You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मैरी कॉम ने कहा- बीबीसी ISWOTY का हिस्सा बनना गर्व की बात

बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर के मौके पर ओलंपियन मैरी कॉम ने कहा कि इसका हिस्सा बनना गर्व की बात है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और अश्वनी पासवान

  1. बीजेपी प्रवक्ता ने चीन के बहाने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को क्यों घेरा?

    कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा, "मैं नहीं जानता हूं कि चीन से (भारत को) क्या ख़तरा है. मुझे लगता है कि समय-समय पर यह बात उठती रहती है, क्योंकि अमेरिका की आदत है दुश्मन को परिभाषित करने की."

    इस बात को लेकर अब राजनीति गरमा रही है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस मामले में राहुल गांधी पर निशाना साधा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, “सैम पित्रोदा का बयान यह स्पष्ट करता है कि राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस, डीप स्टेट और चीन के एजेंट के रूप में काम करते हैं.”

    बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, “राहुल गांधी ने पार्लियामेंट के अंदर स्पीच में 34 बार चीन का ज़िक्र किया. इतनी बार उन्होंने भारत का ज़िक्र नहीं किया. डोकलाम के वक़्त वो चोरी-चोरी चाइनीज़ राजदूत से मिल रहे थे.”

    भंडारी ने कहा, “सैम पित्रोदा ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब राहुल गांधी को भारत और चीन में से किसी को चुनना होगा, तो वह चीन को चुनेंगे. राहुल गांधी का हर कदम यह बताता है कि वो जॉर्ज सोरोस, डीप स्टेट और चीन का रिमोट कंट्रोल हैं.”

  2. रूस- यूक्रेन जंग: अमेरिका और रूस के बीच कब शुरू होगी बातचीत?

    अमेरिका और रूस के बीच यूक्रेन में जारी जंग को ख़त्म करने के लिए शांति वार्ता शुरू होने वाली है.

    मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि दोनों देशों के बीच यह बातचीत मंगलवार को शुरू होगी.

    कहा जा रहा है कि अमेरिका और रूस के नेताओं के बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मुलाक़ात होने वाली है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो, मध्य पूर्व के विशेष राजदूत स्टीव विटकॉफ़ और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइज़र माइक वॉल्ट्ज़ सऊदी अरब की यात्रा पर हैं.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी उम्मीद जता चुके हैं कि राष्ट्रपति पुतिन से उनकी मुलाक़ात ‘बहुत जल्द’ हो सकती है.

    हालांकि, इस बातचीत में यूक्रेन को आमंत्रित नहीं किया गया है. इसने यूरोपियन नेताओं को शंका में डाल दिया है.

    दरअसल, पिछले दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध ख़त्म करने को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बात की थी.

    इसके बाद उन्होंने कहा था कि चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए वो दोनों जल्द मुलाक़ात करेंगे. इसके बाद यूक्रेन और युद्ध को लेकर चर्चा तेज़ हो गई है.

    हालांकि, ट्रंप और पुतिन की इस बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनका देश "युद्ध ख़त्म करने से जुड़े ऐसे किसी समझौते को नहीं मानेगा जिसमें वो शामिल न हो."

  3. दिल्ली: मुख्यमंत्री के चुनाव पर 'आप' प्रवक्ता ने बीजेपी पर क्यों साधा निशाना?

    आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने दिल्ली में मुख्यमंत्री के चुनाव के मुद्दे पर बीजेपी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, “भाजपा का फोकस कभी गवर्नेंस पर रहा ही नहीं है. भाजपा में गुटबाज़ी चल रही है कि सीएम कौन बनेगा? कोई नेता एक गुट को सपोर्ट कर रहा है, तो कोई नेता दूसरे गुट को सपोर्ट कर रहे हैं.”

    “इस खींचतान में दिल्ली की जनता क्यों सफर करे.”

    प्रियंका ने कहा, “आज दस दिन हो गए लगभग. फ़िर भी दिल्ली के पास न कोई सीएम है और ना कैबिनेट है. ये लोग अगर सीएम चुनने में इतना टाइम लगाएंगे, तो दिल्ली की जनता के लिए हर दिन के आधार पर जो फ़ैसले करने होते हैं, उसमें सोचिए कितना टाइम लगाएंगे.”

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 8 फ़रवरी को घोषित हुए थे. इसमें बीजेपी ने 48 और आम आदमी पार्टी ने 22 सीटें जीती थीं.

  4. विदेश मंत्री जयशंकर और नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. देउबा के बीच क्या बात हुई?

    नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरज़ू राणा देउबा ने मस्कट में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाक़ात की. ओमान की राजधानी मस्कट में आठवां हिंद महासागर सम्मेलन आयोजित हो रहा है.

    इसमें शामिल होने के लिए कई देशों के विदेश मंत्री पहुंचे हैं. इन देशों में भारत, नेपाल, ब्रुनई, ईरान, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका शामिल हैं. यहीं दोनों नेताओं की मुलाक़ात हुई.

