You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, मणिपुर में फिर हिंसा, 15 घर जलाए जाने के बाद सुरक्षाबलों को किया गया तैनात

मणिपुर के कामजोंग ज़िले के फ़ाइमोल कुकी गांव में बुधवार को अज्ञात उपद्रवियों ने कथित तौर पर ग्रामीणों के घरों में आग लगा दी.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, शिवांगी जायसवाल

  1. मणिपुर में फिर हिंसा, 15 घर जलाए जाने के बाद सुरक्षाबलों को किया गया तैनात, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    मणिपुर के कामजोंग ज़िले के फ़ाइमोल कुकी गांव में बुधवार को अज्ञात उपद्रवियों ने कथित तौर पर ग्रामीणों के घरों में आग लगा दी.

    कामजोंग ज़िले के पुलिस अधीक्षक थोलू रॉकी ने हिंसा की इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बीबीसी को बताया, "यह घटना बुधवार दोपहर क़रीब साढ़े 12 बजे की है. कुछ अज्ञात हमलावरों ने फ़ाइमोल कुकी गांव में आग लगा दी थी जिसमें कम से कम 15 घर जलकर राख़ हो गए."

    "जिस गांव में यह घटना हुई है, वह चस्साड पुलिस स्टेशन से लगभग 45 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में भारत-म्यांमार सीमा के पास पिलर नंबर 113 के नज़दीक है. पुलिस ने सुरक्षाबलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है."

    पुलिस अधीक्षक रॉकी ने कहा, "इस घटना में बर्मी शरणार्थियों के कुछ छोटे फूस के घर और तंगखुल समुदाय के कुछ घर पूरी तरह जलकर ख़ाक हो गए हैं."

    "लेकिन इस घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की जानकारी नहीं मिली है. पुलिस ने इन मामलों की गहन जांच के लिए स्वतः संज्ञान लेते हुए एक मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है."

    मणिपुर में बीते तीन साल से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा अभी थमी ही नहीं है. बीते फरवरी महीने से कुकी और तंगखुल नागा भी आपस में लड़ रहे हैं.

    इस हिंसा में कुकी और तंगखुल समुदाय के 20 से अधिक लोग बीते 5 महीने में मारे जा चुके हैं.

    अपने घरों को छोड़ रहे ग्रामीण

    मौजूदा तनाव के कारण फाएमोल के ग्रामीणों ने अपना गांव छोड़ना शुरू कर दिया है. गांव के अधिकतर लोगों ने अस्थायी रूप से 11वीं असम राइफ्लस कैंप के पास शरण ले रखी हैं.

    पुलिस ने एक लिखित बयान में बताया, “फाइमोल गांव को जलाने की घटना के बदले में दोपहर करीब 2 बजे कुछ हथियारबंद बदमाश नागा शंखलोक तंगखुल नागा गांव को जलाने की कोशिश की थी.

    लेकिन सुरक्षाबलों की कार्रवाई के चलते वे नाक़ाम रहे. शंखलोक तंगखुल नागा भी भारत-म्यांमार बॉर्डर पिलर नंबर 101 के पास बसा है.”

    कामजोंग जिले के फुंगयार विधानसभा क्षेत्र के विधायक लिएशियो कीसिंग ने स्थानीय मीडिया के समक्ष कहा, "हिंसा वाला क्षेत्र उन इलाकों से सटा हुआ है जहां केएनए-बी और पीपुल्स डिफेंस फोर्स के कैडर सक्रिय हैं, जबकि दुर्गम इलाक़ा होने के कारण सूचना का प्रवाह और राज्य सुरक्षा बलों की आवाजाही बेहद सीमित है."

  2. भारत-ईरान संबंध: किस ओर बढ़ रहे हैं रिश्ते - दिनभर न्यूज़कास्ट

  3. महुआ मोइत्रा के दफ़्तर पर फेंके गए अंडे, क्या है पूरा मामला

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा बुधवार को अपने ही संसदीय क्षेत्र में एक उग्र विरोध प्रदर्शन का निशाना बन गईं.

    पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित उनके स्थानीय ट्रांजिट पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शनकारियों ने अंडों की बौछार की.

    कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना का एक वीडियो साझा करते हुए इन्हें "बीजेपी की भीड़" कहा है.

    साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि डीजीपी उनका फ़ोन नहीं उठा रहे हैं, उनके शिकायत करने पर पुलिस तो आई मगर वह सिर्फ़ दूर से यह सब होता देख रही है.

    इस मामले में अभी पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है. महुआ ने एक अन्य वीडियो में दावा किया है कि उनके दफ़्तर के ऊपर अंडों के साथ पत्थर भी फेंके गए, जिसमें से एक पत्थर उनको भी लगा.

    वीडियो को इमारत की ऊपरी मंजिल से शूट किया गया है, वीडियो में पीछे से उनकी आवाज़ आ रही है और वह कह रही हैं, "सभी देख लें..बीजेपी के गुंडे मेरे कार्यालय के ऊपर सब्जियों और अंडों की बौछार कर रहे हैं."

    "वे लगातार अंडे फेंक रहे हैं. पश्चिम बंगाल में फैली अराजकता को देखिए. पूरे राज्य और पूरे देश को यह देखना चाहिए."

    वीडियो में देखा जा सकता है कि कई अंडे खिड़की में लगे कांच से टकरा रहे हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

    साथ ही सांसद महुआ कह रही हैं, "यह मेरा लोकसभा क्षेत्र है, मैं अपने कार्यालय से कहीं नहीं जाने वाली. बीजेपी की भीड़ यहां बढ़ती जा रही है. वे चाहते हैं कि मैं यहां से जाने के लिए अपनी गाड़ी में बैठूं और फ़िर वो मेरे ऊपर अंडे और पत्थर फेंके."

  4. बेल्जियम की एक रिहायिशी इमारत में आग लगने से कई मौतें, पीएम वेवर ने दुख जताया

    बेल्जियम के एंटवर्प शहर में दस मंजिला एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई है.

    बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    पुलिस के अनुसार, इस इमारत में 200 से अधिक लोग रहते हैं और कई शव बरामद किए जा चुके हैं. हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं.

    पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है. हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय समाचार पत्र डी स्टैंडर्ड को बताया कि इमारत की छत पर कुछ काम चल रहा था.

    एंटवर्प के लिंकेरोएवर इलाके में स्थित इस इमारत में स्थानीय समय के मुताबिक़ बुधवार सुबह करीब 10 बजे आग लगी.

    बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर आग लगने के बाद इससे काला और घना धुआं निकलता दिखाई दिया.

    इमारत के निवासी गीर्ट ड्यूल्फ ने बेल्जियम के सार्वजनिक टीवी चैनल को बताया, "घने धुएं के कारण हम अपने फ्लैट से बाहर नहीं निकल सके. हमने खुद को फ्लैट के अंदर सुरक्षित किया और बालकनी में इंतजार करने लगे. करीब 10 मिनट बाद दमकलकर्मी सीढ़ी की मदद से हमें बचाकर बाहर ले गए."

    एंटवर्प दमकल विभाग की प्रवक्ता मैरी डी क्लर्क ने कहा कि इमारत में घना धुआं और कम दृश्यता होने के कारण आग पर काबू पाने में काफ़ी मुश्किल हुई.

  5. भारत और पाकिस्तान ने कैदियों की सूची की अदला-बदली की

    भारत और पाकिस्तान ने बुधवार को अपनी-अपनी हिरासत में बंद नागरिक कैदियों और मछुआरों की सूचियों का आदान-प्रदान किया.

    कांसुलर एक्सेस समझौते के तहत यह प्रक्रिया हर वर्ष 1 जनवरी और 1 जुलाई को नियमित रूप से की जाती है.

    राजनयिक माध्यमों के जरिए नई दिल्ली और इस्लामाबाद में एक-दूसरे के साथ सूची साझा की.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया, भारत ने पाकिस्तान को अपनी हिरासत में मौजूद 386 नागरिक कैदियों और 53 मछुआरों की जानकारी दी, जो पाकिस्तानी हैं.

    साथ ही, उन 188 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी की मांग दोहराई है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है.

    साथ ही, पाकिस्तान से उन 13 भारतीय माने जाने वाले नागरिक कैदियों को तत्काल कांसुलर एक्सेस उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है, जिन्हें अब तक यह सुविधा नहीं मिली है.

    दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भारत को अपनी हिरासत में मौजूद 52 नागरिक कैदियों और 198 मछुआरों की सूची सौंपी, जो भारतीय हैं या भारतीय माने जाते हैं.

