You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, मायावती ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में क्या आरोप लगाए

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले में प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. मायावती ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में क्या आरोप लगाए

    बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले में प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने इस मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है.

    मायावती ने एक्स पर लिखा, "अयोध्या में श्री राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी, ग़बन और हेराफेरी आदि की आ रहीं ख़बरें बहुत गंभीर और चिंतनीय हैं. ऐसे लोग क़तई भी बख़्शे नहीं जाने चाहिए, लेकिन इस मामले का राजनीतिकरण करना भी ठीक नहीं है."

    उन्होंने कहा कि अब आगे ऐसे मामले सामने न आएं, इसके लिए देश के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे के हिसाब-किताब के लिए जो व्यवस्था है उसे अयोध्या में भी लागू करना चाहिए.

    मायावती ने बीएसपी की ओर से राजनीतिक दलों और देशवासियों से एक अपील भी की.

    उन्होंने कहा, "देश में राजनीति का अपराधीकरण, अपराध का राजनीतिकरण, धर्म का राजनीतिकरण और राजनीति का अंध-धर्मीकरण न किया जाए तो यह सही और संवैधानिक होगा."

    बीते कई दिनों से राम मंदिर चढ़ावे में हुई कथित चोरी को लेकर बीजेपी और विपक्षी दल आमने-सामने हैं. विपक्षी दलों ने इस मामले में दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.

    उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर 8 अभियुक्तों पर एफ़आईआर और उनकी गिरफ़्तारी हो चुकी है.

  2. 23 विपक्षी दलों और एक निर्दलीय सांसद ने सीजेआई को लिखा संयुक्त पत्र, इन मुद्दों को उठाया गया

    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद ने मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को एक संयुक्त पत्र लिखा है.

    इस पत्र के ज़रिए विपक्षी दलों ने एसआईआर प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग की भूमिका और चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों को उठाया है. जयराम रमेश ने इसकी जानकारी एक्स पर दी.

    उन्होंने कहा, "विपक्षी दल एकजुटता, एकता और प्रतिरोध के सिद्धांतों पर मज़बूती से कायम हैं."

    जयराम रमेश ने कहा, "8 जून 2026 को हुई इंडिया जनबंधन की बैठक में 21 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद ने हिस्सा लिया था, जिसमें निर्वाचन आयोग की एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव से जुड़े अन्य मुद्दों पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को एक संयुक्त पत्र भेजने का फ़ैसला लिया गया था."

    उन्होंने कहा, "इसके तहत 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद के हस्ताक्षर वाला संयुक्त पत्र आज (मंगलवार) भारत के मुख्य न्यायाधीश को भेज दिया गया है."

    जयराम रमेश की इस पोस्ट पर तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने दावा किया कि इस पत्र में आम आदमी पार्टी और डीएमके की ओर से भी हस्ताक्षर हुए हैं. हालांकि, इस दलों ने अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    ये दोनों पार्टियां आठ जून को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुई थीं.

  3. अमेरिकी राजदूत बोले, भारत के साथ ट्रेड डील 'अंतिम चरण में', पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा पर ये कहा

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अपने "अंतिम चरण" में है और बातचीत का केवल आख़िरी 'एक-दो फ़ीसदी हिस्सा' पूरा होना बाकी है.

    उन्होंने भरोसा जताया कि लगभग 18 महीने की बातचीत के बाद यह समझौता जल्द ही अंतिम रूप ले लेगा.

    वॉशिंगटन में आयोजित यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फ़ोरम लीडरशिप समिट को संबोधित करते हुए गोर ने कहा कि वह इस समझौते को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि इससे दोनों देशों को फ़ायदा होगा.

    उन्होंने कहा, "हम इस समझौते के अंतिम चरण में हैं. समझौते का ज़्यादातर हिस्सा पूरा हो चुका है. दोनों पक्षों की ओर से कुछ चीज़ें हैं जो अभी बाकी हैं. लेकिन वे समझौते के आख़िरी एक-दो फ़ीसदी के बराबर हैं."

