You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान: आत्मघाती हमले में मरने वाले सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर 13 हुई, 14 चरमपंथी भी मारे गए

पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि चरमपंथियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को निशाना बनाने की कोशिश की थी.

सारांश

लाइव कवरेज

प्रवीण और दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इज़ाजत. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल आप बीबीसी हिंदी के होम पेज पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    बिहार चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में सुधार के एलान पर तकरार, विपक्ष ने कहा- चुपचाप एनआरसी लागू किया जा रहा

    कोलकाता के लॉ कॉलेज में छात्रा से बलात्कार का मामला, अब तक नहीं मिले इन सवालों के जवाब

    लालू यादव को आरजेडी अध्यक्ष बनाकर तेजस्वी के 'ताज' पाने की राह होगी आसान?

    शेफ़ाली जरीवाला का निधन, अभिनेत्री की मौत की वजह अब तक साफ़ नहीं

  2. पाकिस्तान: आत्मघाती हमले में मरने वाले सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर 13 हुई, 14 चरमपंथी भी मारे गए

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख्तूख़्वाह में एक आत्मघाती हमले में पाकिस्तानी सेना के 13 सैनिकों की मौत हो गई है.

    पाकिस्तानी सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस यानी आईएसपीआर के मुताबिक़ चरमपंथियों ने मीर अली में सुरक्षा बलों के काफ़िले पर आत्मघाती हमले की कोशिश की.

    उन्होंने विस्फोटकों से भरे वाहन को निशाना बनाने की कोशिश की. विस्फोटकों से लदे वाहन के सुरक्षा बल के वाहन से टकरा जाने से 13 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई.

    आईएसपीआर के मुताबिक़, घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में चरमपंथियों का पीछा किया और इसी दौरान 14 चरमपंथियों की मौत हुई.

    इससे पहले ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री की ओर से जारी एक बयान में सुरक्षाकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई थी.

    बयान में ये भी कहा गया था कि सुरक्षा बलों ने देश में शांति स्थापित करने और आतंकवाद को खत्म करने के लिए अभूतपूर्व बलिदान दिया है. इससे आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र का संकल्प और मनोबल और मजबूत हुआ है.

  3. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ स्मृति मंधाना का तूफ़ानी शतक, बनाया ये रिकॉर्ड

    भारत और इंग्लैंड के बीच महिला क्रिकेट की टी-20 सिरीज़ के पहले मैच ने स्मृति मंधाना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 62 गेंदों में 112 बना डाले.

    इसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे. 28 साल की मंधाना का टी-20 में ये पहला शतक है.

    स्मृति मंधाना क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट यानी टेस्ट, वनडे इंटरनेशनल और टी-20 में शतक बनाने वाली इकलौती भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

    उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की है. भारत ने इंग्लैंड को 210 रन का लक्ष्य दिया है.

    इंग्लैंड पांच ही भारतीय बैटर को आउट कर पाया.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान: उत्तरी वजीरिस्तान में आत्मघाती बम विस्फोट, आठ सुरक्षाकर्मियों की मौत

    पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान के मीर अली इलाके में हुए आत्मघाती बम विस्फोट में आठ सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने एक बयान में पुष्टि की कि आठ सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.

    हालांकि, पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग ने इस बारे में अभी कोई बयान नहीं दिया है.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह के मुख्यमंत्री की ओर से जारी एक बयान में सुरक्षाकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई है.

    बयान में ये भी कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने देश में शांति स्थापित करने और आतंकवाद को खत्म करने के लिए अभूतपूर्व बलिदान दिया है. इससे आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र का संकल्प और मनोबल और मजबूत हुआ है.

  5. भारत-इंग्लैंड महिला टी-20 क्रिकेट: स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की धुआंधार बल्लेबाजी, पहले ही ओवर में बनाए 19 रन

    भारत और इंग्लैंड के बीच महिला क्रिकेट की टी-20 सिरीज़ के पहले मैच में भारत ने सात ओवर में बगैर कोई विकेट गंवाए 66 रन बना लिए हैं.

    भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा बल्लेबाजी करने उतरी हैं. इस मैच से कप्तान हरमनप्रीत चोट की वजह से बाहर हैं.

    भारतीय बैटरों ने इंग्लैंड की गेंदबाज़ एक्लस्टोन के पहले ही ओवर में 19 रन बना लिए. इग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था.

    ये पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ का पहला मुक़ाबला है. इसके बाद तीन वनडे मैचों की सिरीज़ होगी.

  6. पीएम मोदी ने अंतरिक्ष गए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से की बात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशल स्पेस स्टेशन में मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बात की.

    प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉल के माध्यम से शुभांशु शुक्ला बात करते हुए उनके साहस और योगदान की तारीफ़ की .

    बातचीत में शुभांशु ने कहा कि अंतरिक्ष से भारत भव्य दिखता है, जितना वह नक्शे पर भी नहीं लगता. उन्होंने पीएम मोदी से अंतरिक्ष में गाजर का हलवा और आम रस ले जाने का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, ''यह सिर्फ मेरी यात्रा नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की भी यात्रा है, मुझे भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है.''

    शुभांशु शुक्ला इन दिनों नासा के सहयोग से भेजे गए एक्सियम- 4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) की यात्रा पर हैं.

    शुभांशु शुक्ला बुधवार को ऐतिहासिक यात्रा पर आईएसएस के लिए रवाना हुए. वह राकेश शर्मा की अंतरिक्ष यात्रा के 41 साल के अंतराल के बाद आईएसएस पहुंचे हैं.

  7. बिहार: चिराग पासवान ने आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को क्यों घेरा

    बिहार में इस साल के आख़िर में विधानसभा चुनाव होंगे. लिहाजा राजनीतिक पार्टियों की सरगर्मियां और उनके नेताओं की बयानबाजी तेज हो गई है.

    केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास ) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज पटना में पत्रकारों से बात करते कहा,"विपक्ष ने अनुसूचित जातियों,अनुसूचित जनजातियों और पिछड़े वर्गों को गुमराह करने की बहुत कोशिश की. 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान उन्होंने दावा किया था कि आरक्षण जल्द ही खत्म कर दिया जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.''

    उन्होंने कहा, ‘’हमने उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ऐसे झूठे दावों का नतीजा देखा. आने वाले विधानसभा चुनावों में भी विपक्ष इसी तरह लोगों को गुमराह करने की कोशिश करेगा. लेकिन जब तक चिराग पासवान और उनकी पार्टी केंद्र सरकार का हिस्सा हैं, तब तक न तो आरक्षण को कोई ख़तरा है और न ही संविधान को.''

    पिछले दिनों बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने कहा था कि बीजेपी पिछले दरवाजे से आरक्षण को ख़त्म करना चाहती है.

  8. भारत-इंग्लैंड टेस्ट सिरीज़: दूसरे टेस्ट से पहले निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर क्या बोले प्रसिद्ध कृष्णा

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में भारत के निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन की काफ़ी आलोचना हो रही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ तेज गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा कि निचले क्रम के बल्लेबाज़ अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए तैयार हैं और वो इस मकसद से नेट्स पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं.

    हेडिंग्ले में हुए पहले टेस्ट में भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी का निचला क्रम बगैर किसी मुकाबले के ढह गया था. ये इस टेस्ट के नतीजे में निर्णायक साबित हुआ.

    मैच की पहली पारी में भारत ने अपने आख़िरी सात विकेट महज़ 41 रनों पर गंवा दिए और पूरी टीम 471 रनों पर ऑल आउट हो गई, जबकि दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा, तीनों ही बिना खाता खोले आउट हुए.

    भारत ने अपने आख़िरी छह विकेट 32 रनों के अंदर गंवा दिए थे.

    भारत पहला टेस्ट पांच विकेट से हार गया था.

  9. जेफ़ बेज़ोस और लॉरेन सांचेज़ की शादी में सितारों का मेला- तस्वीरों में देखें

    दिग्गज़ ई-रिटेलर अमेज़न के फाउंडर और दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल जेफ़ बेज़ोस और टीवी प्रेज़ेंटर लॉरेन सांचेज़ की भव्य शादी इटली के वेनिस शहर में हुई.

    इस शादी में कई रियलिटी शो स्टार्स, एक्टर्स , शाही घरानों से जुड़े लोग और कई ए-लिस्टर हस्तियां पहुंचीं.

    इनमें ओप्रा विन्फ़्रे, ऑरलैंडो ब्लूम, काइली जेनर और इवांका ट्रंप का नाम शामिल हैं. गुरुवार और शुक्रवार को इन हस्तियों को इटली के इस शहर की सड़कों और नावों पर देखा गया.

    शादी समारोह तीन दिनों का है. शनिवार को नवविवाहित जोड़े और उनके सैकड़ों मेहमानों के लिए एक बड़ी पार्टी के साथ इसका समापन होगा.

    हालांकि इस आयोजन का वेनिस में कई समूह विरोध कर रहे हैं. काफी ज्यादा पर्यटन के ख़िलाफ़ स्थानीय लोग और जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता इसमें शामिल हैं.

  10. कर्नाटक में बाघिन और चार शावकों की मौत के मामले में तीन लोग गिरफ़्तार, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक पुलिस ने मवेशियों के शवों पर जहर डालने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है. ये जहरीला शव खाने से एक बाघिन और उसके चार शावकों की मौत हो गई थी.

    आठ साल की बाघिन और दस महीने की उम्र वाले उसके चारों शावक तीन दिन पहले कर्नाटक के चामराजनगर जिला के माले महादेश्वर हिल्स वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी के हूग्यम वन क्षेत्र में मरे हुए पाए गए थे.

    बाघों का ये आम व्यवहार है कि वो अपने शिकार किए गए जानवरों के शव के पास दोबारा लौटते हैं. इस मामले में भी बाघिन ने मवेशी का शिकार किया और बाद में अपने शावकों के साथ लौटकर उसका मांस खाया.

    कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खांदरे ने इस घटना के बारे में कहा, "यह वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और कर्नाटक वन अधिनियम, 1969 के तहत गंभीर अपराध है. अब तक इस मामले में तीन संदिग्धों कोन्नप्पा, मदराजू और नागराज को गिरफ़्तार किया है."

    मृत जानवरों के पोस्टमॉर्टम के दौरान उनके पेट से फोरेट केमिकल पाया गया. ये केमिकल कीटनाशक में पाया जाता है. हालांकि फोरेंसिक रिपोर्ट अभी नहीं आई है.

    मामले की जांच कर रही टीम के एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी हिंदी को बताया, "इस मामले का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू ये है कि चार शावकों में से तीन मादा थीं. उनकी मां केवल आठ साल की थी और अभी भी उसमें सात से आठ साल की और प्रजनन क्षमता बाकी थी. बाघिनें आम तौर पर तीन से चार साल की उम्र में प्रजनन शुरू करती हैं और लगभग 15 साल की उम्र तक शावक पैदा करती हैं. इसका मतलब यह है कि आने वाले वर्षों में इनका बाघों की आबादी बढ़ाने में अहम योगदान हो सकता था.’’

  11. इसराइली हमलों में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडरों और परमाणु वैज्ञानिकों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

    ईरान, इसराइल के साथ हाल के 12 दिनों के संघर्ष के दौरान मारे गए अपने 60 लोगों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर रहा है.

    इनमें उसके बड़े सैन्य कमांडर और परमाणु वैज्ञानिक शामिल हैं. इसराइल ने इन्हें हाल के संघर्ष के दौरान मार दिया था.

    तेहरान के एंगेलाब स्क्वायर के पास, ईरानी झंडे में लिपटे ताबूतों को मृत कमांडरों की तस्वीरों के साथ रखा गया, जिनके चारों ओर बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे.

    इससे पहले लोगों से इसमें हिस्सा लेने की अपील करते हुए एक मीडिया अभियान चलाया गया था.

    प्रशासन ने इसमें लोगों को आने की सहूलियत देने के लिए फ्री बस और मेट्रो सर्विस शुरू की और सरकारी दफ़्तरों को बंद कर दिया.

    अंतिम संस्कार के दौरान काले कपड़ों में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और नारे लगा रहे थे. लोग ईरानी झंडे लहरा रहे थे और मारे गए लोगों की तस्वीरें पकड़े हुए थे.

    इसराइल की ओर से ईरान पर हमले के बाद शुरू हुआ संघर्ष उस समय ख़त्म हुआ जब अमेरिका ने उसके तीन परमाणु संयंत्रों पर हमला किया.

  12. उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले, 1976 में संविधान की प्रस्तावना को बदला गया

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है संविधान की प्रस्तावना को नहीं बदला जा सकता है क्योंकि यह वो 'बीज' है जिस पर यह दस्तावेज विकसित होता है.

    उन्होंने कहा कि भारत के अलावा किसी अन्य संविधान की प्रस्तावना में बदलाव नहीं किया गया है.