  6. कार्टून: राहत की सांस

  7. केंद्र सरकार ने बताया, ई20 कार्यक्रम को 'प्रयोग' बताने वाली ख़बरें ग़लत

    केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) कार्यक्रम किसी 'प्रयोग' के तौर पर नहीं चलाया जा रहा है.

    भारत के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने कुछ मीडिया रिपोर्टों का खंडन करते हुए लिखित बयान में कहा है कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से ऐसी कोई दलील नहीं दी गई थी.

    केंद्र सरकार ने 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल को लेकर कहा है कि यह किसी प्रयोग के तहत नहीं किया जा रहा.

    भारत के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने ई20 ईंधन कार्यक्रम को इस रूप में प्रदर्शित करने वाली मीडिया रिपोर्टों का खंडन करते हुए अपना पक्ष स्पष्ट किया है.

    कार्यालय की ओर से कहा गया है कि 30 जून को कुछ मीडिया रिपोर्टें छपीं जिनमें भ्रामक दावे किए गए.

    प्रेस नोट के मुताबिक़, कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि ई20 कार्यक्रम अभी भी एक प्रयोग है और इसके प्रभाव अगले साल तक अधिक स्पष्ट होंगे. यह दावा पूरी तरह ग़लत है और अदालत के समक्ष दी गई वास्तविक दलीलों से मेल नहीं खाता.

  8. ईरान-अमेरिका के बीच चल रही बातचीत को लेकर अब क्या जानकारी सामने आई

    ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता बुधवार को क़तर की राजधानी दोहा में चल रही है.

    इस मामले से जुड़े एक सूत्र के आधार पर रॉयटर्स ने ऐसा रिपोर्ट किया है कि यह परोक्ष तकनीकी वार्ता है.

    यह भी जानकारी मिली है कि इन वार्ताओं में क़तर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं.

    सूत्र के मुताबिक़, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर ने तकनीकी बैठकों की तैयारी के लिए मंगलवार को क़तर के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की थी.

    हालांकि वे दोनों स्वयं बुधवार को हो रही वार्ताओं में शामिल नहीं हैं.

    17 जून को ईरान और अमेरिका के बीच 14 बिंदुओं वाले मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टेंडिंग (एमओयू) पर सहमति बनी थी.

    फिर 21 जून को स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और क़तर के बीच उच्च स्तरीय शांति वार्ता का पहला चरण आयोजित हुआ.

    इससे जंग पर लगाम लगी लेकिन बीते कुछ दिनों के दौरान अमेरिका और ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट में एक-दूसरे पर हमले किए हैं.

    दोनों ही देशों ने एक-दूसरे पर संघर्ष विराम को तोड़ने का आरोप लगाया है.

  9. मनरेगा की जगह आया नया क़ानून आज से पूरे देश में हुआ लागू, जानिए क्या होंगी मज़दूरी दरें

    केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से देशभर में वीबी-जी राम जी अधिनियम के तहत दैनिक मज़दूरी दर लागू कर दी है. इसमें किसी भी राज्य में दैनिक मज़दूरी 300 रुपये से कम नहीं होगी.

    सरकार के अनुसार, अब किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में अधिसूचित मज़दूरी 300 रुपये प्रतिदिन से कम नहीं होगी.

    नई अधिसूचना के मुताबिक़ सभी 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मज़दूरी दरों में बढ़ोतरी की गई है.

    इससे दैनिक मज़दूरी की राष्ट्रीय औसत 298.8 रुपये से बढ़कर 327.4 रुपये हो गई है और औसतन पूरे देश में मज़दूरी में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है.

    सरकार के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में मज़दूरी में 15 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है.

    वहीं, हरियाणा में दैनिक मज़दूरी 409 रुपये, गोवा में 406 रुपये, केरल में 401 रुपये और सिक्किम के ऊंचाई वाले ग्राम पंचायत क्षेत्रों में 450 रुपये निर्धारित की गई है.

    कर्नाटक और पंजाब सहित कुछ अन्य राज्यों में भी मज़दूरी 360 रुपये से अधिक होगी.

    संसद ने पिछले साल दिसंबर में 'विकसित भारत- जी राम जी' बिल 2025 पारित किया था, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंज़ूरी मिल गई थी. यह क़ानून 1 जुलाई 2026 से लागू हो गया है.

    'विकसित भारत गारंटी फ़ॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' यूपीए सरकार के दौर की मनरेगा योजना की जगह ले रहा है.

    कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार साल 2005 में मनरेगा क़ानून लेकर आई थी जिसके तहत ग्रामीण इलाक़े के परिवारों को साल में 100 दिन रोज़गार की गारंटी थी.

    विपक्ष का आरोप है कि इस स्कीम में केंद्र सरकार को राज्यों की तुलना में 'ज़्यादा अधिकार' हैं जबकि राज्य सरकारों को पहले की तुलना में 'ज़्यादा पैसा' ख़र्च करना होगा.

  10. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया ये फ़ैसला

    दिल्ली हाई कोर्ट ने बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के ख़िलाफ़ कथित तौर पर मानहानि करने वाली कुछ ऑनलाइन पोस्ट हटाने का आदेश दिया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, राघव चड्ढा का कहना था कि संबंधित सामग्री (पोस्ट) से यह संदेश दिया जा रहा है कि उन्होंने पैसों के लिए ख़ुद को बेच दिया.

    राघव चड्ढा ने इस तरह की पोस्ट के ख़िलाफ़ दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी.

    हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में व्यक्तित्व अधिकार (पर्सनैलिटी राइट्स) का सवाल नहीं उठता.

    राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के सदस्य थे. उन्हें आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य भी बनाया, लेकिन पिछले दिनों पार्टी के कुछ अन्य सांसदों के साथ वो बीजेपी में शामिल हो गए थे.

    आप छोड़ने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके ख़िलाफ़ टिप्पणी की.

  11. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  12. पीएम मोदी के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ये कहा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर टिप्पणी की है. भारत में अमेरिकी दूतावास ने उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया एक्स पर साझा किया है.

    मार्को रुबियो ने कहा, ''हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके किए गए काम के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. वे ऐसे देश का नेतृत्व कर रहे हैं जो आर्थिक रूप से ज़बरदस्त तरक्की कर रहा है और एक ग्लोबल पावर के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है.''

    मार्को रुबियो ने आगे कहा, ''एक ऐसा देश जिसकी ग्लोबल स्तर पर लिए जाने वाले फ़ैसलों में अहम भूमिका होती जा रही है.''

  13. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के 'घर पर हमला', जारी किया सीसीटीवी फ़ुटेज

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने घर पर हमले का आरोप लगाया है.

    अभिषेक बनर्जी ने इससे जुड़ा सीसीटीवी फ़ुटेज भी सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है.

    उन्होंने लिखा, ''आज तड़के एक व्यक्ति मेरे पारिवारिक आवास के बाहर आया, अपनी बाइक रोकी और मेरे घर पर पत्थर फेंके, जिससे पहली मंजिल की खिड़कियों के शीशे टूट गए.''

    अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, ''यह सिर्फ कानून-व्यवस्था की नाकामी नहीं है. यह हिंसा को संस्थागत रूप देने का खतरनाक उदाहरण है. पुलिस कहां थी? किसके निर्देश पर इस व्यक्ति ने इतने बेखौफ होकर हमला किया और बिना किसी कार्रवाई के वहां से चला गया?''

    ''आज पश्चिम बंगाल की यही भयावह सच्चाई है. ऐसा शासन, जिसने हिंसा को सामान्य बना दिया है, गुंडों को बढ़ावा दिया है और ऐसा माहौल तैयार कर दिया है, जहां अपराध करने वाले लोगों को पूरा भरोसा है कि सरकार उनका संरक्षण करेगी.''

  14. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राम गोपाल यादव का आरोप, '20 हज़ार करोड़ का घपला'

    अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में समाजवादी पार्टी के महासचिव राम गोपाल यादव ने बड़ा आरोप लगाया है.

    बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में राम गोपाल यादव ने कहा, "जो लोग गिरफ़्तार हुए हैं वह केवल धोखा है. इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "कम से कम 20 हज़ार करोड़ रुपये का घपला हुआ है. सोना-चांदी, जेवर… लोगों ने पचास-पचास किलो सोना दिया, हीरे के हार दिए लेकिन किसी को कुछ पता नहीं नहीं है."

    अयोध्या के राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की घोषणा की थी.

