सात अगस्त से लागू होंगे ट्रंप के नए टैरिफ़, कई देशों में शेयर बाज़ार गिरे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापार समझौता करने की एक अगस्त की समय सीमा समाप्त होने के बाद 90 से अधिक देशों पर सात अगस्त से नया टैरिफ़ लगाने की घोषणा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. व्हाइट हाउस ने कहा- ट्रंप ने ख़त्म कराए छह संघर्ष, आ गया नोबेल शांति पुरस्कार देने का समय

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने का समय आ गया है.

    कैरोलिन लेविट का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने छह संघर्षों को ख़त्म कराया है, जिनमें इसराइल-ईरान और भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष भी शामिल हैं.

    प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान उन्होंने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप ने अब थाईलैंड और कंबोडिया, इसराइल और ईरान, रवांडा और रिपब्लिक ऑफ़ कांगो, भारत-पाकिस्तान, सर्बिया और कोसोवो, मिस्र और इथियोपिया के बीच संघर्षों को ख़त्म किया है."

    कैरोलिन लेविट ने कहा, "इसका मतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने छह महीने के कार्यकाल में औसतन हर महीने एक शांति समझौता या संघर्षविराम कराया है."

    उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार दिया जाए."

    इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू भी राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने की सिफ़ारिश कर चुके हैं.

  2. अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का बयान- 'ट्रेड टीम भारत से थोड़ी निराश है'

    अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ की घोषणा के बारे में अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने प्रतिक्रिया दी है

    अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूरी ट्रेड टीम भारत के साथ व्यापार वार्ता को लेकर थोड़ी 'निराश' हो गई है.

    वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का बयान ऐसे समय आया है जब बुधवार को ट्रंप ने घोषणा की थी कि एक अगस्त से भारत से अमेरिका आने वाले सभी सामानों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगेगा.

    स्कॉट बेसेंट ने सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मुझे नहीं पता आगे क्या होगा. ये भारत पर निर्भर करता है."

    उन्होंने कहा, "भारत शुरू में बातचीत की मेज़ पर आया था, लेकिन उसके बाद उसने चीज़ों को बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ाया."

    वित्त मंत्री ने कहा, "मुझे लगता है कि राष्ट्रपति और पूरी ट्रेड टीम भारत से थोड़ी निराश है. इसके अलावा, भारत रूस से प्रतिबंधित तेल का एक बड़ा खरीदार रहा है, जिसे वे फिर रिफ़ाइन करके बेचते हैं."

    इससे पहले गुरुवार को लोकसभा में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने 25 फ़ीसदी टैरिफ़ को लेकर कहा था, "अमेरिका के इस क़दम से होने वाले असर का आकलन किया जा रहा है."

  3. राष्ट्रपति ट्रंप ने अब कनाडा समेत कई देशों पर किया टैरिफ़ लगाने का एलान

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत अब कनाडा पर 25 फ़ीसदी से बढ़ाकर 35 फ़ीसदी टैरिफ़ कर दिया गया है.

    साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से ट्रेड डील के लिए तय की गई समय सीमा के कुछ घंटे पहले ही व्हाइट हाउस ने दर्जनों देशों के लिए नई टैरिफ़ दरें जारी की हैं. ये दरें सात दिनों में लागू हो जाएंगी.

    इससे पहले गुरुवार को राष्ट्रप​ति ट्रंप ने मेक्सिको पर टैरिफ़ लगाने की समय सीमा को 90 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है.

    वहीं बुधवार को ट्रंप ने घोषणा की कि एक अगस्त से भारत से अमेरिका आने वाले सभी सामानों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगेगा.

    साथ ही उन्होंने रूस से हथियार और तेल ख़रीदने को लेकर भारत के ख़िलाफ़ अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की भी बात कही है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को भारत समेत दुनिया के 100 देशों पर टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी.

    डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अगर कोई देश अमेरिकी सामान पर ज़्यादा आयात शुल्क लगाता है, तो अमेरिका भी उस देश से आने वाली चीज़ों पर ज़्यादा टैरिफ़ लगाएगा. ट्रंप ने इसे 'रेसिप्रोकल टैरिफ़' कहा है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.