नीदरलैंड्स: इसराइली फ़ुटबॉल फ़ैन्स पर हमले के बाद पीएम बोले- शर्मिंदा हूं

एम्स्टर्डम में इसराइली फ़ुटबॉल प्रशंसकों पर हुए हमले को लेकर नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक स्कॉफ़ ने कहा कि ये घटना नीदरलैंड में "बढ़ती यहूदी विरोधी भावना" का संकेत है.

सारांश

  • अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी: सुप्रीम कोर्ट ने 1967 के अपने फ़ैसले को पलटा.
  • एम्स्टर्डम में इसराइली फ़ुटबॉल फैन्स पर हुए कई हमले, हिंसा के बाद नीदरलैंड रवाना हुए इसराइली विदेश मंत्री
  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे टी-20 मैच में संजू सैमसन ने मारा शतक, ये लगातार उनका दूसरा शतक है
  • डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद अपने स्टाफ़ में पहली नियुक्ति कर दी है.
  • व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को जीत की बधाई दे दी है.
  • जम्मू-कश्मीर में एक चरमपपंथी हमले में दो विलेज डिफ़ेंस गार्ड की हत्या के बाद किश्तवाड़ में बंद का अह्वान किया गया है.
  • जम्मू-कश्मीर में दो विलेज डिफ़ेंस अधिकारियों की हत्या पर उमर अब्दुल्लाह ने दी प्रतिक्रिया.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. जम्मू-कश्मीर में दो विलेज डिफ़ेंस ऑफ़िसर की हत्या पर क्या बोले सीएम उमर अब्दुल्लाह

    उमर अब्दुल्लाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को अपहरण के बाद दो विलेज डिफ़ेंस अधिकारियों की हत्या पर अब राज्य के सीएम उमर अब्दुल्लाह का बयान भी सामने आ गया है.

    उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “किश्तवाड़ के कुंतवाड़ा में स्थानीय ग्राम रक्षा समिति के सदस्य कुलदीप कुमार और नज़ीर अहमद पद्दर की हत्या से मैं बहुत दुखी और चिंतित हूं.”

    उमर अब्दुल्लाह ने लिखा, “आतंकवादियों ने दो निर्दोष लोगों की हत्या कर दी जो अपने पशुओं को चराने ले गए थे. मैं इस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं और परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. साथ ही मैं सुरक्षा बलों से अपेक्षा करता हूं कि वे हमारे आतंकवाद विरोधी ग्रिड में किसी भी कमी को दूर करने के लिए तेज़ी से कदम उठाएं और सुनिश्चित करें कि इस तरह के हमले पूरी तरह से बंद हो जाएं.”

    गुरुवार को हुई हत्या की इस घटना की राज्य के उपराज्यपाल ने भी निंदा की है.

    पिछले कुछ समय के दौरान जम्मू-कश्मीर में चरमपंथी हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ‘व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के लिए हूं तैयार’

    एक पुरानी तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक पुरानी तस्वीर में डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन

    अमेरिकी चुनाव में जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं.

    गुरुवार को ट्रंप ने एनबीसी न्यूज़ के साथ बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि हम बातचीत करेंगे."

    रूसी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, "डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी बातचीत में कहा था कि अभी तक उन्होंने पुतिन से बात नहीं की है लेकिन वे इस संभावना से इनकार भी नहीं करते हैं."

    तास की ख़बर के मुताबिक़, "ट्रंप ने यह भी बताया कि वे अभी तक वेलोदिमीर ज़ेलेंस्की और इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू समेत दुनिया भर के 70 नेताओं से बात कर चुके हैं."

    साथ ट्रंप ने यह भी कहा कि वे और बाइडन जल्द ही साथ में डिनर करने पर सहमत हुए हैं.

    साल 2016 में राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के अभियान को बढ़ावा देने के लिए रूसी दख़ल का आरोप भी लगा था. हालांकि रूस ने ऐसे सभी आरोपों को ख़ारिज भी कर दिया था.

    अमेरिकी विशेष वकील रॉबर्ट मुलर ने 2016 में ट्रंप के अभियान और रूस के बीच मिलीभगत के आरोपों की जांच की, लेकिन तीन साल बाद एक रिपोर्ट में कहा कि उन्हें साज़िश का कोई सबूत नहीं मिला.

  3. कार निर्माता कंपनी निसान का बड़ा एलान, जाएगी 9 हज़ार लोगों की नौकरी

    निसान ने किया छंटनी का एलान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निसान ने किया छंटनी का एलान

    जापान की कार निर्माता कंपनी निसान ने छंटनी का एलान किया है. छंटनी के इस नए एलान के तहत लगभग 9 हज़ार कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ेगी.

    कंपनी के मुताबिक़, वैश्विक स्तर पर निर्माण से संबंधी समस्याओं और चीन और अमेरिका में बिक्री गिरने से यह फ़ैसला करना पड़ा है.

    जापान की कार निर्माता कंपनी ने कहा है कि वह लगभग 9 हज़ार कर्मचारियों की छंटनी करेगी. वैश्विक स्तर पर कंपनी का प्रोडक्शन क़रीब पांच फ़ीसदी तक गिरा है.

    हालांकि अभी तक निसान ने इस छंटनी से जुड़े बीबीसी के सवालों का कोई भी जवाब नहीं दिया है.

