सीरिया: अलेप्पो में विद्रोहियों के कब्ज़े वाले इलाक़े पर रूस ने किए हवाई हमले
ब्रिटेन स्थित निगरानी समूह सीरिया ऑब्ज़र्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) के अनुसार, सीरिया में विद्रोही गुटों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकतर हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है.
सारांश
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष ने महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ के बारे में जानकारी दी है
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने तरल पदार्थ फेंका है
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब दिया है
वायनाड लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में पहली जनसभा की है
संभल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध, अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना
लाइव कवरेज
सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार
नमस्कार!
शनिवार के इस लाइव पेज को अब विराम देने का समय आ गया है. इसी के साथ मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार को दीजिए इजाज़त.
रविवार की सुबह बीबीसी के लाइव पेज के ज़रिए आप दिन भर की बड़ी ख़बरों को पढ़ सकेंगे.
फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए...
- संभल: 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर बैन, समाजवादी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने रोका- पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- पाकिस्तान: इमरान ख़ान की पत्नी बुशरा बीबी क्या राजनीति में पैर जमा पाएंगी? पढ़ने के लिए क्लिक करें.
- ऑल्ट न्यूज़ के मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ केस में यूपी पुलिस ने जोड़ी नई धाराएं, क्या हैं मायने? पढ़ने के लिए क्लिक करें.
सीरिया: अलेप्पो में विद्रोहियों के कब्ज़े वाले इलाक़े पर रूस ने किए हवाई हमले
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अलेप्पो में कब्ज़े के मुद्दे पर सीरिया और रूस के विदेश मंत्रियों ने फोन पर बात की है
ब्रिटेन स्थित निगरानी समूह सीरिया ऑब्ज़र्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) के अनुसार, सीरिया में विद्रोही गुटों ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के अधिकतर
हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है.
इसके जवाब में अब रूस ने अलेप्पो के कुछ हिस्सों पर हवाई हमले शुरू कर दिए
हैं. 2016 के बाद ये पहली बार है जब रूस ने अलेप्पो के कुछ हिस्सों पर हवाई हमले किए हैं.
सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद सरकार का समर्थन करने वाले इस बात से नाराज़ हैं कि अलेप्पो में सरकारी सेना पीछे हट गई है.
इधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोव ने शनिवार को अलेप्पो पर विद्रोहियों के कब्ज़े को लेकर फ़ोन पर बातचीत भी की.
उन्होंने इस कब्ज़े के ख़िलाफ़ सीरियाई सरकार को अपना समर्थन दिया है. ईरान के
विदेश मंत्री ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, "हमने अलेप्पो के
मुद्दे पर रूस, ईरान और तुर्की के बीच समन्वय बनाने के बारे में बात की है."
रूस के विदेश मंत्रालय ने बातचीत पर कहा, "दोनों पक्षों ने सीरिया में बन रही
स्थिति के बारे में गंभीर चर्चा की और आपसी कार्रवाई को लेकर सहमत हुए हैं."
सीरिया के विद्रोही गुट ने देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो के कई
इलाकों को अपने नियंत्रण में ले लिया है.
चेन्नई एयरपोर्ट पर एक दिसंबर की सुबह तक बंद रहेंगी उड़ानें
इमेज स्रोत, @ANI
इमेज कैप्शन, चेन्नई एयरपोर्ट पर हवाई सेवाओं को रोके जाने के बाद मौजूद यात्रियों की भीड़
चेन्नई एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर हवाई सेवाओं के निलंबन के
बारे में ताज़ा जानकारी दी है.
तमिलनाडु में फेंगल तूफ़ान के मद्देनज़र एहतियातन चेन्नई
एयरपोर्ट पर अस्थाई रूप से हवाई सेवाओं को रोक दिया गया था.
अब चेन्नई एयरपोर्ट ने जानकारी दी है किमौसम संबंधी स्थितियों
में सुधार के साथ उड़ानें जल्द से जल्द शुरू करने के लिए वरिष्ठ
अधिकारियों की एक टीम स्थिति पर नज़र रख रही है.
एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि शनिवार की शाम एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारतीय मौसम
विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने भी भाग लिया. बैठक के दौरान, आईएमडी ने तूफ़ान के लैंडफ़ॉल करने के संभावित समय के बारे में बताया.
चेन्नई एयरपोर्ट के मुताबिक़ आईएमडी से मिली जानकारी के बाद एक दिसंबर को सुबह चार बजे तक चेन्नई एयरपोर्ट पर उड़ानों को बंद रखने का फ़ैसला किया गया है.
चक्रवाती तूफ़ान फेंगल की वजह से तमिलनाडु के कई इलाक़ों में भारी बारिश हो रही है.
आईएमडी ने कई इलाक़ों में भारी बारिश की आशंका ज़ाहिर करते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया है.
अखिलेश यादव ने कहा, संभल में पहले सर्वे पर किसी को आपत्ति नहीं हुई थी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा-संभल में झगड़ा सरकार और प्रशासन ने मिल कर कराया है
संभल में जिला प्रशासन ने 10 दिसंबर तक बाहरी व्यक्तियों के आने पर रोक लगा दी है.
इस प्रतिबंध के बाद अब राजनीतिक बयानबाज़ी भी शुरू हो गई है, जिसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश
यादव का एक और बयान सामने आया है.
इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर इस मामले को लेकर एक पोस्ट किया था और बीजेपी पर निशाना साधा था. अब उन्होंने मीडिया को बयान दिया है.
अखिलेश यादव ने कहा, “समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि संभल जाना चाहता था. हम
शांति के पक्ष में हैं. वहां शांति हो और लोगों को न्याय मिले. न्याय मिलना ज़रूरी
है.”
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश प्रशासन पर भी निशाना साधा. उन्होंने
कहा, “समय-समय पर प्रशासन जो बातें कह रहा है वह सरकार के इशारे पर कही जा रही हैं.
ये प्रतिबंध और इतनी तैयारी अगर पहले होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती. ”
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “संभल में जब पहले सर्वे
हुआ था किसी को आपत्ति नहीं हुई थी. सभी ने मिलकर सर्वे कराया. आख़िरकार प्रशासन ने
दोबारा सर्वे क्यों कराया और उसमें बीजेपी के कार्यकर्ता क्यों गए?”
शनिवार को संभल के ज़िला अधिकारी ने एक नोटिस जारी करके 10 दिसंबर तक ज़िले
में बाहरी व्यक्तियों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है.
कोलकाता के निजी अस्पताल ने कहा, बांग्लादेशी नागरिकों का नहीं करेंगे इलाज, सलमान रावी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के बाद कोलकाता में विरोध प्रदर्शन भी हुई था
बांग्लादेश में जारी तनाव की स्थिति और इस्कॉन से जुड़े रहे
चिन्मय दास प्रभु की गिरफ़्तारी के विरोध में कोलकाता के एक स्त्री रोग विशेषज्ञ
और एक निजी अस्पताल ने बांग्लादेशी नागरिकों का इलाज न करने का एलान किया है.
स्त्री रोग विशेषज्ञ इन्द्रनील साहा ने सोशल मीडिया पर
अपने फै़सले की जानकारी दी है. वहीं शहर के मानिकतला इलाक़े में स्थित जे एन रॉय
अस्पताल ने भी ऐसी ही जानकारी दी है.
अस्पताल ने मीडिया को दी जानकारी में कहा है कि यह निर्देश अस्पताल प्रबंधन की तरफ़ से जारी किया गया है.
अस्पताल के निदेशक शुभ्रान्शु भक्त ने यह निर्देश जारी किया है जिसे अस्पताल के स्वागत कक्ष के बाहर
लगाया गया है.
शुक्रवार देर रात अस्पताल के निदेशक ने पत्रकारों
से बात की थी और कहा था कि ये फ़ैसला शुक्रवार से ही लागू हो गया है और अगले
निर्णय तक उनका अस्पताल किसी भी बांग्लादेशी नागरिक का इलाज नहीं करेगा.
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह फ़ैसला इसलिए लिया
गया क्योंकि बांग्लदेश में जगह-जगह पर भारतीय तिरंगे का अपमान किया जा रहा है.