    नेपाल की विदेश मंत्री देउबा ने एक्स पर लिखा कि भारत के विदेश मंत्री के साथ हुई मुलाक़ात अच्छी रही. कई मुद्दों पर बातचीत हुई. इनमें सीमावर्ती इलाक़े, व्यापार, हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट का विकास जैसे मुद्दे शामिल थे.

    उन्होंने बताया कि मैंने नेपाल के विकास में भारत के सतत सहयोग को लेकर डॉ. जयशंकर को धन्यवाद दिया. हम दोनों नेताओं ने नेपाल और भारत के रिश्तों को मज़बूती देने के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दोहराया.

    वेबसाइट वियान को दिए इंटरव्यू में चीन की बेल्ट एंड रोड परियोजना से जुड़े सवाल पर नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. देउबा ने कहा कि इसे रणनीतिक गठबंधन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. नेपाल ने किसी भी देश के साथ रणनीतिक गठबंधन नहीं किया है.

    बीआरआई यानी बेल्ट एंड रोड परियोजना में सौ से ज़्यादा देश शामिल हैं. चीन की इस योजना में भारत के पड़ोसी श्रीलंका, पाकिस्तान, नेपाल, म्यांमार, बांग्लादेश और अफ़ग़ानिस्तान भी इसमें शामिल हैं.

  5. लालू प्रसाद यादव के कुंभ मेले पर दिए गए बयान पर जेडीयू नेता ने क्या कहा?

    आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव ने रविवार को कुंभ को लेकर एक टिप्पणी की थी. इसको लेकर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने लालू यादव को लेकर बयान दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ नीरज कुमार ने कहा, “लालू प्रसाद जी राजनीति में नज़रबंद हैं, तो नज़रबंद व्यक्ति की वाणी भी नज़रबंद हो जाती है. अब जिस तरह की दुखद घटना हुई, उस पर पीड़ा व्यक्त करने के बजाए राजनीति का एजेंडा तय कर रहे हैं.”

    उन्होंने कहा, “अगर कुंभ को आपने फ़ालतू बताया है, आपकी नज़रों में फ़ालतू है, इसका मतलब कि आपकी बात कोई मानता नहीं है. अखिलेश यादव पुत्र सहित यात्रा कर रहे हैं, जो आपके निकटस्थ संबंधी हैं, तो उनको नहीं समझा दिए. वो स्नान करके अपने फ़ोटो डाल रहे हैं, तो इसका मतलब वो भी फ़ालतू हैं. बोलिये कि अखिलेश यादव फ़ालतू हैं.”

    दरअसल, समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार लालू यादव ने कहा था, “दुखद घटना घटी है. हम सब लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. यह रेलवे की ग़लती है. रेलवे की लापरवाही की वजह से इतने लोगों की मौत हुई है. रेल मंत्री को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए.”

    उन्होंने कुंभ को लेकर कहा था, “कुंभ का कहां कोई मतलब है. फ़ालतू है कुंभ”

  6. ग़ज़ा को लेकर ट्रंप की योजना पर क्या बोले नेतन्याहू?, इयान एकमैन और माइआ डेविस, बीबीसी न्यूज़

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग़ज़ा को लेकर प्रस्तावित की गई योजना को ‘एक सच्चाई’ का रूप देने के लिए काम कर रहे हैं.

    दरअसल, नेतन्याहू ने रविवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाक़ात की थी.

    इसके बाद उन्होंने बताया कि फ़लस्तीनियों के इलाक़े पर एक ‘समान रणनीति’ के तहत वह अमेरिका को सहयोग कर रहे थे.

    अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले दिनों ये प्रस्ताव दिया था कि ग़ज़ा का पुनर्निमाण होने तक यहां के बाशिंदों को दूसरी जगहों पर भेज देना चाहिए. हालांकि, मध्य पूर्व के देशों ने ट्रंप के इस प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया था.

    इन देशों में मिस्र और जॉर्डन भी शामिल हैं.

    नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप के विज़न को लागू करने के तरीकों को लेकर उनके और रूबियो के बीच बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि ग़ज़ा के मामले में अमेरिका और इसराइल का रुख़ समान है.

  7. आठवें हिंद महासागर सम्मेलन में एस. जयशंकर ने ओमान पर क्या कहा?

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी से मुलाक़ात की. यह जानकारी उन्होंने एक्स पर साझा की.

    दरअसल, ओमान की राजधानी मस्कट में आठवां हिंद महासागर सम्मेलन चल रहा है. इसमें शामिल होने के लिए एस. जयशंकर ओमान पहुंचे हैं.

    विदेश मंत्री ने लिखा, “आठवें हिंद महासागर सम्मेलन की सफल मेज़बानी के लिए बद्र अलबुसैदी के व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना करता हूं.”

