You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पहले इंटरव्यू में ज़ोहरान ममदानी ने कहा- ट्रंप तो धमकियां देंगे ही

न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में, ज़ोहरान ममदानी ने एबीसी न्यूज़ को बताया कि उनकी जीत एक "महत्वाकांक्षी एजेंडे" को आगे बढ़ाने का जनादेश है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पहले इंटरव्यू में ज़ोहरान ममदानी ने कहा- ट्रंप तो धमकियां देंगे ही

    न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में, ज़ोहरान ममदानी ने एबीसी न्यूज़ को बताया कि उनकी जीत एक "महत्वाकांक्षी एजेंडे" को आगे बढ़ाने का जनादेश है.

    उन्होंने कहा कि उनकी जीत का मक़सद अमेरिका के "सबसे महंगे शहर" को "किफ़ायती" बनाना है.

    यह पूछे जाने पर कि क्या वह टैक्स लगाए बिना ऐसा कर सकते हैं, इस पर ममदानी ने कहा कि उन्हें "न्यूयॉर्क के टॉप 1 प्रतिशत लोगों" के लिए टैक्स बढ़ाने होंगे.

    ममदानी न्यूयॉर्क के उन लोगों के लिए 2 प्रतिशत टैक्स लागू करने की योजना बना रहे हैं जो सालाना 10 लाख डॉलर से अधिक कमाते हैं.

    वह न्यूयॉर्क में कॉर्पोरेट टैक्स की दर को बढ़ाकर 11.5 प्रतिशत करने की भी योजना बना रहे हैं, जो न्यू जर्सी प्रांत के सबसे ऊंचे स्तर के बराबर होगा. उनका कहना है कि इससे लगभग 9 अरब डॉलर की राशि जुटाई जा सकेगी.

    यह पूछे जाने पर कि क्या इससे नौकरी देने वाले लोग शहर से बाहर चले जाएंगे, ममदानी ने कहा कि बच्चों की देखभाल पर भारी ख़र्च के कारण वर्कर्स पहले ही शहर छोड़ रहे हैं, जिससे व्यवसायों के लिए प्रतिभाओं को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है.

    चुनाव से पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ममदानी जीत गए तो वे शहर को मिलने वाली फ़ेडरल फ़ंडिंग में कटौती कर देंगे.

    ममदानी ने कहा कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप न्यूयॉर्क शहर को नुक़सान पहुंचाने का फ़ैसला करते हैं, तो वे उनका सामना करने के लिए तैयार हैं.ममदानी ने कहा, "वो धमकियां देंगे ही."

  3. ममदानी की जीत के बाद ट्रंप ने कहा- चुनाव नतीजे रिपब्लिकन पार्टी के लिए अच्छे नहीं

    न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के ज़ोहरान ममदानी की जीत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर डेमोक्रेट सत्ता में आ गए तो "स्थिति बहुत ख़राब हो जाएगी."

    मंगलवार को अमेरिका के दो प्रांतों में गवर्नर और कई शहरों में मेयर पद के लिए चुनाव हुए हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने इस चुनाव पर सीनेटरों के साथ हुई चर्चा में कहा कि "अगर हम वही करेंगे जो मैं कह रहा हूं" तो डेमोक्रेट कभी सत्ता हासिल नहीं कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि वह बहुत सारे ऐसे क़ानून पारित करेंगे "जो देश के लिए अच्छे हैं."

    ट्रंप ने कहा कि सर्वे के मुताबिक़ संघीय सरकार का शटडाउन रिपब्लिकन पार्टी के लिए एक बड़ा नकारात्मक कारण रहा.

    अमेरिका में एक अक्तूबर से संघीय सरकार शटडाउन में है और ये अब तक का सबसे लंबा शटडाउन है.

    ट्रंप ने अपनी पार्टी की हार का कारण बताते हुए ये भी कहा कि "उनका (ट्रंप का) नाम बैलेट पर न होना पार्टी की हार का "सबसे बड़ा कारण" था.

    उन्होंने ये भी कहा कि सीनेट में "डेमोक्रेट कट्टरपंथियों" ने शटडाउन को ख़त्म करने में "कोई दिलचस्पी नहीं" दिखाई है.

  4. महिला विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर महिला विश्व कप चैंपियन टीम से मुलाक़ात की.

    नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में बीते रविवार को खेले गए महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका को हराकर भारतीय टीम चैंपियन बनी है.

    प्रधानमंत्री ने टीम को जीत के लिए बधाई दी. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप जीता है.