जाने माने स्त्री रोग विशेषज्ञ इन्द्रनील साहा ने
अपने फे़सबुक पर लिखा है, “बांग्लादेश
के मरीज़ों को अपने चैम्बर में देखना बंद कर रहा हूँ. पहले देश, फिर कमाई.”
बांग्लादेश में बीते दिनों इस्कॉन से जुड़े रहे चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के बाद वहां हिंसा हुई थी.
इसके बाद भारत ने कहा था कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को वहां के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी.
अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंके जाने की घटना पर बीजेपी ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा-जो व्यक्ति पकड़ा गया है पुलिस उस पर कार्रवाई करे
शनिवार की शाम दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंके जाने के मामले में बीजेपी
का बयान सामने आया है.
अरविंद केजरीवाल शनिवार की शाम दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाक़े में पदयात्रा कर
रहे थे. तभी उनपर किसी व्यक्ति ने तरल पदार्थ फेंक दिया.
आम आदमी पार्टी ने इस घटना को लेकर बीजेपी को कुसूरवार ठहराया था. वहीं बीजेपी
के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तरल पदार्थ फेंकने वाले को आम आदमी
पार्टी का कार्यकर्ता बताया है.
मीडिया को दिए बयान में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “मैं पहले दिन से कह रहा
हूं कि अरविंद केजरीवाल अपने ऊपर थप्पड़ लगवाएंगे, चीज़ें फिकवाएंगे.”
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जो जानकारी निकल कर
सामने आई है उसके अनुसार उन पर फेंका गया तरल पदार्थ पानी है.
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “यह सब अरविंद केजरीवाल की हताशा है. जो भी व्यक्ति पकड़ा गया है पुलिस उस पर कार्रवाई करे. जांच में यह सामने
आ जाएगा कि वह आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है.”
तमिलनाडु में फेंगल तूफ़ान की वजह से कई हिस्सों में जलभराव, देखें तस्वीरें
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बारिश की वजह से सड़क पर भरा पानी
तमिलनाडु में फेंगल तूफ़ान की वजह से राजधानी चेन्नई सहित कई इलाक़ों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति देखी जा रही है.
राज्य सरकार ने स्कूल कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा करते हुए मछुआरों को समंदर में न जाने की चेतावनी दी है.
तमिलनाडु और पुडुचेरी में प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और शिक्षण संस्थानों से कहा है कि किसी भी तरह की परीक्षा या विशेष कक्षाएं आयोजित न की जाएं.
फेंगल की वजह से तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी कर दिया गया है.
भारी बारिश की वजह से कई उड़ानों को रद्द भी करना पड़ा और चेन्नई एयरपोर्ट को भी अस्थाई तौर पर बंद किया गया है.
देखिए तस्वीरें-
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रेकिंग न्यूज़, महाराष्ट्र में पांच दिसंबर को शपथ लेंगे नए मुख्यमंत्री
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र में हाल में संपन्न हुए चुनावों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते
हुए महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ के बारे में जानकारी दी है.
हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.
चंद्रशेखर बावनकुले ने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा है, "राज्य (महाराष्ट्र) में महायुति
सरकार का शपथ ग्रहथ समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में पांच दिसंबर
को गुरुवार के दिन होगा."
यह शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आज़ाद मैदान में होगा. इसी हफ़्ते गुरुवार को
दिल्ली में अमित शाह के साथ बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुलाक़ात की थी.
इस मुलाक़ात से पहले एकनाथ शिंदे ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा था कि
महाराष्ट्र की नई सरकार और मुख्यमंत्री पद के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री
अमित शाह जो भी फ़ैसला करेंगे, उन्हें मंज़ूर होगा.
23 नवंबर को महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे जारी हुए थे. इसमें महायुति गठबंधन को
जीत मिली थी.
गठबंधन में शामिल बीजेपी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है. बीजेपी
ने राज्य की 288 सीटों में से कुल 132 सीटों पर जीत हासिल की है. जबकि शिव सेना (शिंदे
गुट) को 57 सीटों पर जीत मिली है. वहीं एनसीपी (अजित पवार) को 41 सीटें हासिल हुई हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, अरविंद केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान फेंका गया तरल पदार्थ
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता ने अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंके जाने के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने तरल
पदार्थ फेंका है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली पुलिस ने तरल पदार्थ फेंकने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है.
