आईसीसी महिला वर्ल्ड कप: भारत को 4 रन से हराकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में

आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का 20वां मैच भारत और इंग्लैंड के बीच इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने चार रनों से जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता

  1. दिवाली से पहले राजधानी में हवा की क्वालिटी ‘ख़राब’ श्रेणी में

    वायु प्रदूषण

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है.

    भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 8.30 बजे ह्यूमिडिटी 71 प्रतिशत रही.

    आईएमडी के अनुसार, दिन के दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ़ रहेगा और अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 284 दर्ज किया गया, जो ‘ख़राब’ श्रेणी में आता है.

    विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण के स्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है, क्योंकि हवा की गति धीमी बनी हुई है.

    एयर क्वालिटी इन्डेक्स की श्रेणियों के अनुसार, 0 से 50 को ‘अच्छा’, 51 से 100 तक को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक को ‘मध्यम’, 201 से 300 तक को ‘ख़राब’, 301 से 400 तक को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.

  2. रोहित और विराट जल्दी आउट, पर्थ वनडे में भारत की ख़राब शुरुआत

    विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Paul Kane/Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट कोहली बिना खाता खोले मिचेल स्टार्क की गेंद पर कूपर कोनोलो के हाथों कैच आउट हो गए

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही.

    भारतीय कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी की, लेकिन शुरुआती झटके झेलने पड़े.

    रोहित शर्मा चौथे ही ओवर में सिर्फ 8 रन बनाकर जोश हेज़लवुड की गेंद पर मैथ्यू रेनशॉ को कैच थमा बैठे.

    वहीं विराट कोहली बिना खाता खोले मिचेल स्टार्क की गेंद पर कूपर कोनोलो के हाथों कैच आउट हो गए.

    इस समय शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज़ पर हैं और टीम को संभालने की कोशिश कर रहे हैं.

  3. ग़ज़ा में हमला करने की तैयारी में है हमास, अमेरिका का दावा, यांग तियान

    फ़लस्तीनी नागरिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फ़लस्तीनी नागरिकों पर हमास का कोई भी हमला संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन माना जाएगा.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को चेतावनी दी है कि उसे ऐसी 'विश्वसनीय रिपोर्टें' मिली हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि हमास ग़ज़ा में नागरिकों पर 'हमला' करने की योजना बना रहा है.

    मंत्रालय ने कहा कि ऐसा कोई भी कदम संघर्षविराम समझौते का गंभीर उल्लंघन होगा और यह “मध्यस्थता के ज़रिए हासिल हुई अब तक की प्रगति को कमज़ोर करेगा.”

    हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने इन रिपोर्टों के स्रोत या इससे जुड़ी कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की है.

    अमेरिका ने कहा है कि उसने ग़ज़ा शांति समझौते के अन्य गारंटरों, यानी मिस्र, क़तर और तुर्की को पहले ही सूचित कर दिया है और हमास से संघर्षविराम की शर्तों का पालन करने की मांग की है.

    विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, "अगर हमास इस हमले को अंजाम देता है, तो ग़ज़ा के लोगों की सुरक्षा और संघर्षविराम की बनाए रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे."

    अभी तक हमास ने इस बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    फिलहाल, इसराइल और हमास के बीच संघर्षविराम का पहला चरण लागू है. हमास की तरफ से जीवित बंधकों को रिहा किया जा चुका है, जबकि मृतकों के शवों को इसराइल को सौंपने की प्रक्रिया जारी है.

  4. भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे मैच: ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाज़ी

    शुभमन गिल-मिचेल मार्श

    इमेज स्रोत, Paul Kane/Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फै़सला किया है.

    पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में हो रहे इस मैच में युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल पहली बार बतौर वनडे कप्तान भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे हैं.

    वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस इस सिरीज़ से बाहर होने के कारण टीम की कमान मिचेल मार्श के हाथों में है.

    भारत की ओर से नीतीश रेड्डी को भी इसके साथ वनडे डेब्यू का मौक़ा मिला है. यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच है. इस मुक़ाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा की भी टीम में वापसी हुई है.

    दोनों ने आख़िरी बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.

  5. ममता बनर्जी ने इंटरलोक्यूटर नियुक्ति पर जताया आश्चर्य, कहा- ये एकतरफ़ा फ़ैसला

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार द्वारा दार्जिलिंग, तराई और डुआर्स क्षेत्रों से जुड़े गोरखा मुद्दों पर इंटरलोक्यूटर नियुक्त करने के फै़सले पर आपत्ति जताई है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग पहाड़ी, तराई और डुआर्स क्षेत्रों से संबंधित गोरखा मुद्दों पर एकतरफ़ा रूप से इंटरलोक्यूटर नियुक्त करने पर आश्चर्य और चिंता व्यक्त की है.”

