You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद रूस के कई हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद

रूस पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण मॉस्को के प्रमुख हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और इफ़्तेख़ार अली

  1. बिहार के सीनियर पुलिस अफ़सर ने माँगी माफ़ी, किसानों पर दिए बयान पर दी सफ़ाई

    बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन ने किसानों पर की गई अपनी टिप्पणी पर सफ़ाई देते हुए कहा है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया.

    उन्होंने कहा, "मेरे बयान का मतलब यह नहीं था कि हमारे देश के किसान भाई और अन्नदाता का किसी तरह से आपराधिक घटनाओं से कोई लेना-देना है. किसान हमेशा हमारे सम्मान के पात्र हैं और रहेंगे. मेरे पूर्वज भी सभी किसान थे. मैं अपने गाँव और कृषक समाज से गहरा संबंध रखता हूँ और जुड़ा हूँ."

    "प्रत्येक आपराधिक घटनाओं के पीछे सिर्फ़ अपराधी होते हैं, उनकी जाति या कोई धर्म नहीं होता. मेरे मन में किसान के प्रति काफ़ी आदर भाव है, लेकिन फिर भी मेरे वक्तव्य से किसी को भी ठेस पहुँची है तो इसके लिए मुझे खेद है. मैं इसके लिए क्षमा प्रार्थी हूँ."

    हाल ही में कुंदन कृष्णन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

    इसमें वह कह रहे थे, "हाल में कई हत्याएं हुई हैं. अप्रैल, मई और जून में वर्षों से ज़्यादा हत्याएं होती आई हैं. जब तक बरसात नहीं होती है, यह सिलसिला जारी रहता है. क्योंकि ज़्यादातर किसानों को कोई काम नहीं रहता है. बरसात होने के बाद कृषक समाज के लोग व्यस्त हो जाते हैं और घटनाएं घटती हैं."

  2. पुरी में नाबालिग छात्रा को आग लगाने का मामला, अब कैसी है तबीयत

    ओडिशा के पुरी ज़िले में शनिवार को एक नाबालिग छात्रा को तीन अज्ञात युवकों ने आग लगा दी थी.

    छात्रा को भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है.

    एम्स के डिपार्टमेंट ऑफ बर्न के एचओडी और डॉक्टर संजय गिरी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा है कि छात्रा की हालत गंभीर है.

    उन्होंने बताया है कि 'छात्रा 70 से 75 फ़ीसदी तक जल गई है और हम उन्हें फ्लूइड ट्रीटमेंट दे रहे हैं. मरीज़ अभी आईसीयू में भर्ती है. छात्रा के इलाज के लिए एक कमेटी बनाई है. इसमें 12 डॉक्टर और दो नर्सिंग ऑफिसर हैं.'

    मामला क्या है?

    घटना नीमापाड़ा तहसील के बायाबर गांव में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुई, जब छात्रा अपनी एक दोस्त के घर किताबें देने जा रही थी.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक़, लड़की को बलंगा थाना क्षेत्र के भार्गवी नदी मार्ग पर एक सुनसान रास्ते में रोका गया और इस वारदात को अंजाम दिया गया.

    लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, इसके लिए कई टीमें गठित की गई हैं.

    ये भी पढ़ें-

  3. ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में तय हुआ संसद में विपक्षी दल उठाएंगे ये मुद्दे

    'इंडिया' गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने संसद के मॉनसून सत्र की रणनीति को लेकर शनिवार शाम ऑनलाइन बैठक की.

    बैठक के बाद कांग्रेस नेता और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उन्होंने बताया है कि 24 दल इसमें शामिल हुए.

    प्रमोद तिवारी ने कहा, "बैठक में देश से जुड़े उन विषयों और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई, जिन्हें हम संसद सत्र के दौरान उठाएंगे.

    "सभी की सहमति के साथ इस बैठक में मुख्य रूप से आठ मुद्दे सामने आए हैं. पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर, युद्धविराम और ट्रेड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान, बिहार में एसआईआर के नाम पर हो रही वोटबंदी, विदेश नीति का विषय, परिसीमन, देश में दलित, पिछड़े, आदिवासी, महिला और अल्पसंख्यक वर्गों पर अत्याचार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का फ़ैसला हुआ."

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, उद्धव ठाकरे, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य सहित कई नेता शामिल हुए.

    संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा.

    दरअसल, ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि अमेरिका की मध्यस्थता के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर को लेकर सहमति बनी थी.

    हालांकि, भारत इस दावे को खारिज करते हुए कह चुका है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रोकने को लेकर बनी सहमति द्विपक्षीय थी.

    बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से मुक़ाबला करने के लिए कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने एकजुट होकर 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) नाम का गठबंधन बनाया था.

    इस गठबंधन में कांग्रेस, टीएमसी, वाम दल और उद्धव ठाकरे की शिवसेना सहित कई दल शामिल हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें