ओम बिरला के फिर से स्पीकर चुने जाने पर क्या बोले पीएम मोदी?
ओम बिरला एक बार फिर से लोकसभा के स्पीकर चुन लिए गए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में ओम बिरला की तारीफ़ की.
पीएम ने कहा, ''ये सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार इस आसन पर विराजमान हो रहे हैं. आपको और इस पूरे सदन की तरफ़ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं. अमृतकाल के इस महत्वपूर्ण कालखंड में दूसरी बार इस पद पर विराजमान होना, आपको बहुत बड़ा दायित्व मिला है.''
पीएम मोदी ने क्या कुछ और कहा?
''आप आने वाले पांच साल हम सबका मार्गदर्शन करेंगे. हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और व्यवहार कुशल व्यक्ति सदृश होता है और आपको मीठी मुस्कान भी मिली हुई है.''
''18वीं लोकसभा में स्पीकर का कार्यभार दूसरी बार संभालना...ये अपने आप में एक नया रिकॉर्ड बनते हम देख रहे हैं. श्री बलराम जाखड़ पहले ऐसे अध्यक्ष थे जिन्हें पांच साल कार्यकाल पूरा कर के फिर दोबारा स्पीकर बनने का अवसर मिला था. उसके बाद आप हैं जिन्हें पांच साल पूरा करने के बाद दोबारा इस पद पर आसीन होने का अवसर मिला है.''
''गत 20 साल का एक ऐसा कालखंड रहा है कि ज्यादातर स्पीकर या तो दोबारा चुनाव नहीं लड़े या फिर जीतकर नहीं आए हैं. आप समझ सकते हैं कि स्पीकर का काम कितना है लेकिन आप जीतकर आए हैं, आपने नया इतिहास गढ़ा.''
''इस सदन के ज्यादातर सांसद आपको जानते हैं. लेकिन आप एक सांसद के नाते काम करते हैं, ये भी जानने योग्य है और बहुत कुछ सीखने योग्य है. मुझे विश्वास है कि आपकी कार्यशैली हमारे युवा सांसद और पहली बार चुनकर आए सांसदों को ज़रूर प्रेरणा देगी.''