You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सुषमा स्वराज की पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि

भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया. सुषमा स्वराज की लोधी रोड स्थित विद्युत शवदाहगृह में अंत्येष्टि की गई.

लाइव कवरेज

  1. कई परिवार उनके ऋणी: किरण बेदी

    पुद्दूचेरी का राज्यपाल किरण बेदी ने एक पुराना वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है, "ये उन घटनाओं में से है जब सुषमा स्वराज ने विदेश में फंसी महिलाओं की मदद की थी. पुद्दूचेरी के कई परिवार अपने पुनर्मिलन के लिए उनके ऋणी हैं. विदेश मंत्रालय का शुक्रिया. वो मेरी यूनिवर्सिटी की दोस्त भी थीं. हम उन्हें मिस करेंगे."

    मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है, "मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि वो हम सबको छोड़कर हमेशा के लिए चली गई हैं. "

  2. मोदी नहीं, अटल की शैली के करीब थीं सुषमा: दिग्विजय

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है.

    उन्होंने लिखा, "वह असली डेमोक्रैट, शानदार सांसद और लोकसभा की बेहतरीन नेता विपक्ष थीं. मोदी जी के बजाय वह अटल जी की शैली की ज़्यादा करीब थीं. हमें उनकी याद आएगी. उनकी आत्मा को शांति मिले."

  3. त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दी श्रद्धांजलि

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है.

  4. उन्होंने सबकी मदद की: सरबजीत की बहन

    पाकिस्तान में भारतीय कैदी रहे दिवंगत सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

    उन्होंने कहा, "मैं यक़ीन नहीं कर सकती थी कि वो इतनी जल्दी हमें छोड़ जाएंगी. पूरे देश के लिए यह बड़ा नुकसान है. उन्होंने हमेशा लोगों की मदद की. चाहे हामिद अंसारी हो, सरबजीत हो, गीता हो या कुलभूषण जाधव, उन्होंने सबकी मदद की. उनकी आत्मा को शांति मिले."

    सरबजीत सिंह को 1990 में पाकिस्तान के लाहौर और फ़ैसलाबाद में हुए चार बम धमाकों के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था. इन धमाकों में क़रीब 10 लोगों की मौत हो गई थी. अप्रैल 2013 में लाहौर की कोट लखपत जेल में उन पर कथित तौर पर दूसरे क़ैदियों ने हमला किया था जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी.

  5. भारतीय संस्कृति की प्रतिनिधि थीं सुषमा: ओम बिड़ला

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सुषमा स्वराज को याद करते हुए कहा, "सुषमा जी भारतीय संस्कृति की प्रतिनिधि थीं. वो एक क़ाबिल प्रशासक और संवेदनशील नेता थीं. उनके जैसा नेता खोकर पूरा देश दुखी है. उन्होंने सबकी समस्याएं समझीं और उनका निवारण किया. दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं. "

  6. असाधारण महिला थीं सुषमा: UNGA अध्यक्ष

    संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने सुषमा को 'असाधारण महिला' और जनता की सेवा में जीवन लगा देने वाली नेता कहा है.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "मुझे अपनी भारत यात्राओं के दौरान उनसे मिलने का अवसर मिला और मैं हमेशा उन्हें याद रखूंगी."

  7. राज्यसभा में रखा गया मौन

    उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और राज्यसभा सांसदों ने पूर्व विदेश मंत्री के निधन पर सदन में शोक जताया और मौन रखा.

    नायडू ने कहा, "उनके असामयिक निधन से भारत ने एक क़ाबिल प्रशासक, प्रभावी सांसद और लोगों की असल आवाज़ को खो दिया है."

  8. राहुल ने दी श्रद्धांजलि

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी.

  9. आडवाणी और उनकी बेटी भी हुए भावुक

    सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देते हुए उनके राजनीतिक गुरु कहे जाने वाले लाल कृष्ण आडवाणी और उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी भावुक हो गए.

  10. राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए.

  11. इसराइल की दोस्त थीं सुषमा: इसराइली राजदूत

    भारत में इसराइल के राजदूत रॉन मैल्का ने भी सुषमा स्वराज को उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.

