लाइव, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के 'घर पर हमला', जारी किया सीसीटीवी फ़ुटेज

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने घर पर हमले का आरोप लगाया है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • 'कचौड़ी गली' गाने वाले उत्पल उदित से ख़ास बातचीत
  • digital detox
  • venezuela
  • fifa world cup
  • एक ऐसी बच्ची, जिसका 'जन्म' एक नहीं, दो बार हुआ!
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के 'घर पर हमला', जारी किया सीसीटीवी फ़ुटेज

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, @abhishekaitc

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने सीसीटीवी फ़ुटेज जारी किया

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने घर पर हमले का आरोप लगाया है.

    अभिषेक बनर्जी ने इससे जुड़ा सीसीटीवी फ़ुटेज भी सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है.

    उन्होंने लिखा, ''आज तड़के एक व्यक्ति मेरे पारिवारिक आवास के बाहर आया, अपनी बाइक रोकी और मेरे घर पर पत्थर फेंके, जिससे पहली मंजिल की खिड़कियों के शीशे टूट गए.''

    अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, ''यह सिर्फ कानून-व्यवस्था की नाकामी नहीं है. यह हिंसा को संस्थागत रूप देने का खतरनाक उदाहरण है. पुलिस कहां थी? किसके निर्देश पर इस व्यक्ति ने इतने बेखौफ होकर हमला किया और बिना किसी कार्रवाई के वहां से चला गया?''

    ''आज पश्चिम बंगाल की यही भयावह सच्चाई है. ऐसा शासन, जिसने हिंसा को सामान्य बना दिया है, गुंडों को बढ़ावा दिया है और ऐसा माहौल तैयार कर दिया है, जहां अपराध करने वाले लोगों को पूरा भरोसा है कि सरकार उनका संरक्षण करेगी.''

  2. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राम गोपाल यादव का आरोप, '20 हज़ार करोड़ का घपला'

    राम गोपाल यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राम गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी मामले में बड़े लोग शामिल हैं

    अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में समाजवादी पार्टी के महासचिव राम गोपाल यादव ने बड़ा आरोप लगाया है.

    बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में राम गोपाल यादव ने कहा, "जो लोग गिरफ़्तार हुए हैं वह केवल धोखा है. इसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "कम से कम 20 हज़ार करोड़ रुपये का घपला हुआ है. सोना-चांदी, जेवर… लोगों ने पचास-पचास किलो सोना दिया, हीरे के हार दिए लेकिन किसी को कुछ पता नहीं नहीं है."

    अयोध्या के राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की घोषणा की थी.

    हालांकि विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर राज्य और केंद्र की सरकार पर हमलावर हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

  3. जेट फ़्यूल में 5 रुपये प्रति लीटर की कमी, कमर्शियल सिलेंडर पर मिली इतनी राहत

    कमशियल गैस सिलेंडर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध का कमर्शियल गैस की कीमतों और इसकी सप्लाई पर काफ़ी असर देखा गया (सांकेतिक तस्वीर)

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतें कम होने के बाद जेट फ़्यूल या एटीएफ़ (एविएशन टर्बाइन फ़्यूल) की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अब यह 110 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    वहीं बुधवार को होटलों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाली कमर्शियल एलपीजी की कीमतों को लेकर भी राहत दी गई है. इसके तहत 19 किलो के सिलेंडर पर 183.50 रुपये की कटौती की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़ यह इस साल कीमतों में पहली कटौती है.

    28 फ़रवरी को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमले शुरू किए थे. इसके जवाब में ईरान ने भी खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए और होर्मुज़ स्ट्रेट को तकरीबन पूरी तरह बंद कर दिया.

    होर्मुज़ स्ट्रेट दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई का अहम मार्ग है. इसके बंद होने से ऊर्जा की सप्लाई पर असर पड़ा और इसकी कीमतों में उछाल आ गया.

    अमेरिका और ईरान के बीच फ़िलहाल स्थायी युद्धविराम समझौते की उम्मीद में तेल की कीमतों में कमी देखी जा रही है और इसकी सप्लाई भी बेहतर हुई है.

