेट लगाई हुई थी. उन्होंने पुलिस के साथ थोड़ा बहुत धक्का मुक्की की. थोड़ी देर बाद यहां से छात्र चले गए.
14 दिसंबर को भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन रहा. रविवार को दो बजे के आसपास छात्रों का विरोध प्रदर्शन हुआ. जामिया के रहने वाले लोगों ने भी विरोध प्रदर्शन किया. ये पुलिस को उकसाने की काफी कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान 2 से साढ़े चार बजे तक ये विरोध प्रदर्शन चला. इसके बाद उनमें से कुछ प्रदर्शनकारी माता मंदिर मार्ग पर चले गए. वहां उन्होंने तोड़फोड़ शुरू कर दी. बस में उन्होंने आग लगा दी. उस इलाके में रहने वाले लोगों के फ़ोन कॉल आने शुरू हुए. जब हम उन्हें पीछे हटाने की कोशिश शुरू की तो उन्होंने पथराव शुरू कर दिया. वहां होली फैमिली अस्पताल के पास उन्होंने पथराव शुरू किया. उसके बाद उन्हें और पीछे पुश किया गया. वहां से कैंपस एरिया शुरू हो जाता है. वहां इन्होंने बल्ब, ट्यूबलाइट्स और बोतलें पुलिस पर फेंकी गई. वहां से इन्हें जामिया में पुश किया गया और स्थिति नियंत्रित किया गया.
इस हिंसा में चार डीटीसी बसों को आग लगी है. पुलिस की बाइकें नष्ट की गईं. 100 के आसपास निजी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया. 30 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. इनमें एसीपी, डीसीपी रैंक के ऑफिसर हैं. दो एसएचओ को फ्रैक्चर आया है. हमारा एक साथी आईसीयू में है. प्रदर्शनकारियों के 39 एमएलसी बनी हैं. जब हम इनको पीछे हटा रहे थे. हमने कुछ छात्रों को डिटेन किया था. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. इस मामले में दो एफ़आईआर दर्ज की गई है. एक एनएफसी और एक जामिया नगर में की गई है. इसकी जांच क्राइम ब्रांच करेगा.
रविवार के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई अफ़वाहें फ़ैलाई जा रही थीं. मैं दिल्ली के लोगों और बच्चों को कहना चाहूंगा कि आप चिंता न करें, घबराएं नहीं और किसी भी बहकावे में न आएं. इसमें कार्रवाई उन पर ही होगी जो शामिल थे. एक अफवाह थी कि पुलिसवालों ने एक बस को आग लगा दी. DL1PD0299. उसमें आग नहीं लगी थी, चिंगारी थी जिसे पुलिस ने बुझाया था.
दूसरी अफवाह थी कि कुछ मौते हुई हैं लेकिन इस पूरे मामले में कोई हताहत नहीं हुआ. फायरिंग के वीडियो भी चल रहे थे. कोई फायरिंग नहीं हुई है. हमने कम से कम फोर्स का इस्तेमाल किया था. हम यूनिवर्सिटी प्रशासन से बात कर रहे हैं. छात्र संघ से भी बातें कर रहे हैं. विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से ख़त्म हो गया. अफ़वाहों को दिल्ली पुलिस से चेक कर लें और इसकी सही जानकारी ही लोगों तक पहुंचाएं. अफ़वाहों को आप हमसे साझा कर सकते हैं, हम आपको उस पर सफाई देंगे.
अगर सबका साथ नहीं रहेगा तो सबका विकास कैसे होगा: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कोलकाता में कहा, "नागरिकता संशोधन क़ानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) जब तक वापस नहीं लिया जा सकता हम अपना विरोध जारी रखेंगे."
उन्होंने कहा, "केवल बीजेपी यहां रहेगी और बाकी सभी को छोड़ने के लिए मजबूर किया जाएगा- यह उनकी राजनीति है. लेकिन ऐसा नहीं हो सकेगा. भारत सभी का है. अगर सबका साथ नहीं रहेगा तो सबका विकास कैसे होगा? नागरिकता संशोधन क़ानून किसके लिए है? हम सभी नागरिक हैं. क्या आप वोट नहीं देते? क्या आप यहां नहीं रहते?"
ब्रेकिंग न्यूज़, नागरिकता क़ानून से किसी को नुक़सान नहीं होगा- मोदी
पीएम मोदी ने तीसरे ट्वीट में कहा है, ''मैं भारतीयों को स्पष्ट रूप से आश्वस्त करना चाहता हूं कि नागरिकता क़ानून से कोई भी नागरिक, चाहे वो किसी भी धर्म का हो, वो प्रभावित नहीं होगा. इस क़ानून को लेकर किसी को डरने की ज़रूरत नहीं है. यह क़ानून उनके लिए है जो वर्षों से जुल्म सह रहे हैं और उनके पास भारत के अलावा कोई ठिकाना नहीं है.''
ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी ने नागरिकता क़ानून के पक्ष में दिए तर्क
पीएम मोदी ने अगले ट्वीट में कहा है, ''नागरिकता संशोधन क़ानून 2019 संसद के दोनों सदनों में ज़ोरदार बहुमत से पास किया गया है. बड़ी संख्या में राजनीतिक पार्टियों और सांसदों ने इसका समर्थन किया. इस क़ानून में भारत की सदियों पुरानी स्वीकार्यता की संस्कृति, सद्भावना, करुणा और भाईचारा समाहित है.''
ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी आए सामने
देश भर में नए नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ हो रहे विरोध प्रदर्शन पर पीएम मोदी ने कई ट्वीट किए हैं. मोदी ने अपने ट्वीट में कहा है, ''नागिरकता संशोधन क़ानून पर हिंसक विरोध प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. बहस, संवाद और असहमति लोकतंत्र का ज़रूरी हिस्सा होता है लेकिन सार्वजनिक संपत्ति का नुक़सान और सामान्य जनजीवन को बाधित करना करना कहीं से भी सही नहीं है.''
ब्रेकिंग न्यूज़, इमरान ख़ान के मंत्री का भी पीएम मोदी पर निशाना
इमरान ख़ान के मंत्री चौधरी फ़वाद हुसैन ने भी वो वीडियो ट्वीट कर लिखा है, ''मोदी का भारत जल रहा है...प्रार्थना है कि मोदी से भारत के लोगों को छुटकारा मिले.''
जामिया हिंसा पर इमरान ख़ान की पार्टी का मोदी पर निशाना
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ यानी पीटीआई ने जामिया हिंसा को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
पीटीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो ट्वीट किया है. इस वीडियो में जामिया की अनुज्ञा नाम की एक स्टूडेंट रो रही है. वीडियो के साथ पीटीआई ने लिखा है, ''मोदी ने कश्मीर से अल्पसंख्यकों को अलग-थलग करना शुरू किया था अब पूरे भारत में यह काम हो रहा है.''
अक्षय कुमार की सफ़ाई
अभिनेता अक्षय कुमार ने जामिया मिल्लिया में हिंसा से जुड़ी एक तस्वीर ट्विटर पर लाइक करने पर सफ़ाई दी है. अक्षय ने ट्वीट कर कहा है, ''ग़लती से जामिया से जुड़ी एक तस्वीर लाइक हो गई थी. मैं ट्विटर स्क्रॉल कर रहा था तभी तस्वीर लाइक हो गई थी. हमने तत्काल अनलाइक कर दिया था.''
ब्रेकिंग न्यूज़, जामिया पर बॉलीवुड से उठी आवाज़
अभिनेता राजकुमार राव ने ट्वीट कर कहा है, ''छात्रों के साथ पुलिस की हिंसा की मैं निंदा करता हूं. लोकतंत्र में लोगों के पास शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार होता है. मैं सार्वजनिक संपत्ति के नुक़सान पहुंचाए जाने की भी निंदा करता हूं. हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है.''
जामिया के साथ कई आईआईटी
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास, आईआईटी बॉम्बे के छात्र जामिया और एएमयू स्टूडेंट के समर्थन में आए.
ब्रेकिंग न्यूज़, अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह से मांगा मिलने का वक़्त
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर अमित शाह से मांगा समय. अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है, ''दिल्ली की बिगड़ी क़ानून व्यवस्था को लेकर मैं बहुत चिंतित हूँ. दिल्ली में तुरंत शांति बहाल की जाए- इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह जी से मिलने का समय माँगा है.''
ब्रेकिंग न्यूज़, किसके ख़िलाफ़ होगी एफ़आईआर?
जामिया किसके ख़िलाफ़ एफ़आईआर कराएगी? इस सवाल के जवाब में जामिया की वीसी नजमा अख़्तर ने कहा कि किसी व्यक्ति के ख़िलाफ़ कोई एफ़आईआर नहीं होगी. उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही तय होगा कि किससे ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज होगी.
कई तरह की अफ़वाह
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रजिस्ट्रार एपी सिद्दिक़ी ने कथित रूप से मस्जिद में पुलिस के आने की बात पर कहा कि कई तरह की अफ़वाह फैलाई जा रही है लेकिन हमलोग न तो इनकार कर सकते हैं और न ही इसकी पुष्टि कर सकते हैं.
जामिया को बदनाम नहीं किया जाए- वीसी
जामिया का नाम बदनाम नहीं किया जाए. इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को छोड़ दिया गया है- जामिया वीसी
बाहरियों ने भड़काई हिंसा
जामिया के रजिस्ट्रार ने कहा कि कल जो हिंसा हुई है उसमें बाहरी शामिल थे. उन्होंने कहा कि कैंपस में के छात्र किसी भी तरह की हिंसा में शामिल नहीं थे.
ब्रेकिंग न्यूज़, किसी भी बच्चे की मौत नहीं हुई है- वीसी
जामिया के बच्चों की मौत की बात केवल अफ़वाह है. किसी बच्चे की मौत नहीं हुई है. 100 से ज़्यादा लोग ज़ख़्मी हुए हैं. कैंपस की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए. कैंपस का बहुत नुक़सान हुआ है- वीसी नजमा अख़्तर
जामिया एफ़आईआर दर्ज कराएगी
बिना अनुमति के पुलिस के घुसने पर जामिया एफ़आईर दर्ज कराएगी. लाइब्रेरी के भीतर बेगुनाह छात्रों को मारा गया है. इसकी जांच होनी चाहिए- वीसी नज़मा अख़्तर
जामिया की वीसी नजमा ने पुलिस की कार्रवाई पर जताई आपत्ति
जामिया मिल्लिया इस्लामिया की वीसी प्रोफ़ेसर नजमा अख़्तर ने कहा, ''जामिया को बिना अनुमति के पुलिस का कैंपस में आना स्वीकार्य नहीं है. पुलिस की कार्रवाई से हमें धक्का लगा है. कैंपस को इससे नुक़सान हुआ है. बच्चों के साथ पुलिस बर्बर तरीक़े से पेश आई है.''