एक गुप्त योजना के तहत हज़ारों अफ़गान नागरिकों को ब्रिटेन भेजा गया

एक ब्रिटिश अधिकारी के अनजाने में इन अफ़गान नागरिकों का डेटा लीक कर दिए जाने के बाद ये बात सामने आई.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, प्रवीण

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता प्रवीण को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. एक गुप्त योजना के तहत हज़ारों अफ़गान नागरिकों को ब्रिटेन भेजा गया

    अफ़गानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़गानिस्तान में फ़िलहाल तालिबान की सत्ता है

    एक गुप्त योजना के तहत हज़ारों अफ़गान नागरिक ब्रिटेन पहुंचे. एक ब्रिटिश अधिकारी के अनजाने में इन अफ़गान नागरिकों का डेटा लीक कर दिए जाने के बाद ये बात सामने आई.

    फरवरी 2022 में अफ़गानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद ब्रिटेन जाने के लिए आवेदन करने वाले लगभग 19 हजार लोगों की निजी जानकारी लीक हो गई है.

    ब्रिटेन की पिछली सरकार को अगस्त 2023 में इस लीक के बारे में पता चला. इसके नौ महीने बाद एक नई पुनर्वास योजना बनाई गई.

    इस योजना के तहत 4,500 अफ़गान नागरिक ब्रिटेन पहुंच चुके हैं. 600 और लोगों और उनके परिवारों का अभी ब्रिटेन पहुंचना बाकी है.

    लीक और पुनर्वास योजना के अस्तित्व को तीन साल से अधिक समय तक गुप्त रखा गया था.

    इस बड़े डेटा उल्लंघन और इसके परिणामस्वरूप ब्रिटेन में रहने का अधिकार प्राप्त करने वाले अफगानियों की संख्या का ब्यौरा मंगलवार को सार्वजनिक किया गया.

    इस लीक में उन लोगों के नाम, कॉन्टेक्ट और कुछ पारिवारिक जानकारी शामिल थी जिन्हें तालिबान से संभावित रूप से खतरा था.

  3. राहुल गांधी को सेना पर टिप्पणी मामले में मिली जमानत, क्या है मामला?, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिंदी के लिए

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सेना पर टिप्पणी की थी

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी मामले में आज लखनऊ में एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश हुए हैं.

    भारतीय सेना पर की गई टिप्पणी मामले में कोर्ट ने राहुल गांधी को पेश होने का आदेश दिया था. पिछली पांच सुनवाइयों के दौरान राहुल गांधी कोर्ट में हाज़िर नहीं हुए थे.

    मामले में राहुल गांधी की पैरवी कर रहे वकील मोहम्मद यासिर अब्बासी के मुताबिक, "न्यायालय ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद जमानत याचिका स्वीकार करते हुए राहुल गांधी को 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी."

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी सेना पर की गई टिप्पणी के मामले में लखनऊ में एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश हुए

    क्या है मामला

    भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने गलवान में चीन के साथ हुई झड़प पर टिप्पणी की थी. जिसके बाद बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के पूर्व निदेशक उदयशंकर श्रीवास्तव ने 11 फरवरी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में राहुल के ख़िलाफ़ मुकदमा दायर किया था.

    गलवान घाटी मामले में जब समन हुआ तब राहुल गांधी ने हाईकोर्ट का रुख किया लेकिन वहां याचिका ख़ारिज हो गई और समन जारी हुआ. इसी मामले में राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट गए लेकिन वहां अभी सुनवाई नहीं हुई है.

    भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 16 दिसम्बर 2022 को राहुल गांधी ने राजस्थान में मीडिया से बात करते हुए कहा था, "लोग भारत जोड़ो यात्रा में अशोक गहलोत और सचिन पायलट आदि के बारे में पूछेंगे. लेकिन वे चीन द्वारा 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा करने, अरुणाचल प्रदेश में हमारे सैनिकों की पिटाई करने के बारे में एक भी सवाल नहीं पूछेंगे. भारतीय प्रेस उनसे इस बारे में एक भी सवाल नहीं पूछता. क्या यह सच नहीं है? देश यह सब देख रहा है. ऐसा दिखावा न करें कि लोगों को नहीं पता."

