यूक्रेन: ऊर्जा और रिहायशी ठिकानों पर हुए रूसी हमले में छह लोगों की मौत

रूस ने शुक्रवार की रात यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों और रिहायशी इलाक़ों पर सैकड़ों मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए. इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह

  1. सीमा पर संघर्ष के बाद पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बातचीत बेनतीजा

    ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बातचीत में अब कोई उम्मीद नहीं दिख रही है.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बातचीत पूरी तरह रुक गई है. पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल अब तुर्की से वापस लौट रहा है.

    बीबीसी उर्दू की ख़बर के मुताबिक़ जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि अगले दौर की बातचीत के लिए न तो कोई कार्यक्रम है और न ही कोई उम्मीद है.

    ख्वाजा आसिफ़ ने दावा किया कि बातचीत के दौरान, "अफ़ग़ान प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान की स्थिति को स्वीकार कर रहा था, लेकिन वे इस मामले को लिखित रूप में देने को तैयार नहीं थे. वे केवल मौखिक रूप से कह रहे थे कि हम पर भरोसा किया जाना चाहिए.’’

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि बातचीत का अंतरराष्ट्रीय सिद्धांत ये है कि हर बात लिखित रूप में सामने लाई जाए.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा,"अब मध्यस्थ भी पीछे हट गए हैं, क्योंकि अगर उन्हें उम्मीद होती कि कोई सफलता मिल सकती है, तो हमारा प्रतिनिधिमंडल खाली हाथ नहीं लौटता. यह इस बात का सबूत है कि हमारे मध्यस्थों को भी अब अफ़गानों से कोई उम्मीद नहीं है."

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, ‘’अगर स्थिति फिर बिगड़ती है और उनके क्षेत्र से हमारे ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई की जाती है तो पाकिस्तान फौरन जवाब देगा.’’

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बातचीत की मध्यस्थता क़तर कर रहा है.

    पिछले महीने पाकिस्तान ने काबुल और अफ़ग़ानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर हमला किया था.

    पाकिस्तान का कहना है कि तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) पाकिस्तान के लड़ाके अफ़ग़ानिस्तान से पाकिस्तान पर हमले कर रहे हैं. ये लड़ाके अफ़ग़ानिस्तान में छिपे हुए हैं. यहां की तालिबान सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है.

    वहीं अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा है कि वो अपने देश की संप्रभुता की हर कीमत पर रक्षा करेगी.

  2. तुर्की ने इसराइल के पीएम नेतन्याहू के ख़िलाफ़ जारी किया गिरफ़्तारी वारंट, क्या है वज़ह?

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुर्की ने इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू पर ग़ज़ा में 'व्यवस्थित तरीके' से जनसंहार का आरोप लगाया है

    तुर्की ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के ख़िलाफ़ ग़ज़ा में जनसंहार के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़ तुर्की सरकार ने शुक्रवार को इसका एलान किया.

    इसराइल ने इसका कड़ा विरोध किया है. इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि उनका देश इन आरोपों की कड़ी निंदा करता है और इन्हें पूरी तरह ख़ारिज करता है.

    उन्होंने कहा, ''ये तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन नाम के ‘तानाशाह’ की नई पीआर कवायद है.''

    इस्तांबुल अभियोजक कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कुल 37 संदिग्धों के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट जारी किए गए हैं. हालांकि पूरी सूची जारी नहीं की गई.

    इनमें इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतेमार बेन गवीर और सेना प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल एयाल ज़ामिर के नाम शामिल हैं.

    तुर्की ने इन अधिकारियों पर "जनसंहार और मानवता के ख़िलाफ़ अपराध" करने का आरोप लगाया है.तुर्की ने कहा है कि इसराइल ने ग़ज़ा में "व्यवस्थित तरीके से जनसंहार'' किया है.

  3. डीएनएन स्ट्रक्चर की खोज करने वाले जेम्स वॉटसन का निधन, मेडलिन हैलपर्ट और क्रिस्टल हेयस

    जेम्स वॉटसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेम्स वॉटसन

    डीएनएन स्ट्रक्चर की खोज करने वाले वैज्ञानिकों में से एक जेम्स वॉटसन का निधन हो गया है. वो 97 साल के थे. अमेरिकी वैज्ञानिक वॉटसन को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

    डीएनए स्ट्रक्चर की खोज को 20वीं सदी की सबसे बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियों में से एक माना जाता है.

    उन्होंने ब्रिटिश वैज्ञानिक फ़्रांसिस क्रिक के साथ मिलकर 1953 में डीएनए के डबल-हेलिक्स स्ट्रक्चर की पहचानी की थी. इसने मॉलेक्यूलर बायोलॉजी की तेज प्रगति का रास्ता खोल दिया था.

