कर्नाटक: विकलांग बच्चों को स्कूल में बेल्ट से पीटने के मामले में चार गिरफ़्तार

कर्नाटक के बागलकोट में विकलांग बच्चों के एक बोर्डिंग स्कूल के चार लोगों को स्कूल के विद्यार्थियों को बेल्ट से पीटने के आरोप में पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. बांग्लादेश: छात्र नेता उस्मान हादी को जहां दफ़नाया जाएगा, वह जगह क्यों ख़ास है?

    इंक़लाब मंच के प्रवक्ता हादी

    इमेज स्रोत, Osman Hadi/FB

    इमेज कैप्शन, इंक़लाब मंच के प्रवक्ता हादी को पिछले शुक्रवार ढाका में बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने सिर में गोली मार दी थी

    ढाका विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बांग्लादेश में इंकलाब मंच के 32 वर्षीय छात्र नेता शरीफ़ उस्मान हादी के शव को ढाका विश्वविद्यालय में राष्ट्रकवि काज़ी नज़रुल इस्लाम की क़ब्र के पास दफ़नाया जाएगा.

    विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉक्टर सैफु़द्दीन अहमद ने बताया कि यह फ़ैसला शुक्रवार रात ढाका विश्वविद्यालय सिंडिकेट की एक आपातकालीन ऑनलाइन बैठक में लिया गया.

    उन्होंने बीबीसी बांग्ला को बताया कि विश्वविद्यालय अधिकारियों ने उस्मान हादी के परिवार के अनुरोध और सरकार के कैबिनेट विभाग और ढाका विश्वविद्यालय छात्र संघ के एक पत्र के मद्देनजर यह फ़ैसला लिया है.

    प्रॉक्टर ने बताया कि नज़रुल इस्लाम को ढाका विश्वविद्यालय की केंद्रीय मस्जिद के बगल में दफ़नाया गया है. उनके अलावा, परिसर में कई शिक्षकों और बुद्धिजीवियों की कब्रें भी मौजूद हैं.

    उस्मान हादी का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम बांग्लादेश बिमान की फ़्लाइट से सिंगापुर से हज़रत शाह जलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा था.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, शरीफ़ उस्मान हादी की जनाजे़ की नमाज़ शनिवार को दोपहर 2 बजे संसद भवन के साउथ प्लाज़ा में अदा की जाएगी.

    पिछले साल शेख़ हसीना के ख़िलाफ़ छात्र आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले इंक़लाब मंच के हादी उस्मान को पिछले हफ़्ते गोली मार दी गई थी और इस हफ़्ते गुरुवार को उनकी मौत हो गई.

    इसके बाद ढाका में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए. गुरुवार को दो अख़बारों प्रथम आलो और डेली स्टार के दफ़्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई.

    ये भी पढ़ें:

  2. जानिए अब तक की 5 बड़ी ख़बरें, बस एक क्लिक में

    क्या आप अभी-अभी बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज से जुड़े हैं?

    अगर हाँ, तो देश-दुनिया की हलचल से अपडेट होने के लिए बस एक क्लिक करें.

    नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें और जानें आज सुबह से अब तक की 5 बड़ी ख़बरें.

  3. असम: हाथियों के टक्कर से रेल हादसा, कुछ हाथी मारे गए

    सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यह रेल हादसा सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से हाथियों के एक झुंड के टकराने से हुआ

    असम के होजाई ज़िले में शनिवार तड़के हाथियों के टक्कर से एक रेल हादसा हो गया. ट्रेन के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस घटना में आठ हाथी मारे गए और एक हाथी घायल हो गया.

    रेलवे ने दावा किया है कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.

    नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफ़आर) के प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में ट्रेन के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

    एनएफ़आर की ओर से जारी बयान में कहा गया, "यह घटना ऐसे इलाके़ में हुई, जो हाथियों के लिए चिह्नित कॉरिडोर नहीं है."

    "लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाए. हालांकि इसके बावजूद हाथी ट्रेन से टकरा गए."

    प्रवक्ता के मुताबिक़, नई दिल्ली जा रही यह ट्रेन रात क़रीब 2.17 बजे हादसे का शिकार हुई.

  4. पुतिन ने किससे इज़्ज़त के साथ पेश आने की बात कही?

