यूक्रेन का दावा- रूस के बड़े हवाई हमले में तीन लोगों की मौत

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह 'बड़ा हमला' ख़ास हथियारों से किया गया और इसके निशाने पर सैन्य गतिविधियों से जुड़े ठिकाने थे.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अंशुल सिंह

  1. ट्रंप के दबाव के बाद अमेरिका के एक सरकारी वकील ने दिया इस्तीफ़ा

    एरिक सीबर्ट

    इमेज स्रोत, US Department of Justice

    इमेज कैप्शन, एरिक सीबर्ट को लेकर ट्रंप ने शुक्रवार को एक बयान दिया था

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद एक सरकारी वकील ने इस्तीफ़ा दे दिया है. वह व्हाइट हाउस के एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के ख़िलाफ़ आरोपों की जांच कर रहे थे.

    ट्रंप प्रशासन ने न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स पर बेहतर मॉर्गेज डील हासिल करने के लिए रिकॉर्ड में हेराफेरी का आरोप लगाया है. वहीं, प्रॉसिक्यूटर एरिक सीबर्ट ने कथित तौर पर इस मामले पर संदेह जताया है.

    यह इस्तीफ़ा लेटिटिया जेम्स के ख़िलाफ़ जांच में क्रिमिनल चार्जेस नहीं लगाए जाने के बाद आया है.

    एरिक सीबर्ट को लेकर ट्रंप ने शुक्रवार को एक बयान दिया था, इसके थोड़ी देर बाद ही एरिक ने कर्मचारियों को बताया कि वह इस्तीफ़ा दे देंगे.

    ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था, "मैं उन्हें (एरिक) बाहर करना चाहता हूं."

    लेटिटिया जेम्स एक डेमोक्रेट हैं. उन्होंने 2023 में ट्रंप के ख़िलाफ़ धोखाधड़ी का एक मुक़दमा जीता था. जेम्स ने अपने ऊपर लगे आरोपों को "निराधार" और "बदले से प्रेरित" बताया था.

  2. फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने पर रूस की निंदा की

    इमैनुएल मैक्रों

    इमेज स्रोत, THIBAUD MORITZ/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, मैक्रों ने एस्टोनिया के प्रशासन का समर्थन किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में रूसी विमानों के घुसपैठ की निंदा की है. उन्होंने इसे 'उकसाने वाला' क़दम बताया है.

    राष्ट्रपति मैक्रों ने एक्स पर लिखा, "मैं एस्टोनिया में रूसी विमानों के घुसपैठ की कड़ी निंदा करता हूं. यह रूस की लगातार उकसाने वाली और ग़ैर-ज़िम्मेदाराना कार्रवाइयों की एक और कड़ी है."

    उन्होंने कहा, "मैं एस्टोनिया के प्रशासन को अपना पूरा समर्थन देता हूं. इन बार-बार होने वाले उल्लंघनों के जवाब में सुरक्षा का रुख़ अपनाया जाएगा."

    एस्टोनिया के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, शुक्रवार को तीन रूसी मिग-31 लड़ाकू विमान बिना अनुमति के एस्टोनिया की हवाई सीमा में दाख़िल हुए और फ़िनलैंड की खाड़ी के ऊपर कुल 12 मिनट तक उड़ते रहे.

    इसके जवाब में नेटो ने कार्रवाई की. नेटो ने बताया कि एस्टोनिया की हवाई सीमा का उल्लंघन करने वाले तीन रूसी लड़ाकू विमानों को इंटरसेप्ट किया गया.

    एस्टोनिया ने इस घुसपैठ की निंदा करते हुए इसे दुस्साहसपूर्ण कार्रवाई कहा.

  3. अमेरिकी कमेटी ने वयस्कों के लिए कोविड-19 वैक्सीन के ख़िलाफ़ वोट किया, अली अब्बास अहमदी, बीबीसी न्यूज़

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एडवाइज़री कमेटी ऑन इम्युनाइज़ेशन प्रैक्टिसेज़ (एसीआईपी), अमेरिका में वैक्सीन के इस्तेमाल पर सिफ़ारिशें करती है

    अमेरिका की एक अहम वैक्सीन एडवाइज़री कमेटी ने सभी वयस्कों को कोविड-19 वैक्सीन लेने की सिफ़ारिश नहीं करने को लेकर वोट किया है.

    यह वैक्सीन महामारी के बाद से अब तक ज़्यादातर लोगों के लिए सालाना तौर पर लेने के लिए आधिकारिक रूप से मंज़ूर थी.

