You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद रूस के कई हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद

रूस पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण मॉस्को के प्रमुख हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद रूस के कई हवाई अड्डे अस्थायी रूप से बंद

    रूस पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण मॉस्को के प्रमुख हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.

    हवाई अड्डों के बंद होने के कारण कम से कम 140 उड़ानें रद्द कर दी गईं. स्थानीय अधिकारियों ने ये जानकारी दी है.

    रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, शनिवार सुबह से रूस के ऊपर 230 से ज़्यादा यूक्रेनी ड्रोन गिराए गए, जिनमें से 27 राजधानी मॉस्को के ऊपर गिराए गए.

    रूस की एविएशन निगरानी एजेंसी के मुताबिक़, मॉस्को के चार प्रमुख हवाई अड्डों का काम रुका और 130 से अधिक उड़ानों को दूसरे स्थानों पर मोड़ना पड़ा.

    इस बीच, स्थनीय अधिकारियों के मुताबिक़, यूक्रेन पर रात में किए गए रूस के हवाई हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई.

    रूस के टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने रविवार को कहा कि हमले के कारण मॉस्को हवाई अड्डे 24 घंटे में 10 बार बंद किए गए.

  3. हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, 'इसराइली सेना ने कम से कम 67 लोगों को मार डाला है'

    ग़ज़ा में हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि इसराइली सेना ने उत्तरी ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र के राहत सामग्री से लदे ट्रकों का इंतज़ार कर रहे कम से कम 67 लोगों को मार डाला है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेस (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने 'मौजूदा ख़तरे' को रोकने के लिए 'चेतावनी के तौर पर गोलियां' चलाई थीं.

    साथ ही, उसने सामने आए मौत के आंकड़ों पर सवाल उठाया है.

    मंत्रालय ने बताया कि ग़ज़ा के अन्य हिस्सों में सहायता का इंतज़ार कर रहे छह और लोगों की मौत हो गई, जबकि 150 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है.

    शनिवार को मंत्रालय ने चेतावनी दी कि ग़ज़ा में भुखमरी तेज़ी से बढ़ रही है और बड़ी संख्या में लोग उसके केंद्रों पर 'बेहद थकावट और कमज़ोरी की हालत' में पहुंच रहे हैं.

  4. जापान चुनाव: एग्ज़िट पोल में मौजूदा सरकार के बहुमत खोने के आसार

    जापान में हुए चुनाव के एग्ज़िट पोल के मुताबिक़ वहां की मौजूदा सरकार अपना बहुमत खो सकती है.

    यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब जनता में बढ़ती महंगाई और अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर गहरी नाराज़गी है.

    रविवार को जापान में ऊपरी सदन के लिए कड़े मुक़ाबले वाले चुनाव में मतदाता सुबह ही वोट डालने पहुंचे.

    जापान की लोकतांत्रिक व्यवस्था में संसद के निचले सदन को काफ़ी शक्तिशाली माना जाता है.

    निचले सदन में पहले ही अपना बहुमत गंवा चुके सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए अगर अब ऊपरी सदन में भी हार होती है, तो इससे उसकी नीतिगत फै़सलों पर पकड़ कमज़ोर हो जाएगी.

    साथ ही, यह जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा पर इतना दबाव बना सकता है कि वे चुने जाने के एक साल से भी कम समय में इस्तीफ़ा देने पर मजबूर हो जाएं.

    गठबंधन को 248 सीटों वाले ऊपरी सदन पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए 50 सीटों की ज़रूरत है, लेकिन पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके के एक एग्जिट पोल के मुताबिक़ उन्हें 32 से 51 सीटें मिल सकती हैं.

    इससे पहले के सर्वेक्षणों से संकेत मिला था कि इशिबा की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) और उसके जूनियर सहयोगी कोमेइतो पार्टी को अपना बहुमत खोने का ख़तरा है.

  5. सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी के उपस्थित न होने पर अनुराग ठाकुर ने क्या कहा?

    संसद के मॉनसून सत्र के लिए रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के उपस्थित न होने पर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है.

    अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "पहले ज़्यादातर सत्र 15 अगस्त तक ख़त्म हो जाते थे, लेकिन हमने 21 अगस्त की तारीख़ इसलिए रखी है ताकि ज़्यादा से ज़्यादा चर्चा हो, बिल पास हो, जनता और राष्ट्रहित के मुद्दों को उठाया जा सके."

    संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा.

    अनुराग ठाकुर का कहना है कि जब भी प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा कोई भी सवाल संसद में आता है तो प्रधानमंत्री मोदी सदन में होते हैं.

    उन्होंने कहा, "देश की बड़ी ज़िम्मेदारी प्रधानमंत्री पर है. अगर किसी महत्वपूर्ण बैठक के लिए प्रधानमंत्री को जाना पड़ता है तो यह देशहित में है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 और 24 जुलाई को ब्रिटेन के दौरे पर रहेंगे. यह प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन की चौथी यात्रा होगी.

    ब्रिटेन के बाद पीएम मोदी मालदीव की यात्रा पर जाएंगे, जो 25-26 जुलाई 2025 तक होगी.

  6. ग़ज़ा के लोगों के लिए इसराइल के नए फ़रमान से वहां के लोगों में दहशत, इसराइली बंधकों के परिवार वाले भी डरे

    इसराइली सेना ने मध्य ग़ज़ा के एक घनी आबादी वाले इलाक़े के लिए निकासी आदेश जारी किए हैं.

    इस इलाक़े में इसराइली सेना ने हमास के ख़िलाफ़ 21 महीने की जंग में अब तक ज़मीनी हमला नहीं किया है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेस (आईडीएफ़) ने रविवार को कहा है कि देर-अल-बलाह शहर में शरण लिए हुए निवासियों और विस्थापित फ़लस्तीनियों को तुरंत वहां से निकल जाना चाहिए और अल-मवासी की ओर चले जाना चाहिए.

    निकासी के आदेश के बाद हजारों फ़लस्तीनियों के बीच दहशत का माहौल है. साथ ही इसराइली बंधकों के परिवार भी चिंतित हैं, जिन्हें डर है कि उनके रिश्तेदार उसी शहर में बंधक हैं.

    इसराइली सेना ने इस इलाक़े में हवाई हमले किए हैं, लेकिन उसने अभी तक जमीन पर अपने सैनिकों को तैनात नहीं किया है.

    ऐसा माना जा रहा है कि हमास की ओर से बंधक बनाए गए बचे 50 बंधकों में से कम से कम 20 अभी भी जीवित हैं.

  7. 'बिहार में न बिजली आएगी, न बिल आएगा' वाले बयान पर यूपी सरकार के मंत्री ने अब दी सफ़ाई

    बिहार में 125 यूनिट तक मुफ़्त बिजली देने की घोषणा पर बयान देकर चर्चा में आए उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री एके शर्मा ने रविवार को सफ़ाई दी है.

    उनका कहना है कि उन्होंने जो बयान दिया था 'वह लोगों ने आधा सुना.'

    दरअसल, एके शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान फ़्री बिजली पर कहा था, "बिहार में फ़्री है, लेकिन बिजली आएगी, तभी न फ़्री होगी."

    उन्होंने आगे कहा था कि बिहार में 'न बिजली आएगी, न बिल आएगा'.

    इसी बयान की सफ़ाई में मंत्री एके शर्मा ने रविवार को कहा, "हमने जो बयान दिया था आप लोगों ने आधा सुना और आधा नहीं सुना. मेरा बयान यह था कि अगर लालटेन युग आएगा, तो लालटेन रहेगा या बिजली रहेगी."

    उन्होंने कहा, "लालटेन एक सिंबल नहीं है, वह एक विचार है. उस लालटेन को अगर जिताते हैं तो उस समय न बिजली आएगी न उसका बिल आएगा."

    एके शर्मा ने कहा, "वर्तमान में नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार की सरकार बिजली सहित सभी मुद्दों पर अच्छा काम कर रही है."

    बिहार में इस वक़्त एनडीए की सरकार है, जिसमें बीजेपी भी शामिल है.

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की है कि एक अगस्त से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा.

    उन्होंने बताया है कि जुलाई महीने के बिल से ही 125 यूनिट तक की बिजली का पैसा नहीं देना होगा.

    नीतीश कुमार ने यह एलान ऐसे समय में किया है, जब इस साल के आख़िर में बिहार में विधानसभा चुनाव होना है.