    इस मुलाक़ात के दौरान पीएम मोदी ने पहले तीन मैच में लगातार हार और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करने के बाद टूर्नामेंट में टीम की शानदार वापसी की तारीफ़ की.

  5. कार्टून: ब्राज़ील वाले वोटर

    हरियाणा में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप पर आज का कार्टून.

  6. फ़िलीपींस में कालमेगी तूफ़ान का कहर, 85 से अधिक लोगों की मौत

    फ़िलीपींस में तूफ़ान कालमेगी के कारण कम से कम 85 लोगों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों का कहना है कि कालमेगी मध्य फ़िलीपींस में इस साल आए सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक है.

    इसके कारण लाखों लोगों को अपने घरों से पलायन करना पड़ा है.

    तूफ़ान कालमेगी के कारण सबसे अधिक आबादी वाले मध्य द्वीप सेबू के शहर जलमग्न हो गए, जहां कम से कम 49 लोगों की मौत हुई है.

    अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 75 अन्य लापता हैं और 17 घायल हुए हैं. वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई गई है.

    इस तूफ़ान से मची तबाही से जुड़े कई वीडियोज़ भी सामने आए हैं, जिनमें लोग छतों पर शरण लेते हुए, जबकि लोगों की कारें और शिपिंग कंटेनर सड़कों पर बहते नज़र आए.

  7. दिनभर: ममदानी की जीत से मिलेगी ट्रंप को चुनौती?

    ज़ोहरान ममदानी ऐतिहासिक जीत हासिल कर बनेंगे न्यूयॉर्क के मेयर, सीधे दी राष्ट्रपति ट्रंप को चुनौती. ममदानी का ये चुनाव जीतना कितना मायने रखता है? अब उनके आगे कौन सी चुनौतियां खड़ी हैं? सुनिए दिनभर: पूरा दिन, पूरी ख़बर.

  8. 'वोट चोरी' के राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम सैनी बोले- झूठ बोल रही कांग्रेस

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से लगाए गए 'वोट चोरी' आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस को लेकर मीडिया के सवालों पर सीएम सैनी ने कहा, "राहुल गांधी देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं...कांग्रेस ने देश को लगातार पीछे धकेलने का काम किया है."

    "जिस तरह से कांग्रेस मुद्दा-विहीन हो गई है, वे झूठ बोलकर देश को गुमराह कर रहे हैं."

    राहुल गांधी के आरोप

    राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दावा किया कि पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फ़र्ज़ी मतों के ज़रिए 'वोट चोरी' किया गया.

    उन्होंने एक प्रेजेंटेशन के दौरान एक महिला की तस्वीर दिखाई और आरोप लगाया कि उसने हरियाणा के 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला.

  9. दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा, पंत की वापसी

    बीसीसीआई (बोर्ड ऑफ़ कंट्रोल फ़ॉर क्रिकेट इन इंडिया) ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है.

    बीसीसीआई की ओर से जारी मीडिया एडवाइज़री में बताया गया है कि मेन्स सीनियर सेलेक्शन कमिटी ने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ होने वाली दो मैचों की आईडीएफ़सी फ़र्स्ट बैंक टेस्ट सिरीज़ के लिए भारतीय टीम चुन ली है.

    इस टीम में शामिल खिलाड़ियों के नाम हैं- शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर और उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप.

    सेलेक्शन कमिटी ने दक्षिण अफ़्रीका ए के ख़िलाफ़ राजकोट में होने वाली तीन मैचों की वनडे सिरीज़ के लिए इंडिया ए की टीम का भी चयन कर लिया है.

    इंडिया ए की वन-डे टीम में शामिल खिलाड़ियों के नाम हैं- तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उप कप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, मानव सुथार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).

  10. हरियाणा में 'वोट चोरी' के राहुल गांधी के दावों पर क्या बोले प्रशांत किशोर

    पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी के आरोपों को लेकर न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, "राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं. उनके पास ताकत है, वे लड़ें, विपक्ष के लोगों को बताएं, चुनाव आयोग को घेरें, कानूनी कार्रवाई करें."

    प्रशांत किशोर ने कहा, "राहुल गांधी विपक्ष के नेता के तौर पर चुनाव की प्रक्रिया पर जो सवाल उठा रहे हैं, चुनाव आयोग को उनका जवाब देना चाहिए."

    इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव में वो मुद्दा नहीं है, यहां पलायन, भ्रष्टाचार, पढ़ाई का मुद्दा है.

