अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
ग़ज़ा में इसराइली टैंक के गोले से 11 लोगों की मौत, ह्यूगो बशेगा, मध्य एशिया संवाददाता, यरूशलम
इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने कहा कि उनके सैनिकों ने एक 'संदिग्ध गाड़ी' पर गोली चलाई है
ग़ज़ा में हमास प्रशासित सिविल डिफ़ेंस ने कहा है कि उत्तरी ग़ज़ा में एक बस पर इसराइली टैंक का गोला लगने से 11 लोगों की मौत हो गई. मरने वाले लोग एक ही परिवार के सदस्य थे.
सिविल डिफ़ेंस के मुताबिक़, घटना शुक्रवार रात ग़ज़ा सिटी के ज़ायतून इलाक़े में हुई जब यह परिवार अपने घर की स्थिति देखने के लिए जा रहा था.
हालिया संघर्ष विराम शुरू होने के बाद यह ग़ज़ा में अब तक की सबसे घातक घटना है.
इसराइली सेना ने कहा कि उनके सैनिकों ने एक 'संदिग्ध गाड़ी' पर गोली चलाई, जो 'पीली रेखा' को पार कर गई थी. यह रेखा ग़ज़ा और इसराइल के बीच की सीमा को दिखाती है, जिसे इसराइल अपना इलाक़ा मानता है.
अंतरधार्मिक जोड़े पर चर्चा में क्यों है इलाहाबाद हाई कोर्ट का ये फ़ैसला
इमेज स्रोत, UMANG PODDAR/BBC
एक अंतरधार्मिक जोड़े को हिरासत में रखने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि पुलिस की ये कार्रवाई गैरक़ानूनी है और संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत दिए गए मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करती है.
क़ानून से जुड़े मामलों की वेबसाइट ‘लाइव लॉ’ के मुताबिक़, "हाई कोर्ट की बेंच ने फ़ैसला सुनाते हुए एक मुस्लिम पुरुष और एक हिंदू महिला को रिहा करने का आदेश दिया. इस सप्ताह यह जोड़ा कोर्ट में एक सुनवाई में हाज़िर होने के बाद लापता हो गया था. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था."
जस्टिस सलिल कुमार राय और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत ने नॉन-वर्किंग डे (शनिवार) को इस मामले की सुनवाई की.
यह सुनवाई मुस्लिम पुरुष के भाई की ओर से बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करने के बाद की गई.
अदालत ने कहा कि इस जोड़े को पुलिस सुरक्षा में अलीगढ़ पहुंचाया जाए और इसके बाद भी उनकी पुलिस सुरक्षा जारी रखी जाए.
अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संघर्ष पर ईरान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, हमले में मारे गए लोगों में अफ़ग़ानिस्तान के तीन क्रिकेटर भी शामिल हैं
तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय का कहना है कि विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बात की.
इस बातचीत में मुत्तक़ी नेकहा कि पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है.
तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बल्खी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘’मुत्तक़ी ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान युद्ध के पक्ष में नहीं है लेकिन पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करके युद्ध शुरू किया.’’
मुत्तक़ी ने यह भी कहा कि तालिबान के रक्षा मंत्री के नेतृत्व में आज दोहा में पाकिस्तान के साथ वार्ता हो रही है और वो नतीजों का इंतज़ार कर रहे हैं.
एक टेलीग्राम संदेश में, ईरानी विदेश मंत्रालय ने अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच वार्ता शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया है.
ईरान के विदेश मंत्रालय ने अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हालिया झड़पों का ज़िक्र करते हुए कहा कि इसका हल कूटनीतिक तरीके़ से निकालना चाहिए.
एक ब्लड टेस्ट से 50 से अधिक तरह के कैंसर का चल सकता है पता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कैंसर के इलाज में मदद कर सकता है एक नया ब्लड टेस्ट
एक नई स्टडी से पता चला है कि एक ब्लड टेस्ट 50 से अधिक किस्म के कैंसर का पता करने की प्रक्रिया तेज़ कर सकता है.
अमेरिका और कनाडा में किए गए परीक्षण के नतीजे बताते हैं कि यह टेस्ट कई तरह के कैंसर की पहचान करने में सक्षम रहा.
इनमें से लगभग तीन-चौथाई तरह के कैंसरों के लिए कोई स्क्रीनिंग प्रोग्राम मौजूद नहीं है.
