पंजाब: कांग्रेस कैंपेन कमिटी की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को, प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे राजा वड़िंग
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलावों की घोषणा की है. जिसके तहत पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी की कैंपेन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है.
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार शाम को पंजाब कांग्रेस को लेकर एक सूची जारी की.
इसके मुताबिक़, पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के पद पर फ़िलहाल अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बने रहेंगे. साथ ही, नेता विपक्ष के रूप में प्रताप सिंह बाजवा फिर नेतृत्व करेंगे.
पार्टी की ओर से तीन नेताओं को कांग्रेस ने वर्किंग प्रेसिडेंट की ज़िम्मेदारी दी है, जिसमें सुखविंदर सिंह डेनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह घिलजियां शामिल हैं.
उधर, विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी और कोआर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है.
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का चेयरमैन बनाया है. मैनिफ़ेस्टो कमेटी का चेयरपर्सन डॉ. अमर सिंह को बनाया गया है.