यूक्रेन और रूस के बीच तुर्की में हुई बैठक के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की क्या बोले?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से जंग चल रही है
यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के बीच तुर्की में हुई बैठक के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस पर दबाव बनाए रखना चाहिए.
जेलेंस्की ने कहा, "रूस पर दबाव तब तक बनाए रखना चाहिए जब तक कि रूस युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार न हो जाए. यूक्रेन वास्तविक शांति के लिए जितनी जल्दी हो सके कदम उठाने को तैयार है. ये महत्वपूर्ण है कि दुनिया मज़बूत स्थिति बनाए रखे."
तुर्की में हुई शांति वार्ता में यूक्रेन और रूस एक-एक हज़ार युद्धबंदियों की रिहाई को लेकर सहमत हुए हैं.
बैठक के बाद यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने बताया है कि युद्धबंदियों की रिहाई की तारीख़ तय कर ली गई है.
हालांकि यह रिहाई कब होगी, इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, सलमान रुश्दी पर हमला करने वाले हादी मतर को 25 साल की सज़ा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हादी मतर को इस साल की शुरुआत में दोषी करार दिया गया था (फाइल फोटो)
सलमान रुश्दी पर हमला करने वाले हादी मतर को 25 साल की जेल की सज़ा सुनाई गई है.
27 साल के हादी मतर को इस साल की शुरुआत में हत्या के प्रयास और हमला करने का दोषी करार दिया गया था.
अमेरिका के न्यूयॉर्क में लेखक सलमान रुश्दी पर अगस्त 2022 में चाकू से हमला हुआ था और हमले के कारण उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी.
यह हमला न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम के मंच पर सलमान रुश्दी पर किया गया था.
सलमान रुश्दीकी किताब 'द सैटेनिक वर्सेज़' का प्रकाशन 1988 में हुआ था. इसके बाद ईरान ने उनके ख़िलाफ़ फ़तवा जारी किया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, यूक्रेन और रूस के बीच तुर्की में बैठक खत्म, युद्धबंदियों को रिहा करने पर बनी सहमति
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से जंग जारी है
यूक्रेन में जारी जंग को खत्म करने को लेकर यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के बीच तुर्की के इस्तांबुल में हुई बैठक खत्म हो गई.
बैठक के बाद यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा है कि दोनों देश एक-एक हज़ार युद्धबंदियों की रिहाई को लेकर सहमत हुए हैं.
उन्होंने कहा, "हमने युद्धविराम और लोगों की अदला-बदली के मुद्दे पर चर्चा की. एक हज़ार लोगों की रिहाई की बात पर सहमत होना हमारी बैठक का परिणाम है."
शांति वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे व्लादिमीर मेंडिस्की ने कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति को लेकर पुष्टि की.
उन्होंने कहा, "यूक्रेनी पक्ष ने अनुरोध किया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच सीधी बातचीत हो. हमने उनके इस अनुरोध को दर्ज कर लिया है."
मेंडिस्की ने बताया है कि हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि हर पक्ष भविष्य के संभावित युद्धविराम को लेकर अपना विज़न रखेगा.
दोनों पक्षों ने युद्धबंदियों की रिहाई की तारीख तय कर दी है, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया है.
इमेज स्रोत, Dmytro Vlasov/BBC
इमेज कैप्शन, तुर्की के इस्तांबुल में हुई बैठक की तस्वीर
पी चिदंबरम के बयान पर जेडीयू ने कहा, 'नीतीश कुमार के जाते ही इंडिया गठबंधन की कमर टूटी'
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की 'इंडिया गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है' वाली टिप्पणी पर जेडीयू ने प्रतिक्रिया दी है.
जेडीयू नेता केसी त्यागी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "पी चिदंबरम कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता हैं और उन्होंने यह स्वीकार किया है कि इंडिया गठबंधन मज़बूत नहीं है. मैं उनके वक्तव्य से सहमत हूं. नीतीश कुमार और जेडीयू के बाहर आने के बाद ही इसकी कमर टूट गई थी."
चिदंबरम ने गुरुवार को कहा था, "भविष्य (इंडिया गठबंधन का) उतना उज्ज्वल नहीं है, जैसा मृत्युंजय सिंह यादव ने कहा."