    वहीं सरकार ने दावा किया था कि भारतीय जवानों ने चीन की सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया था.

  4. पिथौरागढ़ में एक वाहन के नदी में गिरने से आठ लोगों की मौत, पांच घायल, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    पिथौरागढ़ ज़िले

    इमेज स्रोत, District Disaster Management Officer

    इमेज कैप्शन, हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है

    पिथौरागढ़ ज़िले के थल थाना क्षेत्र में सवारियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया. वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से आठ लोगों की मौत हो गई.

    पिथौरागढ़ ज़िले की एसपी रेखा यादव ने दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "दुर्घटनाग्रस्त मैक्स टैक्सी मुवानी से बोकता गांव के लिए चली थी, जिसमें चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे.”

    “बोकता गांव के एक मोड़ पर यह टैक्सी अनियंत्रित होकर नीचे नदी में गिर गई.”

    “नदी में गिरने के बाद वाहन बड़े बोल्डरों से टकराया. रेस्क्यू के दौरान कुछ लोग वाहन में फंसे हुए भी मिले.”

    उन्होंने बताया,"नदी में गिरने के बाद आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा 5 लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए निकट के अस्पताल में ले जाया गया है."

  5. प्रशांत किशोर बोले- 'बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं'

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर की पार्टी पहली बार चुनाव लड़ने जा रही है

    जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने कहा है कि बिहार के 60 फीसदी से ज्यादा लोग बदलाव चाहते हैं.

    बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और प्रशांत किशोर की जन सुराज पहली बार चुनावी मैदान में होगी.

    प्रशांत किशोर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "बिहार में 60 फीसदी से ज्यादा लोग बदलाव चाहते हैं. अपने बच्चों के लिए शिक्षा और रोजगार चाहते हैं. एक नई व्यवस्था चाहते हैं."

    "आरजेडी को बिहार में वोट इसलिए मिलता है क्योंकि मुसलमान बीजेपी को वोट नहीं देता है. कांग्रेस का बिहार में ज्यादा वजूद नहीं है. बिहार में एक बीजेपी-जेडीयू का गठबंधन है और दूसरी तरफ आरजेडी का गठबंधन है."

    प्रशांत किशोर ने कहा, "बिहार के पास तीन विकल्प हैं. अगर वो चाहते हैं कि मौजूदा व्यवस्था चलती रहे तो जेडीयू-बीजेपी को वोट दे दीजिए. अगर इस व्यवस्था से परेशान हैं तो आपके पास दो रास्ते हैं. या तो लालू का जंगलराज था, वो चाहते हैं तो उसको वापस लाइए. या आपके पास विकल्प है, एक नई व्यवस्था बनी है. एक ईमानदार प्रयास शुरू हुआ है उसके साथ जुड़ें."

  6. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहनलाल शर्मा और सुमिरन प्रीत कौर से ..

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. निमिषा प्रिया के मामले पर कांग्रेस ने किया ये दावा

    कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल (फ़ाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल (फ़ाइल फोटो)

    यमन में मौत की सज़ा का सामना कर रहीं भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की सज़ा का दिन टलने पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "हमें जानकारी मिली है कि निमिषा प्रिया की मौत की सज़ा का दिन टल गया है. मैं उन लोगों को बधाई देना चाहता हूं जिनकी वजह से ये मुमकिन हो पाया."

    "हम इस मामले को लेकर केंद्र सरकार के पास पहुंचे थे और हमने अपील की थी कि केंद्र सरकार इस मामले में दखल दे."

    उन्होंने कहा, "लेकिन हमें जानकारी मिली है कि ग्रैंड मुफ़्ती एपी अबूबकर मुसलियार ने हस्तक्षेप किया है. केरल की महिला की जान बचाने में जो भी शामिल होगा, उनका स्वागत है."

    भारतीय नर्स निमिषा प्रिया के मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों से जानकारी मिली है कि यमन के स्थानीय प्रशासन ने 16 जुलाई 2025 को होने वाली उनकी मौत की सज़ा का दिन फ़िलहाल टाल दिया है.