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सालाना प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कई सवालों के जवाब दिए

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि अगर रूस से इज़्ज़त के साथ पेश आया जाए तो यूक्रेन के बाद कोई और युद्ध नहीं होगा.

    साथ ही उन्होंने उन दावों को 'बेतुका' बताते हुए ख़ारिज कर दिया कि रूस यूरोपीय देशों पर हमला करने की योजना बना रहा है.

    लगभग साढ़े चार घंटे तक चले एक टीवी कार्यक्रम में बीबीसी के रूस संपादक स्टीव रोसेनबर्ग ने पुतिन से पूछा कि क्या आगे कोई नई 'स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन' होगी.

    इस पर पुतिन ने कहा, "अगर आप हमारे साथ इज़्ज़त से पेश आते हैं और हमारे हितों का सम्मान करते हैं, जैसे हमने हमेशा आपके हितों का सम्मान करने की कोशिश की है, तो कोई और सैन्य कार्रवाई नहीं होगी."

    इस महीने की शुरुआत में पुतिन ने कहा था कि रूस यूरोप के साथ युद्ध की योजना नहीं बना रहा है, लेकिन अगर यूरोपीय देश चाहें तो रूस 'अभी' इसके लिए तैयार है.

    रूस ने फ़रवरी 2022 में यूक्रेन पर पूरी ताक़त से हमला शुरू किया था और अब यूक्रेनी क्षेत्र के कुछ हिस्से पर उसका नियंत्रण है.

    पुतिन का बयान
  5. सूर्यकुमार यादव ने अपने ख़राब फ़ॉर्म पर तोड़ी चुप्पी

    कप्तान सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान सूर्यकुमार यादव कई महीनों से ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे हैं

    भारत के टी-20 फॉर्मैट के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने ख़राब फ़ॉर्म पर चुप्पी तोड़ी है.

    शुक्रवार को अहमदाबाद में भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए पांचवें टी20 मैच के बाद प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी में सूर्यकुमार यादव ने यह बात माना कि 'बल्लेबाज़ सूर्य' इस समय नज़र नहीं आ रहे हैं.

    पिछले कुछ महीनों से ख़राब फ़ॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में चार पारियों में सिर्फ़ 34 रन ही बना सके.

    सिरीज़ के आख़िरी मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "यह एक अच्छी और चुनौतीपूर्ण सिरीज़ थी. हमने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की."

    उन्होंने अपने फ़ॉर्म पर कहा, "बस एक ही बात रही कि हम बल्लेबाज़ सूर्य को ढूंढ नहीं पाए. मुझे लगता है वो कहीं गुम हो गए हैं. लेकिन वो ज़ोरदार वापसी करेंगे."

    साथ ही उनका कहना था कि कप्तान के तौर पर सिरीज़ जिस तरह गुज़रा वह उससे 'बहुत ख़ुश' हैं.

    शुक्रवार को भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए पांचवें टी20 मैच में भारत ने 30 रनों से जीत दर्ज की.

    इस जीत के साथ भारत ने इस सिरीज़ को 3-1 से अपने नाम कर लिया.

    बयान
  6. अमेरिका ने पाकिस्तान का किस बात पर आभार जताया?

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्रो रूबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान की ओर से की गई पेशकश के लिए आभार जताया है

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को पुष्टि की है कि पाकिस्तान ने ग़ज़ा में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेबलाइज़ेशन फ़ोर्स (आईएसएफ़) के लिए सैनिक भेजने की पेशकश की है.

    यह पेशकश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20 सूत्रीय शांति योजना के तहत की गई है, जिसका मक़सद संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में शांति बहाल करना है.

    पाकिस्तान की भागीदारी पर पूछे गए सवाल के जवाब में रुबियो ने कहा, "हम पाकिस्तान की इस पेशकश के लिए आभारी हैं, या कम से कम इस बात के लिए कि उसने इसमें शामिल होने पर विचार करने की पेशकश की है. मुझे लगता है कि किसी से पक्की प्रतिबद्धता मांगने से पहले हमें उन्हें कुछ और जवाब देने होंगे."

    रुबियो ने कहा कि कई देशों ने ग़ज़ा में शांति बहाल के लिए इस स्टेबलाइज़ेशन फ़ोर्स में योगदान देने की इच्छा जताई है.