"उन्हें लगता है कि गठबंधन अब भी बरकरार है, लेकिन इसे लेकर मैं आश्वस्त नहीं हूं. केवल सलमान (खुर्शीद) इस पर जवाब दे सकते हैं क्योंकि वह इंडिया गठबंधन के लिए बातचीत करने वाली टीम का हिस्सा थे."
चिदंबरम ने कहा, ‘‘अगर गठबंधन पूरी तरह से कायम है, तो मुझे बहुत खुशी होगी, लेकिन ऐसा लगता है कि यह कमजोर पड़ गया है."
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
हालांकि, बाद में नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन से बाहर आ गए और उन्होंने फिर बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से हाथ मिला लिया.
अभी बिहार में बीजेपी और जेडीयू की गठबंधन सरकार है.
तनाव भरे माहौल में यूक्रेन और रूस के बीच तुर्की में बैठक शुरू
इमेज स्रोत, Dmytro Vlasov/BBC
इमेज कैप्शन, तुर्की के इस्तांबुल में चल रही बैठक की तस्वीर
यूक्रेन में जारी जंग को खत्म करने को लेकर यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के बीच तुर्की के इस्तांबुल में बैठक शुरू हो गई.
इस शांति वार्ता में तुर्की भी शामिल है.
फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर किए गए आक्रमण के बाद दोनों देशों के बीच ऐसी पहली बैठक है, जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल आमने-सामने बैठकर वार्ता कर रहे हैं.
मीटिंग रूम में मौजूद बीबीसी के कैमरामैन ने बताया है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से हाथ तक नहीं मिलाया.
'सेना के अपमान' के आरोप पर मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम ने अपनी सफ़ाई में क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बयान को लेकर विवाद हो रहा है
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने उनके सेना को लेकर दिए गए बयान पर हो रहे विवाद पर सफाई दी है.
जगदीश देवड़ा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "कांग्रेस ग़लत तरीके से मेरा बयान प्रस्तुत कर रही है. जिन चैनल पर ये (बयान) तोड़-मरोड़कर आ रहा है, वो ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है. "
उन्होंने कहा, "मैंने जबलपुर के एक कार्यक्रम में कहा था कि देश की सेना ने जो ऑपरेशन सिंदूर में काम किया है, उसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है. देश की जनता भारत की सेना के चरणों में नतमस्तक हैं. हम उनको प्रणाम करते हैं और उनका सम्मान करते हैं. जितना सेना के बारे में कहा जाए, उतना कम है. ये शब्द मैंने कहे हैं."
"इसको तोड़-मरोड़कर ग़लत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं. मुझे लगता है कि जो लोग ग़लत तरीके से प्रस्तुत कर रहे और षड्यंत्र कर रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई होनी चाहिए."
जगदीश देवड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो कहते सुनाई पड़ रहे हैं, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे. पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक... उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए."
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जगदीश देवड़ा ने सेना का अपमान किया है.
प्रियंका गांधी ने कहा, 'बीजेपी के लोग सेना को कर रहे हैं अपमानित'
इमेज स्रोत, ANI
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के सेना पर दिए गए बयान पर कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.
केरल के वायनाड से कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "बीजेपी के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है. पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उप मुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है."
"पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है लेकिन बीजेपी के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और बीजेपी अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा ज़ोर लगा रही है. बीजेपी ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?"
जगदीश देवड़ा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो कहते सुनाई पड़ रहे हैं, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे. पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक... उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए."
कांग्रेस ने इसे 'सेना का अपमान' कहा है तो वहीं बीजेपी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस डिप्टी सीएम के बयान को तोड़- मरोड़कर पेश कर रही है
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम पर कांग्रेस ने सेना के अपमान का लगाया आरोप, क्या है पूरा मामला, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Jagdish Devda/ Facebook
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बयान को लेकर विवाद हो रहा है
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के एक बयान पर विवाद हो गया है.
इससे पहले प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर दिए गए विवादास्पद बयान पर भी हंगामा हुआ था. अब कांग्रेस ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के एक बयान को 'सेना विरोधी' बताते हुए उनके इस्तीफ़े की मांग की है.
कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जगदीश देवड़ा का एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह सेना के शौर्य पराक्रम का घोर अपमान है. माफ़ी से काम नहीं चलेगा. इस आदमी को तो आपको बर्ख़ास्त करना ही पड़ेगा मोदी जी - घटिया, बेहद घटिया घिनौनी सोच है यह".
