You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस-यूक्रेन जंग ख़त्म करने को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री क्या बोले?

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि रूस-यूक्रेन जंग ख़त्म करने के लिए एक बैठक से कुछ हासिल नहीं हो सकेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसे पर क्या बोले राहुल-प्रियंका गांधी और मायावती

    नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही बीएसपी प्रमुख मायावती ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

    राहुल गांधी ने सरकार पर भी सवाल उठाए.

    उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की ख़बर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है. शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं.”

    उन्होंने लिखा, “यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है. प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतज़ाम किए जाने चाहिए थे. सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतज़ामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े.”

    वहीं, केरल के वायनाड से कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.”

    इससे पहले, रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के सवाल पर डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने बताया था, “भगदड़ क्यों मची, वो जांच होने के बाद सामने आएगा. यह काम रेलवे करेगा. भीड़ का अंदाज़ा हम लोगों ने लगाया था. लेकिन, दो ट्रेनों का लेट हो जाना और वहां ज़्यादा लोगों के इकट्ठा हो जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी. तथ्य तलाशने का काम रेलवे करेगा.”

    बीएसपी प्रमुख मायावती ने एक्स पर लिखा, “प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़ के बीच, रेलवे की गंभीर लापरवाही के कारण मची भगदड़ में काफ़ी लोगों की हुई मौत और घायल होने की घटना अति-दुखद. पीड़ितों के प्रति मेरी गहरी संवेदना. सरकार दोषियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई तथा पीड़ितों की पूरी मदद भी करे.”

  2. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

    राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई थी. इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने भगदड़ मचने की वजह बताई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई को एक प्रत्यक्षदर्शी हीरालाल महतो ने बताया, “जब यह घोषणा हुई कि प्लेटफ़ॉर्म नंबर 12 पर आने वाली ट्रेन प्लेटफ़ॉर्म 16 पर आएगी, तो इसके बाद दोनों तरफ़ से लोग आने लगे. ऐसे में भगदड़ मच गई.”

    उन्होंने बताया, “ पुल के ऊपर ही लोग घायल हो गए थे. कुछ लोगों को अस्पताल ले जाया गया. कोई भीड़ को कंट्रोल करने वाला नहीं था. प्रशासन यहां एक घंटे के बाद पहुंचा. अब तो यहां झाड़ू भी लग गई, सफ़ाई हो गई. मगर, जब भगदड़ मची थी, तब यहां कोई नहीं था.”

    वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी रवि ने बताया, “मैं यहां पर ही था. भगदड़ साढ़े नौ बजे के आसपास मच गई थी. जब प्लेटफ़ॉर्म नंबर 13 पर मौजूद लोगों ने प्लेटफ़ॉर्म नंबर 14 और 15 पर खड़ी ट्रेनों को देखा, तो वो सभी लोग इधर की ओर आ गए. भीड़ इतनी ज़्यादा थी कि नहीं रुक पाई. प्लेटफ़ॉर्म नहीं चेंज किया गया था.”

  3. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर क्यों मची भगदड़, पुलिस ने क्या बताया?

    राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मरने वाले लोगों की संख्या 18 गई है.

    रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के सवाल पर डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा, “भगदड़ क्यों मची, वो जांच होने के बाद सामने आएगा. यह काम रेलवे करेगा.”

    उन्होंने कहा, “भीड़ का अंदाज़ा हम लोगों ने लगाया था. लेकिन, दो ट्रेनों का लेट हो जाना और वहां ज़्यादा लोगों के इकट्ठा हो जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी. तथ्य तलाशने का काम रेलवे करेगा.”

    मल्होत्रा ने बताया, “9 बजे के आसपास जो ट्रेन थी, उस समय भीड़ बढ़ी. जब एक जगह पर ज़्यादा लोग होंगे और ट्रेन का इंतज़ार करेंगे, कोई ग़लत सूचना फ़ैलेगी तो उससे भी भगदड़ मचेगी. अब ये पॉइंट कि क्यों हुआ. वो पॉइंट आएगा जांच होने के बाद, जो रेलवे करेगी.”

    इससे पहले, बीबीसी से बात करते हुए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) की सीएमएस रितु सक्सेना ने बताया था कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 15 लोगों की मौत हुई है.

    बाद में यह संख्या बढ़कर 18 हो गई.

  4. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन हादसाः मृतकों के परिजनों ने क्या बताया?, दिलनवाज़ पाशा/अभिनव गोयल, बीबीसी संवाददाता

    राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई. इस हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर अब 18 हो गई है.

    इस हादसे पर मृतकों के परिजनों ने बीबीसी संवाददाताओं से बातचीत की है.

    बिहार में पटना की रहने वाली ललिता देवी अपने भांजे गिरधारी के साथ नई दिल्ली से पानीपत जा रही थी. गिरधारी ने बताया कि रात क़रीब नौ बजे का समय था.

    हम दोनों पटना से पहले आनंद विहार ट्रेन से आए, और फिर पानीपत जाने के लिए नई दिल्ली से ट्रेन पकड़ रहे थे. लेकिन, प्लेटफ़ॉर्म 14 पर भगदड़ मचने से उनकी मामी की मौत हो गई.

    वहीं, दिल्ली में किराड़ी के रहने वाले उमेश गिरी ने बताया कि वो अपने दो बच्चों और पत्नी सीलम देवी के साथ कुंभ जा रहे थे. रेलवे स्टेशनल पर मची भगदड़ में उनकी 45 वर्षीय पत्नी की मौत हो गई.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में मारे जाने वालों को श्रद्धांजलि दी है. वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की है.

    इससे पहले, बीबीसी से बात करते हुए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) की सीएमएस रितु सक्सेना ने बताया था कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 15 लोगों की मौत हुई है.

    बाद में यह संख्या बढ़कर 18 हो गई.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.