You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमित शाह को पीएम मोदी ने दी बधाई, महबूबा मुफ़्ती हिरासत में

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर को मिले विशेष दर्जे वाला अनुच्छेद 370 ख़त्म करने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही कश्मीर की स्वातयत्ता ख़त्म हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. अनुच्छेद 35A और 370 पर ही सबकी निगाहें टिकी हैं

    बीजेपी कहती रही है कि वो संविधान के अनुच्छेद 35A और 370 के ख़िलाफ़ है. अब जब मोदी सरकार कश्मीर के बारे में कोई फ़ैसला करने वाली है तो सबकी निगाहें इसी ओर हैं कि क्या सरकार इसको ख़त्म करने या इसमें बदलाव लाने जा रही है.

  2. संसद में स्थगन प्रस्ताव को लेकर नोटिस

    डीएमके सांसद टीआर बालू ने कश्मीर मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है. इसके साथ ही आरएसपी नेता एनके प्रेमचंद्रन और सीपीएम नेता एएम आरिफ़ ने भी कश्मीर पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है.

  3. संसद में क्या बोलेंगे अमित शाह

    कहा जा रहा है कि मोदी सरकार कश्मीर पर अहम फ़ैसला ले सकती है. क़यासों का बाज़ार गर्म है. कुछ लोग कह रहे हैं कि सरकार कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म कर सकती है. संभव है कि संसद में आज अमित शाह के बयान से चीज़ें स्पष्ट हो जाएं.

  4. पी चिदंबरम ने सरकार के रुख़ की निंदा की

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी पूरे मामले पर ट्वीट किया है. चिदंबरम ने कहा, ''मैंने जम्मू-कश्मीर पर दुःसाहस को लेकर आगाह किया था. लग रहा है कि सरकार ऐसा ही करने पर आतुर है. जम्मू-कश्मीर नेताओं की नज़रबंदी से साफ़ संकेत मिल रहे कि सरकार ने सभी लोकतांत्रिक अधिकारों और सिद्धांतों को अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए ख़त्म कर दिया है. मैं नज़रबंदी की निंदा करता हूं.''

  5. कैबिनेट की अहम बैठक के बाद निकले शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास से कैबिनेट की बैठक के बाद निकलते हुए.

  6. जम्मू का यह नज़ारा

    जम्मू के विक्रम चौक का यह नज़ारा. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती.

  7. अमित शाह के बयान के बाद होगा साफ़

    माना जा रहा है कि संसद में अमित शाह के बयान के बाद ही साफ़ होगा कि कश्मीर में क्या होने जा रहा है.

  8. संसद में 11 बजे बयान देंगे अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में 11 बजे और लोकसभा में 12 बजे देंगे बयान.

  9. कैबिनेट की बैठक ख़त्म

    प्रधानमंत्री आवास पर जारी कैबिनेट की बैठक ख़त्म हो गई है.

  10. पीडीपी सांसदों का विरोध-प्रदर्शन

    कश्मीर में बढ़ी सरगर्मी को लेकर संसद परिसर में पीडीपी के राज्यसभा सांसद नज़ीर अहमद और मीर मोहम्मद फ़याज़ विरोध प्रदर्शन करते हुए.

  11. कांग्रेस भी हरकत में

    संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसदों की बैठक. साढ़े दस बजे शुरू होगी संसद की कार्यवाही.

  12. कैबिनेट की बैठक शुरू

    पूरे मुद्दे पर कश्मीर को लेकर कैबिनेट की बैठक हो रही है. आज संसद में गृह मंत्री अमित शाह कश्मीर पर बयान दे सकते हैं. टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार कैबिनेट की बैठक प्रधानमंत्री के आवास पर हो रही है.

  13. कश्मीर का ताजा घटनाक्रम

    घाटी में धारा 144 लागू, जम्मू में कर्फ्यू. प्रदेश को दोनों पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और और महबूबा मुफ़्ती को नज़रबंद कर लिया गया है. प्रदेश में सेना की तैनाती बढ़ा दी गई है.