क्या कहा था जगदीश देवड़ा ने?
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा जबलपुर में एक कार्यक्रम में मंच से पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बारे में बात कर रहे थे.
इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर कहा, "यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे. पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक... उनके चरणों में नतमस्तक हैं. उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है. उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए".
डिप्टी सीएम देवड़ा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस उनके इस्तीफ़े की मांग कर रही है.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने बीबीसी से कहा, "ये सारे देश विरोधी, सेना विरोधी और महिला विरोधी बयान बीजेसी की असली मानसिकता को दर्शाता है. एक मंत्री सेना की महिला अफसर के बारे में ग़लत कहता है, दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री सेना के सम्मान के ख़िलाफ़ बयान दे रहे हैं, आखिर बीजेपी कब ऐसे दोषियों पर कार्रवाई करेगी?"
इमेज स्रोत, @drvijayshahbjp /X
इमेज कैप्शन, विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर भी विवाद हो रहा है.
पूर्व मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने भी इस मामले पर उपमुख्यमंत्री देवड़ा को घेरते हुए कहा, "सेना के ख़िलाफ़ बीजेपी नेताओं के बयान उनकी मानसिकता दिखाती है, जगदीश देवड़ा का बयान देश की सेना का मनोबल गिराने वाला बयान है. विजय शाह और जगदीश देवड़ा के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए".
बीजेपी ने क्या कहा?
इस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस पर बयान को ग़लत तरीके से पेश करने का आरोप लगते हुए कहा, "जैसी नज़र होती है, वैसा ही नज़रिया हो जाता है, यही हाल है कांग्रेसियों का. जगदीश देवड़ा ने कहा है कि पूरा देश, देश के सैनिकों और सेनाओं के प्रति नतमस्तक है. कांग्रेस इसे तोड़- मरोड़कर पेश कर रही है."
मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर भी पिछले कई दिनों से विवाद हो रहा है.
हालांकि, विजय शाह विवाद बढ़ने पर माफ़ी मांग चुके हैं.
पी चिदंबरम के 'इंडिया गठबंधन का भविष्य उज्ज्वल नहीं' वाले बयान पर बीजेपी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की 'इंडिया गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है' वाली टिप्पणी पर बीजेपी ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया दी है.
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा कि ये गठबंधन बना था तो इसका लक्ष्य भारत निर्माण नहीं था और भारत की सेवा नहीं था, लेकिन सत्ता तक पहुंचना है. इसके लिए चाहे भारत विरोधी बनना पड़े."
गौरव भाटिया ने कहा, "पीएम चिदंबरम ने साफ कह दिया है कि गठबंधन मृत है. "
चिदंबरम ने गुरुवार को कहा था, "भविष्य (इंडिया गठबंधन का) उतना उज्ज्वल नहीं है, जैसा मृत्युंजय सिंह यादव ने कहा."
"उन्हें लगता है कि गठबंधन अब भी बरकरार है, लेकिन इसे लेकर मैं आश्वस्त नहीं हूं. केवल सलमान (खुर्शीद) इस पर जवाब दे सकते हैं क्योंकि वह ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए बातचीत करने वाली टीम का हिस्सा थे."
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘अगर गठबंधन पूरी तरह से कायम है, तो मुझे बहुत खुशी होगी, लेकिन ऐसा लगता है कि यह कमजोर पड़ गया है."
हालांकि उन्होंने यह उम्मीद जताई है कि गठबंधन अब भी कायम रह सकता है, अब भी समय है.
बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए से मुक़ाबले के लिए लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस समते अन्य कई प्रमुख विपक्षी दलों ने मिलकर 'इंडिया' गठबंधन बनाया था.
अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थें.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
सोफ़िया कु़रैशी पर टिप्पणी मामला: विजय शाह के इस्तीफ़े की मांग पर सीएम मोहन ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
कर्नल सोफ़िया कु़रैशी पर दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस की ओर से मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के इस्तीफे़ की मांग पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "कांग्रेस कितना भी नाटक कर ले कांग्रेस को मालूम है कि न्यायालय के समक्ष सारा मसला है तो न्यायालय से बढ़कर तो वह नहीं हो गए."