अरविंद केजरीवाल शनिवार की शाम दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाक़े में पदयात्रा कर
रहे थे. तभी भीड़ से अचानक किसी व्यक्ति ने उन पर तरल पदार्थ फेंक दिया.
इस घटना के लिए आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा, “बीजेपी के नेता लगातार
हर राज्य में रैलियां करते हैं, पदयात्राएं करते हैं उन पर कभी हमले नहीं होते हैं. अरविंद केजरीवाल पर लगातार
हमले हो रहे हैं.”
सौरभ भारद्वाज ने दावा किया, “नांगलोई में केजरीवाल पर हमला हुआ, छतरपुर में भी हमला करने की
कोशिश हुई.”
आंकड़ों में गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोप का चुनाव आयोग ने दिया जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग ने कांग्रेस को मिलने का समय दे दिया है
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब
दिया है.
कांग्रेस ने शुक्रवार को हुई वर्किंग कमेटी की मीटिंग में महाराष्ट्र चुनाव के
नतीजों को लेकर वोटिंग के आंकड़ों पर सवाल खड़े किए थे.
इस पर चुनाव आयोग ने कहा है कि वोटिंग के आंकड़ों में कोई भी गड़बड़ी नहीं है.
चुनाव आयोग के अनुसार यह डेटा सभी उम्मीदवारों के पास उपलब्ध है और इसे सत्यापित भी किया जा सकता है.
महाराष्ट्र चुनाव में वोटिंग के आंकड़ों पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को एक पत्र
भी लिखा था. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा था कि हमने वोटिंग के आंकड़ों को लेकर एक खत लिखकर चुनाव
आयोग से मिलने का समय मांगा है.
अब चुनाव आयोग ने अपने पत्र में कांग्रेस को मिलने का समय दिया है. पत्र के
मुताबिक़, चुनाव आयोग ने कांग्रेस को तीन दिसंबर के दिन शाम को पांच बजे का समय
दिया है.
वायनाड की रैली में प्रियंका गांधी ने बीजेपी को घेरा, राहुल गांधी ने अदानी पर साधा निशाना
इमेज स्रोत, INC Official X Account
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने कहा- बीजेपी किसी भी सीमा का सम्मान नहीं करती है
वायनाड लोकसभा
उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में पहली जनसभा की है.
शनिवार को प्रियंका गांधी ने केरल के
निलांबुर में एक जनसभा को संबोधित किया. उनके साथ उनके भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहे.
अपने संबोधन में
प्रियंका ने कहा, "सबसे पहले, मैं आप सभी को मुझे अपना सांसद बनाने के लिए तहे दिल से धन्यवाद देती हूं.
संसद में आपके प्रतिनिधि के रूप में, मैं आपकी आवाज़ को बुलंद करूंगी."
प्रियंका ने वायनाड में कुछ दिनों पहले हुए भूस्खलन का ज़िक्र करते हुए बीजेपी
पर निशाना साधा.
प्रियंका ने कहा, "बीजेपी किसी भी सीमा का
सम्मान नहीं करती है. बीजेपी के लिए जनता, नियम और लोकतंत्र कोई मायने नहीं रखते
हैं. हमारी लड़ाई संविधान पर आधारित है जिससे हमारे देश का निर्माण हुआ है."
वायनाड के पूर्व सांसद और लेकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी जनसभा
को संबोधित किया.
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, "मैं मुंडक्कई और चूरलमाला भूस्खलन के पीड़ितों को
श्रद्धांजलि देना चाहता हूं. राहुल गांधी ने कहा कि हम सरकार पर त्रासदी के
पीड़ितों की मदद के लिए दबाव बनाएंगे."
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में बीजेपी और गौतम अदानी का ज़िक्र
भी किया.