  8. महाराष्ट्र के कृषि मंत्री के वायरल वीडियो पर विपक्ष हमलावर, कहा, 'जो हरकत की है, उसके लिए इस्तीफ़ा दें'

    महाराष्ट्र के कृषि मंत्री के वायरल वीडियो पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) गुट की नेता सुप्रिया सुले ने उनके इस्तीफ़े की मांग की है.

    सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे राज्य विधानसभा में फ़ोन में कुछ करते दिख रहे हैं.

    इस वायरल वीडियो को लेकर विपक्षी पार्टियों का दावा है कि माणिकराव कोकाटे अपने फ़ोन में रमी खेल रहे थे.

    हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे ने इस पर सफ़ाई दी है.

    सुप्रिया सुले ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "महाराष्ट्र के कृषि मंत्री का एक वीडियो निकला है, जहां जब सदन चालू था और बहस चल रही थी तो वह मंत्री मोबाइल पर रमी खेल रहे थे."

    उन्होंने कहा, "एक तरफ़ तीन महीनों में 750 किसानों ने आत्महत्या की है और महाराष्ट्र के कृषि मंत्री गेम खेल रहे हैं."

    सुप्रिया सुले ने कहा, "उन्होंने जो हरकत की है इसके लिए उन्हें इस्तीफ़ा देना चाहिए और मुख्यमंत्री को उन्हें निकालना चाहिए."

    अपनी सफ़ाई में कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे ने कहा, "वह एक सॉलिटेयर गेम है, रमी नहीं. और वह गेम मेरे पीए, ओएसडी में से किसी ने डाउनलोड किया होगा."

    विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर उन्होंने कहा, "वह (विपक्ष) ज़्यादा रमी खेलते होंगे इसलिए उन्हें ऐसा लगा कि मैं रमी खेल रहा हूं."

  9. कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान घोड़े से गिरीं मीनाक्षी लेखी, आसिफ़ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी यात्रा के दौरान घायल हो गई हैं.

    यात्रा के दूसरे दल में शामिल मीनाक्षी लेखी तिब्बत के दारचिन में घोड़े से गिरकर घायल हुई हैं.

    वह 48 लोगों के दल के साथ 9 जुलाई को पिथौरागढ़ पहुंची थीं. जिसके बाद उन्होंने 14 जुलाई की सुबह यात्रियों के दल के साथ तिब्बत में प्रवेश किया था.

    रविवार सुबह उन्हें वापस भारत लाया गया है.

    पिथौरागढ़ के डीएम विनोद गोस्वामी ने बीबीसी हिंदी को बताया कि, “चीन की तरफ़ दारचिन से आगे जाते हुए उनको चोट आई है. जिसके बाद उनको एक्सरे करने और फर्स्ट ऐड देने के बाद तकलाकोट (तिब्बत) लाया गया था.”

    उन्होंने कहा, “जिसके बाद विदेश मंत्रालय के ज़रिए चीन से बात करके उनको वापस लाया गया है.”

    डीएम विनोद गोस्वामी ने बताया कि, “आज सुबह वह भारत के लिपुलेख दर्रे (पिथौरागढ़) तक वापस पहुँची थीं, और इस समय वह पिथौरागढ़ के गूंजी में हैं.”

  10. उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने कहा, 'कांवड़ संघ उपद्रवियों को बेनक़ाब करें'

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे 'उपद्रवी' के रूप में छिपे उन तत्वों को बेनकाब करें जो यात्रा को बदनाम करना चाहते हैं.

    उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "जहां उत्साह और उमंग है, श्रद्धा और भक्ति है, उसको भंग करने के लिए कुछ तत्व लगातार प्रयास कर रहे हैं."

    सीएम योगी ने कहा, "ऐसे तत्वों की ओर से यह प्रयास किया जा रहा है कि कांवड़ यात्रा को बदनाम किया जाए."

    उन्होंने कहा, "यह हर कांवड़ संघ का दायित्व बनता है कि वे किसी भी ऐसे तत्व को, जो भगवान शिव की इस पावन यात्रा को बदनाम करने का प्रयास करके, उपद्रवी के वेश में छिपे हुए हैं, उन्हें बेनकाब करें और प्रशासन को तत्काल इसकी सूचना दें."

