ग़ज़ा सिटी छोड़ने को मजबूर फ़लस्तीनी लोग, कैसे हैं हालात

इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े के मक़सद से बड़े पैमाने पर किए जा रहे हमले के तहत ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है. इसके बाद हज़ारों परिवार ग़ज़ा सिटी छोड़ रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद नदियां उफान पर, सीएम धामी ने नुक़सान की कही बात

    देहरादून में सहस्त्रधारा नदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, देहरादून के सहस्त्रधारा में कई जगहों पर पानी भर गया है

    उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद राजधानी देहरादून समेत कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि देहरादून में कुछ दुकानों को नुक़सान पहुंचा है.

    सीएम धामी ने एक्स पर लिखा, "देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुक़सान पहुंचने की दुःखद सूचना मिली है. जिला प्रशासन, एसडीआरएफ़, पुलिस मौक़े पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं."

    उन्होंने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हैं और स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं.

    उत्तराखंड के कई इलाक़ों में भारी बारिश हो रही है. मंगलवार को कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी और उत्तरकाशी में तमसा नदी उफान पर दिख रही हैं.

    ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का पानी हाईवे तक आ गया है. एसडीआरएफ़ की टीम ने पानी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया है.

    ऋषिकेश में भारी बारिश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ऋषिकेश में पानी में फंसे लोगों को निकाला गया है
  2. वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन जैस्मिन और मीनाक्षी भारत पहुंची, गोल्ड मेडल जीतने पर दोनों ने क्या कहा?

    जैस्मिन लंबोरिया और मीनाक्षी हुड्डा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जैस्मिन लंबोरिया (बाएं) ने 57 किलोग्राम वर्ग में, जबकि मीनाक्षी हुड्डा (दाएं) ने 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है

    वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली जैस्मिन लंबोरिया और मीनाक्षी हुड्डा भारत पहुंच गई हैं. दोनों का नई दिल्ली एयरपोर्ट पर ज़ोरदार स्वागत हुआ.

    मीडिया से बातचीत में जैस्मिन लंबोरिया ने कहा, "काफ़ी अच्छा लग रहा है. मैं दो बार मेडल से चूकी, और अब गोल्ड से वापसी की है तो काफ़ी अच्छा लग रहा है."

    जैस्मिन ने कहा कि कोच, आर्मी के कोच और मिशन ओलंपिक विंग ने उनके गेम को सुधारने में बहुत मदद की.

    वहीं मीनाक्षी हुड्डा ने कहा, "मैं बहुत ज़्यादा ख़ुश हूं. देश के लिए मैंने गोल्ड मेडल जीता, मैं सभी देशवासियों को धन्यवाद करना चाहती हूं सभी ने मेरे लिए प्रार्थना की."

    मीनाक्षी ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य विश्व कप में मेडल जीतना है. उन्होंने कहा, "नवंबर में नोएडा में विश्व कप होने वाला है. मुझे उसमें गोल्ड मेडल जीतना है और देश का नाम रोशन करना है."

    इंग्लैंड के लिवरपूल में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जैस्मिन लंबोरिया ने 57 किलोग्राम वर्ग में, जबकि मीनाक्षी हुड्डा ने 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है.

  3. अमेरिका ने वेनेज़ुएला की कथित ड्रग बोट पर किया हमला, तीन की मौत

    वेनेज़ुएला ड्रग बोट

    इमेज स्रोत, DONALD TRUMP/TRUTH SOCIAL

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें इस बोट में विस्फोट होते हुए दिखाया जा रहा है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की सेना ने अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में वेनेज़ुएला की एक कथित ड्रग बोट को नष्ट कर दिया है. ट्रंप के मुताबिक़, यह नाव अमेरिका की ओर बढ़ रही थी.

    सोमवार को जारी बयान में ट्रंप ने कहा कि सेना के हमले में तीन लोगों की मौत हुई. उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई "हिंसक ड्रग तस्करी गिरोह" के ख़िलाफ़ की गई, हालांकि उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किया कि नाव पर वाकई ड्रग्स थे.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लगभग 30 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक नाव को पानी में विस्फ़ोट होते और आग की लपटों में घिरते दिखाया गया.

    इससे कुछ समय पहले वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलास मादुरो ने कहा था कि उनका देश अमेरिका की "आक्रामकता" का जवाब देगा. उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो को "मौत और जंग का स्वामी" बताया.

    दोनों देशों के बीच तनाव उस समय बढ़ा जब अमेरिका ने नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के अभियान के तहत दक्षिणी कैरिबियाई क्षेत्र में युद्धपोत तैनात किए. इन अभियानों के तहत हुए एक हमले में 11 लोग मारे गए थे.

  4. इंदौर में ट्रक ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचला, दो की मौत, कई घायल

    डीसीपी कृष्णा लालचंदानी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर बहुत ज़्यादा शराब के नशे में था

    इंदौर में एक ट्रक के सड़क पर चल रहे लोगों को कुचलने से दो की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग घायल हैं. यह घटना शहर के कालानी नगर इलाक़े में हुई.

    डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया, "तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, इसके अलावा अन्य आठ लोग भी घायल हैं जो कि ख़तरे से बाहर हैं."

    डीसीपी ने बताया, "ट्रक ड्राइवर बहुत ज़्यादा शराब के नशे में था, उसका ब्लड टेस्ट कराया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है. इसमें ग़ैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत एफ़आईआर दर्ज की जाएगी."

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने यह भी बताया कि घटना का सीसीटीवी फ़ुटेज सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है.

    इससे पहले इंदौर संभाग के कमिश्नर सुदाम खड़े ने बताया था कि इस घटना में 15 लोग घायल हुए हैं.

    घायलों का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "ये बहुत ही दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. मैंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि प्रतिबंधित स्थान पर ट्रक कैसे आ गया."

    उन्होंने कहा, "इसे छोटी घटना नहीं समझें. यह घटना बहुत बड़ी है. ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है, उससे कड़ाई से पूछताछ की जाएगी. जो भी इसके ज़िम्मेदार हैं उनको दंडित किया जाएगा."

  5. इनकम टैक्स रिटर्न भरने के लिए समय सीमा बढ़ाई गई, आयकर विभाग ने और क्या बताया

    टैक्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नए टैक्स स्लैब के मुताबिक़ 12 लाख रुपये या इससे कम सालाना आय वाले व्यक्ति को टैक्स नहीं देना है (सांकेतिक तस्वीर)

    आयकर विभाग ने बताया है कि इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) फ़ाइल करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है. विभाग के अनुसार, आईटीआर दाख़िल करने की अंतिम तिथि अब 16 सितंबर है.

    आयकर विभाग ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया, "आयकर रिटर्न दाख़िल करने की अंतिम तिथि, जो पहले 31 जुलाई 2025 थी, उसे बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 किया गया था."

    "केंद्रीय प्रत्यक्ष एवं कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने अब इस अंतिम तिथि को एक दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया है. इसके अनुसार, आईटीआर दाख़िल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2025 से बढ़ाकर 16 सितंबर 2025 कर दी गई है."

    आयकर विभाग ने यह भी बताया कि ज़रूरी बदलावों को लागू करने के लिए ई-फ़ाइलिंग पोर्टल 16 सितंबर 2025 की आधी रात 12:00 बजे से सुबह 2:30 बजे तक मेंटेनेंस मोड में रहेगा.

    इस साल बजट की घोषणा के वक़्त वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नए टैक्स स्लैब की घोषणा की थी. इस घोषणा के मुताबिक़ अगर किसी व्यक्ति की सालाना आय 12 लाख रुपये तक है तो उसे इनकम टैक्स नहीं देना होगा.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.