  8. राजीव शुक्ला क्यों बोले- 'हमें रोहित-विराट की कमी महसूस होती है'

    राजीव शुक्ला बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं

    इमेज स्रोत, X/ Rajeev Shukla

    इमेज कैप्शन, राजीव शुक्ला बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि हम सभी को विराट कोहली और रोहित शर्मा की कमी महसूस होती है.

    राजीव शुक्ला इस वक्त टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड में हैं और उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए ये बात कही.

    राजीव शुक्ला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "रोहित शर्मा और विराट कोहली ने खुद संन्यास का फैसला किया. बीसीसीआई की पॉलिसी है कि हम कभी किसी क्रिकेटर को रिटायर होने के नहीं कहते हैं. ये खिलाड़ी के ऊपर निर्भर करता है कि कब वो रिटायर हो."

    "ये उनका खुद का फैसला था. खुद उन्होंने रिटायरमेंट लिया है. उन दोनों की कमी हमेशा खलती रहेगी."

    इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था. रोहित शर्मा के स्थान पर अब शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे हैं.

  9. भारत के ख़िलाफ़ चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में हुआ ये बदलाव

    लियाम डॉसन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लियाम डॉसन के पास तीन टेस्ट खेलने का अनुभव है

    एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम में बदलाव हुआ है.

    मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेले जाने वाले मुकाबले के लिए इंग्लैंड की टीम में चोटिल स्पिनर शोएब बशीर के स्थान पर लियाम डॉसन को टीम में शामिल किया गया है.

    शोएब बशीर भारत के ख़िलाफ़ खेले गए तीसरे टेस्ट में चोटिल हो गए थे.

    35 साल के लियाम डॉसन ने आखिरी बार इंग्लैंड के लिए 2017 में टेस्ट मैच खेला था. उन्हें तीन टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है.

    10 जुलाई से 14 जुलाई तक लॉर्ड्स में खेले गए सिरीज के तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से मात दी. फिलहाल इंग्लैंड ने 5 मैचों की सिरीज में 2-1 से बढ़त बना रखी है.

    चौथे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, जैक क्रावली, बेन डकेट, जो रूट, ओली पोप, क्रिस वोक्स, जोश टंग, जेमी स्मिथ, हैरी ब्रुक, जैकब बेथेल, ब्राइडन कार्स, गस एटकिंसन, लियाम डॉसन.

  10. यौन उत्पीड़न मामले में यश दयाल की गिरफ़्तारी पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगाई

    यश दयाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क्रिकेटर यश दयाल आईपीएल में आरसीबी की ओर से खेलते हैं

    यौन उत्पीड़न के मामले में क्रिकेटर यश दयाल की गिरफ्तारी पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    यश दयाल के वकील गौरव त्रिपाठी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "कोर्ट ने ये भी निर्देश दिया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलने वाले यश दयाल के ख़िलाफ़ अगली सुनवाई तक कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए."

    पीटीआई के मुताबिक न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की बेंच ने एफआईआर को चुनौती देने वाली यश दयाल की याचिका पर यह आदेश पारित किया.

    बीते हफ्ते क्रिकेटर यश दयाल के ख़िलाफ़ एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफ़आईआर दर्ज कराई थी.

    महिला ने आरोप लगाया कि जिस क्रिकेटर के साथ वह पांच साल से रिश्ते में थीं उन्होंने उनका उत्पीड़न किया.

    यश दयाल के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश में ग़ाज़ियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत रविवार 6 जुलाई को मामला दर्ज किया गया.

  11. एनवीडिया चीन को फिर से एआई चिप्स की बिक्री शुरू करेगी

    एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग इस समय चीन में हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग इस समय चीन में हैं

    अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया ने कहा है कि वह जल्द ही चीन को हाई-एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चिप्स की बिक्री फिर से शुरू करेगी.

    कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि अमेरिकी सरकार ने कंपनी को आश्वासन दिया है कि वह चीन के साथ निर्यात फिर से शुरू करने के लिए आवश्यक लाइसेंस देगी.

