You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओडिशा: पुरी भगदड़ पर कांग्रेस और बीजेडी ने क्या कहा?

ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई भगदड़ पर कांग्रेस और बीजू जनता दल ने वहां की राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान और इफ़्तेख़ार अली

  1. सर्बिया की राजधानी में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प, क्या है मामला?

    सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है.

    प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर वूचिच के 12 साल के शासन को समाप्त करने और समय से पहले चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

    लगभग 1 लाख 40 हज़ार लोगों ने रैली निकाली और हाल के महीनों में ये सबसे बड़ी रैली थी. स्टूडेंट्स के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शन में जुटे लोगों ने नारे लगाए, "हमें चुनाव चाहिए."

    प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है. इसके अलावा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया.

    राष्ट्रपति ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारी देश को अस्थिर करने की एक विदेशी साज़िश का हिस्सा हैं.

  2. कोलकाता लॉ कॉलेज रेप मामला: हिरासत से छूटने के बाद केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ये बोले

    कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा से रेप के मामले में प्रदर्शन करने के दौरान शनिवार शाम को हिरासत में लिए गए केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को रविवार सुबह छोड़ दिया गया.

    हिरासत से छूटने के बाद सुकांत मजूमदार ने कहा, "गिरफ़्तार करने के बाद पुलिस ने बेल बॉन्ड पर साइन करने के बाद छोड़ने के लिए कहा था. हमने इसका विरोध किया और बिना हस्ताक्षर किए लाल बाज़ार (पुलिस हेडक्वार्टर) में रहे. मेरे साथ बीजेपी के 32 कार्यकर्ता थे."

    "जब पुलिस सोती है तो किसी ना किसी को जागना होता है."

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक लॉ कॉलेज में छात्रा से रेप का मामला सामने आया है.

    पुलिस ने इस मामले में दो मौजूदा और एक पूर्व छात्र के अलावा कॉलेज के एक गार्ड को गिरफ़्तार किया है.

    ये भी पढ़ें-

  3. वज़ीरिस्तान में आत्मघाती हमले को लेकर पाकिस्तान के आरोपों पर भारत बोला

    पाकिस्तान के वज़ीरिस्तान में हुए आत्मघाती हमले के लिए भारत को ज़िम्मेदार ठहराने के पाकिस्तानी सेना के आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि 'हमने पाकिस्तानी सेना का वह आधिकारिक बयान देखा है, जिसमें 28 जून को वज़ीरिस्तान में हुए हमले के लिए भारत को ज़िम्मेदार ठहराया गया है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 'हम इसको पूरी तरह से ख़ारिज करते हैं.'

    पाकिस्तान के वज़ीरिस्तान में एक आत्मघाती हमले में पाकिस्तानी सेना के 13 सैनिकों की मौत हो गई है.

    बीबीसी उर्दू के अनुसार पाकिस्तानी सेना के इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस यानी आईएसपीआर ने आरोप लगाया है, "हमला भारत प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा किया गया था."

    आईएसपीआर के मुताबिक़, घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके़ में चरमपंथियों का पीछा किया और इस दौरान 14 चरमपंथियों की मौत हुई.

  4. ग़ज़ा में इसराइल के हमले में कम से कम 81 लोगों की मौत और 400 घायल

    हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइली हवाई हमले में ग़ज़ा में कम से कम 81 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, 400 लोग घायल हुए हैं.

    अल-शिफ़ा अस्पताल के कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग़ज़ा सिटी में स्थित स्टेडियम के पास एक हमले में बच्चे सहित 11 लोगों की मौत हुई है.

    बीबीसी के वेरिफ़ाई किए गए वीडियो में सामने आया है कि लोग हाथों और फावड़ों से रेत खोदते हुए शवों को खोजने की कोशिश कर रहे हैं.

    बीबीसी ने इसराइली सेना से मामले को लेकर संपर्क साधा है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.