यूक्रेन: ऊर्जा और रिहायशी ठिकानों पर हुए रूसी हमले में छह लोगों की मौत
रूस ने शुक्रवार की रात यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों और रिहायशी इलाक़ों पर सैकड़ों मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए. इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है.
यूक्रेन: ऊर्जा और रिहायशी ठिकानों पर हुए रूसी हमले में छह लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, निप्रो में एक अपार्टमेंट की इमारत पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई है
रूस ने शुक्रवार की रात यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों और रिहायशी इलाक़ों पर सैकड़ों मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए. इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है.
निप्रो शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हुई और 12 घायल हुए, जबकि ज़ापोरिज़िया में तीन लोगों की जान गई है.
रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव समेत 25 इलाक़ों को निशाना बनाया. इन हमलों के बाद कई इलाक़ों में बिजली कट गई.
प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने टेलीग्राम पर बताया कि पोलतावा, खारकीएव और कीएव के इलाक़ों में प्रमुख ऊर्जा ठिकानों को नुक़सान पहुंचा है और बिजली बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
उधर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी सेना ने बीती रात 79 यूक्रेनी ड्रोन गिराए हैं.
यूक्रेन की एयर फ़ोर्स के मुताबिक़, रूस ने 450 से ज़्यादा बॉम्बर ड्रोन और 45 मिसाइलें दागीं. इनमें से नौ मिसाइलें और 406 ड्रोन मार गिराए गए.
ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के 48 कामगारों की हुई वापसी
इमेज स्रोत, X/@JharkhandCMO
इमेज कैप्शन, झारखंड सीएमओ ने कामगारों की तस्वीर जारी की है
झारखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया है कि ट्यूनीशिया में फंसे राज्य के 48 प्रवासी कामगारों को सुरक्षित वापस लाया गया है.
झारखंड के सीएमओ ने एक्स पर लिखा, "मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल के कारण ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के 48 प्रवासी कामगारों की सुरक्षित वापसी संभव हो पाई है."
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि इन कामगारों की मदद के लिए सीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया था.
इसके साथ ही सीएमओ ने इन कामगारों की एक तस्वीर भी जारी की है.
कोलकाता में ऋचा घोष का हुआ सम्मान, पश्चिम बंगाल सरकार ने बनाया डीएसपी, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ऋचा को 34 लाख रुपये का एक चेक दिया गया
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ बंगाल (सीएबी) ने वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की सदस्य ऋचा घोष को सम्मानित किया है.
शनिवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी के अलावा सीएबी के पदाधिकारी भी मौजूद थे.
ममता और सौरव ने उम्मीद जताई कि 'ऋचा एक दिन महिला क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगी.'
ऋचा को 34 लाख रुपये का एक चेक दिया गया. सौरव गांगुली ने कहा, "ऋचा ने फ़ाइनल में 34 रन बनाए थे. इसलिए उनको यह रकम दी गई है."
इसके बाद सीएबी की ओर से ऋचा को सोने का बैट और बॉल दी गई.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऋचा घोष को राज्य सरकार की ओर से बंगभूषण सम्मान के साथ ही डीएसपी के पद के लिए नियुक्ति पत्र भी सौंपा. उन्होंने ऋचा के गले में सोने का हार पहनाया.
इसके अलावा ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली के बारे में कहा कि वो सौरव गांगुली को भविष्य में आईसीसी अध्यक्ष के पद पर देखना चाहती हैं.
इस कार्यक्रम में ऋचा अपने माता-पिता के साथ आई थीं. मूल रूप से सिलीगुड़ी की रहने वाली ऋचा शुक्रवार को सिलीगुड़ी पहुंचीं और शनिवार को कोलकाता पहुंची.
ऋचा घोष की प्रतिभा को पहचानने वाली झूलन गोस्वामी ही थीं.
झूलन ने कहा, "मैंने वर्ष 2013 में सीएबी से तमाम ज़िलों से प्रतिभाओं को सामने लाने को कहा था. इसी टैलेंट हंट के दौरान मैंने पहली बार ऋचा को देखा. वह मुझे बेहद प्रतिभावान लगी थीं."
एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर बीसीसीआई सचिव और पीसीबी चीफ़ की मीटिंग में क्या बात हुई?
इमेज स्रोत, INDRANIL MUKHERJEE/AFP via Getty
इमेज कैप्शन, बीसीसीआई सचिव ने कहा कि एशिया कप ट्रॉफ़ी भारत लाने की दिशा में पहला क़दम उठा लिया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी है कि एशिया कप ट्रॉफ़ी के लिए उनके और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी के बीच बैठक हुई है.
देवजीत सैकिया के मुताबिक़, दुबई में शुक्रवार को इंटरनेशनल क्रिकेट बोर्ड (आईसीसी) की दो बैठकें हुईं. इन दोनों बैठकों में पीसीबी चीफ़ और बीसीसीआई सचिव मौजूद थे.
लेकिन इन बैठकों में एशिया कप ट्रॉफ़ी के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई, क्योंकि यह एजेंडे में नहीं था.
देवजीत सैकिया ने बताया, "हमारे अनुरोध पर आईसीसी ने बोर्ड बैठक से इतर मेरे और मोहसिन नक़वी के बीच एक अलग बैठक कराई. इस बैठक में आईसीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे."
उन्होंने बताया, "इस बैठक में एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई. दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि इस मसले का समाधान होना ज़रूरी है और दोनों ही इसे जल्द से जल्द सुलझाने के लिए सकारात्मक नज़रिया रखते हैं."
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि इस दिशा में पहला क़दम उठा लिया गया है.
इस साल सितंबर महीने में हुए एशिया कप टूर्नामेंट में भारत ने फ़ाइनल मैच में पाकिस्तान को हराकर ख़िताब जीता था. लेकिन भारतीय टीम ने एसीसी चेयरमैन मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था.
मोहसिन नक़वी पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन भी हैं.
अप्रैल महीने में हुए पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव है.
ट्रंप बोले- दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले जी20 सम्मेलन का अमेरिका बहिष्कार करेगा, आंद्रे रोडेन-पॉल
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ने दक्षिण अफ़्रीका में इस बैठक के होने को 'शर्मनाक' बताया है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले जी20 सम्मेलन में अमेरिका हिस्सा नहीं लेगा.
ट्रंप ने यह फ़ैसला उस दावे के आधार पर लिया है जिसमें कहा जा रहा है कि दक्षिण अफ़्रीका में गोरे लोगों पर अत्याचार किए जा रहे हैं. हालांकि इन दावों को व्यापक तौर से ग़लत और निराधार माना गया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दक्षिण अफ़्रीका में इस बैठक का आयोजन होना 'पूरी तरह शर्मनाक' है. जी20 सम्मेलन इस महीने के अंत में जोहान्सबर्ग में होना है.
दक्षिण अफ़्रीका के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के इस फ़ैसले को 'खेदजनक' बताया है.
दक्षिण अफ़्रीका के अफ़्रीकानर और गोरे समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टियों समेत किसी भी राजनीतिक पार्टी ने यह दावा नहीं किया है कि देश में किसी तरह का जनसंहार हो रहा है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "यह पूरी तरह शर्मनाक है कि जी20 सम्मेलन दक्षिण अफ़्रीका में हो रहा है. अफ़्रीकानर (डच, फ़्रांसीसी और जर्मन प्रवासियों के वंशज) को मारा जा रहा है, और उनकी ज़मीन और फ़ार्म अवैध रूप से छीन लिए जा रहे हैं."
उन्होंने लिखा, "जब तक ये मानवाधिकार उल्लंघन जारी रहेंगे, तब तक कोई भी अमेरिकी अधिकारी इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेगा."
ऑस्ट्रेलिया से टी20 सिरीज़ जीतने पर कप्तान सूर्यकुमार और कोच गौतम गंभीर क्या बोले
इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty
इमेज कैप्शन, भारत ने पांच मैचों की टी20 सिरीज़ 2-1 से जीती है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत ने पांच टी20 मैचों की सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हरा दिया है. इस जीत पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है.
सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफ़ी के साथ टीम की एक तस्वीर साझा की और लिखा, "पूरे ग्रुप पर गर्व है. शुक्रिया ऑस्ट्रेलिया."
वहीं कोच गौतम गंभीर ने भी टीम की तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर लिखा, "आप जो सोचते हैं, वही बन जाते हैं! निडर!"
शनिवार को ब्रिसबेन में खेला गया पांचवां और आख़िरी टी20 मैच बारिश के कारण रद्द हो गया. इससे पहले पहला टी20 मैच भी बारिश की वजह से रद्द हुआ था.
दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने, जबकि तीसरे और चौथे मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी.
महिला वर्ल्ड कप फ़ाइनल की व्यूअरशिप ने तोड़े रिकॉर्ड, पूर्व कप्तान मिताली राज क्या बोलीं
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty
इमेज कैप्शन, वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने के बाद मिताली राज ने टीम के खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया था
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में व्यूअरशिप (दर्शक संख्या) का रिकॉर्ड बनने पर पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने प्रतिक्रिया दी है.
मिताली राज ने कहा, "ये नंबर्स भरोसा, प्रगति और गर्व का नतीजा हैं. भारत में 2025 महिला वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच को 18.5 करोड़ लोगों ने देखा. यह 2024 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच के दर्शकों की संख्या के बराबर है."
पूर्व भारतीय कप्तान ने महिला वर्ल्ड कप को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के प्रयासों के लिए आईसीसी और इसके चेयरमैन जय शाह को धन्यवाद दिया.
मिताली राज ने कहा, "मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि यह खेल के लिए एक रोमांचक नए युग की शुरुआत है."
आईसीसी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच ने दर्शक संख्या के मामले में पिछले पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच की बराबरी कर ली है.
आईसीसी के मुताबिक़, "जिओ हॉटस्टार ने बताया है कि फ़ाइनल मैच को देखने के लिए 18.5 करोड़ दर्शकों ने एप का इस्तेमाल किया, जो आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2024 फ़ाइनल की दर्शक संख्या के बराबर है."
इसके अलावा, 9.2 करोड़ दर्शकों ने यह मुक़ाबला कनेक्टेड टीवी (सीटीवी) पर देखा. यह आंकड़ा भी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2024 फ़ाइनल और पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2023 फ़ाइनल के सीटीवी व्यूअरशिप के बराबर रहा.
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर द्वारा लिया गया निर्णायक कैच मैच का सबसे ज़्यादा देखा गया पल रहा. इस दौरान व्यूअरशिप 2.1 करोड़ पर पहुंची थी.
अमित शाह ने पीएम मोदी और लालू यादव से जुड़े तेजस्वी के किस बयान का दिया जवाब
इमेज स्रोत, Raju Shinde/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, अमित शाह बिहार के कटिहार में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेजस्वी यादव के उस बयान का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि लालू यादव ने जो काम किया है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जन्म में भी नहीं कर सकते हैं.
बिहार के कटिहार में शनिवार को एक चुनावी रैली के दौरान अमित शाह ने कहा, "तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी ने जो किया है, वो मोदी जी सात जन्म में नहीं कर सकते. मैं तेजस्वी की बात से सहमत हूं."
उन्होंने आगे कहा, "मोदी जी कभी चारा घोटाला कर सकते हैं बताओ ज़रा? होटल का घोटाला कर सकते हैं? आय से अधिक संपत्ति का घोटाला कर सकते हैं? बिहार में जंगलराज ला सकते हैं क्या? आप सही कह रहे हैं लालू जी ने जो किया है वह मोदी जी कभी नहीं कर सकते."
दरअसल, बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एक रैली के दौरान कहा कि आरजेडी के पोस्टरों से लालू यादव की तस्वीर गायब है. पीएम मोदी ने सवाल किया कि लालू यादव ने ऐसा क्या किया है जो उनकी तस्वीर गायब है या छोटी सी लगी है, जो दूरबीन से भी नहीं दिखती.
पीएम मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, "लालू जी ने जो काम किया है, सामाजिक न्याय किया है, रेलवे का मुनाफ़ा किया है. ये काम मोदी जी सात जन्म में भी नहीं कर सकते हैं."
बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को है. चुनावी नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में मिड-डे मील से जुड़े वायरल वीडियो पर कहा- 'शर्म आनी चाहिए'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि देश के भविष्य को 'इज़्ज़त की थाली' तक नसीब नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील से जुड़े वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने कहा, "जब से यह ख़बर देखी है कि मध्य प्रदेश में बच्चों को मिड-डे मील अख़बार पर परोसा जा रहा है, दिल टूट सा गया है. ये वही मासूम बच्चे हैं जिनके सपनों पर देश का भविष्य टिका है, और उन्हें इज़्ज़त की थाली तक नसीब नहीं."
उन्होंने कहा कि 20 साल से ज़्यादा समय से बीजेपी की सरकार है और राज्य में बच्चों की थाली तक चुरा ली गई. कांग्रेस नेता ने कहा, "इनका 'विकास' बस छलावा है, सरकार में आने का असली राज़ तो 'व्यवस्था' है."
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, "शर्म आनी चाहिए ऐसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को जो देश के बच्चों, भारत के भविष्य का इस दुर्दशा से पालन-पोषण कर रहे हैं."
बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दावा किया गया कि यह वीडियो मध्य प्रदेश के श्योपुर ज़िले के एक सरकारी स्कूल का है, जहां अख़बार पर मिड-डे मील परोसा जा रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-ऑस्ट्रेलिया पांचवां टी20 मैच बारिश के कारण रद्द, भारत ने 2-1 से जीती सिरीज़
इमेज स्रोत, Santanu Banik/MB Media/Getty
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने भारत को तेज़ शुरुआत दिलाई थी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां और आख़िरी टी20 मैच बारिश के कारण रद्द हो गया है. इसी के साथ भारत ने यह सिरीज़ 2-1 से जीत ली है.
ब्रिसबेन में हुए इस मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. ख़राब मौसम के कारण मैच रोके जाने तक भारतीय टीम ने 4.5 ओवरों में बिना किसी नुक़सान के 52 रन बनाए थे.
अभिषेक शर्मा ने 23 और शुभमन गिल ने 29 रन बनाए थे.
इससे पहले सिरीज़ का पहला मैच भी बारिश के कारण रद्द हुआ था. दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने, जबकि तीसरे और चौथे मैच में भारत ने जीत हासिल की थी.
केंटकी विमान हादसे के बाद अमेरिकी कंपनियों ने इन कार्गो विमानों की उड़ान रोकी, ओटिली मिशेल
इमेज स्रोत, Stephen Cohen/Getty
इमेज कैप्शन, केंटकी में हुए विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई थी
अमेरिका की डिलीवरी कंपनियों यूपीएस और फ़ेडएक्स ने केंटकी में हुए एक विमान हादसे के बाद अपने कुछ कार्गो विमानों की उड़ान पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है.
मंगलवार को केंटकी में हुए विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई थी.
टेकऑफ़ के दौरान यूपीएस का विमान रनवे से फिसलकर पास की इमारतों से टकराया था और उसमें आग लग गई थी.
इस हादसे में कई इमारतें जलकर ख़ाक हो गईं और लुईविल इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद करना पड़ा.
यूपीएस ने बताया कि एमडी-11 मॉडल वाले विमानों की उड़ान रोकने का फ़ैसला विमान निर्माता कंपनी बोइंग के निर्देश के बाद लिया गया है.
वहीं, यूपीएस की प्रतिद्वंद्वी कंपनी फ़ेडएक्स ने भी इसी तरह का क़दम उठाने की पुष्टि की है.
अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इस घातक हादसे की वजह क्या थी.
संसद का शीतकालीन सत्र छोटा रखने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संसद का शीतकालीन सत्र एक दिसंबर से शुरू होगा (फ़ाइल फ़ोटो)
संसद का शीतकालीन सत्र अगले महीने (दिसंबर) से शुरू होने जा रहा है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू होगा, जो 19 दिसंबर तक चलेगा. रिजिजू ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसदीय सत्र के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है.