उन्होंने कहा, "लोकसभा में, हम एक राजनीतिक विचारधारा से लड़ रहे हैं. हम भावनाओं,
संवेदनाओं,
स्नेह और प्रेम की
बात करते हैं, जबकि वे घृणा, क्रोध, विभाजन और हिंसा को बढ़ावा देते हैं. हम लोगों की बात सुनने और विनम्रता के
महत्व पर जोर देते हैं, जबकि वे अहंकारी व्यवहार करते हैं."
राहुल गांधी ने कहा, "संविधान में कहा गया है कि सभी
लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए. हालांकि, पीएम मोदी कहते हैं कि अडानी के
साथ हर दूसरे भारतीय से अलग व्यवहार किया जाएगा."
संभल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध, अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि सरकार को पहले ही संभल में माहौल बिगाड़ने वालों पर प्रतिबंध लगाना था
उत्तर प्रदेश के संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर उपजे विवाद में अब संभल के जिला अधिकारी ने 10 दिसंबर तक ज़िले में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया
है.
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में की गई सुनवाई में संभल
मामले पर निचली अदालत में किसी भी सुनवाई पर रोक लगा दी गई थी.
जिला अधिकारी के आदेश के अनुसार 10 दिसंबर
तक कोई भी बाहरी व्यक्ति संभल में बिना उनकी अनुमति के प्रवेश नहीं कर
सकेगा.
संभल में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाए
जाने वाले आदेश पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है.
अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, “प्रतिबंध लगाना बीजेपी सरकार के शासन, प्रशासन और सरकारी प्रबंधन की नाक़ामी है. ऐसा प्रतिबंध अगर
सरकार उन पर पहले ही लगा देती, जिन्होंने दंगा-फ़साद करवाने का सपना देखा और
उन्मादी नारे लगवाए, तो संभल में सौहार्द-शांति का वातावरण नहीं बिगड़ता.”
उन्होंने लिखा, “बीजेपी जैसे पूरी की
पूरी कैबिनेट एक साथ बदल देते हैं, वैसे ही संभल में ऊपर से लेकर नीचे तक का पूरा
प्रशासनिक मंडल निलंबित करके उन पर साज़िश के तहत लापरवाही का आरोप लगाते हुए, सच्ची कार्रवाई करके
बर्ख़ास्त भी करना चाहिए. साथ ही किसी की जान लेने का मुक़दमा भी चलना चाहिए.”
सर्पदंश को ‘अधिसूचित रोग’ घोषित करने के लिए केंद्र सरकार ने भी राज्यों से किया अनुरोध
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत सरकार ने साल 2030 तक सर्पदंश से होने वाली मौतों को आधा करने का लक्ष्य तय किया है
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने भारत के सभी राज्यों और
केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को सर्पदंश को ‘अधिसूचित रोग’ घोषित करने के लिए एक पत्र लिखा है.
इस पत्र में सर्पदंश के मामलों और इस कारण होने वाली
मौतों को ‘अधिसूचित
रोग’ घोषित करने का अनुरोध किया है.
‘अधिसूचित
रोग’ के बारे में क़ानूनी रूप से स्वास्थ्य विभाग या सरकार को सूचित करना
अनिवार्य होता है.
अपने पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने लिखा है, "जैसा कि आप जानते हैं, सर्पदंश सार्वजनिक
स्वास्थ्य से जुड़ी चिंता का विषय है और कुछ मामलों में यह मृत्यु और विकलांगता की
वजह भी है. इस कारण किसान और आदिवासी आबादी सबसे ज़्यादा जोख़िम में है."
पत्र में यह भी लिखा गया है कि सर्पदंश की समस्या से
निपटने के लिए, "भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने संबंधित मंत्रालयों से
परामर्श करके, इसके रोकथाम के लिए एक राष्ट्रीय कार्ययोजना शुरू की है. इसका
लक्ष्य साल 2030 तक सर्पदंश से होने वाली मौतों को आधा करना है."
बांग्लादेश में चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी पर क्या बोला आरएसएस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरएसएस ने चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी को अन्यायपूर्ण बताया है
बांग्लादेश में चिन्मय
कृष्ण दास की गिरफ़्तारी के तीन दिन बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी है.
आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय
होसबाले ने बयान जारी कर चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ़्तारी को अन्यायपूर्ण
कहा है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है.