  4. अभिजीत दीपके ने कहा, 'पीएम मोदी के लिए 'वर्ल्ड टूर ज़्यादा ज़रूरी', सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में ये बताया

    सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं

    इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी दी है.

    अभिजीत दीपके ने लिखा, "सोनम सर की सेहत हर घंटे बिगड़ती जा रही है, लेकिन उनका संकल्प अडिग है. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना चाहिए."

    इससे पहले अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि सोनम वांगचुक का वज़न "भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से 2 किलो कम हो गया है और उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है."

    नीट पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर बीते बारह दिनों से सीजेपी विरोध प्रदर्शन कर रही है.

    उसकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा दें या उन्हें पद से हटाया जाए.

    सीजेपी पेपर लीक के मामले पर ज़िम्मेदारी तय करने की मांग कर रही है.

    इन्हीं मांगों को लेकर शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रविवार से भूख हड़ताल पर हैं.

    मंगलवार को एक पत्रकार ने अभिजीत दीपके से पूछा कि प्रदर्शन के दौरान ही देशभर में दो अन्य परीक्षा के पेपर लीक हो गए, तो क्या सरकार को इसकी कोई फ़िक्र नहीं है?

    अभिजीत दीपके ने इस पर कहा, ''... मोदी जी के पास छोटे-छोटे काम के लिए वक़्त नहीं है. मुझे लगता है कि मोदी जी के पास दूसरे बहुत महत्वपूर्ण काम हैं. दूसरी पार्टी तोड़नी है. वर्ल्ड टूर करना है. बच्चों के एग्ज़ाम तो होते रहेंगे. उसमें क्या है.''

  5. अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा, 'राम मंदिर से जुड़ी अहम जानकारी साझा करूंगा'

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @ArvindKejriwal

    इमेज कैप्शन, केजरीवाल ने पिछले दिनों अयोध्या में राम मंदिर में दर्शन कर 'चढ़ावा चोरी' के मामले पर तीखी टिप्पणी की (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उन्हें अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ी कुछ अहम जानकारी मिली है.

    केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ''कुछ दिन पहले किसी ने मुझे श्री राम मंदिर से संबंधित कोई जानकारी दी. मुझे पहले यकीन नहीं हुआ. पिछले कुछ दिनों में उस जानकारी की पुष्टि की और वो सही है. आज वो जानकारी आप सबके साथ साझा करूँगा.''

    बीते कुछ दिनों से राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मामला सुर्खियों में है और इस मुद्दे पर विपक्षी दल लगातार केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार पर हमलावर हैं.

    अयोध्या के राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर चुकी है.

    इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की घोषणा की थी.

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन किए थे. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कई तरह के आरोप लगाए थे.

    केजरीवाल ने कहा, "इस मामले में जो एफ़आईआर हुई है वह केवल एक दिखावा है. एक छलावा है. आठ छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया गया है. इतने दिनों से जो घोटाला चल रहा था, ज़ाहिर तौर पर इतने दिनों से घोटाला कोई छोटे-छोटे कर्मचारी नहीं कर रहे थे. इसके तार बहुत ऊपर तक जुड़े हुए हैं. बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है."

    हालांकि अरविंद केजरीवाल ने यह नहीं बताया है कि आज यानी बुधवार को वो चढ़ावा चोरी के मामले पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे या किसी अन्य मुद्दे पर.

  6. राजस्थान: बस और ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौत

    एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, ANI

    राजस्थान में एक बस और ट्रक के बीच टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दौसा ज़िले में हुए इस हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई. हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    पीटीआई ने बताया है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुए इस हादसे में 15 लोग घायल भी हुए हैं.

    दौसा के पुलीस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित ने बताया, "यह घटना सुबह क़रीब 3:30 की है. एक स्लीपर बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी और एक खाली ट्रॉली भी जा रही थी. इन्हें शायद किसी ने ओवर टेक करने की कोशिश की. इससे ये दोनों गाड़ियां आपस में किनारे से टकरा गईं और फुटपाथ पर आ गईं.''