    एडवाइज़री कमेटी ऑन इम्युनाइज़ेशन प्रैक्टिसेज़ (एसीआईपी) ने भी कोविड वैक्सीन की सलाह देने के ख़िलाफ़ मामूली अंतर से वोट किया.

    दो दिन की बैठकों में एसीआईपी ने खसरा, मम्प्स, रूबेला और चिकनपॉक्स (एमएमआरपी) के संयुक्त टीके पर अपनी सिफ़ारिशें बदलीं और हेपेटाइटिस बी वैक्सीन पर मतदान को टाल दिया.

    अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ़ केनेडी जूनियर ने जून में कमेटी के सभी 17 सदस्यों को बर्ख़ास्त कर उनकी जगह पर नए लोगों को नियुक्त किया था. इस फ़ैसले से स्वास्थ्य कर्मचारियों के बीच नाराज़गी फैल गई. रॉबर्ट एफ़ केनेडी जूनियर को वैक्सीन को लेकर संदेह है.

    पैनल ने शुक्रवार को कोविड-19 वैक्सीन पर चर्चा की. पिछले कई सालों से फ़्लू वैक्सीन की तरह ही इसकी भी नियमित तौर पर सिफ़ारिश की जाती रही है.

    एसीआईपी ने अब वैक्सीन की व्यापक सिफ़ारिश को समाप्त करने के लिए मतदान किया है. 65 साल से ऊपर के लोगों के लिए भी यह सिफ़ारिश की गई है. हालांकि, पैनल ने कहा है कि लोग अपने डॉक्टर से सलाह लेकर वैक्सीन पर ख़ुद फ़ैसला कर सकते हैं.

    इससे पहले मई में स्वस्थ गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए कोविड-19 वैक्सीन की सिफ़ारिश पहले ही बंद कर दी गई थी.

  4. नेपाल के हालात पर भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइज़री

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और नेपाल के बीच आवागमन और वहां के ताज़ा हालात को लेकर भारतीय दूतावास ने एडवाइज़री जारी की है.

    नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा, "बीते कुछ हफ़्तों की तुलना में नेपाल में स्थिति सुधरी है. सड़क के ज़रिए आवागमन और फ़्लाइट नियमित तौर पर चल रही हैं."

    "फिर भी, नेपाल की यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने और भारतीय दूतावास या स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइज़री का पालन करने की सलाह दी जाती है."

    भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, इमर्जेंसी नंबर और ईमेल भी जारी किया है और ज़रूरत पड़ने पर दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी है.

    एडवाइज़री

    इमेज स्रोत, X/@IndiaInNepal

    बीते दिनों नेपाल में सोशल मीडिया बैन के बाद हुए 'जेन ज़ी' आंदोलन में हिंसा हुई थी. विरोध को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी ओली ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    युवाओं की भीड़ ने प्रदर्शन के दौरान संसद समेत कई सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया था.

    आंदोलन के बाद नेपाल में अंतरिम सरकार का गठन हुआ है और सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री चुना गया है. इसके साथ ही नेपाल में चुनाव का एलान भी हो गया है.

    संबंधित कहानियां:

  5. एशिया कप: भारत 21 रन से जीता, ओमान की हो रही तारीफ़

    सूर्यकुमार यादव और जतिंदर सिंह

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी थी

    एशिया कप 2025 के एक लीग मुक़ाबले में भारत ने ओमान को 21 रनों से हरा दिया है. 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम ने 20 ओवरों में 167 रन बनाए.

    इस दौरान ओमान ने महज़ चार विकेट ही गंवाए. इस मैच में भारत ने अपने आठ गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया.

    भारत के ख़िलाफ़ ओमान के इस प्रदर्शन की काफ़ी तारीफ़ हो रही है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने मैच के बाद एक्स पर लिखा, "डियर ओमान क्रिकेट अच्छा खेला."

    क्रिकेट फैन्स भी सोशल मीडिया पर ओमान के खेल की तारीफ़ कर रहे हैं.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 188 रन बनाए. विकेट कीपर संजू सैमसन ने अर्धशतकीय (56) पारी खेली. वहीं, ओपनर अभिषेक शर्मा ने तूफ़ानी अंदाज़ में 15 गेंदों पर 38 रन बनाए.

    इन दोनों बल्लेबाज़ों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज़ 30 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सका.

    वहीं, ओमान की ओर से दो बल्लेबाज़ों- आमिर कलीम (64) और हम्माद मिर्ज़ा (51) ने अर्धशतकीय पारी खेली. ओमान का पहला विकेट 56 रन पर, जबकि दूसरा विकेट 149 रन पर गिरा.

    आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग के मुताबिक़, भारत नंबर वन टीम है. जबकि, ओमान 20वें पायदान पर है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.