  11. दक्षिण कोरिया में बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 14 लोगों की मौत

    दक्षिण कोरिया में कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है.

    यह जानकारी दक्षिण कोरिया के आपदा प्रबंधन कार्यालय की ओर से दी गई है.

    अभी भी 12 लोगों के लापता होने की वजह से इस बात की आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

    एक वीडियो फुटेज में रविवार को दिखा कि भूस्खलन से प्रभावित गैप्योंग शहर में लोग दलदल जैसे कीचड़ से होकर गुज़र रहे हैं, और एक क्षतिग्रस्त हुए पुल को पार करके राहत शिविरों की ओर जा रहे हैं.

    शनिवार को सामने आए एक और वीडियो फुटेज के मुताबिक़, दक्षिण में स्थित चुंगचियोन इलाक़े में भूस्खलन के बाद पूरा एक गांव मिट्टी और मलबे में दब गया.

  12. ओडिशा: जिस नाबालिग छात्रा को अज्ञात लोगों ने लगाई थी आग, अब कैसी है उसकी हालत?, सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए

    भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा को दिल्ली के एम्स में एयरलिफ़्ट किया जा रहा है. उन्हें इससे पहले लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस के जरिए भुवनेश्वर एयरपोर्ट भेजा गया.

    साथ ही ट्रैफिक को कम करने के लिए भुवनेश्वर की सड़कों पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया. छात्रा के दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुँचने के बाद उन्हें दूसरे लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस के जरिए एम्स भेजा जाएगा.

    छात्रा के चचेरे भाई ने मीडिया को बताया, "उसकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन उसे ठीक होने में समय लगेगा. इस कारण अधिकारियों ने उसे दिल्ली ले जाने का फ़ैसला किया है."

    एम्स-भुवनेश्वर के एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर आशुतोष बिस्वास ने आज सुबह कहा, "मरीज की हालत स्थिर है. उसका रक्तचाप, जो कल कम था, अब सुधर गया है. मरीज को शिफ्ट करना करना सुरक्षित है.

    नाबालिग छात्रा को आग लगाने के मामले में अब तक किसी की ग़िरफ़्तारी नहीं हो सकी है. इसके विरोध में रविवार को बीजू जनता दल के कार्यकर्ताओं ने बलंगा थाने के बाहर प्रदर्शन किया.

    बताया जा रहा है कि बीजू जनता दल के कर्मियों ने थाने के अंदर घुसने की कोशिश की.

    मामला क्या है?

    आरोप है कि ओडिशा के पुरी ज़िले में शनिवार को एक 15 साल की छात्रा को तीन अज्ञात युवकों ने आग लगा दी थी

    घटना नीमापाड़ा तहसील के एक गांव में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुई, जब छात्रा अपनी एक दोस्त के घर किताबें देने जा रही थी.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक़, लड़की को बलंगा थाना क्षेत्र के भार्गवी नदी मार्ग पर एक सुनसान रास्ते में रोका गया और इस वारदात को अंजाम दिया गया.

    लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

    ये भी पढ़ें-

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. अमिताभ बच्चन की 'डॉन' के निर्देशक चंद्रा बारोट का हुआ निधन, रवि जैन, बीबीसी हिंदी के लिए

    अमिताभ बच्चन की चर्चित और कामयाब फ़िल्मों में से एक 'डॉन' के निर्देशक चंद्रा बारोट का मुंबई में निधन हो गया.

    86 साल के चंद्रा ने रविवार सुबह क़रीब सात बजे बांद्रा के गुरु नानक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में अंतिम सांस ली.

    अस्पताल की एक वरिष्ठ डॉक्टर ने नाम ना ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया, "दस दिन पहले चंद्रा बारोट को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस वक़्त वो सांस लेने संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे, उनका ब्लड प्रेशर भी सामान्य से काफ़ी कम था."

    वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि जल्द ही चंद्रा बारोट की तबीयत और बिगड़ गयी और ऐसे में कुछ ही दिनों के भीतर उन्हें आईसीयू में दाखिल कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें नाकाम साबित हुईं. रविवार सुबह कार्डियक अरेस्ट की वजह से चंद्रा ने आख़िरी सांस ली.

    साल 1978 की सुपरहिट फ़िल्म 'डॉन' में अमिताभ बच्चन, ज़ीनत अमान और प्राण ने अभिनय किया था.