    इस बीच, पाकिस्तान ने कहा है कि उसने अभी तक ग़ज़ा के लिए प्रस्तावित आईएसएफ़ में सैनिक भेजने का कोई फ़ैसला नहीं किया है.

    गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने यह जानकारी दी.

    आईएसएफ़ ट्रंप की 20 सूत्रीय योजना का एक अहम हिस्सा है, जिसकी मदद से इसी साल अक्तूबर में इसराइल और हमास के बीच संघर्षविराम संभव हो पाया था.

  7. बांग्लादेश में हिन्दू युवक की लिंचिंग पर प्रियंका गांधी ने भारत सरकार से क्या कहा?

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी एक सभा में भाषण देते हुए (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर प्रतिक्रिया दी है

    बांग्लादेश में धर्म का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने गुरुवार को एक हिन्दू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.

    इसे लेकर भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने भारत सरकार से संज्ञान लेने की मांग की है.

    उन्होंने इस घटना पर दुख जताया और इसे मानवता के ख़िलाफ़ अपराध बताया.

    कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बांग्लादेश में हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार अत्यंत चिंताजनक है."

    उन्होंने कहा, "किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के ख़िलाफ़ अपराध है."

    प्रियंका गांधी का कहना है कि पड़ोसी देश में 'हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ बढ़ती हिंसा' को लेकर भारत सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए.

    साथ ही कांग्रेस सांसद ने भारत सरकार से बांग्लादेश सरकार के समक्ष अल्पसंख्यकों के सुरक्षा का मुद्दा मज़बूती से उठाने की बात कही है.

    क्या है पूरा मामला?

    बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले के भालुका में धर्म का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने एक हिन्दू युवक को पीट-पीटकर मार डाला.

    पुलिस ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि यह घटना गुरुवार रात भालुका उपजिला के दुबालिया पाड़ा में हुई.

    भालुका पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर रिपन मिया ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि युवक को पीट-पीटकर मार डालने के बाद उसके शव को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई. पुलिस ने मृतक युवक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की है.

  8. अमेरिका ने सीरिया में आईएस के ठिकानों पर किया हमला

    अमेरिकी विमान

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, पीट हेगसेथ ने कहा कि यह किसी युद्ध की शुरुआत नहीं है

    अमेरिका ने कहा है कि उसकी सेना ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के ख़िलाफ़ 'बड़ा सैन्य हमला' किया है.

    यह कार्रवाई वहां तैनात अमेरिकी बलों पर हुए एक घातक हमले के जवाब में की गई है.

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि 'ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक' का मक़सद आईएस के लड़ाकों, उनके ढांचे और हथियारों के ठिकानों को नष्ट करना था.

    अमेरिकी अधिकारियों ने बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि इस हमले में लड़ाकू विमान, हमला करने वाला हेलिकॉप्टर और तोपख़ाने का इस्तेमाल किया गया. मध्य सीरिया में कई ठिकानों को निशाना बनाया गया.

    अमेरिका का कहना है कि उसके इस हमले में जॉर्डन के विमान भी शामिल थे.

    बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका आईएस के गढ़ों पर 'बहुत ज़ोरदार हमला' कर रहा है.

    यह कार्रवाई 13 दिसंबर को सीरियाई शहर पॉलमायरा में हुए आईएस के हमले के बाद की गई है, जिसमें दो अमेरिकी सैनिक और एक अमेरिकी नागरिक इंटरप्रेटर (अनुवादक) मारे गए थे.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज पर मौजूद ज़रूरी ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    बांग्लादेश में चीन-पाकिस्तान के बढ़ते कदम और भारत संग रिश्तों पर संसदीय समिति की रिपोर्ट में इन चुनौतियों का ज़िक्र

    बांग्लादेश के मीडिया को प्रदर्शनकारियों ने कैसे और क्यों निशाने पर लिया

    भीख मांगने का इल्ज़ाम और उमरे के नाम पर यात्रा: इस साल हज़ारों पाकिस्तानियों को डिपोर्ट क्यों किया गया?

    पाकिस्तान का कबड्डी प्लेयर 'भारत' की तरफ़ से खेला और झंडा भी लहराया, अब करियर पर लटकी तलवार