बयान में उन्होंने कहा है, “हिंदुओं पर अत्याचार के ख़िलाफ़ शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे इस्कॉन से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास को बांग्लादेश सरकार द्वारा जेल भेजना अन्यायपूर्ण है. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ बांग्लादेश सरकार से अपील करता है
कि वे यह सुनिश्चित करें कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार तत्काल बंद
हों और चिन्मय कृष्ण दास को जेल से मुक्त किया जाए.”
चिन्मय कृष्ण दास पर बांग्लादेश में राजद्रोह के आरोप लगाए गए हैं.
आरएसएस ने बांग्लादेश में हिंदुओं की
रक्षा के लिए भारत सरकार से भी अपील की है.
26 नवंबर को
चिन्मय कृष्ण दास को चटगांव की अदालत में पेश किया गया था, जिसके बाद उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किए. इस दौरान उनके
समर्थकों और पुलिस के बीच हुई झड़प हुई जिसमें एक वकील की मौत हो गई थी.
इसके बाद बांग्लादेश में इस्कॉन पर
प्रतिबंध लगाए जाने की मांग तेज़ हो गई थी. इससे जुड़ी एक याचिका भी बांग्लादेश हाईकोर्ट
में दायर की गई थी, जिसे अदालत ने ख़ारिज कर दिया.
इस्कॉन बांग्लादेश पहले ही चिन्मय कृष्ण दास से दूरी बनाने का एलान कर चुका है.
नमस्कार,
दोपहर के दो बज रहे हैं. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप तक ज़रूरी ख़बरें पहुंचाएंगे.
आप बीबीसी हिंदी के पेज पर छपी कुछ बड़ी ख़बरें नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
- चक्रवाती तूफ़ान फेंगल आज तमिलनाडु के तट से टकराएगा, अभी तक इसके बारे में क्या-क्या पता है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- ऑल्ट न्यूज़ के मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ केस में यूपी पुलिस ने जोड़ी नई धाराएं, क्या हैं मायने? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- इसराइल के साथ युद्धविराम समझौते के बाद पहली बार बोले हिज़्बुल्लाह चीफ़ नईम क़ासिम. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- सेक्स वर्कर्स के लिए मातृत्व अवकाश और पेंशन का प्रावधान करने वाला पहला देश. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
- विधानसभा या कुटुंबसभा? महाराष्ट्र में चुने गए कई विधायकों के बीच हैं पारिवारिक रिश्ते. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
संभल जा रहे सांसद जिया उर रहमान बर्क को दिल्ली यूपी बॉर्डर पर रोका गया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क
संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा है कि उन्हें संभल जाने से रोक दिया गया है.
उन्होंने कहा, "अफ़सोस है और हमें ऐसी उम्मीद नहीं थी कि हमें ऐसे रोका जाएगा, क्योंकि तीन दिन पहले जब हमारा प्रतिनिधिमंडल संभल जा रहा था जिसमें मैं भी शामिल था, तब यूपी डीजीपी की तरफ़ से कहा गया था कि अभी तीन दिन के लिए रोक लगा रहे हैं, इसलिए तीन दिन बाद जाएं. हमें माहौल ख़राब होने की आशंका है."
"जबकि ऐसी आशंका का कोई मतलब नहीं बनता था, लेकिन फिर भी हम बात मानते हुए तीन दिन रुके. आज अखिलेश यादव जी के निर्देश पर हमारा प्रतिनिधिमंडल जा रहा था. जिस तरह यह ग़लत तरीक़े से रोका गया है, मैं उसकी निंदा करता हूं."
"हम लोगों के दुख दर्द में शामिल होना चाहते हैं. हम सही रिपोर्ट लेना चाहते हैं कि जो लोग इसमें शामिल हैं, जिन्होंने वहां पर माहौल को ख़राब किया है, जो पुलिस प्रशासन के अधिकारी ज़िम्मेदार हैं. उसकी एक पूरी रिपोर्ट बनाकर अखिलेश यादव जी को सौंपना चाहते हैं जिससे कि हम आगे की कार्रवाई कर सकें."