    दौसा की ज़िलाधिकारी डॉक्टर सौम्या झा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दौसा की ज़िलाधिकारी डॉक्टर सौम्या झा

    उन्होंने आगे कहा, ''पहले तो जो घायल थे वो निकल गए. बाक़ी जो लोग फंसे रह गए, उनकी आग लगने से मौत हो गई. आग लगने से छह लोगों की मौत हुई है और दो लोगों की मौत सिर में चोट लगने से हुई है. बाक़ी यात्री सुरक्षित हैं.''

    वहीं दौसा की डीएम सौम्या झा ने बताया, "क़रीब 25 लोग बस से निकलने में कामयाब रहे. दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी. "

  7. जन्मसिद्ध नागरिकता पर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने निराशा जताई

    जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेडी वेंस ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को ''बेहद निराशाजनक'' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने फॉक्स न्यूज़ के एक कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जन्मसिद्ध नागरिकता (बर्थराइट सिटिजनशिप) को बरकरार रखने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे "बेहद निराशाजनक" बताया है.

    वेंस ने कहा कि ट्रंप प्रशासन इस मामले में अपने सभी कानूनी विकल्पों पर काम जारी रखेगा. उनका कहना था कि व्हाइट हाउस की अमेरिकी इमिग्रेशन नीति में बदलाव की कोशिशें जारी हैं.

    सुप्रीम कोर्ट का यह फ़ैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों के लिए बड़ा कानूनी झटका माना जा रहा है.

    अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार को सीमित करने वाला ये आदेश रद्द कर दिया.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही दिन इससे जुड़ा एक अहम आदेश जारी किया था.

    इसमें कहा गया था कि अमेरिका में अवैध रूप से या अस्थायी रूप से रह रहे माता-पिता से पैदा हुए बच्चे अमेरिका के जन्मजात नागरिक नहीं होंगे.

    ट्रंप के इस आदेश पर पहले निचली अदालतों ने रोक लगाई. जिसके बाद ट्रंप प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे या अस्थायी वीजा पर मौजूद लोगों के जन्म लेने वाले बच्चों को स्वतः अमेरिकी नागरिकता मिलने की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की थी.

    लेकिन अब शीर्ष अदालत ने भी अपने फ़ैसले में जन्मसिद्ध नागरिकता को बरकरार रखा है.

  8. अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान सीमा पर किए हमले, तनाव फिर बढ़ा

    पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद मौक़े पर मौजूद स्थानीय लोग और तालिबान सुरक्षा बल, रविवार को हुए इन हमलों में कई लोगों की मौत हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद मौक़े पर मौजूद स्थानीय लोग और तालिबान सुरक्षा बल. रविवार को हुए इन हमलों में कई लोगों की मौत हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा है कि उसने पाकिस्तान सीमा से लगे ठिकानों पर हमले किए हैं.

    तालिबान शासन की ओर से इन हमलों में पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया है.

    वहीं पाकिस्तान की सेना ने दावा किया कि उसने चार साधारण ड्रोन मार गिराए हैं और चेतावनी दी है कि आगे किसी भी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई का "उचित जवाब" दिया जाएगा. हालांकि, बीबीसी इन हमलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है.

    ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब पाकिस्तान ने रविवार को अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले किए थे. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उन हमलों में 28 नागरिकों की मौत हुई थी.

    कई महीनों की अपेक्षाकृत शांति के बाद दोनों देशों के बीच तनाव फिर बढ़ गया है. दोनों देशों ने अक्तूबर महीने में कई सप्ताह तक चली खूनी झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी.

    पाकिस्तान लंबे समय से अफ़ग़ानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वह ऐसे आतंकवादियों को शरण देता है जो पाकिस्तान में हमले करते हैं. हालांकि, तालिबान सरकार इन आरोपों को ख़ारिज करती रही है.

    वहीं तालिबान शासन का आरोप है कि पाकिस्तान बिना उकसावे के ऐसे हमले करता है जिनमें आम नागरिक मारे जाते हैं. जबकि पाकिस्तान का कहना है कि वह केवल आतंकवादियों को निशाना बनाता है.