इस टेस्ट से आधे से अधिक कैंसर शुरुआती अवस्था में पहचान लिए गए. ये वो स्थिति होती है जब इसका इलाज करना आसान होता है और कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है.
अमेरिकी फ़ार्मास्युटिकल कंपनी ग्रेल ने ये टेस्ट डेवलप किया है. ग्रेल की ओर से विकसित गैलेरी टेस्ट ट्यूमर से टूटकर ख़ून में घूम रहे कैंसरग्रस्त डीएनए के अंशों का पता लगा सकता है.
फ़िलहाल ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस इस टेस्ट का ट्रायल कर रही है.
दिवाली के लिए दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव, डीएमआरसी ने दी जानकारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो
दिल्ली मेट्रो दिवाली से एक दिन पहले यानी 19 अक्टूबर को पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर सुबह सात बजे के बजाय अपनी सर्विस छह बजे से शुरू करेगी.
आम दिनों में रविवार को इस लाइन पर मेट्रो सर्विस सुबह सात बजे शुरू होती है.
वहीं, 20 अक्टूबर को दिवाली के मौके़ पर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आख़िरी मेट्रो रात दस बजे चलेगी.
दिवाली के दिन सभी लाइनों पर मेट्रो अपने निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होगी.
बांग्लादेश के ढाका अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लगी आग, कई फ्लाइट्स के रूट डाइवर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ढाका के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उठता धुएं का ग़ुबार
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्गो सेक्शन में शनिवार को आग लग गई. इस वजह से उड़ानों का संचालन रोक दिया गया है.
बांग्लादेश के प्रमुख अख़बार ‘ द डेली स्टार’ के मुताबिक़ आग बुझाने के लिए 36 दमकल यूनिट्स लगी हैं.
अख़बार ने फायर सर्विस सूत्रों के हवाले से बताया है कि आग दोपहर ढाई बजे के लगभग हवाई अड्डे के गेट नंबर आठ के पास कार्गो सेक्शन में लगी.
इस बीच, इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस के मुताबिक़, ''आग बुझाने के काम में बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण, बांग्लादेश फायर सर्विस, बांग्लादेश नौसेना और बांग्लादेश वायुसेना की दो फायर यूनिट्स जुटी हुई हैं.''
इसके अलावा, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की दो पलटनें भी राहत और बचाव कार्य में शामिल हो गई हैं.
ढाका हवाई अड्डे के सूत्रों ने ‘द डेली स्टार’ को बताया कि इस एयरपोर्ट पर उतरने वाली कम से कम कम पाँच उड़ानों को, चटगांव के शाह अमानत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सिलहट के उस्मानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया है.
लद्दाख़: लेह में प्रदर्शन मार्च से पहले प्रशासन सख़्त, इंटरनेट बंद, माजिद जहांगीर,बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANGCHUK LAMO
इमेज कैप्शन, लद्दाख़ के लेह शहर में प्रदर्शन से पहले सुरक्षाबलों की तैनाती है
लद्दाख़ के लेह शहर में प्रशासन ने शनिवार को सख़्त प्रतिबंध लगाए हैं.
यह प्रतिबंध अपेक्स बॉडी लेह (एबीएल) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायन्स (केडीए) के शनिवार को लद्दाख़ में प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन मार्च से पहले लगाए गए हैं.
प्रशासन ने लेह में धारा 163 लागू कर दी है. पांच से ज़्यादा लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है. मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को भी बंद किया गया है.
अपेक्स बॉडी लेह के को-चेयरमैन छीरिंग दोरजे लुक्रक को शनिवार को हाउस अरेस्ट किया गया था.
अपेक्स बॉडी लेह के को-चेयरमैन छीरिंग दोरजे लुक्रक ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि उन्हें सुबह कुछ समय के लिए हाउस अरेस्ट किया गया था और बाद में छोड़ दिया गया.
छीरिंग दोरजे लुक्रक ने बताया, "लेह में सख़्त प्रतिबंध है. जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं. लेह शहर को छोड़कर लद्दाख़ के दूसरे ब्लॉक हेड क्वार्टर्स पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए गए. लेह में हालात तनावपूर्ण हैं."
