केजरीवाल, सिसोदिया ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सुषमा स्वराज की लोधी रोड स्थित विद्युत शवदाहगृह में अंत्येष्टि की गई.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
भावुक हुए रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव सुषमा स्वराज को श्रद्दांजलि देते वक़्त भावुक हो गए.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा है कि वो उन्हें नब्बे के दशक से जानती हैं और वैचारिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने संसद में उनके साथ काफ़ी आत्मीय समय बिताया है.
सुषमा स्वराज के निधन पर दिल्ली सरकार ने दो दिनों के शोक का एलान किया है. इस दौरान दिल्ली में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा. इसके अलावा अन्य सरकारी कारोबार और कार्यक्रम जिसमें इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में होने वाला आंगनवाड़ी कार्यक्रम भी शामिल है, अपने तय समय के मुताबिक ही होंगे.
सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर अभी उनके आवास पर रखा है, जहां श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा है.
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और योग गुरु रामदेव भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे.
सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा है, "सुषमा जी एक शानदार इंसान भी थीं. अपने व्यवहार और गर्मजोशी से वो सबका दिल जीत लेती थीं. मुझे एक भी साल ऐसा याद नहीं, जब मेरे जन्मदिन पर वो मेरा पसंदीदा चॉकलेट केक लेकर न आई हों."
"देश ने एक अहम नेता खो दिया है. मेरे लिए यह अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी मुझे बहुत खलेगी. उनकी आत्मा को शांति मिले. मेरी संवेदनाएं स्वराज जी, बांसुरी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हैं. ओम शांति."
वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा दुख जताया है.
भाजपा में सुषमा के राजनीतिक गुरु कहे जाने वाले आडवाणी ने एक बयान में कहा है, "मैं अपनी सबसे करीबी सहयोगियों में से एक सुषमा स्वराज जी के निधन से बहुत दुखी हूं."
"सुषमा जी के साथ मैंने भाजपा के साथ अपनी पारी की शुरुआत से काम किया है. अस्सी के दशक में जब मैं भाजपा अध्यक्ष था वो एक नौजवान कार्यकर्ता थीं. लेकिन बाद के वर्षों में वो पार्टी की सबसे लोकप्रिय और प्रमुख नेताओं में शुमार हो गईं, बल्कि महिला नेताओं के लिए रॉल मॉडल बनकर उभरीं. वो शानदार वक्ता थीं और घटनाओं को याद रखने और उन्हें स्पष्टता और प्रखरता से बयान करने की क्षमता पर मैं अकसर विस्मित होता था."
रूसी विदेश मंत्रालय ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है.आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, "हमारे मित्र देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के असमय निधन पर हमारी संवेदनाएं भारत के लोगों के साथ हैं."
ईरान के विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है.
उन्होंने लिखा, "उनके कार्यकाल में मेरी उनसे कई उपयोगी और फलदायी चर्चाएं हुईं. उनके अचानक देहांत से मैं दुखी हूं."
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने भी सुषमा स्वराज के साथ अपनी तस्वीरें ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
उन्होंने लिखा, “उन्होंने असीम गरिमा और शालीनता से भारत का प्रतिनिधित्व किया.”
सुषमा स्वराज का अंतिम संस्कार बुधवार शाम चार बजे दिल्ली के लोधी शवदाह गृह में होगा. भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर 12 से 3 बजे तक भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा.
भारत की पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार रात निधन हो गया. रात में कार्डिएक अरेस्ट के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल लाया गया जहां उनका देहांत हो गया. उनके घर पर श्रद्धांजलि देने के लिएनेताओं और क़रीबी लोगों का तांता लगा हुआ है.