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "हम आशा करते हैं कि यह सत्र रचनात्मक और सार्थक साबित होगा, जो हमारे लोकतंत्र को मज़बूत करेगा और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा."
वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि शीतकालीन सत्र को छोटा रखा गया है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, "संसद के शीतकालीन सत्र को असामान्य तौर पर छोटा रखा गया है और यह देरी से है. यह सत्र मात्र 15 वर्किंग डेज़ का होगा. इससे क्या संदेश दिया जा रहा है?"
उन्होंने कहा, "साफ़ है कि सरकार के पास न तो कोई काम है, न ही कोई विधेयक पास करने के लिए है, और न ही किसी बहस की अनुमति है."
भारत-ऑस्ट्रेलिया पांचवां टी20: ख़राब मौसम के कारण रुका मैच, भारत की तेज़ शुरुआत
इमेज स्रोत, Matt Roberts - CA/Cricket Australia via Getty
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टी20 मैच ख़राब मौसम के कारण रोक दिया गया है.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी है. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने मैच रोके जाने तक 4.5 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 52 रन बना लिए हैं.
अभिषेक शर्मा 23 जबकि शुभमन गिल 29 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं.
ब्रिसबेन में खेला जा रहा यह मैच पांच मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मैच है.
इससे पहले सिरीज़ के दो मैच भारत ने जीते थे और ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच अपने नाम किया था.
भारत प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के जरिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
इस समय आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
प्रियंका गांधी ने भी उठाया 'वोट चोरी' का मुद्दा, कहा- ज्ञानेश कुमार ज़िम्मेदार
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने बिहार की रैली में उठाया वोट चोरी का मुद्दा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को कटिहार जिले के कदवा की एक रैली में ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया.
उन्होंने इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों विवेक जोशी और एसएस संधू को जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने कहा, ‘’कुछ लोग देश में ‘वोट चोरी’ कर रहे हैं. उन्हें तीन लोगों का साथ मिल रहा है. ये हैं ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एसएस संधू. ये तीनों चुनाव आयोग के सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं. ये अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे हैं. इन्होंने बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं. क्या इन्हें अपने पदों के पीछे छिपने दिया जाना चाहिए?’’
उन्होंने कहा, ‘’क्या यह ठीक है कि ये रिटायरमेंट के बाद आराम से ज़िंदगी बिताएं? क्या लोगों को इन्हें भूल जाना चाहिए? जिन्होंने संविधान और देश से विश्वासघात किया है, क्या लोगों को उन्हें भूलना चाहिए या याद रखना चाहिए? आपको इन तीनों के नाम पीएम मोदी और अमित शाह के साथ याद रखने चाहिए.’’
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रजेंटेशन देकर हरियाणा में वोट चोरी का मुद्दा उठाया था.
बिहार में दो चरणों के चुनाव में पहले दौर की वोटिंग 6 नवंबर को हो चुकी है. दूसरे दौर की वोटिंग 11 नवंबर को होगी. परिणाम 14 नवंबर को आएंगे.
बिहार चुनाव: पीएम मोदी ने फिर किया ‘जंगलराज’ का ज़िक्र, ये कहा
इमेज स्रोत, @BJP4India
इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी समस्तीपुर की रैली में महागठबंधन में शामिल पार्टियों को घेरने की कोशिश की
बिहार के समस्तीपुर में एक चुनावी रैली ने शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने महागठबंधन के ख़िलाफ़ आक्रामक तेवर दिखाए.
उन्होंने कहा, "बिहार का बच्चा अब रंगदार नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर, एडवोकेट और अदालत में जज बनेगा. अब बिहार में हैंड्स-अप कहने वालों के लिए जगह नहीं है. अब तो बिहार में स्टार्टअप के सपने देखने वाले चाहिए. हम बच्चों के हाथ में किताबें, कंप्यूटर, लैपटॉप दे रहे हैं. हमारे बच्चे खेल में आगे बढ़ें, इसलिए हम उन्हें बैट, हॉकी स्टिक, फु़टबॉल और वॉलीबॉल दे रहे हैं."