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लद्दाख़ को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर सितंबर 2025 को हिंसक प्रदर्शन हुए थे. (फ़ाइल फ़ोटो)
लेह के एक स्थानीय व्यक्ति ने बीबीसी हिंदी को फ़ोन पर बताया कि लेह शहर में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है.
उनका ये भी कहना था कि पूरे लेह शहर के बाज़ार बंद हैं और गाड़ियों की आवाजाही ठप है.
अपेक्स बॉडी लेह (एबीएल) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायन्स (केडीए) ने 18 अक्तूबर को लेह और लद्दाख़ के दूसरे हिस्सों में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों की अपील करने के अलावा शाम छह बजे से लेकर रात नौ बजे तक लद्दाख़ में ब्लैकआउट करने को कहा है.
अपेक्स बॉडी लेह और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायन्स ने 24 सितंबर को लेह में हुई हिंसा के बाद गिरफ़्तार किए गए लोगों को रिहा करने, हिंसा के दौरान मारे गए लोगों को मुआवज़ा देने और छठी अनुसूची को लागू करने की मांग की है.
54 साल बाद खुला वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर का तहख़ाना, सुरेश सैनी, मथुरा से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु (फ़ाइल फ़ोटो)
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के तहख़ाने को खोल दिया गया है. इसे 54 साल के बाद खोला गया है.
इस दौरान सुप्रीम कोर्ट की बनाई गई हाई पावर कमिटी के अध्यक्ष, हाई कोर्ट के पूर्व जज मौजूद थे.
ये तहख़ाना आज से पहले 1971 में खोला गया था, जिसके बाद ये कभी नहीं खोला गया था.
मगर अब कोर्ट की ओर से बनाई गई बांके बिहारी मंदिर मैनेजमेंट हाई पावर कमिटी की ओर से इसे 54 साल बाद खोला गया है.
प्रशासन के साथ कमिटी में शामिल चार सेवायत गोस्वामी भी इस तहख़ाने को खोलने में शामिल हैं.
तहख़ाने खोलने की कवरेज के दौरान मीडिया को वहां जाने से रोक दिया गया.
ऐसा कहा जा रहा है कि तहख़ाने में करोड़ों रुपये का ख़ज़ाना मौजूद है.
अमित शाह के ‘बिहार में जंगलराज’ वाले बयान पर कांग्रेस ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने अमित शाह के 'जंगलराज' वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार में 'जंगलराज' वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
पवन खेड़ा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘’यहां (बिहार) चौबीस घंटे में नौ हत्याएं हो जाती हैं. क्या यह जंगलराज नहीं दिख रहा है? केंद्रीय गृह मंत्री ज़िम्मेदारी लीजिए. वो (अमित शाह) न घुसपैठ रोक पा रहे हैं, न हत्याएं रोक पा रहे हैं. बने फिर रहे हैं गृह मंत्री. इस्तीफ़ा देकर जाइए.’’
अमित शाह फिलहाल बिहार दौरे पर हैं.
शुक्रवार को पटना में एक कार्यक्रम में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव और राबड़ी देवी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘’'लालू नए चेहरे और नए कपड़े बदलकर फिर से जंगलराज लाना चाहते हैं. इसे रोकना होगा.’’
पवन खेड़ा से जब बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों के बंटवारा से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सिर्फ़ घोषणा होनी है, बाकी सब हो चुका है.
तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के अफ़ग़ानिस्तान में हमलों पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि रक्षा मंत्री मौलवी मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एक अफ़ग़ान प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए क़तर के लिए रवाना हो गया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा, ‘’शुक्रवार की रात पाकिस्तानी सेना ने पकतीका के नागरिक इलाक़ों पर हवाई हमले किए, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए.’’
ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि "अफ़गान सरकार अफ़ग़निस्तान की संप्रभुता के उल्लंघन की कड़े शब्दों में निंदा करती है और इन कार्रवाइयों का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखती है."
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि दक्षिण और उत्तरी वज़ीरिस्तान से सटे अफ़ग़ान इलाक़ों में हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह के ठिकानों को शुक्रवार रात सटीक निशाना बनाया गया.
पाकिस्तान ने दोहा वार्ता में अपना प्रतिनिधिमंडल भेजने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पिछले कुछ दिनों से चले आ रहे संघर्ष के बाद 48 घंटे के युद्धविराम का एलान किया था.
हालांकि दोनों ने एक दूसरे के बारे में कहा था कि संघर्ष विराम का प्रस्ताव पहले दूसरी ओर से आया था.
इसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया था.
बिहार में एनडीए ने कितने मुसलमानों को दिया टिकट?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एनडीए के पांच घटक दल मिलकर बिहार में इस बार का चुनाव लड़ रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. एनडीए के पांच घटक दल मिलकर बिहार में इस बार का चुनाव लड़ रहे हैं.
एनडीए में सीट शेयरिंग पर बनी सहमति के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी.
बीजेपी ने 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी एक भी मुसलमान उम्मीदवार नहीं उतारा है. वहीं, (जेडीयू) ने चार मुसलमान नेताओं को उम्मीदवार बनाया है.
लोक जन शक्ति (रामविलास) पार्टी ने मात्र एक मुसलमान को विधायकी का टिकट दिया है. जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) ने एक भी मुसलमान को टिकट नहीं दिया है.
बिहार में छह और ग्यारह नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जन सुराज ने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, स्टार प्रचारकों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए जन सुराज पार्टी ने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. इसमें पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी शामिल हैं.
पार्टी ने इस सूची में दो महिलाओं- विनिता विजय और सुभद्रा साहनी को भी शामिल किया है.
स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी अध्यक्ष उदय सिंह, मनोज कुमार भारती, राम चंद्र प्रसाद सिंह, सीता राम यादव और देवेंद्र प्रसाद यादव जैसे नेता शामिल हैं.
जन सुराज पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने अब तक उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी की हैं. पहली सूची में 51, जबकि दूसरी में 65 उम्मीदवारों के नाम थे.
बिहार में छह और ग्यारह नवंबर को दो चरणों में चुनाव हैं. इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
अफ़ग़ानिस्तान में हमले पर पाकिस्तान में क्या कहा जा रहा है?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों से जुड़े सूत्रों ने दावा किया कि इस 'ख़ुफ़िया ऑपरेशन' में 70 से ज़्यादा 'आतंकवादी' मारे गए हैं (सांकेतिक तस्वीर)
पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल के मुताबिक़, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के सूत्रों ने दावा किया है कि दक्षिण और उत्तरी वज़ीरिस्तान से सटे अफ़ग़ान इलाक़ों में हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह के ठिकानों पर शुक्रवार रात सटीक हमले किए गए.
पाकिस्तान सरकार और सेना ने इस मामले पर आधिकारिक तौर पर कोई भी बयान जारी नहीं किया है. बीबीसी भी स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं कर पाया है.
दूसरी ओर, अफ़ग़ान तालिबान के एक प्रांतीय अधिकारी ने बीबीसी अफ़ग़ान सेवा को बताया कि शुक्रवार को "पाकिस्तान ने पक्तिका प्रांत में एक घर पर बमबारी की."
बीबीसी अफ़ग़ान सेवा के मुताबिक़, तालिबान सरकार के राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन स्टेशन ने कहा है कि इस हमले में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 13 लोग घायल हैं.
अफ़ग़ान तालिबान ने इसे संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन बताया है.
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान 48 घंटे के संघर्षविराम पर सहमत हुए थे. दोनों के बीच क़तर की मध्यस्थता में दोहा में बातचीत चल रही है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 2014 से पहले हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह को पाकिस्तान सरकार समर्थक माना जाता था (फ़ाइल फ़ोटो)
हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह क्या है?
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, 2014 में उत्तरी वज़ीरिस्तान में एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया गया था. इस ऑपरेशन से पहले, हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह को सरकार समर्थक माना जाता था.
ऐसी ख़बरें थीं कि यह समूह पाकिस्तान में तालिबान के भीतर सुरक्षा बलों पर हमलों का विरोध करता था. विश्लेषक इस समूह के बारे में कहते रहे हैं कि वे 'अच्छे तालिबान' थे.
2022 में जब तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के साथ बातचीत शुरू हो रही थी, तब तालिबान के हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह के साथ बातचीत की ख़बरें आई थीं और यह भी ख़बर थी कि उत्तरी वज़ीरिस्तान तक युद्धविराम की घोषणा की गई है. लेकिन इसके बारे में और कोई जानकारी सामने नहीं आई.
अक्तूबर 2021 में अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार की स्थापना के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि तालिबान के विभिन्न गुटों के साथ बातचीत की जा रही है. इसमें हाफ़िज़ गुल बहादुर समूह भी था.