    इसके अलावा सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित अमेरिका यात्रा के बारे में भी बात की.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात के दौरान उन्हें आमंत्रित किया था. हम उन्हें यहां फिर से आते हुए देखकर ख़ुश होंगे. और मुझे पता है कि वह दिसंबर में जी20 के लिए यहां आने वाले हैं."

  4. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: जर्मनी के बाद नीदरलैंड्स भी पेनल्टी शूटआउट में हारा, मोरक्को अंतिम 16 में पहुंचा

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के एक मुक़ाबले में मोरक्को ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में हरा दिया है. दोनों के बीच मैच 1-1 से बराबर रहा था, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट हुआ.

    मोरक्को ने मैच के अधिकांश हिस्से में अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन नीदरलैंड्स के बार्ट फेरब्रुगेन की शानदार गोलकीपिंग ने उसे बढ़त लेने से रोके रखा.

    नीदरलैंड्स के कोडी गाक्पो ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन इंजरी टाइम में मोरक्को के ईसा डिओप के गोल ने मुक़ाबले को अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया.

    नीदरलैंड्स ने पेनल्टी शूटआउट में तीन मौके गंवाए, जिसके बाद इस्माइल साइबारी ने निर्णायक गोल कर मोरक्को को 3-2 की जीत दिलाई.

    अब मोरक्को का सामना 4 जुलाई को ह्यूस्टन में अंतिम-16 के मुक़ाबले में कनाडा से होगा.

    इससे पहले अंतिम 32 के एक अन्य मुक़ाबले में पराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराया. चार बार की चैंपियन जर्मनी अब इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.

  5. एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हुआ एलान

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की महिला क्रिकेट टीम का एलान कर दिया है. इस बार के एशियन गेम्स सितंबर महीने में जापान में होने हैं.

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस बार मौजूदा चैंपियन के तौर पर खेलेगी. पिछली बार चीन में हुए एशियन गेम्स में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था.

    एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफ़ाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा.

    श्रेयंका पाटिल फिट होने पर ही टीम का हिस्सा होंगी.

  6. ईरान ने दोहा में अमेरिका के साथ बैठक के ट्रंप के दावे को ख़ारिज किया

    ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोहा में ईरान के साथ बैठक के दावे को ख़ारिज कर दिया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि आने वाले दिनों में ईरान "अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर कोई वार्ता बैठक नहीं करेगा."

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि क़तर में अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के उप विदेश मंत्री और तकनीकी वार्ता टीम के प्रमुख काज़ेम ग़रीबाबादी ने भी कहा कि इस हफ़्ते ऐसी कोई बैठक की योजना नहीं है.

    ईरानी अधिकारियों के ये बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के बाद आए, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के अनुरोध पर मंगलवार, 30 जून को अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधि दोहा में मिलेंगे.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने बताया कि ट्रंप के प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर इस बैठक में शामिल होंगे.

  7. अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 28 नागरिकों की मौत - संयुक्त राष्ट्र, बीबीसी पश्तो और बीबीसी उर्दू

    संयुक्त राष्ट्र के अफ़ग़ानिस्तान मिशन ने कहा है कि पाकिस्तान ने रविवार को सीमा से लगे अफ़ग़ान प्रांतों में हवाई हमले किए और सैनिक भेजकर ज़मीनी अभियान चलाया. इसमें कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत हुई है.

    यूएनएएमए के मुताबिक़, इन हमलों में 49 लोग घायल हुए हैं. मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि हमले में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया और इसे 'कायरतापूर्ण कार्रवाई' और 'अत्याचार' क़रार दिया.

    वहीं, पाकिस्तान ने कहा कि उसने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया.

    दोनों पड़ोसी देशों ने पिछले साल अक्तूबर में कई हफ़्तों तक चली झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी, लेकिन यह समझौता बाद में टूट गया.

  8. अयोध्या: कांग्रेस नेता अजय राय ने पुलिस पर नज़रबंद करने का लगाया आरोप

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि अयोध्या में एक होटल में पुलिस ने उन्हें नज़रबंद कर लिया है.

