You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दक्षिण कोरिया: यून सुक-योल के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव सफल, नए कार्यवाहक राष्ट्रपति ने पहले संबोधन में क्या कहा

शनिवार (14 दिसंबर 2024) को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पास हो गया.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और अभिषेक पोद्दार

  1. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ फिर महाभियोग प्रस्ताव, संसद के बाहर हज़ारों लोग जुटे

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति युन सुक-योल के ख़िलाफ़ महाभियोग के प्रस्ताव पर सांसद शनिवार को फिर संसद में वोट करेंगे. इस बीच संसद के बाहर हज़ारों लोग जुट गए हैं.

    विपक्षी दलों का कहना है, "हम हर शनिवार को महाभियोग प्रस्ताव तब तक लाएंगे जब तक की युन सुक-योल को राष्ट्रपति पद से हटा नहीं दिया जाता."

    विपक्षी दलों को महाभियोग प्रस्ताव के समर्थन में सत्ताधारी दल के आठ सांसदों के वोट की ज़रूरत है.

    युन सुक-योल ने हाल ही में देश में मार्शल लॉ लगाने की घोषणा करते हुए इसके पीछे का कारण उत्तर कोरिया से मिल रही धमकी और देश विरोधी ताक़तों को बताया था.

    इसके ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हुआ तो युन सुक-योल ने मार्शल लॉ लगाने के फ़ैसले को वापस ले लिया, लेकिन इस्तीफ़ा नहीं दिया.

  2. सीरिया से स्वदेश लौटे कुछ भारतीय, वापसी की कहानी बताई

    सीरिया से भारत ने 75 भारतीयों को सुरक्षित निकाला है और इसमें से चार शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुँचे.

    दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुँचे एक भारतीय ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हम 15-20 दिन पहले गए थे और हमको नहीं पता था कि ये सब होने वाला है."

    "हमें भारतीय दूतावास ने निकाला, पहले फिर बेरूत में रखा. इसके बाद दोहा लेकर आए और फिर यहां. अपने देश में आकर अच्छा लग रहा है."

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया था, "सभी भारतीयों को सुरक्षित लेबनान पहुंचाया गया है."

    "इस अभियान को दमिश्क और बेरूत स्थित भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों के अनुरोध और सुरक्षा को लेकर भारत सरकार के आकलन के बाद शुरू किया."

    हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएएस) समूह के नेतृत्व में विद्रोही गुटों ने दमिश्क पर कब्ज़ा कर कहा था कि सीरिया आज़ाद हो गया है.

    इसी दौरान बशर अल-असद देश छोड़कर भाग गए और उन्हें रूस ने शरण दी है.

  3. प्रदर्शनकारी किसान दिल्ली की ओर आज फिर करेंगे कूच, सरवन सिंह पंढेर ये बोले

    हरियाणा-पंजाब सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का एक जत्था शनिवार की सुबह दिल्ली की ओर 12 बजे कूच करेगा.

    किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पूरा देश किसान के आंदोलन से जुड़ा हुआ है, लेकिन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आंदोलन से दूरी रख रहे हैं. हमारे कृषि मंत्री से प्रेस वाले सवाल करते हैं तो वो कुछ नहीं बोलते."

    संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मज़दूर मोर्चा के बैनर तले किसान शंभू और खनौरी सीमा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    प्रदर्शनकारी किसान इससे पहले भी दिल्ली आने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षाबलों ने रोक दिया है.

  4. अल्लू अर्जुन जेल से रिहा होने के बाद बोले- आपके प्यार के लिए धन्यवाद

    अभिनेता अल्लू अर्जुन ने शनिवार को चांचलगुडा सेंट्रल जेल से रिहा होने के बाद कहा, "मैं सभी लोगों का शुक्रिया अदा करता हूँ."

    उन्होंने कहा, "मेरा क़ानून पर पूरा भरोसा है. प्रार्थना और आपके प्यार के लिए धन्यवाद."

    अभिनेता अल्लू अर्जुन के ख़िलाफ़ एक सिनेमा हॉल में फ़िल्म 'पुष्पा-2: द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत को लेकर मामला दर्ज किया गया था.

    हैदराबाद पुलिस ने शुक्रवार को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया था. इसके कुछ देर बाद ही तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें चार सप्ताह की अंतरिम ज़मानत दे दी थी.