  11. अमेरिका के केंटकी में कार्गो विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़ी, जेम्स चैटर, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के केंटकी में मंगलवार शाम को हुई विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या कम से कम सात हो गई है. केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने ये जानकारी दी है.

    लुईविल एयरपोर्ट पर उड़ान भरने के दौरान यूपीएस कार्गो के एक विमान में आग लग गई थी. इस हादसे में पहले तीन लोगों की मौत की ख़बर थी.

    एंडी बेशियर ने बताया कि मृतकों में विमान के तीन क्रू मेंबर्स के भी शामिल होने की आशंका है.

    इस दुर्घटना में से कम से कम 11 अन्य लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक़ इस हादसे में लोगों को "बहुत गंभीर" चोटें आई हैं और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

    विमान में करीब 38,000 गैलन ईंधन भरा हुआ था, जो धमाके के बाद आग की लपटों में बदल गया और पास के कारोबारी प्रतिष्ठान भी इसकी चपेट में आ गए.

  12. हरियाणा की वोटर लिस्ट को लेकर राहुल गांधी के दावों पर बीजेपी ने ये कहा

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ब्राज़ील की महिला का नाम हरियाणा की वोटर लिस्ट में होने का दावा किया.

    बीजेपी ने राहुल गांधी के दावों को फ़र्ज़ी बताया है.

    राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फिर से अपनी विफलता छिपाने के लिए प्रेस वार्ता की है.

    उन्होंने कहा, "आज उन्होंने (राहुल गांधी ने) बिहार से हटकर हरियाणा की कहानी सुनाई है. इससे साफ़ मालूम हो गया कि बिहार में कुछ बचा नहीं है इसलिए ध्यान भटकाने के लिए हरियाणा का मुद्दा लेकर आ रहे हैं."

    राहुल गांधी के आरोप

    राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में दावा किया कि पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फ़र्ज़ी मतों के जरिये 'वोट चोरी' किया गया.

    उन्होंने एक प्रेजेंटेशन के दौरान एक महिला की तस्वीर दिखाई और आरोप लगाया कि उसने हरियाणा के 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला.

    रिजिजू ने राहुल गांधी के दावों को नकारते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को गंभीर मुद्दों पर बात करनी चाहिए, फ़िज़ूल की बातों पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए.

  13. भारतीय मूल की ग़ज़ाला हाशमी ने जीता वर्जीनिया के लेफ़्टिनेंट गवर्नर पद का चुनाव

    भारतीय मूल की अमेरिकी राजनीतिज्ञ ग़ज़ाला हाशमी वर्जीनिया की लेफ़्टिनेंट गवर्नर चुनी गई हैं.

    वर्जीनिया के इस शीर्ष राजनीतिक पद पर निर्वाचित होने वाली वह पहली मुस्लिम और दक्षिण एशियाई अमेरिकी बन गई हैं.

    इस चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की हाशमी को 1,465,634 वोट मिले, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के उनके प्रतिद्वंद्वी जॉन रीड को 1,232,242 वोट मिले.

    भारत में जन्मीं ग़ज़ाला हाशमी 61 साल की हैं. वह चार साल की उम्र में अपनी मां और बड़े भाई के साथ भारत छोड़कर अमेरिका आ गई थीं.

  14. महबूबा मुफ़्ती ने ममदानी को दी बधाई, कहा- ट्रंप के नफ़रत वाले अभियान पर जीत हासिल की

    जम्मू-कश्मीर पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती ने ज़ोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने पर बधाई दी है.

    महबूबा मुफ़्ती ने एक्स पर पोस्ट किया, "ज़ोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क के 111वें और पहले मुस्लिम मेयर के तौर पर उनकी शानदार जीत पर बधाई. यह जीत न सिर्फ़ एक मील का पत्थर है, बल्कि फ़ासीवाद, धनबल और इस्लामोफ़ोबिया की जड़ जमाई ताकतों के ख़िलाफ़ एक मज़बूत कदम भी है."

    "उनकी अटूट प्रगतिशील सोच और न्याय के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में चलाए गए आक्रामक नफ़रत वाले अभियान पर जीत हासिल की है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले ज़ोहरान ममदानी को वोट न देने की अपील की थी. ट्रंप ने कहा था कि ज़ोहरान ममदानी मेयर बने तो न्यूयॉर्क को फ़ंड देना उनके लिए मुश्किल होगा.