ट्रंप से मिलने हंगरी जाना पुतिन के लिए नहीं होगा आसान, ये है वजह, पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर
इमेज स्रोत, GAVRIIL GRIGOROV/POOL/AFP
इमेज कैप्शन, पुतिन ने कई सालों से यूरोपीय संघ के सदस्य देशों की यात्रा नहीं की है
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हंगरी में दूसरी मुलाक़ात पर सहमति बनी है. हालांकि, मुलाक़ात की तारीख़ अभी तय नहीं है.
लेकिन, अगर अगले दो हफ़्तों में पुतिन हंगरी जाते हैं तो उन्हें कुछ बाधाओं को पार करना होगा. हंगरी और उसके ज़्यादातर पड़ोसी देश नेटो के सदस्य भी हैं.
इसी साल अगस्त महीने में जब पुतिन अलास्का गए थे, तो अमेरिका ने उनके विमान के उड़ान की विशेष अनुमति दी थी.
रूसी राष्ट्रपति के विमान को "फ़्लाइंग क्रेमलिन" कहा जाता है. यह एक मोडिफ़ाइड इल्यूशिन आईएल-96 विमान है. इसमें चार इंजन हैं और यह विमान डिफ़ेंस सिस्टम से लैस है.
अमेरिका और यूरोप ने अपने हवाई क्षेत्र में रूसी विमानों के उड़ान पर प्रतिबंध लगा रखा है. इसलिए अगर पुतिन बुडापेस्ट (हंगरी की राजधानी) जाते हैं तो उन्हें यूरोपीय संघ के सदस्य देश से विशेष अनुमति लेनी होगी.
पुतिन ने कई सालों से यूरोपीय संघ के सदस्य देशों की यात्रा नहीं की है.
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "फ़िलहाल, निश्चित तौर पर यह स्पष्ट नहीं है. हमारे पास जो है, वह सिर्फ़ इतना कि दोनों राष्ट्रपति मिलने के लिए इच्छुक हैं."
फ़रवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद यूरोपीय संघ ने पुतिन और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ की संपत्तियां फ्रीज़ कर दी थीं. साथ ही यूरोपीय संघ के सभी 27 देशों के हवाई क्षेत्र से रूसी विमानों के गुज़रने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया था.
पुतिन पर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) ने यूक्रेन के बच्चों को अवैध रूप से रूस भेजने के मामले में युद्ध अपराध का भी आरोप लगाया है.
इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फ़ाउंडेशन ने अफ़ग़ान खिलाड़ियों का एक वीडियो और तस्वीर साझा की है
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फ़ाउंडेशन (आईएचआरएफ़) ने अफ़ग़ानिस्तान में हुए पाकिस्तानी हमले में क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत पर बयान जारी किया है. संगठन ने इस हमले की निंदा की है.
आईएचआरएफ़ ने कहा, "हम पाकिस्तानी सेना के हमले में अफ़ग़ानिस्तान की स्थानीय क्रिकेट टीम के सदस्यों की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं. नागरिकों पर किया गया यह हमला अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार घोषणापत्र का गंभीर उल्लंघन है."
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार फ़ाउंडेशन ने वीडियो और तस्वीर भी साझा किए हैं, जिनमें कुछ खिलाड़ी क्रिकेट खेलते हुए नज़र आ रहे हैं.
आईएचआरएफ़ ने सभी अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थाओं से अपील की है कि वे इस घटना और अफ़ग़ान नागरिकों के ख़िलाफ़ जारी हिंसा के पैटर्न की तुरंत जांच करें.
संगठन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांग की है कि इस मामले में जवाबदेही तय की जाए और निर्दोष लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि पाकिस्तानी हमले में तीन खिलाड़ियों समेत पांच लोगों की मौत हुई है. बोर्ड ने नवंबर में पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी20 सिरीज़ से हटने का फ़ैसला किया है.
पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान में तनातनी पर ट्रंप ने की ये टिप्पणी
इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि उन्हें लोगों को मरने से बचाना पसंद है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष को सुलझाना उनके लिए आसान है. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आठ युद्ध रुकवाए हैं.
ट्रंप ने कहा, "मैं समझता हूं कि पाकिस्तान ने हमला किया है या अफ़ग़ानिस्तान पर हमला हो रहा है. अगर मुझे इसे सुलझाना हो तो यह मेरे लिए आसान है."