सीएम मोहन ने कहा, "जिस बात को लेकर वह नाटक मचा रहे हैं, नेता प्रतिपक्ष पर भी मुक़दमा था वह अपने नेता प्रतिपक्ष से भी इस्तीफ़ा मांग लें. "
उन्होंने कहा, "न्यायालय का जब भी अपमान करने का मौका होगा कांग्रेस कभी बाज नहीं आएगी. न्यायालय जो निर्णय करेगा हम उसके साथ हैं."
शुक्रवार को मध्य प्रदेश में विपक्षी कांग्रेस ने विजय शाह के इस्तीफे़ को लेकर प्रदर्शन किया.
बीजेपी नेता और मंत्री विजय शाह रविवार को इंदौर जिले के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी.
भुज एयरबेस पर राजनाथ सिंह ने कहा- 'ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ, वह सिर्फ एक ट्रेलर था'
इमेज स्रोत, @rajnathsingh/X
इमेज कैप्शन, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अभी 'ऑपरेशन सिंदूर' अभी ख़त्म नहीं हुआ है
"ऑपरेशन सिंदूर अभी ख़त्म नहीं हुआ है. जो कुछ भी हुआ वह सिर्फ़ एक ट्रेलर था. जब सही समय आएगा, हम पूरी पिक्चर भी दुनिया को दिखाएंगे."
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के भुज एयरबेस पर जवानों को संबोधित करते समय ये बात कही है.
उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर में सचमुच आप लोगों ने करिशमाई काम किया है. पूरी दुनिया में भारत का मस्तक आपने ऊंचा किया है."
रक्षा मंत्री ने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है.
उन्होंने कहा, "अब यह स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान में आतंकवाद और वहां की सरकार का चोली-दामन का संबंध है. इस परिस्थिति में यदि वहां परमाणु अस्त्र और एटॉमिक वेपन रहते हैं तो इस बात की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है कि कभी वह आतंकवादी तत्वों के हाथों में चले जाएं."
राजनाथ सिंह ने कहा, "यह केवल भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए और पाकिस्तान की आम जनता के लिए भी एक गंभीर खतरे की बात होगी."
उन्होंने कहा, "इस हालात के लिए पाकिस्तान की फौज को यह संदेश देना चाहूंगा, कागज का है लिबास, चिरागों का शहर है, चलना संभल-संभल कर क्योंकि तुम नशे में हो."
सोफ़िया कु़रैशी पर टिप्पणी मामला: विजय शाह के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, MP Congress
इमेज कैप्शन, विजय शाह मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री हैं.
मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के लिए कर्नल सोफ़िया कु़रैशी पर की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणी के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं.
हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मामला पहुंचने के बाद अब मध्य प्रदेश में विपक्षी कांग्रेस उनके इस्तीफे़ को लेकर प्रदर्शन कर रही है.
बीबीसी से बात करते मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, "एक हवा हवाई मामला दर्ज करके भाजपा इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है. हमने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की है और विजय शाह के इस्तीफ़े की मांग की है."
"जब तक देश की बेटी और बहनों पर ओछी टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह का इस्तीफ़ा नहीं हो जाता है कांग्रेस पार्टी राज्यपाल भवन के बाहर ही धरने पर बैठी रहेगी."
बीजेपी नेता और मंत्री विजय शाह रविवार को इंदौर जिले के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी.
कर्नल सोफ़िया के बारे में उनकी टिप्पणी पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने बुधवार 14 मई को स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था.
हाई कोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए. विवाद बढ़ने पर विजय शाह ने माफ़ी मांगी और एफ़आईआर दर्ज किए जाने से राहत पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
हलांकि सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें फटकार लगाई है. इस बीच दर्ज एफ़आईआर को लेकर हाई कोर्ट ने पुलिस की खिंचाई की और पुलिसिया जांच को अदालत की निगरानी में किए जाने का निर्देश दिया है.
पाकिस्तान के पीएम शाहबाज़ शरीफ़ ने कहा- 'अमन की बात करो तो हम तैयार हैं'
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने भारत से कहा है कि अमन की बात करो तो उसके लिए हम तैयार हैं.
शहबाज़ शरीफ़ ने गुरुवार को यह बयान पाकिस्तान के कामरा एयर बेस के दौरे पर दिया.
पाकिस्तानी पीएम ने भारत को लेकर कहा, "मैं साफ़ शब्दों में कहना चाहता हूं कि जंगी जुनून का बुखार उतर चुका. अब अमन की बात करो तो उसके लिए हम तैयार हैं."
