इसराइल का ग़ज़ा पर बड़ा हमला, हमास का दावा- 100 से ज़्यादा लोग मारे गए, रुश्दी अबुलौफ़ और जॉर्ज राइट, बीबीसी न्यूज़
इसराइली सेना ने कहा कि वह ग़ज़ा पट्टी पर बड़े हमले कर रही है. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इस हमले में कम से कम 130 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.
इससे पहले इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा था कि वह हमास के ‘आतंकी ठिकानों’ को निशाना बना रही है.
इसी हमले में ग़ज़ा के आंतरिक मामलों के उप मंत्री और हमास के एक बड़े सैन्य कमांडर महमूद अबू वफ़ाह के मारे जाने की ख़बर है.
ग़ज़ा में 19 जनवरी से शुरू हुए युद्ध विराम के बाद से अब तक का यह सबसे बड़ा हमला है. चश्मदीदों ने बताया कि ग़ज़ा में हमलों की शुरुआत उस वक़्त हुई, जब लोग खाना खा रहे थे.
उन्होंने बताया कि आसमान में 20 से ज़्यादा इसराइली लड़ाकू विमान दिखाई दिए. कुछ ही देर में उन लड़ाकू विमानों ने ग़ज़ा शहर, रफ़ाह और ख़ान यूनिस पर हमला करना शुरू कर दिया.
इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी किए गए बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने मंगलवार सुबह ग़ज़ा पट्टी पर हमलों का आदेश दिया.
इस बयान में कहा गया, “यह हमला हमास द्वारा हमारे बंधकों को रिहा करने से लगातार इनकार करने और अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि विट कॉफ़ और अन्य मध्यस्थों द्वारा दिए गए प्रस्तावों को ख़ारिज करने के बाद किया गया है.”