    इससे पहले चंद्रा बारोट एक असिस्टेंट डायरेक्टर हुआ करते थे. उन्होंने 'पूरब और पश्चिम' (1970), 'यादगार' (1970), 'शोर' (1972), 'रोटी कपड़ा और मकान' (1974) जैसी फ़िल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया था.

    'डॉन' फ़िल्म की स्क्रिप्ट सलीम-जावेद ने लिखी थी.

    साल 2006 में जावेद अख़्तर के बेटे फ़रहान अख़्तर ने 'डॉन' नाम से ही फ़िल्म का रीमेक बनाया था. इसमें अमिताभ बच्चन का दोहरा किरदार शाहरुख ख़ान ने निभाया था.

  15. पटना के अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या का मामला, मुख्य अभियुक्त समेत चार गिरफ़्तार, चंदन कुमार जजवाड़े, बीबीसी संवाददाता

    पटना के पारस अस्पताल में हुई चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    मुख्य अभियुक्त के साथ ही तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ़्तार किया गया है.

    पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बीबीसी हिंदी को बताया है कि इन चारों की गिरफ़्तारी रविवार सुबह कोलकाता से हुई है.

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया, "सीसीटीवी फुटेज में जो सबसे आगे दिख रहा है, उन्हें और उनके साथ तीन और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. अभी हम उनके ट्रांज़िट रिमांड की प्रक्रिया में लगे हैं. उसके बाद पूछताछ की जाएगी और हत्या के बारे में ज़्यादा जानकारी मिल सकेगी."

    पटना के बड़े अस्पतालों में से एक पारस अस्पताल के कमरा नंबर 209 में गुरुवार सुबह तक़रीबन 7:15 बजे चंदन मिश्रा नाम के एक शख़्स की हत्या कर दी गई थी.

    इसके लिए पाँच व्यक्ति पिस्टल लहराते हुए इस कमरे में घुसे और चंदन मिश्रा नाम के शख्स को गोली मारकर चलते बने. सज़ायाफ़्ता चंदन का ताल्लुक मूल रूप से बिहार के बक्सर से था.

    अस्पताल में हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों के चेहरे पर कोई मास्क नहीं है. वो कमरे के बाहर पहुँचकर अपनी अपनी कमर से पिस्टल निकालते हैं, कमरे में घुसकर गोली मारते हैं और बिना किसी जल्दबाज़ी या घबराहट के चले जाते हैं.

    इस घटना के बाद पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया, "चंदन मिश्रा सज़ायाफ़्ता क़ैदी है. वो पैरोल पर बाहर था. ऐसा लग रहा है कि बक्सर के गैंगवार या आपसी रंजिश में ये हत्या की गई है. पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली है."

  16. पुरी में नाबालिग छात्रा को आग लगाने का मामला, अस्पताल ने क्या कहा?

    भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा को दिल्ली के एम्स में शिफ्ट किया जाएगा. एम्स भुवनेश्वर के एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. आशुतोष बिस्वास ने यह जानकारी दी.

    आशुतोष बिस्वास ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा है कि हम मरीज़ को दिल्ली के एम्स में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं. मरीज़ अभी स्थिर है और उनकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ है. यह सही समय है कि मरीज़ को दिल्ली एम्स में शिफ्ट किया जाए.

    मामला क्या है?

    ओडिशा के पुरी ज़िले में शनिवार को एक 15 साल की छात्रा को तीन अज्ञात युवकों ने आग के हवाले कर दिया था.

    घटना नीमापाड़ा तहसील के बायाबर गांव में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुई, जब छात्रा अपनी एक दोस्त के घर किताबें देने जा रही थी.

    स्थानीय लोगों के मुताबिक़, लड़की को बलंगा थाना क्षेत्र के भार्गवी नदी मार्ग पर एक सुनसान रास्ते में रोका गया और इस वारदात को अंजाम दिया गया.

    लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

    ये भी पढ़ें-

  17. उत्तरकाशी हेलीकॉप्टर हादसे की क्या थी वजह, शुरुआती जाँच रिपोर्ट में आया सामने, आसिफ़ अली, उत्तराखंड से बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में आठ मई को एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जाँच रिपोर्ट सामने आई है.

    एएआईबी ने शुरुआती जाँच रिपोर्ट में बताया है कि ‘रोटर ब्लेड’ के एक फ़ाइबर केबल से टकराने के कारण हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था.

    एएआईबी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि हेलीकॉप्टर ने अपनी निर्धारित ऊंचाई से नीचे उतरने से पहले 20 मिनट तक उड़ान भरी.

    रिपोर्ट में कहा गया है, "पायलट ने उत्तरकाशी में गंगनानी के पास उत्तरकाशी-गंगोत्री रोड (एनएच 34) पर उतरने का प्रयास किया. इस दौरान हेलीकॉप्टर का मुख्य रोटर ब्लेड सड़क के समानांतर लगाई गई ‘ओवरहेड फाइबर केबल’ से टकरा गया."

    इसमें कहा गया, "इससे सड़क किनारे लगे धातु के कुछ बैरिकेड्स भी क्षतिग्रस्त हो गए. हेलीकॉप्टर हालांकि उतर नहीं सका और पहाड़ी से नीचे लुढ़क गया. आख़िरकार यह लगभग 250 फुट गहरी खाई में एक पेड़ से टकराकर अटक गया."

    एएआईबी की अंतिम रिपोर्ट में दुर्घटना के कारणों को लेकर और ठोस निष्कर्ष सामने आ सकते हैं. इसके आधार पर भविष्य में दिशा-निर्देशों में बदलाव होने की संभावना है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ‘बेल 407’ हेलीकॉप्टर आठ मई को उड़ान भरने के 24 मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    इस दुर्घटना में पायलट और पाँच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया.

  18. ज़ेलेंस्की ने पुतिन से मुलाक़ात को लेकर अब कही यह बात

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन ने रूस के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू करने के लिए नया प्रस्ताव दिया है.

    ज़ेलेंस्की ने यह बात ऐसे समय पर कही है जब रूस और यूक्रेन के बीच पिछले महीने से बातचीत रुकी हुई है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बताया है कि वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी रुस्तम उमेरोव ने अगले हफ़्ते रूसी पक्ष से मिलने की पेशकश की है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा है कि युद्धविराम के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए.

    उन्होंने एक बार फिर दोहराया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी आमने-सामने की मुलाक़ात हो.

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "शांति सुनिश्चित करने के लिए नेतृत्व स्तर पर बैठक आवश्यक है."

    हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को हथियार देने की योजना का ऐलान किया था और चेतावनी दी है कि अगर 50 दिनों में युद्धविराम नहीं हुआ तो रूस पर भारी टैक्स (टैरिफ़) लगाए जाएंगे.

    रूस ने 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था. इसके बाद से दोनों देशों के बीच जंग जारी है.

  19. वियतनाम में पर्यटकों से भरी नाव पलटने से कम से कम 37 लोगों की मौत

    वियतनाम में ख़राब मौसम के कारण पर्यटकों से भरी एक नाव पलटने से कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है.

    वियतनाम के उत्तर में स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल हालोंग खाड़ी में हुई इस घटना के बाद कई लोग अभी भी लापता हैं.

    रिपोर्ट्स के अनुसार, वियतनाम की राजधानी हनोई से अधिकतर यात्री आए थे.

    बचावकर्मियों का कहना है कि 11 लोगों को पानी से जीवित निकाला जा चुका है.

  20. सीरिया: अंतरिम राष्ट्रपति के 'तत्काल युद्धविराम' की घोषणा के बाद भी हुई झड़पें, 900 से अधिक लोगों की हुई मौत

    सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के 'तत्काल युद्धविराम' की घोषणा के बावजूद दक्षिण सीरिया में सांप्रदायिक झड़पें जारी हैं.

    अल्पसंख्यक समुदाय द्रूज़ और खानाबदोश समुदायों के बीच पिछले एक हफ़्ते से हिंसा जारी है.

    सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने सरकारी बल तैनात किए थे, लेकिन उन पर द्रूज़ समुदाय पर हुए हमले में शामिल होने के आरोप लगे.

    हिंसा में 900 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

    इसराइल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में स्थित रक्षा मंत्रालय और सरकारी बलों पर हमला कर कहा था कि वह ऐसा द्रूज़ समुदाय की रक्षा के लिए कर रहे हैं.