उन्होंने कहा, "इस अमन के लिए जो लाज़मी शर्तें हैं वह अच्छी तरह पता है. आएं इसके लिए बैठ कर बात करें."
उन्होंने पाकिस्तानी वायुसेना के कर्मियों और अधिकारियों से मुलाक़ात की और उनकी सराहना की.
भारत और पाकिस्तान के बीच दस मई को हुए सीज़फ़ायर से पहले, सैन्य झड़प तेज़ हो गई थी.
विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर टिप्पणी के बाद रामगोपाल यादव ने सफ़ाई में क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सपा नेता रामगोपाल यादव ने अपनी टिप्पणी पर सफ़ाई दी है.
विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर अपनी टिप्पणी के लिए समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने सफ़ाई दी है.
उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि 'सोफ़िया क़ुरैशी को बीजेपी के मंत्री इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह मुस्लिम थीं, लेकिन विंग कमांडर व्योमिका सिंह अपनी जाति के कारण बच गईं.'
इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि सेना की वर्दी 'जातिवादी चश्मे' से नहीं देखी जाती है.
इस पर सफ़ाई देते हुए रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मुझे आश्चर्य इस बात का है कि जिस मुख्यमंत्री की नाक के नीचे अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों पर अकल्पनीय अत्याचार हो रहे हों उन्होंने मेरा पूरा बयान बगैर सुने ही ट्वीट कर दिया."
उन्होंने लिखा, "जिन मीडिया चैनलों ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी पर क़ब्ज़ा कर लिया था उनसे मुझे कोई शिकायत नहीं क्योंकि उन पर सत्ता पक्ष के अलावा किसी को विश्वास नहीं."
साथ ही रामगोपाल का कहना है कि उत्तर प्रदेश में धर्म, जाति और वर्ग देखकर लोगों पर फ़र्ज़ी मुक़दमे लगाये जाते हैं, जाति धर्म के आधार पर एनकाउंटर किए जाते हैं.
विंग कमांडर व्योमिका सिंह, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी और कर्नल सोफ़िया कु़रैशी के साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' पर प्रेस वार्ता में शामिल होती रहीं.
मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में मंत्री विजय शाह ने कर्नल क़ुरैशी को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी जिसके बाद हाई कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का आदेश दिया था.
तुर्की में रूस-यूक्रेन के बीच होने वाली बातचीत पर मार्को रुबियो ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस समय तुर्की में हैं, जहां यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता होनी है
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि तुर्की में यूक्रेन और रूस के बीच शांति के लिए होने वाली बातचीत से उन्हें कोई ख़ास उम्मीद नहीं है.
उनका कहना है कि बातचीत को सफल बनाने के लिए अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मिलकर बात करनी होगी.
तुर्की में विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने नेटो की बैठक के दौरान यूरोप के विदेश मंत्रियों से मुलाक़ात की.
बैठक के बाद उन्होंने कहा, "जब तक राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति पुतिन इस मुद्दे पर सीधे बातचीत नहीं करते मुझे नहीं लगता कि हम इसमें कोई सफलता हासिल कर पाएंगे."
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस बात की पुष्टि कि हैं वह इस्तांबुल में बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल भेजेंगे, लेकिन उन्होंने मास्को की ओर से भेजे जा रहे "लो-लेवल" प्रतिनिधिमंडल की आलोचना की है.
इससे पहले ज़ेलेंस्की ने कहा था कि अगर पुतिन इस वार्ता में शामिल होते हैं तो वह यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे हालांकि पुतिन इसमें शामिल नहीं हो रहे हैं.
पुतिन की ओर से ही यूक्रेन के साथ सीधी शांति वार्ता की पेशकश की गई थी.
विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर सपा नेता रामगोपाल यादव ने ऐसा क्या कहा कि छिड़ा विवाद
इमेज स्रोत, Getty Images/ANI
इमेज कैप्शन, सपा नेता रामगोपाल यादव एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बीजेपी मंत्री की कर्नल सोफ़िया पर दिए बयान की निंदा की
समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने गुरुवार को एक ऐसा बयान दिया जिसके बाद इसे लेकर विपक्षी पार्टियां आपत्ति जता रही हैं.