  15. फ़्रांस में ऑनलाइन सामान बेचने वाली चार कंपनियों के ख़िलाफ़ जांच शुरू, ये है वजह, ओसमोंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर

    फ़्रांस में ऑनलाइन सामान बेचने वाली चार कंपनियों शीन, टेमू, अलीएक्सप्रेस और विश के ख़िलाफ़ जांच शुरू की गई है.

    इन कंपनियों पर आरोप है कि इनके प्लेटफ़ॉर्म पर नाबालिगों को अश्लील सामग्री तक एक्सेस दी गई.

    यह जानकारी मंगलवार को पेरिस प्रॉसिक्यूटर्स ऑफ़िस ने दी. देश की उपभोक्ता निगरानी एजेंसी ने रविवार को इन चारों कंपनियों के ख़िलाफ़ रिपोर्ट भेजी थी.

    ये कार्रवाई शीन के प्लेटफ़ॉर्म पर “बच्चों जैसी दिखने वाली सेक्स डॉल्स” की बिक्री को लेकर गंभीर चिंता जताए जाने के बाद की गई है.

    शीन ने पहले जारी बयान में कहा था कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और वह विक्रेताओं, खरीदारों और संबंधित प्रोडक्ट्स की जानकारी देने को तैयार है.

    अलीएक्सप्रेस ने बीबीसी को बताया कि वह इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ताज़ा ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगीं.

    तब तक बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    ज़ोहरान ममदानी कौन हैं जो न्यूयॉर्क मेयर का चुनाव जीते, ट्रंप के लिए क्या बोले

    28 की उम्र में फ़ेसलिफ्ट? क्यों बढ़ रहा युवाओं में प्लास्टिक सर्जरी का चलन

    हारिस रऊफ़ पर दो मैचों का बैन और सूर्यकुमार यादव पर जुर्माना क्यों लगा?

  17. ममदानी की स्पीच में नेहरू के भाषण का ज़िक्र, कांग्रेस ने क्या कहा?

    न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने के बाद ज़ोहरान ममदानी ने अपने भाषण में जवाहरलाल नेहरू के प्रसिद्ध भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ का ज़िक्र किया है.

    कांग्रेस ने इसकी ओर ध्यान दिलाया है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ‘’ न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर ज़ोहरान ममदानी ने नेहरू के अमर भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ से उद्धरण दिया है.

    कांग्रेस ने लिखा, ‘’दिलचस्प बात यह है कि नेहरू के यही ऐतिहासिक शब्द नवंबर 2013 में स्कॉटलैंड की आज़ादी के अभियान के दौरान एलेक्स सैलमंड ने भी अपने भाषण में इस्तेमाल किए थे.’’

    ‘’ यानी भारत की स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर दिए गए नेहरू के इन शब्दों ने न केवल भारत में बल्कि विश्व राजनीति में भी कई नेताओं और आंदोलनों को प्रेरित किया है - चाहे वह स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता की बात हो या अब न्यूयॉर्क में एक नई राजनीतिक शुरुआत की.’’

    ममदानी ने अपने भाषण में कहा, “आप सबके सामने खड़ा होकर मुझे जवाहरलाल नेहरू के शब्द याद आते हैं. इतिहास में कभी-कभी ऐसा क्षण आता है, जब हम पुराने से नए की ओर कदम बढ़ाते हैं, जब एक युग समाप्त होता है और जब किसी राष्ट्र की लंबे समय से दबाई गई आत्मा अपनी अभिव्यक्ति पाती है. आज रात, हमने पुराने से नए की ओर कदम बढ़ा लिया है.”

    ममदानी ने कहा कि यह जीत न्यूयॉर्क के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है.

    उन्होंने कहा, ‘’यह वह युग होगा जब न्यूयॉर्कवासी अपने नेताओं से यह अपेक्षा करेंगे कि वे हमें यह बताएं कि हम क्या हासिल कर सकते हैं. न कि यह बहाना दें कि हम क्या करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए.”

  18. उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में चलती ट्रेन की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर ज़िले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय कुछ यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. ये हादसा सुबह साढ़े नौ बजे हुआ.

    उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बीबीसी से कहा, ''इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है.''

    स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने नाम ना ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया, ''यात्री चोपन-प्रयागराज ट्रेन से उतरने के बाद गलत दिशा में प्लेटफ़ॉर्म से नीचे उतर गए. वे फुट-ओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय सीधे ट्रैक पार कर रहे थे. उसी दौरान वहां हावड़ा से कालका जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए.''

    बताया जा रहा है कि ये लोग कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए मिर्ज़ापुर पहुंचे थे.