    इधर बंगाल में बीजेपी नेता सुकांत मजुमदार ने कहा, ”केंद्र सरकार ने त्रिपक्षीय बैठक के लिए बार-बार पश्चिम बंगाल के चीफ़ सेक्रेटरी को बुलाया था, लेकिन वो बैठक के लिए नहीं गए. इसके बाद अब केंद्र सरकार ने एक सेवानिवृत आईपीएस अधिकारी को इंटरलोक्यूटर के तौर पर नियुक्त किया है जो सभी पक्ष के लोगों से और राज्य सरकार से बात कर समस्या को समझेंगे.”

    इंटरलोक्यूटर दरअसल मध्यस्थ की भूमिका में काम करने वाला व्यक्ति होता है जो एक से अधिक पक्षों से बात कर मुद्दा समझने और फिर आगे विस्तार से इसे समझाने की कोशिश करता है.

    इस बीच, दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिस्ता ने दावा किया कि शनिवार शाम माशधुरा इलाके़ से गुज़रते समय उनके काफ़िले पर हमला हुआ.

    बिस्ता ने एक्स पर लिखा, “आज माशधुरा, सुकिया पोखरी के पास मेरे काफ़िले पर अज्ञात लोगों ने हमला किया. हमला मुझ पर किया गया था, लेकिन असर मेरे पीछे चल रहे वाहन पर पड़ा. इंटरलोक्यूटर की घोषणा के तुरंत बाद यह हमला बेहद संदिग्ध है और हमारे क्षेत्र में शांति भंग करने की साज़िश को दर्शाता है.”

    पुलिस ने बताया कि बीजेपी की ओर से जोरबंगला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और घटना की जांच जारी है.

  6. पाकिस्तान–अफ़ग़ानिस्तान वार्ता में तत्काल संघर्षविराम पर सहमति बनी,क़तर ने बताया

    तालिबान का रक्षा मंत्री मुल्ला मोहम्मद याक़ूब से हाथ मिलाते पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, MofaQatar_EN/X

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए संघर्ष में तीन युवा क्रिकेटरों सहित कई आम नागरिकों की मौत के बाद संघर्षविराम पर सहमति बनी है.

    क़तर ने बताया है कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच दोहा में हुई उच्चस्तरीय वार्ता में तत्काल प्रभाव से संघर्षविराम लागू करने पर सहमति बनी है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि उसके और तुर्की की मध्यस्थता में हुई वार्ता में दोनों देशों ने सीमा क्षेत्रों में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए एक प्रणाली स्थापित करने पर भी सहमति जताई है.

    इसके बाद अगले चरण में संघर्षविराम की निगरानी और प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा के लिए दोनों पक्षों की समितियां दोहा और इस्लामाबाद में बैठकें करेंगी.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि यह समझौता पाकिस्तान–अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को कम करेगा और क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में “एक निर्णायक पहला कदम” साबित होगा.

    जियो टीवी के अनुसार पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाज़ा आसिफ़ ने समझौते की पुष्टि की है. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि संघर्षविराम से दोनों देशों के बीच सीमा पर चल रहे तनाव को ख़त्म होगा.

    ख़्वाज़ा आसिफ़ का कहना है कि दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल आगे की बातचीत के लिए 25 अक्तूबर को इस्तांबुल में दोबारा मुलाक़ात करेंगे.

    इससे पहले पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए संघर्ष में तीन युवा क्रिकेटरों सहित कई आम नागरिकों की मौत हो गई.

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार का दावा था कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है और हमलों में आम नागरिक मारे गए.

    वहीं पाकिस्तान ने कहा था कि सुरक्षा बलों ने अफ़ग़ान सीमा से लगे उत्तरी और दक्षिणी वज़ीरिस्तान ज़िलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में 'आतंकवादी शिविरों' को निशाना बनाया.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    तीन अफ़ग़ान क्रिकेटरों की मौत पर आईसीसी और बीसीसीआई के बयान, एसीबी ने रखी यह मांग

    सोन पापड़ी का इतिहास: दिवाली पर चर्चा में रहने वाली मिठाई आख़िर कहां से आई?

    'उन्होंने हमें पीटा, अपमानित किया, खाने और शौचालय तक जाने से रोका'

    बिहार: महागठबंधन में अब तक नहीं बनी सहमति, कई सीटों पर आपस में ही लड़ेंगे