You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लोकसभा में भी पास हुआ जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक

अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करने का प्रस्ताव और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल राज्यसभा के बाद लोकसभा में भी पारित.

लाइव कवरेज

  1. ख़ून के आख़िरी क़तरे तक लड़ेगा पाकिस्तान- इमरान ख़ान

    "अगर हालात ख़राब हुए, जंग हुई तो यह हमारे ख़िलाफ़ भी जा सकती है और हमारे पक्ष में हो सकती है. पाकिस्तान के पास दो रास्ते होंगे- एक बहादुरशाह ज़फ़र का रास्ता और दूसरा टीपू सुल्तान का रास्ता. एक तो ये कि हाथ खड़े कर दो. मगर ऐसा हुआ तो टीपू सुल्तान की तरह ख़ून के आख़िरी क़तरे तक लड़ेंगे."- पाकिस्तानी संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री इमरान ख़ान

  2. भारत पर पुलवामा जैसा हमला होगा: इमरान

    "अब भारत पर पुलवामा जैसा हमला हो सकता है. मुझे लगता है कि इसके लिए भी पाकिस्तान को दोष दिया जाएगा जबकि यह कश्मीर के लोगों को दबाने का नतीजा है. अब डर है कि वे बड़े पैमाने पर मुसलमानों का नरसंहार करेंगे."

    - पाकिस्तान की संसद में इमरान ख़ान

  3. जम्मू कश्मीर गंभीर मसला बन गया है: इमरान

    भारत में अनुच्छेद 370 पर हो रही हलचल पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपनी संसद में कहा, "जम्मू कश्मीर अब गंभीर मसला बन गया है. इसे लेकर बीजेपी की सरकार अपने संविधान के ख़िलाफ गई, अपने सुप्रीम कोर्ट और जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट के फैसलों, संयुक्त राष्ट्र के प्रावधानों और शिमला समझौते के ख़िलाफ़ चली गई. उन्होंने अपनी विचारधारा के लिए सब नियम तोड़ दिए हैं."

  4. आपने यहां भी एक वेस्ट बैंक बना दिया है: ओवैसी

    हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पूछा, "मुझे बताएं कि मैं कब हिमाचल प्रदेश में जाकर खेती के लिए ज़मीन खरीद सकूंगा? आपने कश्मीर को वेस्ट बैंक बना दिया है. अगर यह इतना ही अच्छा फ़ैसला है तो लोगों को बाहर आने दीजिए, उन्हें जश्न मनाने दीजिए."

  5. पाकिस्तान की संसद में भारत पर बोल रहे हैं इमरान

    इसी समय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान अपनी संसद को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "शुरू में ही मुझे अहसास हो गया था कि नरेंद्र मोदी शांति के इच्छुक नहीं हैं. भारत में चुनाव के दौरान उनका हर क़दम वॉर हिस्टीरिया पैदा करके चुनावों में फ़ायदा लेने की कोशिश के लिए रहा है."

  6. लद्दाख पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री का ट्वीट

    श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने ट्वीट किया है, "पता चला है कि लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बनने जा रहा है. 70 प्रतिशत से अधिक बौद्ध आबादी वाला लद्दाख भारत का पहला बौद्ध बहुल राज्य होगा. लद्दाख का गठन और इसके लिए होने वाला पुनर्गठन भारत का आंतरिक मामला है. मैं लद्दाख जा चुका हूं, यह घूमने लायक जगह है."

  7. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की चिंता न करे सदन: अमित शाह

    गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, "मैं चौथी बार कह रहा हूं और मेरे अंदर 10 बार कहने का भी धैर्य है कि फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को न तो हिरासत में लिया गया है न ही उन्हें गिरफ़्तार किया गया है. अगर उनकी सेहत ठीक नहीं है तो डॉक्टर उन्हें अस्पताल लेकर जाएंगे. सदन उनकी चिंता न करे. अगर वह ठीक नहीं होते तो वे बाहर न निकलते."

  8. "भारत से अपने उच्चायुक्त को बुला सकता है पाकिस्तान"

    पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर ने ट्वीट किया है कि पाकिस्तान सरकार भारत से अपने उच्चायुक्त को वापस बुलाने पर विचार कर रही है.

  9. मेरे बारे में झूठ बोल रहे हैं गृहमंत्री: फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    इस बीच श्रीनगर में मौजूद नेशनल कॉन्फ़्रेंस नेता फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा, "गृहमंत्री ने संसद में ग़लत जानकारी दी है कि मैं नज़रबंद नहीं हूं और अपनी मर्ज़ी से घर पर हूं. मैं ऐसा क्यों करूंगा?"

  10. नेहरू ने कुछ भी अकेले नहीं किया: शशि थरूर

    शशि थरूर ने कहा, "सरकार की ओर से नेहरू जी को दोषी की तरह पेश किया जा रहा है. मगर मैं बताना चाहता हूं कि हैदराबाद, जूनागढ़ और कश्मीर को लेकर नेहरू जी ने कुछ भी अकेले नहीं किया, सरदार पटेल हर मामले में नेहरू के साथ थे."