    हादसे के बाद स्टेशन स्थानीय लोग और रेलवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

    शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

    रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा लापरवाही की वजह से हुआ.

    यात्रियों को बार-बार चेतावनी दी जाती है कि वे फुट-ओवर ब्रिज का इस्तेमाल करें. स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

    उन्होंने ज़िला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं.

    मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.

    एसडीआरएफ़ और एनडीआरएफ़ की टीमें भी मौके पर पहुंची हैं.

    हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. रेलवे यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि स्टेशन पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं हुआ.

  19. राहुल गांधी ने कहा- ब्राज़ील की महिला का नाम हरियाणा की वोटर लिस्ट में कैसे?

    राहुल गांधी ने बुधवार ( 5 नवंबर 2025) को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो दिखाया, जिसमें सैनी कहते दिख रहे हैं, ‘’हम हरियाणा में जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं... सभी इंतज़ाम किए जा चुके हैं.”

    इस पर राहुल गांधी ने सवाल उठाया और कहा, “जब सभी एग्ज़िट पोल और संकेत कांग्रेस की जीत की ओर इशारा कर रहे थे, तो फिर यह ‘इंतज़ाम’ क्या था?”

    राहुल गांधी ने एक प्रजेंटेशन के दौरान एक महिला की तस्वीर दिखाई और आरोप लगाया कि उसने हरियाणा के 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला है.

    उन्होंने कहा, "यह एक सेंट्रलाइज्ड साजिश है. जिस महिला की बात हो रही है, वह एक ब्राज़ीलियन मॉडल है. यह सेंट्रलाइज्ड साजिश का सबूत है. ऐसे 25 लाख लोगों में से यह एक उदाहरण है. एक ब्राज़ीलियन शख़्स हरियाणा की वोटर लिस्ट में कैसे? "

    गांधी इस पर सवाल उठा रहे हैं कि यह कैसे संभव हुआ. ये चुनाव प्रक्रिया में धोखाधड़ी की ओर इशारा करता है.

    हालाँकि राहुल गांधी के इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  20. मणिपुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार उग्रवादियों की मौत, चुराचांदपुर में बंद, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मणिपुर के चुराचांदपुर ज़िले में मंगलवार को सुरक्षाबलों और कथित कुकी उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार उग्रवादियों की मौत हो गई है.

    मुठभेड़ उस समय हुई जब इलाके में सेना और केंद्रीय सुरक्षाबलों का संयुक्त अभियान चल रहा था.

    इस मुठभेड़ में मारे गए सभी उग्रवादी यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के कैडर बताए जा रहे हैं.

    असम राइफल्स के एक अधिकारी ने बताया, ‘’एक खुफ़िया सूचना के बाद मंगलवार तड़के चुराचांदपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर खानपी गांव में सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया था. लेकिन उसी दौरान बिना किसी उकसावे के उग्रवादियों ने सामने से गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों और हथियारबंद उग्रवादियों के बीच हुई गोलीबारी में यूकेएनए के चार कैडर मारे गए."

    रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, "यह अभियान यूकेएनए कैडरों द्वारा हाल ही में किए गए अत्याचारों के बाद चलाया गया है, जिसमें एक ग्राम प्रधान की हत्या, स्थानीय लोगों को धमकाना और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता को बाधित करने के प्रयास शामिल हैं."

    एक बयान में यूकेएनए ने सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई की निंदा की है और चुराचांदपुर में बंद का एलान किया है.

    चुराचांदपुर के स्थानीय पत्रकार जेजे डौमिनलेन ने बताया, "मुठभेड़ के बाद यूकेएनए ने चुराचांदपुर में बंद का एलान किया था जिसके बाद बाज़ार-दुकानें सब कुछ बंद हो गए हैं."

    पिछले महीने चुराचांदपुर में एक गांव के मुखिया पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी, उस घटना में यूकेएनए के कैडरों के शामिल होने की बात सामने आई थी.

    इसी तरह जून महीने में यूकेएनए द्वारा किए गए एक हमले में एक बुजुर्ग महिला समेत कम से कम चार लोग मारे गए थे.

    दरअसल मणिपुर में सक्रिय यूकेएनए ने कुकी उग्रवादियों और भारत सरकार के बीच हुए ऑपरेशन निलंबन समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया है.

    इस घटना की निंदा करते हुए कुकी नागरिक समाज के संगठनों ने इसे यूकेएनए के चार कैडरों की हत्या बताया है.