उन्होंने कहा, "इस बीच मुझे अमेरिका को भी चलाना है, लेकिन मुझे जंग सुलझाना पसंद है. पता है क्यों? मुझे लोगों को मरने से बचाना पसंद है और मैंने लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचाई है."
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच कई झड़पों के बाद दोनों 48 घंटे के संघर्षविराम पर सहमत हुए हैं. दोनों देशों के बीच क़तर की मध्यस्थता में दोहा में बातचीत चल रही है.
इस बीच तालिबान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है.
राशिद ख़ान और गुलबदीन ने कहा- अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हमला बर्बर और त्रासद
इमेज स्रोत, Chris Hyde-ICC/ICC via Getty
इमेज कैप्शन, राशिद ख़ान ने पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी20 सिरीज़ से अफ़ग़ानिस्तान के पीछे हटने के फ़ैसले का समर्थन किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने कहा है कि 'पाकिस्तान की ओर से हुए हमले में तीन खिलाड़ियों की मौत' हुई है. अफ़ग़ान खिलाड़ियों ने इस घटना पर दुख जताया है.
अफ़ग़ानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद ख़ान ने 'पाकिस्तानी हवाई हमले' को 'त्रासदी' बताया है. उन्होंने कहा, "नागरिकों को निशाना बनाया जाना पूरी तरह से अनैतिक और बर्बर है. इस तरह के ग़ैर-क़ानूनी और अन्यायपूर्ण एक्शन मानवाधिकारों का उल्लंघन है."
राशिद ख़ान ने कहा कि वह पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय सिरीज़ से पीछे हटने के एसीबी के फ़ैसले का समर्थन करते हैं.
गुलबदीन नायब ने इस हमले को 'पाकिस्तानी सेना की क्रूर हरकत' करार दिया. उन्होंने कहा, "यह हमारे लोगों, गौरव और स्वतंत्रता पर हमला है. लेकिन यह अफ़ग़ानिस्तान के जज़्बे को कभी नहीं तोड़ पाएगा."
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, मोहम्मद नबी ने कहा, "यह घटना न केवल पक्तिका के लिए, बल्कि पूरे क्रिकेट परिवार और अफ़ग़ानिस्तान के लिए बहुत दुख की बात है. हम उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे."
अफ़गानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक़, 'पाकिस्तानी हमले' में तीन खिलाड़ियों- क़बीर, सिबग़तुल्लाह और हारून के अलावा पांच अन्य नागरिकों की मौत हुई है.
बोर्ड ने कहा, "खिलाड़ियों के सम्मान और इस दुखद घटना की प्रतिक्रिया के रूप में अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आगामी नवंबर महीने के अंत में पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी20 सिरीज़ से हटने का फ़ैसला लिया है."
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ़ से इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
यह टी20 सिरीज़ पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली जानी थी. इसके मैच 17 से 29 नवंबर के बीच लाहौर और रावलपिंडी में होने थे.
तालिबान का दावा, पाकिस्तान ने संघर्षविराम का किया उल्लंघन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच संघर्षविराम की पुष्टि की थी
तालिबान के अधिकारियों ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने शुक्रवार को उसके सीमावर्ती प्रांत पक्तिका पर बमबारी की और संघर्षविराम का उल्लंघन किया.
तालिबान सरकार के एक प्रांतीय अधिकारी ने बीबीसी अफ़ग़ान सेवा को बताया कि शुक्रवार को "पाकिस्तान ने पक्तिका प्रांत के अरघुन ज़िले में एक घर पर बमबारी की. इस हमले में नागरिकों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं."
समाचार एजेंसी एएफ़पी को तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे पक्तिका प्रांत में एक अभियान चलाया है.
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है और पक्तिका में तीन स्थानों पर बमबारी की है. अफ़ग़ानिस्तान इसका जवाब देगा."
पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम के उल्लंघन या अफ़ग़ानिस्तान में किसी हमले पर कोई बयान नहीं आया है.
इससे पहले तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच संघर्षविराम की पुष्टि की थी.
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान कई झड़पों के बाद बुधवार को 48 घंटे के संघर्षविराम पर सहमत हुए थे. दोनों देशों के बीच क़तर की मध्यस्थता में दोहा में बातचीत चल रही है.