    अल्लू अर्जुन को शनिवार की सुबह को रिहा किया गया.

  5. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: बारिश के कारण जल्दी हो गया लंच, ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 28 रन

    ब्रिसबेन में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के ख़िलाफ़ लंच तक 28 रन बना दिए हैं और कोई भी विकेट नहीं गिरा है.

    मैच के बीच में बारिश हुई जिसकी वजह से लंच ब्रेक का एलान जल्दी कर दिया गया.

    ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने ये रन 13.2 ओवर में बनाए हैं. क्रीज़ पर उस्मान ख़्वाजा 19 और नाथन मैकस्वीनी 4 रन बनाकर मौजूद हैं.

    भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी और टीम में दो बदलाव किए हैं. रवींद्र जडेजा और आकाश दीप को टीम में जगह दी गई है.

    ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में पहला टेस्ट 295 रन से हारने के बाद दूसरे टेस्ट मैच जीता था.

  6. स्विट्ज़रलैंड ने भारत को दिया ये ख़ास दर्जा लिया वापस तो भारत ने कहा...

    दोहरे टैक्सेशन से बचने के लिए स्विट्ज़रलैंड ने भारत को दिया ‘सबसे पसंदीदा देश’ (एमएफ़एन) का दर्जा वापस ले लिया है. इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "मेरी समझ से यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के कारण स्विट्ज़रलैंड के साथ हमारी दोहरे टैक्सेशन संधि पर फिर बातचीत होगी. यह इसका एक पहलू है."

    "दूसरे पहलू की बात करें तो एमएफ़एन को लेकर मेरे पास डिटेल और अन्य जानकारी पर अपडेट नहीं है."

    स्विट्ज़रलैंड के एमएफ़एन दर्जा वापस लेने के पीछे की वजह नेस्ले कंपनी मामले में भारतीय सुप्रीम कोर्ट के पिछले साल के एक फ़ैसले को बताया जा रहा है.

  7. अल्लू अर्जुन जेल से हुए रिहा, तेलंगाना हाई कोर्ट ने कल दी थी अंतरिम ज़मानत

    अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद की चांचलगुडा सेंट्रल जेल से शनिवार की सुबह रिहा कर दिया गया.

    हैदराबाद पुलिस ने शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था. इसके कुछ देर बाद तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें चार सप्ताह की अंतरिम ज़मानत दे दी थी. हालांकि उन्हें रात को रिहा नहीं किया गया था.

    अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने कहा कि शनिवार की सुबह अल्लू अर्जुन को रिहा कर दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "तेलंगाना हाई कोर्ट से उन्हें ऑर्डर की कॉपी मिल गई थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें (अल्लू अर्जुन) छोड़ा नहीं गया था. उन्हें इसके बाद क्यों नहीं छोड़ा गया."

    "हाई कोर्ट ने कहा था कि ऑर्डर की कॉपी मिलने के तुंरत बाद अल्लू अर्जुन को छोड़ना होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इस पर जवाब देना होगा और हम इसके ख़िलाफ़ क़ानूनी लड़ाई लड़ेंगे."

    फ़िल्म 'पुष्पा-2: द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत के बाद अल्लू अर्जुन के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था.

  8. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे टेस्ट में भारत ने जीता टॉस, गेंदबाज़ी का किया फ़ैसला

    बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ गेंदबाज़ी चुनी है.

    ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में पहला टेस्ट हारने के बाद दूसरे टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी. ये टेस्ट भारत और ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम होने वाला है.

    दोनों में जो भी इस टेस्ट में जीत हासिल करेगा वो बढ़त बना लेगा.

    बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया और भारत ने 1-1 मैच में जीत हासिल की है.

    ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन

    उस्मान ख़्वाजा, नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और जॉश हेज़लवुड

    भारत की प्लेइंग इलेवन

    यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, रोहित शर्मा (कप्तान), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज में जाने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - सीरियाः रूस के जहाज़ों ने सैन्य अड्डे से हटना शुरू किया, क्या है वजह? पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - ईरान ने बशर अल-असद को कितने अरब डॉलर का क़र्ज़ दिया था, अब इन पैसों का क्या होगा? पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - मध्य प्रदेश: रेप के मामले में मिली मौत की सज़ा अब 11 साल बाद अदालत ने बताया बेकसूर. पूरी रिपोर्ट यहां क्लिक करके पढ़िए.