  11. शशि थरूर ने नोटबंदी से की अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करने की तुलना

    तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "इस सरकार ने इसी तरह से अचानक नोटबंदी का फ़ैसला लिया था जिसके नुक़सान सेे देश आज तक जूझ रहा है. एकता के नाम पर आप बंटवारा कर रहे हैं और विकास ने नाम पर ग़रीबी बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं. अगर हालात बिगड़े तो आतंकवादी संगठन इसका फ़ायदा उठा सकते हैं."

  12. शशि थरूर ने भी फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की ग़ैरमौजूदगी पर उठाए सवाल

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नेशनल कॉन्फ़्रेंस नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के संसद से ग़ैरमौजूद रहने पर चिंता जताई. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, "तीन बार सफ़ाई दे चुका हूं, वह अपने घर पर हैं और अपनी मर्ज़ी से वहां हैं. उनपर कोई बंदिश नहीं है. अब उन्हें कनपटी पर बंदूक लगाकर यहां नहीं लाया जा सकता."

  13. तीन रंगों से रंगा तिरंगा, अपनी यह पहचान- सेरिंग

    जामयांग सेरिंग ने कहा, "कुछ लोग चिंतित हैं कि उनका झंडा चला गया. उन्हें बता दूं कि लद्दाख के लोगों ने 2011 में ही वह झंडा हटा दिया था. लद्दाख ऑटोनोमस हिल डिवलपमेंट काउन्सिल ने उसी समय प्रस्ताव पारित करके उसे हटा दिया था क्योंकि हम भारत का अटूट अंग बनना चाहते थे."

    इसके बाद उन्होंने पंक्तियां पढ़ीं- ''तीन रंगों से रंगा तिरंगा, अपनी यह पहचान."

  14. लद्दाख की उपेक्षा की गई: जामयांग सेरिंग

    लद्दाख के सांसद जामयांग सेरिंग ने कहा, "आज बड़ी-बड़ी बातें करने वालों को याद दिलाना चाहता हूं कि आप तीन इलाकों- जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लिए केंद्र से फंड लाते हैं मगर लद्दाख का फ़ंड कश्मीर में खर्च हो जाता है. जम्मू में और कश्मीर में लद्दाख के कितने सरकारी मुलाज़िम हैं? हसनैन मसूदी जी ने विश्वविद्यालयों की बात की. कांग्रेस ने 2011 में कश्मीर और जम्मू को सेंट्रल यूनिवर्सिटीज़ दी. जम्मू में तो हमने लड़कर ली, तब मैं वहां छात्र राजनीति में था. मगर लद्दाख में एक भी हायर एजुकेशन का संस्थान नहीं दिया कांग्रेस ने."

  15. 'लद्दाख और कारगिल के लोग ख़ुश हैं'

    लद्दाख से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जामयांग सेरिंग ने कहा, "आज यहां लद्दाख का ज़िक्र करने वालों ने कभी लद्दाख को अपनाया नहीं. यूटी की हमारी पुरानी मांग थी मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया. मैं कारगिल से चुनकर आता हूं और वहां के लोगों ने केंद्र शासित प्रदेश के वोट दिया है. लोग ख़ुश हैं. इस फ़ैसले से किसी की रोज़ी-रोटी नहीं छिनेगी, सिवाय दो परिवारों के."

  16. रिहा किए जाएं बंद किए गए कश्मीरी नेता: राहुल

    राहुल गांधी ने ट्वीट करके लिखा है, "कश्मीर के मुख्य नेताओं को गुप्त जगहों पर बंद कर दिया गया है. यह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है. यह अदूरदर्शी और बेवकूफ़ाना क़दम भी है क्योंकि इससे आतंकवादियों को भारत सरकार द्वारा पैदा की गई नेतृत्व की खाली जगह को भरने का मौक़ा मिल जाएगा. जेल में डाले गए नेताओं को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए."

  17. अमित शाह ने किया विरोध

    गृहमंत्री अमित शाह ने हसनैन की टिप्पणी का जवाब दिया और सभापति से इसे सदन की कार्यवाही से हटाने की गुज़ारिश की. बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने इन शब्दों को हटाने का निर्देश दिया.

  18. 370 को लेकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर ज़ोरदार बहस

    अनंतनाग के सांसद हसनैन मसूदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और 370 के संबंध में एक टिप्पणी की जिसे लेकर ज़ोरदार हंगामा हुआ. गृह मंत्री अमित शाह ने इसे भ्रामक बयान बताया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हसनैन मसूदी बताएं कि किस आधार वह ऐसा कह रहे हैं.

  19. लोगों को अपनी राय रखने का मौक़ा मिलना चाहिए: हसनैन मसूदी

    जम्मू कश्मीर के अनंतनाग से नेशनल कॉन्फ़्रेंस के सांसद हसनैन मसूदी ने कहा, "आप संवैधानिक प्रक्रिया अपनाए बिना यह सब कर रहे हैं. अगर जम्मू कश्मीर को अलग हिस्सों में बांटना भी था तो लोगों को उनकी राय देने का मौक़ा मिलना चाहिए था. लद्दाख को आप अलग करना चाहते हैं मगर कारगिल में लोगों ने विरोध में आज बंद रखा है. मुख्य धारा के नेताओं को भी बंद कर दिया गया है."

  20. लोगों की बात नहीं सुनी जा रही: अखिलेश

    अनुच्छेद 370 को लेकर लोकसभा में समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव ने कहा- कश्मीर पर लोगों की नहीं सुनी जा रही है.