You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमित शाह को पीएम मोदी ने दी बधाई, महबूबा मुफ़्ती हिरासत में

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर को मिले विशेष दर्जे वाला अनुच्छेद 370 ख़त्म करने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही कश्मीर की स्वातयत्ता ख़त्म हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. 370 ने जम्मू कश्मीर को देश से अलग रखा : प्रकाश जावड़ेकर

    केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने राज्यसभा में कहा, "खुशी है कि एक एतिहासिक काम सदन कर रहा है."

    उन्होंने कहा, "देशभर में और दुनिया में इस कदम का स्वागत हो रहा है. 70 साल कश्मीर की जनता के साथ जो अन्याय हुआ है, वो आज ख़त्म हो रहा है. कश्मीर में राइट टू एजुकेशन जैसे कई कानून लागू नहीं हैं."

    जावड़ेकर ने आगे कहा, "सबसे महत्वपूर्ण बात है कि इसी 370 ने जम्मू कश्मीर को पूरे देश से अलग रखा. जो फ़ायदा देश के नागरिकों को मिलता है, वो हमारे कश्मीर के भाई-बहनों को नहीं मिलता."

  2. देश को 70 साल से था इंतज़ार : निर्मला सीतारमण

    अनुच्छेद 370 हटाए जाने को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में कहा कि देश बीते 70 साल से इसका इंतज़ार कर रहा था.

    वित्त मंत्री ने कहा, "हम में से कई सदस्यों को देश के अलग-अलग हिस्सों से सुबह से संदेश मिल रहे हैं कि लोग बहुत खुश हैं. ये अहम कदम ख़ासे विचार विमर्श का नतीजा है."

    निर्मला सीतारमण ने आगे कहा, " यहां तक कि हमारे घोषणा पत्र में भी अनुच्छेद 370 को हटाने की जरूरत का जिक्र था. इसलिए ऐसा नहीं है कि हमने जादूई हैट से कोई खरगोश निकाल दिया हो."

  3. लोकतंत्र का सबसे काला दिन: महबूबा मुफ़्ती

    पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने अनुच्छेद 370 हटाने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को भारतीय लोकतंत्र का 'सबसे काला दिन बताया है.' महबूबा मुफ़्ती का कहना है कि भारत ने जिस जिन्न को बोतल से निकाल दिया है उसे वापस डालना बहुत मुश्किल होगा.

    पढ़िए महबूबा मुफ़्ती से पूरी बातचीत

  4. पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने उठाया सवाल

    पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सरकार के फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने इसे संविधान की भावना के ख़िलाफ़ बताया है.

    अमरिंदर सिंह ने अनुच्छेद 370 को लेकर कहा, "आप इसे संसद में ला सकते हैं, आप चर्चा कर सकते हैं अगर दोनों सदन में दो तिहाई बहुमत है तो आप संविधान बदल सकते हैं, आप 35 ए, 370 हटा सकते हैं लेकिन इस तरह एकतरफ़ा तरीके से करते हुए, बिना कश्मीरी लोगों और राजनीतिक दलों से विमर्श किए हुए या फिर इसे संसद के जरिए न लाकर किया जाना संविधान की भावना के ख़िलाफ़ है."

  5. सरकार का साहसिक कदम : आडवाणी

    भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने अनुच्छेद 370 हटाने के फ़ैसले को 'साहसिक कदम' बताया है.

    आडवाणी ने एक बयान में कहा, "अनुच्छेद 370 हटाने के सरकार के फ़ैसले से मैं खुश हूं. मैं मानता हूं कि ये देश की अखंडता को मजबूत करने की दिशा में एक साहसिक कदम है."

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी है.आडवाणी ने कहा है कि वो जम्मू, कश्मीर और लद्दाख की शांति, समृद्धि और प्रगति के लिए प्रार्थना करते हैं.

  6. वोटिंग में हिस्सा नहीं लेगी एनसीपी : सांसद वंदना

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राज्यसभा सांसद वंदना चव्हाण ने कहा है कि उनकी पार्टी इस बिल पर होने वाली वोटिंग में हिस्सा नहीं लेगी.

  7. इतिहास आपको ग़लत साबित करेगा: चिदंबरम

    कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने राज्यसभा में कहा, "क्षणिक तौर पर आप सोच सकते हैं कि आपने जीत हासिल कर ली. लेकिन आप ग़लत हैं और इतिहास आपको ग़लत साबित करेगा. आने वाली पीढ़ियां महसूस करेंगी कि ये सदन आज कितनी बड़ी ग़लती कर रहा है."

  8. भारत के कदम को हर कश्मीरी ने ख़ारिज किया: कुरैशी

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने आगे कहा, "भारत ने इसे विवाद के तौर पर मान्यता दी है. यही वजह है कि उन्होंने इसे समग्र बातचीत (कंपोजिट डॉयलॉग) में शामिल किया."

    शाह महमूद कुरैशी ने कहा, " हर कश्मीरी ने इस कदम को पूरी तरह से ख़ारिज किया है. हर राजनीतिक विचारधारा ने इसे ख़ारिज किया है. कथित उदारवादियों (मॉडरेट्स) ने भी इसे ख़ारिज किया है."

  9. कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय विवाद : पाकिस्तान के विदेश मंत्री

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बीबीसी उर्दू से कहा, " पाकिस्तान इसे खारिज करता है. कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय विवाद के तौर पर मान्यता मिली हुई है. इसे लेकर (संयुक्त राष्ट्र की) सुरक्षा परिषद के कई प्रस्ताव हैं."

