डोनाल्ड ट्रंप ने मसाद बूलॉस को अरब और मध्य पूर्व मामलों पर राष्ट्रपति का सलाहकार चुना

अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अरब और मध्य पूर्व मामलों पर राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार के पद के लिए मसाद बूलॉस को चुना है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, अभिषेक पोद्दार

  1. अलेप्पो पर विद्रोहियों के कब्जे के बाद सीरियाई सेना पीछे हटी

    अलेप्पो

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अलेप्पो से सरकारी सेना के पीछे हटने के बाद सरकार के समर्थक नाराज़ हैं

    सीरिया के विद्रोही गुट ने राष्ट्रपति बशिर अल-असद के शासन का विरोध किया है. इसके बाद से सरकारी सुरक्षा बल अलेप्पो शहर से पीछे हट गए हैं.

    सीरियाई सेना ने यह स्वीकार किया है कि सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के बड़े हिस्से में विद्रोही घुस आए हैं. हालांकि सेना ने जवाबी हमला करने की बात कही है.

    ब्रिटेन स्थित संस्था सीरियन ऑब्सर्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) के मुताबिक़ बुधवार को शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 300 लोग मारे गए हैं. इनमें 20 आम नागरिक भी शामिल हैं.

    सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद सरकार का समर्थन करने वाले इस बात से नाराज़ हैं कि अलेप्पो से सरकारी सेना पीछे हट गई है.

    इस बीच रूस ने अलेप्पो के कुछ हिस्सों पर हवाई हमले किए. 2016 के बाद ये पहली बार है जब रूस ने अलेप्पो के कुछ हिस्सों पर हवाई हमले किए हैं. रूस, सीरिया का सहयोगी देश है.

    इधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोव ने शनिवार को अलेप्पो पर विद्रोहियों के कब्ज़े को लेकर फ़ोन पर बातचीत भी की.

  2. चक्रवाती तूफ़ान फेंगल तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से टकराया, प्रशासन हाई अलर्ट पर

    फेंगल तूफ़ान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फेंगल की वजह से तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज़ हवा और बारिश हो रही है

    चक्रवाती तूफ़ान फेंगल तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से टकरा चुका है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़ शनिवार रात 10:30 से 11:30 के बीच तूफान इन तटों से टकराकर गुज़र गया.

    आईएमडी को अनुसार इस दौरान हवा की रफ़्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे से 90 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि फेंगल तूफ़ान पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा.

    मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान तूफान धीरे-धीरे कमजोर होगा.

    मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक़ चक्रवाती तूफ़ान फेंगल रात 12:30 बजे उत्तर तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी के ऊपर व्यावहारिक रूप से स्थिर रहा. इस दौरान हवा की गति 65-75 किमी प्रति घंटे से लेकर 85 किमी प्रति घंटे तक रही होगी.

    आईएमडी ने बताया कि चेन्नई और कराईकल में डॉपलर मौसम रडार के जरिए तूफ़ान की निगरानी की जा रही है. फेंगल की वजह से शनिवार को चेन्नई में 11.4 सेमी और पुडुचेरी में 39 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. शनिवार को चेन्नई सहित कई इलाक़ों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति रही.

    तमिलनाडु सरकार ने स्कूल, कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा करते हुए मछुआरों को समंदर में न जाने की नसीहत दी थी. तमिलनाडु और पुडुचेरी में प्रशासन हाई अलर्ट पर है और शिक्षण संस्थानों से कहा गया है कि किसी भी तरह की परीक्षा या विशेष कक्षाएं आयोजित न की जाएं.

    फेंगल की वजह से तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी कर दिया गया है. भारी बारिश की वजह से कई उड़ानों को रद्द भी करना पड़ा .

  3. ट्रंप ने किया एलान- कश्यप 'काश' पटेल एफबीआई के अगले डायरेक्टर होंगे

    काश पटेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, काश पटेल भारतीय प्रवासी के बेटे हैं

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के काश पटेल को फेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) का डायरेक्टर नियुक्त किया है.

    अपने आधिकारिक ट्रूथ सोशल अकाउंट पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैं यह घोषणा करते हुए फ़ख़्र महसूस कर रहा हूं कि कश्यप 'काश' पटेल एफबीआई के अगले डायरेक्टर होंगे."

    ट्रंप ने लिखा, "काश एक बेहतरीन वकील, जांचकर्ता और अमेरिका फर्स्ट को मानने वाले योद्धा हैं. उन्होंने अपने करियर के दौरान भ्रष्टाचार को उजागर करने, न्याय की रक्षा करने और अमेरिकी लोगों का बचाव करने में समय बिताया है."

    ट्रंप ने कहा, "काश ने मेरे पहले कार्यकाल के दौरान बेहतरीन काम किया."

    ट्रंप का पोस्ट

    इमेज स्रोत, TruthSocial

    काश पटेल ने इंटेलिजेंस कम्युनिटी और यूएस स्पेशल ऑपरेशन फोर्स के लिए संवेदनशील कार्यक्रमों की देखरेख की है.

    उन्होंने दुनिया भर में इंटेलिजेंस और काउंटर टेररिज्म को अरबों डॉलर फंड करने वाले क़ानून को बनाने में भी मदद की है.

    काश पटेल ने अपना करियर एक वकील के रूप में शुरू किया, जहां उन्होंने हत्या, ड्रग्स से लेकर पेचीदा वित्तीय अपराधों के मामलों में अदालतों में जिरह की.

    काश पटेल भारतीय प्रवासी के बेटे हैं. उनकी पूरी कहानी जानने के लिए यहां क्लिक करें.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल यानी 30 नवंबर के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - संभल: 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर बैन, समाजवादी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने रोका. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - रूस के पूर्व अधिकारी ने परमाणु हथियारों के अड्डे की सुरक्षा से जुड़े कई राज़ खोले. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - पाकिस्तान: इमरान ख़ान की पत्नी बुशरा बीबी क्या राजनीति में पैर जमा पाएंगी? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - इसराइल के साथ युद्धविराम समझौते के बाद पहली बार बोले हिज़्बुल्लाह चीफ़ नईम क़ासिम. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.