    हालांकि विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर राज्य और केंद्र की सरकार पर हमलावर हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

  15. जेट फ़्यूल में 5 रुपये प्रति लीटर की कमी, कमर्शियल सिलेंडर पर मिली इतनी राहत

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतें कम होने के बाद जेट फ़्यूल या एटीएफ़ (एविएशन टर्बाइन फ़्यूल) की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अब यह 110 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    वहीं बुधवार को होटलों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली कमर्शियल एलपीजी की कीमतों को लेकर भी राहत दी गई है. इसके तहत 19 किलो के सिलेंडर पर 183.50 रुपये की कटौती की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़ यह इस साल कीमतों में पहली कटौती है.

    28 फ़रवरी को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमले शुरू किए थे. इसके जवाब में ईरान ने भी खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए और होर्मुज़ स्ट्रेट को तकरीबन पूरी तरह बंद कर दिया.

    होर्मुज़ स्ट्रेट दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई का अहम मार्ग है. इसके बंद होने से ऊर्जा की सप्लाई पर असर पड़ा और इसकी कीमतों में उछाल आ गया.

    अमेरिका और ईरान के बीच फ़िलहाल स्थायी युद्धविराम समझौते की उम्मीद में तेल की कीमतों में कमी देखी जा रही है और इसकी सप्लाई भी बेहतर हुई है.

  16. अभिजीत दीपके ने कहा, 'पीएम मोदी के लिए 'वर्ल्ड टूर ज़्यादा ज़रूरी', सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में ये बताया

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी दी है.

    अभिजीत दीपके ने लिखा, "सोनम सर की सेहत हर घंटे बिगड़ती जा रही है, लेकिन उनका संकल्प अडिग है. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना चाहिए."

    इससे पहले अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सोनम वांगचुक का वज़न "भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से 2 किलो कम हो गया है और उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है."

    नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर बीते बारह दिनों से सीजेपी विरोध प्रदर्शन कर रही है.

    उसकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा दें या उन्हें पद से हटाया जाए.

    सीजेपी पेपर लीक के मामले पर ज़िम्मेदारी तय करने की मांग कर रही है.

    इन्हीं मांगों को लेकर शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रविवार से भूख हड़ताल पर हैं.

    मंगलवार को एक पत्रकार ने अभिजीत दीपके से पूछा कि प्रदर्शन के दौरान ही देशभर में दो अन्य परीक्षा के पेपर लीक हो गए, तो क्या सरकार को इसकी कोई फ़िक्र नहीं है?

    अभिजीत दीपके ने इस पर कहा, ''... मोदी जी के पास छोटे-छोटे काम के लिए वक़्त नहीं है. मुझे लगता है कि मोदी जी के पास दूसरे बहुत महत्वपूर्ण काम हैं. दूसरी पार्टी तोड़नी है. वर्ल्ड टूर करना है. बच्चों के एग्ज़ाम तो होते रहेंगे. उसमें क्या है.''

  17. अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा, 'राम मंदिर से जुड़ी अहम जानकारी साझा करूंगा'

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उन्हें अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ी कुछ अहम जानकारी मिली है.

    केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ''कुछ दिन पहले किसी ने मुझे श्री राम मंदिर से संबंधित कोई जानकारी दी. मुझे पहले यकीन नहीं हुआ. पिछले कुछ दिनों में उस जानकारी की पुष्टि की और वो सही है. आज वो जानकारी आप सबके साथ साझा करूँगा.''

    बीते कुछ दिनों से राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मामला सुर्खियों में है और इस मुद्दे पर विपक्षी दल लगातार केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार पर हमलावर हैं.

    अयोध्या के राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की घोषणा की थी.

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन किए थे. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कई तरह के आरोप लगाए थे.

    केजरीवाल ने कहा, "इस मामले में जो एफ़आईआर हुई है वह केवल एक दिखावा है. एक छलावा है. आठ छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया गया है. इतने दिनों से जो घोटाला चल रहा था, ज़ाहिर तौर पर इतने दिनों से घोटाला कोई छोटे-छोटे कर्मचारी नहीं कर रहे थे. इसके तार बहुत ऊपर तक जुड़े हुए हैं. बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है."

    हालांकि अरविंद केजरीवाल ने यह नहीं बताया है कि आज यानी बुधवार को वो चढ़ावा चोरी के मामले पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे या किसी अन्य मुद्दे पर.

  18. राजस्थान: बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत

    राजस्थान में एक बस और ट्रक के बीच टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दौसा ज़िले में हुए इस हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    पीटीआई ने बताया है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुए इस हादसे में 15 लोग घायल भी हुए हैं.

