मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के एक बयान पर विवाद हो गया है.
इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर दिए गए विवादास्पद बयान पर भी हंगामा हुआ था. अब कांग्रेस ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के एक बयान को 'सेना विरोधी' बताते हुए उनके इस्तीफ़े की मांग की है.
कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जगदीश देवड़ा का एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह सेना के शौर्य पराक्रम का घोर अपमान है. माफ़ी से काम नहीं चलेगा. इस आदमी को तो आपको बर्ख़ास्त करना ही पड़ेगा मोदी जी - घटिया, बेहद घटिया घिनौनी सोच है यह".
क्या कहा था जगदीश देवड़ा ने?
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा जबलपुर में एक कार्यक्रम में मंच से पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में बात कर रहे थे.
इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कहा, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे. पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक... उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए".
डिप्टी सीएम देवड़ा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस उनके इस्तीफ़े की मांग कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने बीबीसी से कहा, "ये सारे देश विरोधी, सेना विरोधी और महिला विरोधी बयान बीजेसी की असली मानसिकता को दर्शाता है. एक मंत्री सेना की महिला अफसर के बारे में ग़लत कहता है, दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री सेना के सम्मान के ख़िलाफ़ बयान दे रहे हैं, आखिर बीजेपी कब ऐसे दोषियों पर कार्रवाई करेगी?"
पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने भी इस मामले पर उपमुख्यमंत्री देवड़ा को घेरते हुए कहा, "सेना के ख़िलाफ़ बीजेपी नेताओं के बयान उनकी मानसिकता दिखाती है, जगदीश देवड़ा का बयान देश की सेना का मनोबल गिराने वाला बयान है. विजय शाह और जगदीश देवड़ा के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए".
इस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर बयान को ग़लत तरीके से पेश करने का आरोप लगते हुए कहा, "जैसी नज़र होती है, वैसा ही नज़रिया हो जाता है, यही हाल है कांग्रेसियों का. जगदीश देवड़ा ने कहा है कि पूरा देश, देश के सैनिकों और सेनाओं के प्रति नतमस्तक है. कांग्रेस इसे तोड़- मरोड़कर पेश कर रही है."
मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर भी पिछले कई दिनों से विवाद हो रहा है.
हालांकि, विजय शाह विवाद बढ़ने पर माफ़ी मांग चुके हैं.