रामगोपाल यादव ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कहा कि सोफ़िया क़ुरैशी को बीजेपी के मंत्री इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि वह मुस्लिम थीं, लेकिन विंग कमांडर व्योमिका सिंह अपनी जाति के कारण बच गईं.
रामगोपाल यादव ने आगे कहा कि उन्हें न व्योमिका सिंह और ना ही एयर मार्शल एके भारती के बारे में पता था, वरना ये उनको भी अपशब्द कहते.
उनके बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेना की वर्दी 'जातिवादी चश्मे' से नहीं देखी जाती है.
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारतीय सेना का प्रत्येक सैनिक 'राष्ट्रधर्म' निभाता है, न कि किसी जाति या मजहब का प्रतिनिधि होता है."
विंग कमांडर व्योमिका सिंह, भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी और कर्नल सोफ़िया कु़रैशी के साथ 'ऑपरेशन सिंदूर' पर प्रेस वार्ता में शामिल होती थीं.
इससे पहले मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी जिसके बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर के आदेश दिए थे.
विजय शाह ने बाद में माफ़ी भी मांगी लेकिन उन पर एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है, जिसके ख़िलाफ़ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. आज शुक्रवार को इसपर सुनवाई होनी है.
नीरव मोदी की नई ज़मानत याचिका लंदन हाईकोर्ट ने की ख़ारिज
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएनबी घोटाले में मेहुल चोकसी के साथ उनके भांजे नीरव मोदी भी प्रमुख अभियुक्त हैं
लंदन की जेल में बंद हीरा कारोबारी नीरव मोदी की नई ज़मानत याचिका गुरुवार को लंदन हाईकोर्ट ने ख़ारिज कर दी.
नीरव मोदी पिछले छह साल से ब्रिटेन की जेल में बंद हैं और भारत भेजे जाने (प्रत्यर्पण) के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ रहे हैं.
उन पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है, जिसे उन्होंने अपने चाचा मेहुल चोकसी के साथ मिलकर अंजाम दिया था.
सीबीआई ने एक बयान में कहा, "नीरव दीपक मोदी की ओर से दायर की गई नई ज़मानत याचिका को लंदन की हाई कोर्ट ऑफ़ जस्टिस, किंग्स बेंच डिवीजन ने गुरुवार को ख़ारिज कर दिया."
नीरव मोदी को 19 मार्च, 2019 को लंदन में होबर्न के मेट्रो बैंक ब्रांच से गिरफ़्तार किया गया, जहाँ वो अपना बैंक अकाउंट खुलवाने गए थे.
साल 2018 की शुरुआत में पंजाब नेशनल बैंक में हज़ारों करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था. तब बैंक ने मेहुल चोकसी, नीरव मोदी समेत कई अन्य के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई थी.
इसराइली हवाई हमले में मरने वालों की संख्या हुई 114, नाकाबंदी के कारण हालात ख़राब
इमेज स्रोत, Abdalhkem Abu Riash/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली नाकाबंदी की वजह से ग़ज़ा में भुखमरी के हालात बन चुके हैं
ग़ज़ा में गुरुवार आधी रात से अब तक इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 114 लोग मारे गए हैं.
हमास-संचालित सिविल डिफ़ेंस एजेंसी और बचावकर्मियों ने इसकी जानकारी दी है.
इसराइल ने पिछले ढाई महीने से ग़ज़ा में राहत सामग्री के प्रवेश पर पाबंदी लगा रखी है.
यहां तक कि इसराइल ने ग़ज़ा में पत्रकारों की एंट्री पर भी रोक लगा रखी है.
ग़ज़ा की एक महिला ने बीबीसी से कहा कि बच्चे भूख से रोते हैं और उनकी मां इसलिए रोती हैं कि उनके पास उन्हें खिलाने के लिए कुछ भी नहीं है.
हालांकि इसराइली सरकार ने दावा किया है कि ग़ज़ा में खाने की कमी नहीं है.
इसराइल और हमास के बीच युद्ध सात अक्तूबर 2023 को शुरू हुआ था.
ग़ज़ा में युद्ध विराम का समझौता टूटने के बाद से इसराइल वहां कई हवाई हमले कर चुका है.
हमास-संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, सात अक्तूबर 2023 के बाद से ग़ज़ा में कम से कम 52,829 लोग मारे गए हैं.