ट्रंप और पुतिन के बीच होने वाली बातचीत पर रूस ने ये बताया, यूक्रेन ने रखी तीन शर्तें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मंगलवार को बातचीत होनी है.
इस बातचीत से पहले रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि बातचीत के मुद्दे तय किए जा रहे हैं.
रूसी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ और अलग-अलग स्तर पर हुई बातचीत भी ट्रंप-पुतिन बातचीत के एजेंडे में शामिल है.
पेस्कोव ने कहा है, "सारे मुद्दे बातचीत के एजेंडे में रहेंगे लेकिन ज़ाहिर तौर पर इसमें मुख्य रूप से यूक्रेन का मुद्दा शामिल होगा. इस सब बातों को राष्ट्रपति के लिए तैयार किया जाएगा."
इस बीच यूक्रेन के विदेश मामलों की संसदीय समीति के अध्यक्ष ओलेक्ज़ेंद्र मेरज़को ने बीबीसी लिस्निंग कार्यक्रम में यूक्रेन के संबंध में तीन शर्तों का ज़िक्र किया है.
उन्होंने कहा है कि यूक्रेन अपनी सीमा से जुड़ी कोई भी छूट देने को तैयार नहीं है और इसपर यूक्रेन कोई बातचीत नहीं करेगा.
इसके अलावा उन्होंने कहा है, " अंतरराष्ट्रीय संगठनों ख़ासकर नेटो की सदस्यता के बारे में यूक्रेन के लिए पुतिन को कोई फ़ैसला नहीं करना चाहिए."
उन्होंने कहा, "हम अपनी रक्षा क्षमता को लेकर पुतिन की किसी सलाह पर राज़ी नहीं हो सकते. "