    वॉटसन ने नस्लीय और लैंगिक भेदभाव से जुड़ी टिप्पणियां भी की थीं. इसकी वजह से उनकी प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा. एक टीवी कार्यक्रम में उन्होंने दावा किया था कि काले और गोरे लोगों के बीच औसत आईक्यू में अंतर के लिए जीन जिम्मेदार हैं.

    कोल्ड स्प्रिंग हार्बर लेबोरेटरी ने बीबीसी से वॉटसन की मृत्यु की पुष्टि की. वॉटसन ने यहां कई दशकों तक काम और रिसर्च किया था.

  4. शांभवी चौधरी की दो उंगलियों पर वोटिंग की स्याही का वीडियो वायरल, ज़िला प्रशासन ने ये कहा

    शांभवी चौधरी
    इमेज कैप्शन, शांभवी चौधरी बिहार के समस्तीपुर से सांसद हैं

    बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच, समस्तीपुर की सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नेता शांभवी चौधरी के एक वायरल वीडियो के बाद पटना जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण दिया है.

    वीडियो में वोटिंग के बाद मतदान केंद्र के बाहर जब शांभवी मीडिया के सामने उंगली दिखाकर वोटिंग की पुष्टि कर रही हैं तो उनकी दो उंगलियों में स्याही लगी दिखती है. वीडियो में शांभवी चौधरी के पिता अशोक चौधरी और मां नीता चौधरी भी दिख रहे हैं.

    वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस चुनाव आयोग से शांभवी चौधरी पर कार्रवाई की मांग करने लगी. उनका आरोप था कि शांभवी चौधरी ने दो बार वोट डाला है.

    अब इस विवाद पर पटना जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण दिया है.

    पटना जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर माननीय सांसद श्रीमती शाम्भवी के मतदान के पश्चात दोनों उंगली पर स्याही के निशान लगे होने के संबंध में वीडियो प्रसारित हो रहा है. इस संबंध में 182-बाँकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं.-61 संत पॉल्स प्राइमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के पीठासीन पदाधिकारी से पृच्छा (सवाल) की गयी.''

    ''उनके द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्याही लगाने वाले मतदान कर्मी के द्वारा भूलवश दाहिने हाथ के अंगुली पर स्याही लगा दी गई थी.''

    ''पीठासीन पदाधिकारी के हस्तक्षेप के पश्चात बाएं हाथ की उंगुली पर भी स्याही लगायी गयी. यह स्पष्ट किया जा रहा है कि माननीय सांसद श्रीमती शाम्भवी ने 182-बाँकीपुर विधान सभा के मतदान केन्द्र सं0-61 संत पॉल्स प्राइमरी स्कूल, बुद्धा कॉलोनी (मुख्य भाग का उत्तरी कमरा) के मतदाता सूची क्रमांक 275 पर ही मतदान किया है.’’

    शांभवी चौधरी की दोनों उंगलियों में स्याही लगे होने का वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता कंचना यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "यह तो एक अलग ही स्तर का फ़्रॉड चल रहा है. ये हैं एलजेपी सांसद शांभवी चौधरी चौधरी. दोनों हाथों पर स्याही लगी हुई है. मतलब इन्होंने दो बार वोट किया. जब यह बात सामने आ गई तो इनके पिता अशोक चौधरी इन्हें आँखों के इशारे से संकेत कर रहे हैं. चुनाव आयोग, यह सब कैसे हो रहा है? इसकी जांच कौन करेगा?’’

    बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग में 121 सीटों पर वोट डाले गए. 11 नवंबर को बाकी 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. 14 नवंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे.

  5. अमेरिका में शटडाउन की वजह से पांच हज़ार से अधिक फ़्लाइट्स कैंसिल, कई उड़ानों में देरी

    अमेरिका में शटडाउन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका में शटडाउन की वजह से एयरलाइन कंपनियों को ट्रैफ़िक कम करने के निर्देश दिए गए. इसके बाद शुक्रवार को अमेरिका में 5 हज़ार से अधिक उड़ानें रद्द हो गईं या फिर वे देरी से उड़ान भर पाईं.

    इससे 40 सबसे व्यस्त हवाई अड्डों पर घरेलू उड़ानें प्रभावित होंगी. हालांकि अधिकारी एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर पर दबाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं.

    हवाई अड्डे एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर की कमी से जूझ रहे हैं क्योंकि या तो वो सिक लीव ले रहे हैं या फिर कहीं और काम कर रहे हैं. क्योंकि संघीय सरकार का कामकाज बंद होने की वजह से उन्हें बिना वेतन के काम करना पड़ रहा है

    संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने कहा है कि देश में घरेलू उड़ानों में कटौती चार फ़ीसदी से शुरू होगी और अगले सप्ताह के अंत तक इसे 10, 15 या 20 फ़ीसदी किया जा सकता है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.