    निसान के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव ऑफ़िसर मकोतो उचिदा ने कहा, “इन बदलावों का यह बिलकुल भी मतलब नहीं है कि कंपनी खुद को छोटा कर रही है. निसान अपने बिज़नेस को आगे बढ़ाने और ज़्यदा लचीला बनाने के लिए पुर्नगठन भी शुरू करेगी.”

  4. जम्मू-कश्मीर में दो विलेज डिफ़ेंस गार्ड की हत्या के बाद उपराज्यपाल ने क्या कहा

    मनोज सिन्हा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनोज सिन्हा (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर में एक चरमपपंथी हमले में दो विलेज डिफ़ेंस गार्ड की हत्या के बाद किश्तवाड़ में बंद का अह्वान किया गया है.

    गुरुवार को किश्तवाड़ में हुई इस घटना के बाद सनातन धर्म सभा नामक संगठन पूरी तरह से बंद का आयोजन करने की तैयारी कर रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और भाजपा नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की है.

    मनोज सिन्हा ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, "किश्तवाड़ में वी.डी.जी. सदस्यों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले की निंदा करने के लिए कोई भी शब्द नहीं है. मैं इस कायरतापूर्ण हमले में शहीद हुए वीर सपूतों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ. हम सभी आतंकवादी संगठनों को नष्ट करने और इस बर्बर कृत्य का बदला लेने के लिए दृढ़ता से तत्पर हैं."

  5. पुतिन ने ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव में जीत की बधाई देते हुए क्या कहा?

    एक पुरानी तस्वीर में पुतिन और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक पुरानी तस्वीर में पुतिन और ट्रंप

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को जीत की बधाई दे दी है.

    समाचार एजेंसी की ख़बर के मुताबिक़, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को वल्दाई इंटरनेशनल डिस्कशन क्लब के एक कार्यक्रम में डोनाल्ड ट्रम्प को अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने की बधाई दी.

    पुतिन ने अपने बधाई संदेश में कहा, "मैं उन्हें (डोनाल्ड ट्रंप) अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उनकी जीत पर बधाई देना चाहूंगा. मैंने पहले ही कहा है कि हम ऐसे राष्ट्राध्यक्ष के साथ काम करेंगे, जिस पर अमेरिकी लोगों का भरोसा है."

    व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को एक साहसी व्यक्ति बताते हुए कहा, व्हाइट हाउस में उनके पहले कार्यकाल के दौरान हर तरफ से उन्हें परेशान किया गया था.

    पुतिन ने यह भी कहा कि ट्रंप के यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने में मदद करने के दावे पर ध्यान दिया जाना चाहिए.

    अपने चुनावी अभियान के दौरान भी डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार ऐसे दावे किए थे कि वे यूक्रेन युद्ध को समाप्त कर सकते हैं.

    पुतिन ने अपने संबोधन में जुलाई में डोनाल्ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले का ज़िक्र भी किया. पुतिन के मुताबिक़, उस वक़्त ट्रंप ने एक साहसी व्यक्ति की तरह की व्यवहार किया.

    जब पुतिन से यह पूछा गया कि क्या वे ट्रंप के साथ चर्चा के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने इसका हां में जवाब दिया.

    ग़ौरतलब है कि रूसी राष्ट्रपति का यह बधाई संदेश ट्रंप की जीत के लगभग दो दिनों के बाद सामने आया है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद अपने स्टाफ़ में सबसे पहले किसे नियुक्त किया?

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद अपने स्टाफ़ में पहली नियुक्ति कर दी है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को सुज़ी समरॉल विल्स को व्हाइट हाउस के चीफ़ स्टाफ़ के तौर पर नियुक्त किया है.

    सुज़ी समरॉल विल्स राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रंप अभियान की प्रबंधक भी रही थीं.

    सुज़ी समरॉल विल्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सुज़ी समरॉल विल्स

    विल्स को व्हाइट हाउस चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ नियुक्त करते हुए ट्रंप ने कहा, "विल्स ने मुझे अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत में से एक हासिल करने में मदद की."

    इसी साल अप्रैल में दिए अपने एक इंटरव्यू में सुज़ी ने ट्रंप के साथ काम करने के अनुभवों के बारे में बात की थी.

    सुज़ी का कहना था, “लोगों को लगता है कि मैं बहुत सख़्त हूं. लेकिन वे यह नहीं जानते कि ट्रंप मेरे काम के अनुसार ही मेरा मूल्यांकन करते हैं.”

    ट्रंप के आलोचकों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “ऐसे लोग ट्रंप के काम करने के तरीक़े को नहीं जानते हैं. मेरी नज़र में ऐसे लोगों का कोई सम्मान नहीं है."

  7. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति कब बनेंगे, अब से लेकर अगले साल जनवरी तक क्या-क्या होगा? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - राजस्थानः रणथंभौर टाइगर रिज़र्व में 25 बाघ लापता, जाँच कमेटी बनते ही कैसे मिल गए दस बाघ? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - ट्रंप की वापसी से शेख़ हसीना 'खुश', क्या बढ़ेंगी बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस की मुश्किलें? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.

    - ट्रंप की जीत के साथ ही ईरान का रियाल हुआ बेहाल, क्या कह रहे हैं ईरानी?- यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी ख़बर.