    उन्होंने कहा, "मैं यहां इसराइल राज्य और इसराइल के लोगों की ओर से सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने आया हूं. वो एक बहादुर नेता थीं और इसराइल की दोस्त थीं. इसराइल-भारत की दोस्ती आगे बढ़ाने में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई."

  12. हरियाणा में भी दो दिनों का शोक घोषित

    हरियाणा सरकार ने भी सुषमा स्वराज के निधन में दो दिनों के राजकीय शोक का एलान किया है.

    इससे पहले दिल्ली सरकार भी दो दिनों का शोक घोषित कर चुकी है.

    ये भी पढ़ें

  13. इस रिक्तता को लंबे समय तक भर नहीं पाएंगे: अमित शाह

    गृह मंत्री अमित शाह ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया है.

    पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "सुषमा जी के निधन से मैं, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता और देश में उनके करोड़ों चाहने वाले क्षुब्ध और दुखी हैं. यह देश की राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है."

    "सुषमा जी इमरजेंसी के समय से ही देश के राजनीतिक नभ की एक चमकती हुई सितारे के तौर पर उभरकर आईं. दिल्ली के मुख्यमंत्री, लोकसभा में विपक्ष की नेता और कई मंत्रालयों की मंत्री के तौर पर उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी सरकार में कुशल प्रशासक की तरह काम किया. आज उनके जाने से बड़ी रिक्तता भारत के राजनीतिक क्षेत्र में पैदा हुई है जो लंबे समय तक नहीं भरी जा सकेगी. देश उनकी सेवाओं को हमेशा के लिए याद रखेगा."

  14. भाजपा के सभी कार्यक्रम रद्द

    भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा ने बताया है कि बुधवार को होने वाले भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए 12 बजे भाजपा मुख्यालय पर लाया जाएगा.

  15. मनमोहन सिंह ने दी श्रद्धांजलि

    पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने भी सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

  16. कलाकार की श्रद्धांजलि

    अमरोहा के कलाकार मोहम्मद ज़ुहैब ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनका यह स्केच बनाया है.

  17. आडवाणी ने दी श्रद्धांजलि

    वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने भी सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. वह अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ यहां पहुंचे. प्रतिभा ने सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी को गले लगा लिया.

  18. अनहोनी हो रही है: पासवान

    केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है.

    उन्होंने कहा, "ये तो अनहोनी हो रही है. कुछ दिन पहले मेरे छोटे भाई रामचंद्र पासवान का देहांत हो गया. आज मेरी छोटी बहन सुषमा स्वराज चली गई. यह बिल्कुल असामयिक है. ऐसे प्रखर वक्ता और हाज़िरजवाब नेता बहुत कम होते हैं."

  19. नरेंद्र मोदी हुए भावुक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी और पति स्वराज कौशल से मिलकर उन्हें सांत्वना दी.

    वीडियो में दिख रहा है कि वह स्वराज कौशल का हाथ थामे हुए हैं. स्वराज उनसे कुछ बात कर रहे हैं और प्रधानमंत्री के चेहरे पर भावुकता साफ़ देखी जा सकती है.

  20. मेरे लिए मां जैसी थीं सुषमा: हामिद अंसारी

    सुषमा स्वराज के कूटनीतिक दख़ल के बाद पाकिस्तान से वतन वापस लाए गए भारतीय नागरिक हामिद अंसारी ने भी पूर्व विदेश मंत्री के निधन पर शोक जताया है.

    हामिद अंसारी को छह साल पहले पाकिस्तान में हिरासत में ले लिया गया था. वो वहां सोशल मीडिया के ज़रिये बनी एक दोस्त से मिलने गए थे. पाकिस्तानी जेल में तीन साल गुज़ारने के बाद 18 दिसंबर 2018 को वो भारत लौटे थे. इसका श्रेय सुषमा स्वराज की प्रभावी कूटनीति को दिया जाता है.

    सुषमा स्वराज के निधन पर उन्होंने कहा, "मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है. वो मेरे लिए मां की तरह थीं. पाकिस्तान से लौटने के बाद उन्होंने आगे के लिए मेरा मार्गदर्शन किया. यह मेरे लिए बड़ी क्षति है."