    यह कदम चीन को एनवीडिया के एच20 चिप्स की बिक्री पर लगे प्रतिबंध को उलट देगा. यह प्रतिबंध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अप्रैल में लगाया था.

    ट्रंप प्रशासन ने ये प्रतिबंध इसलिए लगाया था कि क्योंकि उसे आशंका थी कि इनका इस्तेमाल चीनी सेना द्वारा किया जा सकता है.

    ये चिप्स निर्यात नियंत्रण का मुख्य केंद्र रहे हैं. जिसका उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक को चीन के हाथों से दूर रखना है क्योंकि अमेरिका और चीन के बीच एआई की होड़ तेज हो रही है.

    ये घोषणा ऐसे समय में की गई है जब चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर को लेकर तनाव कम हो रहा है.

    मई में दोनों देशों की सरकारों ने अपने टैरिफ वॉर में अस्थायी रूप से विराम लगाने पर सहमति व्यक्त की थी.

    इस साल की शुरुआत में दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने ट्रेड वॉर की शुरुआत की. हालांकि ट्रंप ने चीन के साथ ट्रेड समझौते पर पहुंचने के लिए 12 अगस्त की समय सीमा तय की है.

  12. शुभांशु शुक्ला के लौटने पर बहन ने कहा- 'आज हमारे पास शब्द नहीं हैं'

    शुचि मिश्रा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला की बहन शुचि मिश्रा

    ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से धरती पर लौटने पर उनकी बहन शुचि मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "वो वापस आ गए हैं. यह पूरे देश के लिए बहुत गौरव का क्षण है. हम बहुत उत्साहित हैं."

    "हमारे पास शब्द नहीं हैं. आज शब्द कम पड़ रहे हैं. अगर गर्व को नापने का कोई पैमाना होता तो आज वो कम पड़ जाता."

    शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में मौजूद इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) में 18 दिन बिताने के बाद धरती पर लौटे हैं.

    वह आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं.

    भारत के शुभांशु शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री जून के आखिरी हफ्ते में इंटरेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना हुए थे.

  13. शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्री धरती पर लौटे

    शुभांशु शुक्ला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय हैं

    शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से धरती पर वापस लौट आए हैं. वह आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय एस्ट्रोनॉट हैं.

    शुभांशु शुक्ला के धरती पर लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं."

    "अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में उन्होंने अपने समर्पण और साहस से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है. यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन की दिशा में एक और मील का पत्थर है."

    वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक एक्सिओम-4 मिशन से सफल वापसी हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने न केवल अंतरिक्ष को छुआ है, बल्कि भारत की आकांक्षाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है."

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्सिओम 4 की टीम को बधाई दी.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दुनिया के लिए गर्व का क्षण. 'ड्रैगन' सैन डिएगो के पास कैलिफ़ोर्निया तट पर सफलतापूर्वक उतरा."

    "भारत के लिए गौरव का क्षण है जब उसका एक बेटा एक सफल यात्रा से लौटा है. भारत को आज अंतरिक्ष की दुनिया में एक स्थायी स्थान मिल गया है!"

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  14. अभिनेता और निर्माता धीरज कुमार का निधन हुआ, रवि जैन, मुंबई से बीबीसी हिंदी के लिए

    धीरज कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिनेता धीरज कुमार

    कई सुपरहिट धारावाहिकों के निर्माता और निर्देशक रहे 80 साल के अभिनेता धीरज कुमार का मंगलवार को निधन हो गया. उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आख़िरी सांस ली.

    धीरज कुमार को शनिवार को निमोनिया की बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गंभीर हालत में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था.

    उनके एक क़रीबी सूत्र ने बीबीसी हिंदी को बताया है कि मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के चलते धीरज कुमार ने आज सुबह 11:30 बजे अंतिम सांस ली.

    1960 के दशक में एक जानी-मानी पत्रिका की तरफ़ से आयोजित एक टैलेंट हंट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद धीरज कुमार ने अभिनय की दुनिया में क़दम रखा था.

