रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के बयानों के बाद ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बियों को तैनात करने का आदेश दिया
लाइव कवरेज
अंशुल सिंह, संदीप राय
यूपी के मंत्री ओपी राजभर बोले- 'बिहार में अकेले चुनाव लड़ेंगे अगर...'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ओम प्रकाश राजभर की पार्टी उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार में बीजेपी वाले एनडीए गठबंधन का हिस्सा है
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने पर बयान दिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "बिहार में हमारी प्राथमिकता है कि एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाए. लगभग 70 प्रतिशत बातचीत फ़ाइनल हो चुकी है, 30 प्रतिशत बची है."
राजभर ने आगे कहा, "हम लोग दूसरा ऑप्शन भी लेकर चल रहे हैं. अगर किन्हीं कारणों से गठबंधन में बात नहीं बनती है तो अकेले भी चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी हो रही है."
ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि एनडीए के अलावा अन्य दलों से भी बातचीत चल रही है.
राजभर ने बताया कि उनकी पार्टी बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 156 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है.
झारखंड: मंत्री रामदास सोरेन को सिर में लगी गंभीर चोट, एयरलिफ़्ट कर दिल्ली लाने की तैयारी
इमेज स्रोत, X/Dr. Irfan Ansari
इमेज कैप्शन, रामदास सोरेन घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार (2009, 2019 और 2024) विधायक चुने गए हैं.
झारखंड सरकार में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को एक हादसे में गंभीर चोट लगी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शनिवार को रामदास सोरेन अपने आवास में मौजूद बाथरूम में गिर गए थे और उनके सिर में गंभीर चोट आई है.
झारखंड की हेमंत सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने एक्स पर जानकारी दी, "झारखंड के शिक्षा मंत्री, हमारे बड़े भाई श्री रामदास सोरेन जी के अस्वस्थ होने की ख़बर बेहद चिंताजनक है. बाथरूम में गिरने से उन्हें ब्रेन में चोट लगी है और ब्लड क्लॉट हुआ है. उन्हें एयरलिफ़्ट कर दिल्ली के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है."
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े हैं और घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार (2009, 2019 और 2024) विधायक चुने गए हैं.
जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के ऑपरेशन में एक चरमपंथी की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय सेना ने कुलगाम में 'ऑपरेशन अखाल' शुरू किया है (सांकेतिक तस्वीर)
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन अखाल' के तहत एक चरमपंथी को मारने की बात कही है.
भारतीय सेना ने एक्स पर अपने बयान में कहा है, "कुलगाम में ऑपरेशन अखाल के दौरान रातभर रुक-रुक कर और तेज़ गोलीबारी होती रही. सतर्क जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेरा और मज़बूत किया और लगातार संपर्क बनाए रखा."
"अब तक सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार दिया है. ऑपरेशन अभी जारी है."
सेना की चिनार कोर के मुताबिक़, शुक्रवार शाम को कुलगाम ज़िले के अखाल इलाक़े में 'ऑपरेशन अखाल' की शुरुआत हुई थी.
भारत के रूसी तेल आयात रोकने वाले दावों पर ट्रंप बोले- 'अच्छा क़दम'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कुछ दिन पहले अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला किया था.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि भारत ने शायद अब रूस से तेल ख़रीदना बंद कर दिया है, अगर यह सही है तो यह एक 'अच्छा क़दम' है.
यह बयान उन्होंने तब दिया जब कुछ दिन पहले अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल और सैन्य उपकरण ख़रीदने पर भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ़ लगाने का फ़ैसला किया था.
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "मेरी समझ है कि भारत अब रूस से तेल नहीं ख़रीदेगा. ऐसा मैंने सुना है, पता नहीं यह सही है या नहीं. यह एक अच्छा क़दम है. अब देखना होगा कि आगे क्या होता है."
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से शुक्रवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में उन रिपोर्टों के बारे में पूछा गया था जिनमें दावा किया गया है कि भारतीय तेल कंपनियों ने पिछले सप्ताह रूस से तेल ख़रीदना बंद कर दिया है.
जायसवाल ने जवाब दिया, "हम अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की उपलब्धता और उस समय की वैश्विक स्थिति के आधार पर फ़ैसले लेते हैं. जहां तक आपके सवाल की बात है, मुझे इसकी जानकारी नहीं है. मेरे पास इससे संबंधित ब्योरा नहीं है."
इससे पहले ट्रंप और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यूक्रेन युद्ध को लेकर पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद भारत की ओर से रूसी तेल का आयात जारी रखने की आलोचना की थी.
शाहरुख़ ख़ान ने नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद भारत सरकार के लिए यह कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 'जवान' के लिए शाहरुख़ ख़ान को बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल का नेशनल अवॉर्ड मिला है.
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिलने के बाद अभिनेता शाहरुख़ ख़ान ने ज्यूरी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और भारत सरकार को धन्यवाद दिया है.
शुक्रवार को शाहरुख़ ख़ान ने शुक्रिया अदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है.