    उन्होंने कहा, "लेकिन इस प्रस्तावना को 1976 के 42वें संविधान (संशोधन) अधिनियम द्वारा बदल दिया गया था."

    "इसमें 'समाजवादी', 'धर्मनिरपेक्ष' और 'अखंडता' शब्द जोड़े गए थे."

    इससे पहले आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि 'समाजवादी' और 'धर्मनिरपेक्ष' शब्दों को आपातकाल के दौरान संविधान की प्रस्तावना में शामिल किया गया था और "इन्हें प्रस्तावना में रहना चाहिए या नहीं, इस पर विचार किया जाना चाहिए."

    दत्तात्रेय होसबाले के इस बयान के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी की सोच ही संविधान विरोधी है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ये बाबा साहेब के संविधान को ख़त्म करने की वो साज़िश है, जो आरएसएस- बीजेपी हमेशा से रचती आई है."

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता प्रवीण आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. कोलकाता लॉ कॉलेज रेप मामला: कांग्रेस और बीजेपी ने टीएमसी सरकार को घेरा

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में एक छात्रा से रेप के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है. इनमें कॉलेज का एक पूर्व छात्र भी शामिल है.

    इस घटना के बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार को निशाने पर लिया है.

    अधीर रंजन चौधरी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "कोलकाता में ये कोई नई बात नहीं है. 10 महीने पहले इसी कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या कर दी गई थी. आज तक उन्हें न्याय नहीं मिला. उनके माता-पिता भटक रहे हैं.

    "10 महीने बाद फिर उसी कलकत्ता में उसी 'सिटी ऑफ जॉय' में एक लॉ की छात्रा के साथ कॉलेज में टीएमसी नेता ने छेड़छाड़ की और बाद में गार्ड रूम में सामूहिक बलात्कार किया."

    अधीर रंजन ने कहा, "ये घटना सामने आई है इसलिए हमें जानकारी मिल रही है. लेकिन ऐसी और भी घटनाएं होती हैं लेकिन हर कोई बोलने की हिम्मत नहीं दिखा पाता है, इसलिए उनकी जानकारी नहीं मिलती."

    वहीं बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने एएनआई से कहा, "ये शर्म की बात है. पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना हुई थी. आज एक साल हो गया. आज एक और वैसी घटना टीएमसी सरकार में सामने आई है."

    "अगर आप ममता बनर्जी से सवाल करेंगे तो वो कहेंगी ये बहुत ही छोटी घटना है. बंगाल में टीएमसी की सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं."

  15. आरजेडी सांसद ने कहा- 'चुनाव आयोग बीजेपी की बी टीम के रूप में काम कर रहा है'

    राष्ट्रीय जनता दल के सांसद सुधाकर सिंह ने कहा है कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी की बी टीम के रूप में काम कर रहा है.

    सुधाकर सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "इलेक्शन कमीशन एक मॉडल डेवलप कर रहा है. इलेक्शन कमीशन बीजेपी की बी टीम के रूप में काम कर रहा है."

    "जब लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में एनडीए की हार हुई तो वहां पर इंडिया ब्लॉक को सत्ता में आने से रोकने के लिए 70 लाख नए मतदाता जोड़ दिए गए थे. वही काम दिल्ली में हुआ."

    सुधाकर सिंह ने कहा, "ठीक वही काम बिहार में चुनाव आयोग करना चाहता है. कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के समर्थकों का नाम वोटर लिस्ट से निकालकर फ़र्ज़ी वोटर लिस्ट तैयार कर रहा है."

    इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी चुनाव आयोग पर टिप्पणी की. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा अचानक विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा अत्यंत संदेहास्पद और चिंताजनक है."

    तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आरजेडी की मानसिकता संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के ख़िलाफ़ है.

    चुनाव आयोग ने बिहार चुनाव के मद्देनज़र 24 जून को एक प्रेस रिलीज़ जारी की थी.

    प्रेस रिलीज़ में कहा गया कि चुनाव आयोग ने बिहार में आयोग को स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़, "स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी वैध नागरिकों के नाम मतदाता सूची (ईआर) में शामिल किए जाएं ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. कोई भी अयोग्य मतदाता... मतदाता सूची में शामिल न हो और मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता लाई जा सके."

  16. तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल तो उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा बोले, 'आरजेडी संविधान विरोधी'

    चुनाव आयोग पर तेजस्वी यादव की टिप्पणी के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    सिन्हा ने कहा कि आरजेडी की मानसिकता संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के ख़िलाफ़ है.