    उन्होंने 'उधार का सिंदूर', 'सरगम', 'रोटी कपड़ा और मकान', 'स्वामी', 'रातों का राजा', 'हीरा पन्ना', 'क्रांति, 'मांग भरो सजना', 'पुराना मंदिर, 'कर्म युद्ध' और 'बहुरूपिया' जैसी तमाम फ़िल्मों में काम किया.

    धीरज कुमार ने हिंदी फ़िल्मों में काम करने से पहले 20 से ज़्यादा पंजाबी फ़िल्मों में भी काम किया था.

    साल 1986 में धीरज कुमार ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'क्रिएटिव आई' की स्थापना की. इस प्रोडक्शन में कई फ़िल्मों के अलावा लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक भी बने थे.

  15. जम्मू-कश्मीर: डोडा में टेंपो हुआ दुर्घटनाग्रस्त, पाँच लोगों की मौत 19 घायल

    हरविंदर सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डोडा के डीसी हरविंदर सिंह

    जम्मू-कश्मीर के डोडा ज़िले में मंगलवार को एक टेंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने से पाँच लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हुए हैं.

    ये जानकारी डोडा के डीसी हरविंदर सिंह ने दी. उन्होंने मीडिया को बताया है कि डोडा के पोंडा में एक्सीडेंट हुआ है.

    वहीं, दुर्घटना पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि वो स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं.

    उन्होंने बताया है कि हर संभव मदद की जा रही है.

  16. ओडिशा में छात्रा की मौत को नवीन पटनायक ने बताया, 'राज्य सरकार की लापरवाही'

    नवीन पटनायक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक

    ओडिशा में भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत पर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रतिक्रिया दी है.

    नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सबसे तकलीफ़देह बात यह है कि यह कोई हादसा नहीं था, बल्कि एक ऐसे सिस्टम का नतीजा था, जिसने मदद करने के बजाय चुप्पी साध ली. न्याय की लड़ाई लड़ते-लड़ते आख़िरकार उस लड़की ने अपनी आँखें हमेशा के लिए बंद कर लीं."

    नवीन पटनायक ने कहा है कि छात्रा की मौत सिर्फ़ शारीरिक चोटों से नहीं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही से हुई, जिसने उसे अकेले छोड़ दिया.

    उन्होंने इसे 'संस्थागत धोखा' बताते हुए 'एक योजनाबद्ध अन्याय' क़रार दिया.

    बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक छात्रा ने कॉलेज के एक विभाग के विभागाध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और फिर आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया था.

    परिवार का आरोप

    छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.

    बीबीसी ने इस बारे में कॉलेज के निलंबित प्रिंसिपल दिलीप घोष से बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया.

    पुलिस अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को गिरफ़्तार कर चुकी है. सोमवार को प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को भी गिरफ्तार किया गया है.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  17. ओडिशा में छात्रा की मौत को राहुल गांधी ने बताया 'संगठित हत्या', बीजेपी ने क्या कहा?

    राहुल गांधी और धर्मेंद्र प्रधान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी और धर्मेंद्र प्रधान

    ओडिशा में भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती छात्रा की मौत पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सवाल उठाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं?

    राहुल गांधी ने छात्रा की मौत पर कहा, "ओडिशा में इंसाफ़ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत, सीधे-सीधे बीजेपी के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है."

    उन्होंने कहा, "उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई. लेकिन न्याय देने के बजाय, उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया, बार-बार अपमानित किया गया. जिन्हें उसकी रक्षा करनी थी, वही उसे तोड़ते रहे."

    राहुल गांधी ने दावा किया, "ये आत्महत्या नहीं, सिस्टम द्वारा संगठित हत्या है."

    राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री और बीजेपी नेता धर्मेंद्र प्रधान ने प्रतिक्रिया दी है.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राहुल गांधी ओछी राजनीति कर रहे हैं.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "एक गंभीर और संवेदनशील मामले को राजनीतिक हथियार बनाना, राहुल गांधी की सस्ती मानसिकता को दर्शाता है."