    राय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें दो पुलिस अधिकारी नज़र आ रहे हैं. इस वीडियो में वह एक पुलिस अधिकारी से बातचीत करते नज़र आ रहे हैं.

    वीडियो में वह पुलिस अधिकारी से सवाल करते हैं कि 'क्या दर्शन के लिए भी सरकार रोक देगी?' इस पर एक व्यक्ति कहता है, "नहीं, हम दर्शन करा देंगे."

    अजय राय का कहना है कि ​उत्तर प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार, 30 जून को अयोध्या में रामलला के दर्शन और पूजन के लिए जाने वाला था.

    उन्होंने कहा, "मैं अयोध्या पहुँचा ही था कि बीजेपी सरकार इतनी डर गई कि पुलिस मुझे होटल से गिरफ़्तार कर अपनी जीप में बैठाकर ले जा रही है. अयोध्या में ज़मीन घोटालों और चढ़ावा चोरी करने वाले इन 'चढ़ावा चोरों' को राम भक्तों के आने से डर क्यों लग रहा है? "

    इसके बाद अजय राय के हैंडल से एक और वीडियो साझा किया गया, जिसमें उनकी पत्नी रीना राय आरोप लगाती हैं कि उनके पति को 'पुलिस जीप में ले जाने के बाद, उनके सहयोगियों को गलत जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है'.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कांग्रेस के एक बयान के हवाले से बताया है कि अयोध्या जाने वाले इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अजय राय करेंगे. इसमें अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया भी शामिल हैं.

  9. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: ब्राज़ील ने बड़ा उलटफेर रोका, जापान के ख़िलाफ़ दूसरे हाफ़ में पलटी बाज़ी

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के नॉकआउट मुक़ाबले में ब्राज़ील ने जापान को 2-1 से हरा दिया है. इसी के साथ ब्राज़ील अंतिम 16 में पहुंच गया है.

    ह्यूस्टन में हुए इस रोमांचक मैच में हाफ़ टाइम तक जापान ब्राज़ील को गोल करने से रोकने में ना सिर्फ़ कामयाब रहा बल्कि एक गोल करके बढ़त भी बना ली. हालांकि, आख़िर के 45 मिनट में ब्राज़ील ने वापसी की और दो निर्णायक गोल दागे.

    अगर ब्राज़ील यह मैच हार जाता तो 1966 के बाद यह पहली बार होता, जब वह टूर्नामेंट से इतनी जल्दी बाहर होता.

    अंतिम-32 के इस मुक़ाबले में जापान ने ब्राज़ील को काफ़ी हद तक रोके रखा, बढ़त भी हासिल कर ली और टीम काफ़ी सहज नज़र आ रही थी.

    मैच देख रहे लोगों के लिए उलटफेर की संभावना काफ़ी वास्तविक लगने लगी थी. इसका कारण है कि ब्राज़ील ने साल 2002 के बाद से वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुक़ाबले में पिछड़ने के बाद कभी जीत हासिल नहीं की थी.

    ब्राज़ील की टीम अब तक पांच बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चैंपियन रह चुकी है. उसने आख़िरी बार 2002 का ख़िताब अपने नाम किया था.

  10. भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों पर जारी किया बयान

    भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसको लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया, "भारत अफ़ग़ान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई आम नागरिकों की मौत हुई है. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं."

    भारत ने कहा, "पाकिस्तान की यह खुली आक्रामक कार्रवाई अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा ख़तरा है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान के 'लापरवाह व्यवहार' को दिखाते हैं और वह अपनी 'आंतरिक विफलताओं' से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कामों का सहारा लेता है.

    इसके अलावा भारत ने अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने 'अटूट समर्थन' को दोहराया है.

    पाकिस्तानी सेनाओं ने रविवार और सोमवार की रात अफ़ग़ानिस्तान में ज़मीनी और हवाई अभियान चलाने की बात कही थी. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़, इन हमलों में 29 चरमपंथी मारे गए.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि इन हमलों में दर्जनों नागरिक मारे गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं.

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.