जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामे के बाद क्या बोले डिप्टी सीएम और बीजेपी के नेता

इमेज स्रोत, ANI
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामे के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं.
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र कुमार चौधरी ने मीडिया के सामने एक बयान में कहा, "हम लोग भारत माता को मज़बूत करना चाहते हैं और ये लोग (बीजेपी) हैं जो ना भारत माता के हैं, ना देश के और ना किसी और के हैं. ये कवल अपने हित की बात सोचते हैं."
राज्य के उपमुख्यमंत्री ने कहा, “हम बेरोज़गारी, अस्पताल, शिक्षा, पर्यटन और उद्योग की बात करते हैं. ये केवल अपनी कुर्सी चलाने की बात करते हैं. जो फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, नेशनल कॉन्फ़्रेंस, उमर अब्दुल्लाह कह रहे हैं वो उनके हक़ की बात है.”
सदन में अनुच्छेद 370 के समर्थन वाले पोस्टर दिखाने पर इंजीनियर रशीद के भाई और उनकी पार्टी आवामी इत्तेहाद के विधायक ख़ुर्शीद अहमद शेख़ ने कहा, “ये बिलकुल क़ानूनी है. कल भी भाजपा के लोग स्पीकर साहब की कुर्सी पर कब्ज़ा करना चाहते थे.”

इमेज स्रोत, ANI
ख़ुर्शीद ने कहा, “हमने लोकतांत्रिक तरीके से जब सदन के शेड्यूल का एलान किया गया था तभी यह बता दिया था कि हम 370 और 35ए के सिलसिले में एक प्रस्ताव लाना चाहते हैं. लेकिन हमें यह कह कर मना कर दिया गया कि इस वक़्त सदन की केवल एक छोटी कार्यवाही होगी. इसके बाद जब हमने बात करने की कोशिश की तो भी हमें मना कर दिया गया. तो हमारे पास क्या तरीका बचता था. बीजेपी के लोग टेबलों के ऊपर खड़े हो सकते हैं तो क्या हम एक बैनर नहीं दिखा सकते. इस बैनर में वही है जो कश्मीरियों के दिलों में है.”
बीजेपी नेता कवींद्र गुप्ता ने कहा, “नेशनल कॉन्फ्रेंस और कश्मीर की पार्टियां राज्य का माहौल ख़राब कर रही हैं. स्पीकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं. उससे भी माहौल ख़राब हो रहा है. स्पीकर ने ध्वनिमत से 370 के प्रस्ताव को पास कर दिया. इससे भी स्थितियां बिगड़ी हैं. आज भी बीजेपी के विधायकों को मार्शलों ने ज़बरदस्ती सदन से बाहर निकाला है. इससे साफ है कि सरकार खुद चाहती है कि माहौल बिगड़े.”