शाहरुख़ ख़ान ने कहा, "राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार सिर्फ़ एक उपलब्धि नहीं है. यह याद दिलाता है कि मैं जो करता हूं, उसकी अहमियत है. यह मुझे आगे बढ़ने, मेहनत करने और सिनेमा की सेवा करते रहने के लिए कहता है. यह अवॉर्ड मेरे लिए रिमांइडर है कि एक्टिंग सिर्फ़ काम नहीं एक ज़िम्मेदारी है. स्क्रीन पर सच दिखाने की ज़िम्मेदारी है."
साथ ही उन्होंने 'जवान' फ़िल्म के निर्देशक एटली समेत पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया.
इमेज स्रोत, Getty Images
शुक्रवार को 71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार 2023 की घोषणा हुई थी. बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल का अवॉर्ड इस बार दो अभिनेताओं को मिला. 'जवान' के लिए शाहरुख़ ख़ान और '12वीं फ़ेल' के लिए विक्रांत मैसी को यह अवॉर्ड मिला.
फ़ीचर फ़िल्म कैटेगरी में हिंदी फ़िल्म '12वीं फ़ेल' को बेस्ट फ़िल्म का ख़िताब मिला.
बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड 'मिसेज़ चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' में दमदार अभिनय के लिए रानी मुखर्जी को मिला.
डायरेक्शन के लिए 'द केरल स्टोरी' के डायरेक्टर सुदीप्तो सेन को नेशनल अवॉर्ड मिला.
मनोरंजक लोकप्रिय फ़िल्मों (अवॉर्ड फॉर बेस्ट पॉपुलर फ़िल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट) की कैटेगरी में 'रॉकी रानी की प्रेम कहानी' को अवॉर्ड मिला, जिसका डायरेक्शन करण जौहर ने किया है. इस फ़िल्म के निर्माता धर्मा प्रोडक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड हैं.
रूस के पूर्व राष्ट्रपति के बयानों के बाद ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बियां तैनात करने की घोषणा की, जारोस्लाव लुकिव, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु पनडुब्बी के फ़ैसले को एहतियातन उठाया गया क़दम बताया है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने दो परमाणु पनडुब्बियों को 'उचित जगहों पर तैनात करने' का आदेश दिया है. यह क़दम उन्होंने रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के 'भड़काऊ' बयानों के जवाब में उठाया है.
शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने लिखा, "रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान में रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव के बेहद भड़काऊ बयानों के आधार पर, मैंने दो परमाणु पनडुब्बियों को उचित जगहों पर तैनात करने का आदेश दिया है."
ट्रंप ने कहा, "ऐसा एहतियातन किया है, क्योंकि हो सकता है कि ये ग़ैर-ज़िम्मेदार और भड़काऊ बयान सिर्फ़ शब्दों तक सीमित न हों. शब्द बहुत मायने रखते हैं और कई बार अनचाहे नतीजों तक पहुंचा सकते हैं. उम्मीद है इस बार ऐसा नहीं होगा."
ट्रंप ने यह नहीं बताया कि पनडुब्बियां कहां तैनात की गई हैं. यह जानकारी अमेरिकी सेना के प्रोटोकॉल के तहत गोपनीय रखी जाती है.
हाल ही में मेदवेदेव ने ट्रंप की उन चेतावनियों के बाद अमेरिका को धमकी दी थी, जिनमें उन्होंने रूस से यूक्रेन में युद्धविराम के लिए कहा था और ऐसा न होने पर सख्त प्रतिबंध लगाने की बात कही थी.
रूस ने इस मुद्दे पर अब तक कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन ट्रंप के बयान के बाद रूस के शेयर बाज़ार में भारी गिरावट आई.
2008 से 2012 तक रूस के राष्ट्रपति रहे मेदवेदेव ने इस हफ़्ते की शुरुआत में ट्रंप पर 'रूस के साथ अल्टीमेटम का खेल खेलने' का आरोप लगाया.
एक्स पर मेदवेदेव ने लिखा, "हर नया अल्टीमेटम एक धमकी है और युद्ध की ओर बढ़ने का एक क़दम है."
जुलाई की शुरुआत में उन्होंने ट्रंप के अल्टीमेटम को 'नाटकीय' क़रार देते हुए कहा था कि 'रूस को इसकी परवाह नहीं है.'
शुक्रवार को ट्रंप ने मेदवेदेव के बयानों पर फिर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मेदवेदेव को 'रूस के नाकाम पूर्व राष्ट्रपति, जो ख़ुद को अब भी राष्ट्रपति समझते हैं' बताया.
ट्रंप ने मेदवेदेव को 'अपने शब्दों पर ध्यान देने' की चेतावनी देते हुए कहा, "वह (मेदवेदेव) बहुत ख़तरनाक रास्ते पर बढ़ रहे हैं."
मेदवेदेव रूस के साल 2022 में शुरू हुए यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले का समर्थन करते हैं और पश्चिमी देशों के कड़े आलोचक हैं.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
मैं बीबीसी संवाददाता अंशुल सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.