पीएम मोदी ने कहा, "जंगलराज का मतलब है - कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु:संस्कार और करप्शन. ये कु:संस्कार से भरे हुए लोग हैं, कुशासन का राज चाहते हैं. भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी, भोला पासवान शास्त्री जी जैसे महान नेताओं ने बिहार को सामाजिक न्याय और विकास का विश्वास दिया था.लेकिन, जैसे ही बिहार में जंगलराज आया, बिहार में बर्बादी का दौर शुरू हो गया."
उन्होंने कहा, "ये आरजेडी और कांग्रेस वाले उद्योगों की एबीसीडी भी नहीं जानते. ये उद्योगों में सिर्फ ताले लगाना जानते हैं. 15 वर्ष में एक भी बड़ा कारखाना बिहार में नहीं लगा. जंगलराज वालों के मुंह से विकास की बातें सिर्फ और सिर्फ सफेद झूठ है."
बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग हुई थी. अब 11 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी.
रूस से तेल खरीदने के बावजूद हंगरी को अमेरिकी प्रतिबंधों से एक साल की छूट
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हंगरी को रूस से तेल और गैस ख़रीदना जारी रखने के बावजूद प्रतिबंधों से एक साल की छूट दे दी है.
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने ट्रंप के इस फ़ैसले की बीबीसी न्यूज़ को जानकारी दी है.
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि वो हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बान को छूट देने पर विचार कर रहे हैं.
ओर्बान ट्रंप के करीबी माने जाते हैं लेकिन यूक्रेन युद्ध के दौरान भी रूस के साथ अच्छे रिश्ते बनाए हुए हैं.
शुक्रवार को व्हाइट हाउस में ओर्बान की यात्रा के दौरान ट्रंप ने कहा कि इस छूट पर विचार इसलिए किया जा रहा है क्योंकि हंगरी के लिए दूसरे देशों से तेल और गैस लाना बहुत मुश्किल है.
यह फ़ैसला उस समय आया है जब अमेरिका ने पिछले महीने रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया था और कहा था कि उनसे तेल ख़रीदने वालों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा.
कश्मीर में ऑपरेशन पिंपल के बारे में सेना ने दी जानकारी, दो चरमपंथियों को मारने का भी दावा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कश्मीर में सुरक्षाकर्मी एक ऑपरेशन के दौरान (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय सेना ने कहा है कि उसने जम्मू- कश्मीर के कुपवाड़ा स्थित केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है.
सेना के चिनार कोर ने शनिवार को अपनी इस कार्रवाई में दो चरमपंथियों को मारने का दावा किया है.
सेना के व्हाइट चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया, ‘’7 नवंबर को ख़ुफ़िया जानकारी मिलने के बाद ऑपरेशन पिंपल शुरू किया गया था. घुसपैठ की कोशिश में जुटे दो चरमपंथियों को घेर लिया और फिर एक्शन को अंजाम दिया गया.’’
चिनार कोर ने लिखा है कि सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद चरमपंथियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों का चरमपंथियों से आमना-सामना हो गया. सुरक्षाबलों ने उन्हें घेर लिया,
सेना के मुताबिक़ अभी भी इस इलाके में तलाशी अभियान जारी है.
प्रशांत किशोर ने बिहार में ज़्यादा वोटिंग पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि चुनाव विश्लेषक और विशेषज्ञ दावा करते रहे हैं कि बिहार में क्या होने वाला है, लेकिन किसी ने ये भविष्यवाणी नहीं की थी कि बिहार में सबसे ज़्यादा मतदान होने वाला है.
उन्होंने कहा, ''इतने ज़्यादा सर्वे इस बात के संकेत हैं कि बिहार में बदलाव निश्चित रूप से आ रहा है.''
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री लोगों को आरजेडी का डर दिखाकर वोट पाने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि उनके पास कहने के लिए कुछ और नहीं है. लेकिन इस बार स्थिति बदल गई है. अगर आप कहते हैं कि जंगलराज नहीं आना चाहिए, तो फिर आपको क्यों आना चाहिए. अब जनसुराज एक नया विकल्प है."
बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण के चुनाव में 64.66 फ़ीसदी मतदान हुआ था. दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी. 14 नवंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे.