You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

विमेंस प्रीमियर लीग: दूसरी बार चैंपियन बनी आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया

विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, रौनक भैड़ा

  1. लोकसभा में गतिरोध बरकरार, कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.

    लोकसभा में पिछले कुछ दिनों से जारी गतिरोध गुरुवार को भी बरकरार है और कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर के अंदर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

    लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सदन में कई विपक्षी सदस्यों के सत्तापक्ष की दीर्घा की तरफ पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की घटना पर नाराज़गी जताई.

    उन्होंने कहा, "सदन में जो कल घटना हुई, जिस तरीके से प्रतिपक्ष के सदस्य सत्तापक्ष की बेल तक पहुंचे. ये सदन की मर्यादा के अनकूल नहीं है."

    इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

    लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित किया गया, हालांकि इस दौरान भी विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही.

    इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई.

  2. टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर पाकिस्तानी पीएम के बयान पर क्या बोला बांग्लादेश?

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल ने गुरुवार को पाकिस्तान को धन्यवाद दिया.

    बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था और उसके मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी.

    हालांकि, इसके बाद बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया. इसके विरोध में पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की है.

    बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने अपनी कैबिनेट को संबोधित करते हुए दोबारा इस फ़ैसले को दोहराया.

    उन्होंने कहा, "हमने बहुत सोच-समझकर एक स्टैंड लिया है. हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह खड़े होना चाहिए. ये बहुत मुनासिब फ़ैसला है."

    आसिफ़ नज़रुल ने अपने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में पाकिस्तान का आभार जताया है.

  3. मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- लोकसभा में विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जाता

    राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को सदन में 'लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं देने' का मुद्दा उठाया.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "हमारे संविधान के अनुसार, हमारे पास दो सदन हैं: एक लोकसभा और दूसरा राज्यसभा. लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जाता, भले ही वह देश के हित में बोलना चाहें. हम इस तरह देश कैसे चला सकते हैं?"

    इस पर सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, "विपक्ष के नेता को पता होना चाहिए कि लोकसभा की कार्यवाही पर राज्यसभा में चर्चा नहीं की जा सकती."

    वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी नियम नहीं मानते हैं, उन्हें समझाना चाहिए.

    इस पर खड़गे ने कहा, "चार दिन से लोकसभा नहीं चल रही है क्योंकि नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है...ये बहुत ग़लत है और देश के लिए भी ये अच्छा नहीं है."

  4. जिनपिंग ने ट्रंप से कहा- ताइवान को हथियार देते समय अमेरिका को समझदारी दिखानी चाहिए, केली एनजी

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फ़ोन पर बात की. इस दौरान उन्होंने ताइवान को चीन-अमेरिका संबंधों में "सबसे ज़रूरी मुद्दा" बताया.

    चीन की सरकारी मीडिया ने बताया कि शी जिनपिंग ने ट्रंप से कहा कि ताइवान को हथियार देते समय "सावधानी" बरतें.

    उन्होंने यह भी कहा कि वह अमेरिका के साथ संबंधों को "बहुत महत्व" देते हैं और उम्मीद करते हैं कि दोनों पक्ष अपने मतभेदों को सुलझाने के तरीके ढूंढ लेंगे.

    ट्रंप ने इस बातचीत को "शानदार" बताया.

    ट्रंप से बातचीत से कुछ घंटे पहले, शी जिनपिंग ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक वर्चुअल मीटिंग की, जिसमें दोनों ने चीन और रूस के बीच मज़बूत संबंधों की तारीफ़ की.

  5. भारत के तेल ख़रीद के मुद्दे पर रूस ने क्या कहा?

    रूस ने बुधवार को कहा कि भारत की इस घोषणा में उसे 'कुछ भी नया नहीं लगा' कि वह अपनी तेल ख़रीद में विविधता लाएगा.

    रूस ने कहा कि भारत हमेशा से रूस सहित अलग-अलग देशों से तेल खरीदता रहा है.

    इससे पहले भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा था कि बदलते वैश्विक हालात के बीच भारत अपने नागरिकों के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की रणनीति के तहत ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाएगा.

    गोयल का बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सोमवार को अमेरिका-भारत व्यापार समझौते की घोषणा के बाद आया. ट्रंप ने कहा था कि भारत रूस की बजाए अमेरिका और वेनेज़ुएला से तेल ख़रीदने के लिए तैयार है.

    हालांकि, भारत की ओर से ट्रंप के दावे की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत की तेल ख़रीद योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि सभी जानते हैं कि रूस भारत को तेल सप्लाई करने वाला एकमात्र देश नहीं है.

    उन्होंने कहा, "हम, और न केवल हम, बल्कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा मामलों के क्षेत्र के सभी विशेषज्ञ, अच्छी तरह जानते हैं कि रूस भारत को तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई करने वाला एकमात्र देश नहीं है."

  6. वीडियो: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चीन की मीडिया में कैसी चर्चा है?

    भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा के बाद पड़ोसी देश चीन में भी इसे लेकर काफी बातचीत हो रही है. चीन की मीडिया ने इस डील को लेकर कई सवाल उठाए हैं. वहीं एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस डील से चीन को नुक़सान पहुंच सकता है.

  7. अमेरिका दौरे पर गए एस जयशंकर ने ट्रेड डील पर क्या कहा?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया है कि 2-4 फ़रवरी के अपने अमेरिका दौरे के दौरान उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ द्विपक्षीय बैठक की.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई की ओर से भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा, "यह सीधे तौर पर मेरे साथ नहीं था, क्योंकि इसे वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल संभाल रहे हैं."

    "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई थी, जिसमें से कुछ घोषणाएं हुईं. उसके बाद, जैसा कि हम बात कर रहे हैं, व्यापार बातचीत की डिटेलिंग चल रही है."

    एस जयशंकर बुधवार को अमेरिका में क्रिटिकल मिनरल्स पर हुई एक बैठक में शामिल हुए.

    उन्होंने कहा, "मैं यहां (अमेरिका में) क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्ट्रियल में शामिल होने आया हूं, जिसे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और कई देशों ने बुलाया था, लगभग 50 देश यहां थे."

    "क्रिटिकल मिनरल्स एक बहुत ही महत्वपूर्ण विषय है, अमेरिका कुछ सालों से हमारा पार्टनर रहा है...मेरे लिए, यह एक प्रोडक्टिव और नतीजे देने वाली बैठक थी."

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ अपनी मुलाक़ात पर जयशंकर ने कहा, "हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग की विस्तार से समीक्षा की. हमारी बातचीत का एक बड़ा हिस्सा द्विपक्षीय मुद्दों पर केंद्रित था."

    "हमने इंडो-पैसिफिक, पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व, ग़ज़ा में क्या हो रहा है, यूक्रेन संघर्ष पर बात की. पश्चिमी गोलार्ध में क्या हो रहा है, इसकी वैश्विक समीक्षा भी हुई. एक तरह से हमने दुनिया और अपने संबंधों पर चर्चा की और यह बहुत खुली बातचीत थी."

  8. अमेरिका और ईरान में बढ़ते तनाव के बीच दोनों पक्ष कब करेंगे बातचीत, ईरानी विदेश मंत्री ने बताया

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने जानकारी दी है कि अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता शुक्रवार को ओमान में होगी.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे मस्कट (ओमान की राजधानी) में होने वाली है."

    "सभी ज़रूरी इंतज़ाम करने के लिए मैं अपने ओमान के भाइयों का आभारी हूं."

    इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था कि अगर ईरान इस हफ़्ते बातचीत चाहता है, तो अमेरिका तैयार है.

    उन्होंने ये भी कहा कि बातचीत में ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल प्रोग्राम को शामिल किया जाना चाहिए.

  9. अमेरिका और रूस के बीच ख़त्म हुई एक अहम संधि, संयुक्त राष्ट्र ने दोनों पक्षों से की ये अपील

    अमेरिका और रूस के बीच न्यूक्लियर हथियारों को कंट्रोल करने वाली एक आख़िरी संधि खत्म हो गई है.

    'न्यू स्टार्ट' संधि (न्यू स्ट्रैटजिक आर्म्स रिडक्शन ट्रीटी) ने दोनों पक्षों को लगभग पंद्रह सौ लंबी दूरी के वॉरहेड रखने तक सीमित किया था.

    संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि इस संधि का खत्म होना "अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए एक नाज़ुक क्षण है."

    उन्होंने अमेरिका और रूस से एक नए समझौते पर बातचीत करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का ख़तरा दशकों में सबसे ज़्यादा है.

    इससे पहले, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अब वह मानता है कि कोई भी देश 'न्यू स्टार्ट' संधि की शर्तों से बंधा नहीं है, लेकिन वह ज़िम्मेदारी से काम करेगा.

  10. भारत के साथ टी-20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर क्या बोले पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने भारत के ख़िलाफ़ टी-20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलने के फ़ैसले को दोहराया है. उन्होंने कहा कि देश ने सोच-समझकर ये फ़ैसला किया है.

    बुधवार को अपनी कैबिनेट को संबोधित करते हुए शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "टी-20 वर्ल्ड कप जो है, उस हवाले से हमने स्टैंड लिया है कि हम हिंदुस्तान के ख़िलाफ़ मैच नहीं खेलेंगे. पाकिस्तान ने कहा कि ये खेल का मैदान है, ये सियासत नहीं है."

    "खेल के मैदान में सियासत बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. हमने बड़ा सोच-समझकर एक स्टैंड लिया है. हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह खड़े होना चाहिए. ये बहुत मुनासिब फ़ैसला है."

    बांग्लादेश ने बीते महीने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उसकी जगह टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है.

    पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने आईसीसी के फ़ैसले को 'ग़लत' बताया था और इसे डबल स्टैंडर्ड बताया था.

    इसके बाद एक फ़रवरी को पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी.

    पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर पोस्ट किया था, "इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.