कांग्रेस का मोदी पर तंज़, कहा- ट्रंप से ‘अक्सर बात’ करने की बात क्यों छिपा रहे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच ‘अक्सर होने वाली बात’ पर सवाल पूछा है.
पिछले दिनों व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया था कि ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी एक-दूसरे से ‘अक्सर बात करते’ हैं.
अब जयराम रमेश ने सवाल उठाया है कि मोदी इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार क्यों नहीं करते. उन्होंने कहा, "वह किस बात से डर रहे हैं."
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर अमेरिका के साथ रिश्तों को लेकर तंज किया कि भारत के लोगों को यह बात केवल अमेरिकी विदेश मंत्री के 10 मई को शाम 5:37 बजे किए गए ऐलान से ही पता चली. जिसमें कहा गया था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोक दिया गया है.
रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अब व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट के बयान से भारत के लोगों को यह जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी आपस में व्यापार (या समझौते) पर बार-बार बातचीत कर रहे हैं.”