नेताओं के जाने से माहौल ख़राब होने के सवाल पर जिया उर रहमान ने कहा, "अगर नेताओं के जाने से माहौल ख़राब होता तो सर्वे के पहले दिन जो 19 तारीख़ को हुआ था, उस दिन मैं खुद वहां मौजूद था, अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे उस दिन माहौल क्यों ख़राब नहीं हुआ. जुमे के दिन 22 तारीख़ को हम लोग ख़ुद मौजूद थे तब माहौल क्यों ख़राब नहीं हुआ. माहौल ख़राब तब हुआ जब हम लोग वहां मौजूद नहीं थे."
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, जिया उर रहमान बर्क को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही रोक दिया गया, जब वो दिल्ली से संभल जा रहे थे.
शनिवार सुबह संभल डीएम ने एक आदेश जारी कर 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी गई है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और सपा नेता माता प्रसाद पांडे ने कहा है कि संभल के डीएम ने उन्हें फोन कर संभल नहीं आने को कहा है.
संभल में बाहरियों के आने पर पाबंदी के बारे में क्या बोले स्थानीय सांसद और यूपी डिप्टी सीएम
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के लोग संभल को 'राजनीतिक पर्यटन' समझ रहे हैं.
उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए. संभल की जो घटना है ये समाजवादी पार्टी के संरक्षित अपराधियों की देन है. जो संभल के अपराधी हैं वो सब समाजवादी हैं. अखिलेश यादव को प्रदेश की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए."
ब्रजेश पाठक ने कहा, "हर स्थिति में हम वहां (संभल में) कानून के राज को बनाए रखेंगे और समाजवादी पार्टी के जो सांसद और विधायक आपस में सिर फुटव्वल कर रहे हैं, अखिलेश यादव को पहले अपनी पार्टी को संभालना चाहिए. फिर राजनीतिक बयानबाज़ी करनी चाहिए."
ब्रजेश पाठक ने कहा, "ये उसको राजनीतिक पर्यटन समझ रहे हैं. समाजवादी पार्टी ऐसी घटनाओं में राजनीतिक पर्यटन की दृष्टि से जाती है."
इससे पहले संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा है कि उनके साथ समाजवादी पार्टी के सारे सांसद संभल जा रहे हैं.
उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से संभल जाने के बारे में कहा, "हमारी तैयारी पूरी है. हमारे सारे सांसद साथ में हैं."
पुलिस द्वारा रोके जाने के सवाल पर जिया उर रहमान ने कहा, "उसके लिए हम रणनीति बनाएंगे. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी को जानकारी देकर जैसे भी रणनीति होगी उसको हम आगे बढ़ाएंगे."
शनिवार सुबह संभल डीएम ने एक आदेश जारी कर 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी गई है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और सपा नेता माता प्रसाद पांडे ने कहा है कि संभल के डीएम ने उन्हें फोन कर संभल नहीं आने को कहा है.
उत्तर प्रदेश: संभल में बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी, डीएम का आदेश
इमेज स्रोत, X/DmSambhal
इमेज कैप्शन, संभल के डीएम राजेंद्र पेंसिया (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश के संभल में 10 दिसंबर तक बाहरी लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी गई है. संभल के जिलाधिकारी (डीएम) ने इसको लेकर एक आदेश जारी किया है.
आदेश में लिखा है, "कोई भी बाहरी व्यक्ति, अन्य सामाजिक संगठन अथवा जनप्रतिनिधि जनपद संभल की सीमा में 10 दिसंबर 2024 तक समक्ष अधिकारी की अनुमति के बिना प्रवेश नहीं करेगा."
इमेज स्रोत, DM Ofiice Sambhal
इमेज कैप्शन, संभल के डीएम का आदेश
प्रशासन ने यह पाबंदी ऐसे समय पर लगाई है जब विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि संभल जाने वाले थे.
शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडे ने कहा कि उन्हें संभल के डीएम ने फोन कर संभल नहीं आने को कहा है.
उन्होंने कहा कि न्याय आयोग और प्रेस के लोग संभल जा रहे हैं, उनके जाने से कोई ख़तरा पैदा नहीं हो रहा है. लेकिन अगर वो चले जाएंगे तो अशांति पैदा हो जाएगी. सरकार जानबूझकर अपने सारे कार्यों पर पर्दा डालने के लिए उन्हें रोक रही है.