    बालासोर के फकीर मोहन कॉलेज में एक छात्रा ने कॉलेज के एक विभाग के विभागाध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था और फिर आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इसके बाद छात्रा को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया था.

    परिवार का आरोप

    छात्रा के परिवार का आरोप है कि बीते कई महीनों से उसके साथ यौन उत्पीड़न हो रहा था और उसने इसके ख़िलाफ़ कॉलेज प्रशासन से शिकायत भी की थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा ने ऐसा कदम उठाया.

    बीबीसी ने इस बारे में कॉलेज के निलंबित प्रिंसिपल दिलीप घोष से बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया.

    पुलिस अभियुक्त विभागाध्यक्ष समीर साहू को गिरफ़्तार कर चुकी है. सोमवार को प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को भी गिरफ्तार किया गया है.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800 233 3330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  18. मशहूर धावक फौजा सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

    फौजा सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फौजा सिंह का 114 साल की उम्र में निधन हो गया.

    मशहूर धावक फौजा सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वो असाधारण व्यक्ति थे.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "फौजा सिंह असाधारण व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने विशिष्ट व्यक्तित्व से और फिटनेस जैसे अहम विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित किया.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘उनकी मृत्यु से बहुत दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं.’’

    फौजा सिंह का 114 साल की उम्र में निधन हो गया. साल 2000 में फौजा सिंह ने लंदन में पहली बार मैराथन दौड़ में हिस्सा लिया था.

    इसके बाद फ़ौजा सिंह कई शहरों में हुई मैराथन का हिस्सा बने.

    उनके परिवार के अनुसार, फौजा सिंह जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के दूसरी ओर एक ढाबे की ओर जा रहे थे, तभी जालंधर से पठानकोट जा रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.

    परिवार ने बताया, "फौजा सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई."

  19. विदेश मंत्री एस. जयशंकर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिले, क्या बातचीत हुई?

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar /X

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ चीन के राष्ट्रपति

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मंगलवार को बीजिंग में मुलाक़ात की है.

    एस. जयशंकर ने इस मुलाक़ात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दी.

    जयशंकर ने लिखा, "मैंने हमारे (भारत और चीन) के बीच द्विपक्षीय संबंधों के हालिया विकास के बारे में उन्हें (शी जिनपिंग) अवगत कराया. इसको लेकर हमारे नेताओं के मार्गदर्शन को हम अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं."

    विदेश मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के एक सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन पहुँचे हैं.

    इससे पहले सोमवार को एस. जयशंकर ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाक़ात की थी.

    मुलाक़ात के बाद उन्होंने बताया था कि भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों समेत सीमा से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर चर्चा हुई.

    पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर साल 2020 में हुए सैन्य गतिरोध और फिर दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर की यह पहली चीन यात्रा है.

  20. 'भारत और पाकिस्तान के बीच हो जाता परमाणु युद्ध', अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने किया दावा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने व्यापार के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाया.

    नेटो के महासचिव मार्क रट के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, "भारत और पाकिस्तान जिस तरह से आगे बढ़ रहे थे, अगले एक हफ्ते में ही उनके बीच परमाणु युद्ध छिड़ जाता."

    ट्रंप ने दावा किया है, "मैंने उनसे (भारत और पाकिस्तान) बोला कि जब तक आप इस मुद्दे को सुलझा नहीं लेते, हम आपसे व्यापार के बारे में बात नहीं करेंगे. उन्होंने ऐसा (संघर्ष को रोका) किया."

    डोनाल्ड ट्रंप कई बार ये दावा कर चुके हैं कि दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष उनके कारण रुका था. भारत ने बार-बार उनके दावों को खारिज किया है.

    सीज़फ़ायर

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर सबसे पहले घोषणा की थी भारत और पाकिस्तान अमेरिका की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद सीज़फ़ायर के लिए सहमत हो गए हैं.

    इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रोकने को लेकर बनी सहमति की बात तो स्वीकार की थी, लेकिन अमेरिका का नाम नहीं लिया था.

    भारत ने अमेरिका के मध्यस्थता के दावे को भी ख़ारिज रिज कर दिया था.