You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी विपक्ष के नेता चुने गए, केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी

उन्होंने कहा कि सीपीपी के अध्यक्ष ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को चिट्ठी लिख कर बताया है कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता चुना गया है.

सारांश

  • लोकसभा स्पीकर पद के लिए एनडीए उम्मीदवार ओम बिरला और कांग्रेस उम्मीदवार के सुरेश के बीच चुनाव होगा
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में हाई कोर्ट से जमानत नहीं मिली
  • ब्रिटेन की जेल में 5 साल बिताने के बाद जूलियन असांज हुए रिहा, अमेरिका से हुई डील
  • अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई

लाइव कवरेज

मुकुन्द झा और प्रवीण

  1. टी-20 विश्व कप: सेमीफ़ाइनल में पहुंचने पर क्या बोले कप्तान रोहित शर्मा?

    आईसीसी टी-20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में टीम इंडिया ने जगह बना ली है. सुपर 8 के मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की की.

    सोमवार को खेले गए भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी जीत हासिल की. इस जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा आत्मविश्वास से भरे हुए नज़र आए.

    रोहित शर्मा ने मैच के बाद कहा, ''काफ़ी संतोषजनक है. हम ऑस्ट्रेलिया और उसके खतरनाक खेल को जानते हैं. बतौर एक टीम हमने अच्छा प्रदर्शन किया है, हमें जो करना था वो करते रहे. एक टीम के रूप में हमें अच्छा आत्मविश्वास मिला है.''

    ''200 एक अच्छा स्कोर है लेकिन जब आप इस जगह पर खेल रहे होते हैं तो हवा एक बड़ा फ़ैक्टर होता है और कुछ भी हो सकता है. लेकिन मुझे लगता है कि हम अच्छी तरह खेले.''

    रोहित ने कहा, ''....मेरे लिए 50 और 100 मायने नहीं रखते हैं. गेंदबाज़ों को दबाव में रखने की ज़रूरत होती है और उसके लिए बड़ा स्कोर करना होता है. मैंने फ़ील्ड की हर दिशा में खेलने की कोशिश की, सिर्फ़ एक साइड नहीं.''

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के सुपर 8 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 206 रनों का टारगेट सेट किया था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 181 रन ही बना सकी. भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने धुआंधार बल्लेबाज़ी की और 41 गेंदों पर 92 रन बनाए और प्लेयर ऑफ़ द मैच भी रहे.

    सेमीफ़ाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड के साथ होने वाला है.

  2. ब्रिटेन की जेल में 5 साल बिताने के बाद जूलियन असांज हुए रिहा, अमेरिका से हुई डील

    सालों चली कानूनी लड़ाई के बाद विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज ब्रिटेन की जेल से रिहा हो गए हैं. अमेरिकी प्रशासन के साथ समझौता होने के बाद जूलियन असांज को रिहा किया गया है.

    52 वर्षीय असांज पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज़ चुराने और सार्वजनिक करने के आरोप थे.

    अमेरिकी प्रशासन ने आरोप लगाए थे कि इराक और अफ़गानिस्तान से जुड़ी जो फ़ाइलें विकिलीक्स ने सार्वजनिक की थी उससे कई लोगों की ज़िंदगी खतरे में पड़ गई थी.

    जूलियन असांज बीते 5 सालों से ब्रिटेन की जेल में क़ैद थे और वो अंदर से अमेरिका में प्रत्यर्पित होने का केस लड़ रहे थे. अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, असांज अमेरिका में हिरासत में समय नहीं बिताने वाले हैं.

    अदालत की एक चिट्ठी के अनुसार- जूलियन ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर विकिलीक्स ने पोस्ट किया है, ''जूलियन असांज आज़ाद हैं. 1901 दिनों की कैद के बाद वो 24 जून की तड़के बेलमार्श की जेल से बाहर आए. लंदन की हाईकोर्ट से उन्हें ज़मानत मिली और स्टैंस्टेड एयरपोर्ट पर उन्हें रिहा किया गया जहां से उन्होंने यूके छोड़ा.''

    विकिलीक्स के मुताबिक जूलियन असांज की रिहाई वैश्विक कैंपेन, संयुक्त राष्ट्र में आवाज़ उठाने वाले नेताओं के प्रयास हैं.

    इसके बाद ही अमेरिका के साथ समझौता हो पाया, हालांकि अभी इस समझौते का ब्योरा विकिलीक्स के पास भी नहीं है.

    विकिलीक्स ने कहा, ''पांच साल तक 2*3 मीटर की सेल में हर रोज़ 23 घंटे बिताने के बाद वो अपनी पत्नी स्टेला असांज और अपने बच्चों से मिलेंगे, जिन्होंने उन्हें(असांज) को जेल में ही देखा.''

    जूलियन असांज ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ब्रिटेन को छोड़ दिया है. अमेरिका के साथ उनकी क्या डील हुई है, इसे लेकर अभी जानकारियां बाहर नहीं आई है.

  3. नमस्कार,

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    24 जून की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.