वहीं समाजवादी पार्टी ने कहा कि बीजेपी सरकार संभल हिंसा का सच छिपा रही है. सपा प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने की अनुमति मिलनी चाहिए.
समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद ने कहा- संभल जाने से रोका गया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, माता प्रसाद पांडे ने कहा है पार्टी दफ़्तर में हम चर्चा करेंगे और संभल जाने के बारे में आगे का निर्णय लेंगे
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा है कि संभल के जिलाधिकारी (डीएम) ने उन्हें फोन कर संभल नहीं आने को कहा है.
शनिवार को माता प्रसाद पांडे ने मीडिया से कहा, "रात में गृह सचिव ने मुझे फोन कर संभल नहीं जाने को कहा है. गृह सचिव ने कहा कि वहां स्थिति अभी बदल सकती है. इसके बाद संभल के डीएम का फोन आया. उन्होंने कहा कि आप संभल मत आइए हमने रोक 10 दिसंबर तक बढ़ा दी है."
"मैं पार्टी दफ़्तर जाऊंगा, वहां हम लोग तय करेंगे कि हमें आगे क्या करना है."
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आरोप के जवाब में माता प्रसाद पांडे ने कहा, "हम किसी को नहीं भड़काते हैं. भड़काने वाली भाषा उनकी रहती है."
माता प्रसाद पांडे ने कहा, "उन्हें मुझे नोटिस देना चाहिए था कि आप संभल नहीं जा सकते, लेकिन बिना किसी नोटिस के उन्होंने मेरे घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी."
एक अन्य बयान में माता प्रसाद पांडे ने कहा, "न्याय आयोग वहां (संभल) जा रहा है, प्रेस के लोग जा रहे हैं, उनके जाने से कोई ख़तरा पैदा नहीं हो रहा है. अगर हम चले जाएंगे तो अशांति पैदा हो जाएगी. ये सरकार जानबूझकर अपने सारे कार्यों पर पर्दा डालने के लिए हम लोगों को रोक रही है."
वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मामले पर अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर एक बयान जारी किया है.
सपा ने कहा है, "अखिलेश यादव के निर्देश पर संभल में हुई हिंसा की जांच के लिए बनाए गए सपा प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं के घरों पर सरकार पुलिस लगाकर उन्हें संभल जाने से रोकने की घटना, घोर निंदनीय व अलोकतांत्रिक है."
"बीजेपी सरकार संभल हिंसा का सच छिपा रही है. सपा प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने की अनुमति मिलनी चाहिए."
ज़ेलेंस्की ने बताया किस शर्त पर ख़त्म हो सकती है रूस-यूक्रेन जंग, पॉल एडम्स, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने स्काई न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में अपना यह सुझाव दिया है
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सुझाव दिया है कि यूक्रेन के जिस हिस्से पर उनका शासन है उसे "नेटो में शामिल कर लिया जाना चाहिए" जिससे रूस के साथ उसके युद्ध को ख़त्म किया जा सके.
स्काई न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में ज़ेलेंस्की से सवाल किया गया कि यूक्रेन के पास वर्तमान में जितना क्षेत्र बचा हुआ है, उसके साथ क्या वो नेटो की सदस्यता स्वीकार करेंगे?
इस पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि वो ऐसा करेंगे, लेकिन ऐसा तभी होगा जब पहले पूरे यूक्रेन को उसकी अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सीमा के तहत नेटो की सदस्यता दी जाए.
ज़ेलेंस्की ने कहा कि इसके बाद यूक्रेन "कूटनीतिक तरीके से" रूस के नियंत्रण वाले क्षेत्र को वापस लेने के लिए बातचीत करने की कोशिश कर सकता है.
हालांकि ज़ेलेंस्की का यह सुझाव पूरी तरह से सैद्धांतिक नहीं है क्योंकि उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें अब तक किसी ने ऐसा प्रस्ताव नहीं दिया है.
ज़ेलेंस्की के इस सुझाव पर नेटो विचार करेगा या नहीं, इस पर संदेह बना हुआ है.