    अफ़ग़ानिस्तान का कहना है कि रविवार को पाकिस्तान के हमलों में रिहायशी घरों को निशाना बनाया गया. उसके अनुसार, इन हमलों में 36 नागरिकों की मौत हुई और 160 से अधिक लोग घायल हुए.

    तालिबान ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को "कायराना हरकत" और "जघन्य अत्याचार" बताया.

  9. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: फ़्रांस और नॉर्वे अंतिम 16 में, एम्बापे ने की मेसी के रिकॉर्ड की बराबरी

    स्वीडन के ख़िलाफ़ मैच में फ़्रांस के किलियन एम्बापे ने दो गोल दागे

    इमेज स्रोत, Al Bello/Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वीडन के ख़िलाफ़ मैच में फ़्रांस के किलियन एम्बापे ने दो गोल दागे

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के नॉक आउट मुक़ाबले में फ़्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही फ़्रांस ने अंतिम 16 में जगह बना ली है, जहां उसका मुक़ाबला पराग्वे से होगा.

    स्वीडन के ख़िलाफ़ मैच में फ़्रांस के किलियन एम्बापे ने दो गोल दागे. इसके साथ ही वे विश्व कप मुक़ाबले के नॉकआउट मैचों में सबसे ज़्यादा गोल करने वाले ख़िलाड़ी बन गए हैं.

    दोनों हाफ़ में एक-एक गोल करके एम्बापे ने नॉकआउट मैचों में 10 गोल पूरे कर लिए हैं. वे अब वह इस टूर्नामेंट में गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के साथ बराबरी पर हैं.

    दोनों ने इस विश्व कप में अब तक छह-छह गोल किए हैं. साथ ही एम्बापे ने वर्ल्ड कप मैचों में सबसे ज़्यादा गोल करने के लियोनेल मेसी के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है. दोनों के अब 18-18 गोल हैं.

    मंगलवार को खेले गए एक अन्य मुक़ाबले में नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर आख़िरी 16 में जगह बना ली है. नॉर्वे की तरफ़ से एंटोनियो नूसा और एरलिंग हालेंड ने 1-1 गोल किया जबकि आइवरी कोस्ट की तरफ़ से एकमात्र गोल अमाद डायलो ने किया.

  10. पीएम मोदी ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से कही ये बात

    ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान और पीएम मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, @Iran_in_India

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान और पीएम मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने फ़ोन पर बात की है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, “ पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं के बारे में ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत की. बातचीत में हुई प्रगति का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि लगातार प्रयासों से क्षेत्र में स्थायी शांति आएगी.”

    पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने भारत और दुनिया के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट में आवाजाही की आज़ादी के महत्व को फिर से दोहराया.

    भारत में ईरानी दूतावास ने भी इस बातचीत के बारे में जानकारी दी है. ईरानी दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “

    “राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने मंगलवार दोपहर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की. राष्ट्रपति ने भारत में ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक के सफल आयोजन की सराहना की और उम्मीद जताई कि ब्रिक्स जैसे बहुपक्षीय मंचों पर ईरान और भारत के बीच सहयोग आगे भी मजबूत होगा.”

    ईरानी दूतावास के मुताबिक़ पेज़ेश्कियान ने कहा, दोनों देशों के रिश्ते लंबे ऐतिहासिक संबंधों और आपसी सम्मान पर आधारित हैं. राजनीतिक, आर्थिक, व्यापार, ट्रांजिट और अंतरराष्ट्रीय मामलों में सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं. इसलिए बेहतर समन्वय स्थापित कर उपलब्ध क्षमताओं का पूरा उपयोग करते हुए द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के लिए नए रास्ते तय करना जरूरी है."

    उन्होंने कहा कि ईरान और भारत के बीच कई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान सोच है, ख़ासकर बहुपक्षीय संगठनों और मंचों में. उनके मुताबिक़ यह समानता दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग और व्यापक संबंधों को और मजबूत करने का आधार बन सकती है.

    ईरानी दूतावास ने बताया है कि बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने युद्धविराम और संघर्ष समाप्त करने के लिए हुए समझौते का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "ईरान अपने सभी दायित्वों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है और उम्मीद करता है कि दूसरा पक्ष भी समझौते की शर्तों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पालन करेगा, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति, स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके."

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.