    दौसा के पुलीस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित ने बताया, "यह घटना सुबह क़रीब 3:30 की है. एक स्लीपर बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी और एक खाली ट्रॉली भी जा रही थी. इन्हें शायद किसी ने ओवर टेक करने की कोशिश की. इससे ये दोनों गाड़ियां आपस में किनारे से टकरा गईं और फुटपाथ पर आ गईं.''

    उन्होंने आगे कहा, ''पहले तो जो घायल थे वो निकल गए. बाक़ी जो लोग फंसे रह गए, उनकी आग लगने से मौत हो गई. आग लगने से छह लोगों की मौत हुई है और दो लोगों की मौत सिर में चोट लगने से हुई है. बाक़ी यात्री सुरक्षित हैं.''

    वहीं दौसा की डीएम सौम्या झा ने बताया, "क़रीब 25 लोग बस से निकलने में कामयाब रहे. दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी. "

  19. जन्मसिद्ध नागरिकता पर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने निराशा जताई

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने फॉक्स न्यूज़ के एक कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जन्मसिद्ध नागरिकता (बर्थराइट सिटिजनशिप) को बरकरार रखने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे "बेहद निराशाजनक" बताया है.

    वेंस ने कहा कि ट्रंप प्रशासन इस मामले में अपने सभी कानूनी विकल्पों पर काम जारी रखेगा. उनका कहना था कि व्हाइट हाउस की अमेरिकी इमिग्रेशन नीति में बदलाव की कोशिशें जारी हैं.

    सुप्रीम कोर्ट का यह फ़ैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों के लिए बड़ा कानूनी झटका माना जा रहा है.

    अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार को सीमित करने वाला ये आदेश रद्द कर दिया.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही दिन इससे जुड़ा एक अहम आदेश जारी किया था.

    इसमें कहा गया था कि अमेरिका में अवैध रूप से या अस्थायी रूप से रह रहे माता-पिता से पैदा हुए बच्चे अमेरिका के जन्मजात नागरिक नहीं होंगे.

    ट्रंप के इस आदेश पर पहले निचली अदालतों ने रोक लगाई. जिसके बाद ट्रंप प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे या अस्थायी वीजा पर मौजूद लोगों के जन्म लेने वाले बच्चों को स्वतः अमेरिकी नागरिकता मिलने की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की थी.

    लेकिन अब शीर्ष अदालत ने भी अपने फ़ैसले में जन्मसिद्ध नागरिकता को बरकरार रखा है.

  20. अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान सीमा पर किए हमले, तनाव फिर बढ़ा

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा है कि उसने पाकिस्तान सीमा से लगे ठिकानों पर हमले किए हैं.

    तालिबान शासन की ओर से इन हमलों में पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया है.

    वहीं पाकिस्तान की सेना ने दावा किया कि उसने चार साधारण ड्रोन मार गिराए हैं और चेतावनी दी है कि आगे किसी भी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई का "उचित जवाब" दिया जाएगा. हालांकि, बीबीसी इन हमलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है.

    ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब पाकिस्तान ने रविवार को अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले किए थे. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उन हमलों में 28 नागरिकों की मौत हुई थी.

    कई महीनों की अपेक्षाकृत शांति के बाद दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ गया है. दोनों देशों ने अक्तूबर महीने में कई सप्ताह तक चली खूनी झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी.

    पाकिस्तान लंबे समय से अफ़ग़ानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह ऐसे आतंकवादियों को शरण देता है जो पाकिस्तान में हमले करते हैं. हालांकि, तालिबान सरकार इन आरोपों को ख़ारिज करती रही है.

    वहीं तालिबान शासन का आरोप है कि पाकिस्तान बिना उकसावे के ऐसे हमले करता है जिनमें आम नागरिक मारे जाते हैं. जबकि पाकिस्तान का कहना है कि वह केवल आतंकवादियों को निशाना बनाता है.

    अफ़ग़ानिस्तान का कहना है कि रविवार को पाकिस्तान के हमलों में रिहायशी घरों को निशाना बनाया गया. उसके अनुसार, इन हमलों में 36 नागरिकों की मौत हुई और 160 से अधिक लोग घायल हुए.

    तालिबान ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को "कायराना हरकत" और "जघन्य अत्याचार" बताया.