  10. संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप क्या कहते हैं?

    संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं सिर्फ़ ये कह सकता हूं कि संवैधानिक तौर पर ये मजबूत है. इसमें कोई कानूनी या संवैधानिक खामी नहीं तलाशी जा सकती है. सरकार ने इस मामले का सावधानी से अध्ययन किया है. जहां तक सवाल है कि क्या ये राजनीतिक फ़ैसला है तो इसे लेकर मुझे कुछ नहीं कहना है."

  11. रामचंद्र गुहा ने अनुच्छेद 370 ख़त्म किए जाने पर जेपी का उद्धरण ट्वीट किया

    जाने-माने इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने ट्वीट कर कश्मीर पर जयप्रकाश नारायण के एक उद्धरण का उल्लेख किया है. गुहा ने लिखा है, ''जयप्रकाश नारायण ने 1966 में कहा था कि अगर हम जबरन और दमन के ज़रिए या उपनिवेशीकरण के सहारे धार्मिक और नस्ली परिवर्तन कर कश्मीर में शासन करना जारी रखेंगे तो मुझे लगता है कि यह राजनीतिक रूप से सबसे घिनौना काम होगा.''

  12. RSS ने बताया साहसिक क़दम

    आरएसएस ने मोदी सरकार के फ़ैसले पर कहा, “सरकार के साहसपूर्ण कदम का हम हार्दिक अभिनंदन करते हैं. यह जम्मू-कश्मीर सहित पूरे देश के हित के लिए अत्यधिक आवश्यक था. सभी को अपने स्वार्थों एवं राजनीतिक भेदों से ऊपर उठकर इस पहल का स्वागत और समर्थन करना चाहिए.”

  13. अनुच्छेद 370 ख़त्म किए जाने पर एनडीए में भी मतभेद

    अनुच्छेद 370 ख़त्म किए जाने पर एनडीए में भी मतभेद उभकर सामने आया है. जनता दल यूनाइटेड के नेता केसी त्यागी ने कहा, ''अनुच्छेद 370 को ख़त्म करना एनडीए का एजेंडा नहीं है. यह बीजेपी का एजेंडा है और इसका समर्थन करने का सवाल ही नहीं उठता है.''

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, संविधान के लिए यह काला दिन- चिदंबरम

    ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर का टुकड़े-टुकड़े कर दिया है. उन्होंने कहा, ''सेक्युलर सोच के लोग कश्मीरियों के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे.'' चिदंबरम ने कहा कि यह संविधान के लिए काला दिन है. चिदंबरम ने कहा कि इन्होंने न केवल 370 को ख़त्म किया है बल्कि जम्मू-कश्मीर को बाँट भी दिया. चिदंबरम ने कहा कि आइडिया ऑफ इंडिया के ख़ात्मे की शुरुआत हो गई है.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान ने बताया ख़तरनाक खेल

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह मोहम्मद क़ुरैशी ने अनुच्छेद 370 ख़त्म करने पर कहा, ''भारत ने बहुत ख़तरनाक खेल खेला है. इसके असर पूर इलाक़े पर बहुत भयानक हो सकते हैं. इमरान ख़ान पूरे मसले को समाधान की तरफ़ ले जाना चाहते थे लेकिन भारत ने अपने फ़ैसले से मामले को और जटिल बना दिया है. कश्मीरियों को पहले से ज़्यादा क़ैद कर दिया गया है. हमने इस मामले में संयुक्त राष्ट्र को सूचित कर दिया था. हमने इस्लामिक देशों को भी सूचित कर दिया है. सभी मुसलमान मिलकर कश्मीरियों की सलामती की दुआ करें. पाकिस्तानी कौम पूरी तरह से कश्मीरियों के साथ है.''

  16. केजरीवाल ने भी किया समर्थन

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सरकार के फ़ैसले का समर्थन किया है. केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ''जम्मू-कश्मीर पर हम सरकार के फ़ैसले के साथ हैं. हमें उम्मीद है कि इससे राज्य में शांति और प्रगति की राह प्रशस्त होगी.''

  17. उमर अब्दुल्ला ने बताया विश्वासघात

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, ''भारत सरकार ने अनुच्छेद 370 को ख़त्म जम्मू-कश्मीर की जनता के साथ विश्वासघात किया है जबकि स्वायतत्ता के आधार पर ही जम्मू-कश्मीर भारत के साथ आया था. इस फ़ैसले के बहुत ख़तरनाक नतीजे होंगे.''

  18. कश्मीर में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती

    जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट और फ़ोन सेवा बंद हैं. हज़ारों अर्धसैनिक बलों की कश्मीर में तैनाती की गई है. अनुच्छेद 370 ख़त्म करने के बाद सुरक्षा बल और चौकस हो गए हैं.

  19. स्वामी रामदेव बोले

    अखंड भारत की जय हो.... तेरा वैभव अमर रहे मां......... हम दिन चार रहे ना रहे.........

  20. अरुण जेटली क्या बोले

    अनुच्छेद 370 ख़त्म किए जाने का पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने स्वागत किया है. जेटली ने ट्वीट कर कहा, ''जम्मू-कश्मीर का भारत में एकीकरण अक्टूबर 1947 में हुआ. अनुच्छेद 370, 1952 में प्रभाव में आया. अनुच्छेद 35 ए 1954 में लागू हुआ. मतलब क्रमशः चार और सात सालों का फ़र्क़ है. अनुच्छेद 370 और 35 ए भारत में विलय की शर्त कैसे थी.?