    उन्होंने लिखा, “हमारे बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में साझा सहयोग को मज़बूत करने को लेकर चर्चा हुई.”

    विदेश मंत्री ने बताया कि दोनों देशों (भारत और ओमान) के राजनयिक रिश्तों की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर एक विशेष लोगो जारी किया गया.

    इसके अलावा, एक किताब ‘मांडवी टू मस्कटः इंडियन कम्युनिटी एंड द शेयर्ड हिस्ट्री ऑफ़ इंडिया एंड ओमान’ भी जारी की गई.

    एस. जयशंकर ने इस दौरान ब्रुनेई, ईरान, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका के विदेश मंत्रियों से भी मुलाक़ात की.

  8. सऊदी अरब में क्या यूक्रेन को आमंत्रित नहीं किया गया है?, जेम्स वाटरहाउस/माइआ डेविस/बर्न्ड डिबसमैन

    अमेरिका और रूस के बीच यूक्रेन में जारी जंग को ख़त्म करने के लिए होने वाली बातचीत में यूक्रेन को आमंत्रित नहीं किया गया है. यह जानकारी यूक्रेनियन सरकार में मौजूद एक वरिष्ठ सूत्र ने बीबीसी को दी है.

    दरअसल, यूक्रेन में अमेरिका के विशेष राजदूत कीथ कैलॉग ने कहा था कि सऊदी अरब में सोमवार को होने वाली बातचीत में यूक्रेन शामिल होगा.

    लेकिन, एक सूत्र ने बताया है कि वहां कोई प्रतिनिधिमंडल मौजूद नहीं होगा.

    इससे पहले, व्हाइट हाउस के मध्य-पूर्व प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ ने इस बात की पुष्टि की थी कि वह रविवार को सऊदी अरब की यात्रा करेंगे.

    उनकी इस यात्रा का मक़सद यूक्रेन में जारी जंग को ख़त्म करने के लिए अमेरिका और रूस के बीच होने वाली पहली बातचीत है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध ख़त्म करने को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फ़ोन पर बात की थी.

    इसके बाद उन्होंने कहा था कि चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए वो दोनों जल्द मुलाक़ात करेंगे. इसके बाद यूक्रेन और युद्ध को लेकर चर्चा तेज़ हो गई है.

    हालांकि, ट्रंप और पुतिन की इस बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश "युद्ध ख़त्म करने से जुड़े ऐसे किसी समझौते को नहीं मानेगा जिसमें वो शामिल न हो."

  9. दिल्ली में आए भूकंप पर पीएम मोदी ने लोगों से अपील में क्या कहा?

    दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर धरती हिल गई. इसकी वजह भूकंप था.

    नेशनल सेंटर फ़ॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, दिल्ली और इसके आसपास के इलाक़ों में 4.0 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया.

    भूकंप का केंद्र दिल्ली में ज़मीन से पाँच किलोमीटर की गहराई में था.

    प्रधानमंत्री मोदी ने सभी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली और इसके आसपास के इलाक़ों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. मैं हर किसी से अपील करता हूं कि सुरक्षा सावधानियों का पालन करें. सतर्क रहें. अधिकारियों ने स्थिति पर नज़र बनाकर रखी है.”

    दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा, "हम उम्मीद करते हैं कि आप सभी सुरक्षित हैं. आपातकालीन सहायता के लिए 112 डायल करें.''

    दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में अभी एक ज़ोर का भूकंप आया. भगवान से प्रार्थना करती हूँ कि सब सुरक्षित होंगे."

  10. दिल्ली की सुबह की शुरुआत भूकंप के तेज़ झटके से, घरों से बाहर निकले लोग

    दिल्ली वालों के लिए सोमवार की सुबह सामान्य नहीं थी. दरअसल, इस इलाक़े में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए.

    दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह 5: 36 बजे 4.0 की तीव्रता का भूकंप आया.

    नेशनल सेंटर फ़ॉर सिस्मोलॉजी ने एक्स पर लिखा कि भूकंप का केंद्र दिल्ली में ज़मीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था.

    रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.0 दर्ज की गई.

    दिल्ली पुलिस ने एक्स पर लिखा, "हम उम्मीद करते हैं कि आप सभी सुरक्षित हैं. आपातकालीन सहायता के लिए 112 डायल करें.''

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं."

    नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद एक यात्री ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "मैं वेटिंग लाउंज में अपनी ट्रेन का इंतज़ार कर रहा था. अचानक ऐसा लगा, जैसे कुछ गिरा. तब वेटिंग लाउंज में मौजूद लोग बाहर की तरफ़ भागने लगे. फिर देखा कि कुछ नहीं हुआ है. किसी ने बताया कि भूकंप आया था. तब लगा ऐसा, जैसे कोई ट्रेन गिरी ऊपर से या कोई ब्रिज गिरा. पूरा महसूस हुआ. क़रीब 5-6 सेकेंड तक."

  11. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरों को पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.