    विजय कुमार सिन्हा ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग के कदमों को लेकर नेता विपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर कहा, "आरजेडी की मानसिकता संविधान विरोधी है. वे संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं और उनके प्रति भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "आरजेडी और कांग्रेस पश्चिम बंगाल की राह पर चल रहे हैं. जब भारत का चुनाव आयोग वोटर्स की पहचान करके 100 फीसदी मतदान सुनिश्चित करना चाहता है तो इन्हें बेचैनी क्यों है?"

    इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा अचानक विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा अत्यंत संदेहास्पद और चिंताजनक है."

    तेजस्वी ने लिखा, "निर्वाचन आयोग ने आदेश दिया है कि सभी वर्तमान मतदाता सूचियों को रद्द करते हुए हर नागरिक को अपने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए नए सिरे से आवेदन देना होगा, चाहे उनका नाम पहले से सूची में क्यों न हो."

    तेजस्वी यादव ने यह भी सवाल उठाया, "बीजेपी-आरएसएस और एनडीए संविधान व लोकतंत्र को कमजोर क्यों करना चाह रहे हैं? हमने बीजेपी की कठपुतली चुनाव आयोग से कुछ सवाल पूछे हैं."

  17. श्रीलंका ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ 1-0 से जीती

    श्रीलंका ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में 1-0 से जीत हासिल कर ली है.

    कोलंबो में खेले गए दूसरे टेस्ट में श्रीलंका ने बांग्लादेश को पारी और 78 रन से हराया.

    बांग्लादेश ने पहली पारी में 247 रन बनाए थे. वहीं श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 458 रन बनाए और पहली पारी में 211 रन की बढ़त हासिल की.

    बांग्लादेश की दूसरी पारी 133 रन पर ही सिमट गई.

    श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच गॉल में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था.

    श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेली गई ये टेस्ट सिरीज़ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. इस जीत के साथ श्रीलंका प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.

    आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया पहले और इंग्लैंड दूसरे स्थान पर है.

  18. ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम को लेकर फिर किया दावा

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने की बात दोहराई है.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "कुछ ही महीनों में हम भारत-पाकिस्तान, इसराइल-ईरान, डीआरसी-रवांडा और कुछ अन्य के बीच शांति स्थापित करवाने में कामयाब रहे हैं."

    ट्रंप ने कहा, "अगर आप भारत और पाकिस्तान को देखें तो हमारे पास दो महान नेता हैं और वे इसे रोकने में सक्षम थे. वे एक बड़ी लड़ाई के बीच में थे. सभी ने देखा है कि ये बहुत बुरा होने वाला था."

    "वे न्यूक्लियर नेशन हैं और काफ़ी पावरपुल न्यूक्लियर नेशन हैं. आने वाले महीनों और सालों में मेरा प्रशासन सभी के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा."

    डोनाल्ड ट्रंप कई बार भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने का दावा कर चुके हैं.

    हालांकि भारत ने संघर्ष विराम में अमेरिका और ट्रंप की भूमिका को नकारा है.

    वहीं पाकिस्तान ने कई बार संघर्ष विराम के लिए राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका का शुक्रिया अदा किया है.

  19. असदुद्दीन ओवैसी बोले, 'चुनाव आयोग बिहार में गुप्त तरीके से एनआरसी लागू कर रहा है'

    एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग बिहार में गुप्त तरीक़े से एनआरसी लागू कर रहा है.

    ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "निर्वाचन आयोग बिहार में गुप्त तरीक़े से एनआरसी लागू कर रहा है. वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाने के लिए अब हर नागरिक को दस्तावेज़ों के ज़रिए साबित करना होगा कि वह कब और कहाँ पैदा हुए थे. साथ ही यह भी कि उनके माता-पिता कब और कहाँ पैदा हुए थे."

    "विश्वसनीय अनुमानों के अनुसार भी केवल तीन-चौथाई जन्म ही पंजीकृत होते हैं. ज़्यादातर सरकारी कागज़ों में भारी ग़लतियाँ होती हैं. इस प्रक्रिया का परिणाम यह होगा कि बिहार के ग़रीबों की बड़ी संख्या को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया जाएगा. वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करना हर भारतीय का संवैधानिक अधिकार है."

    उन्होंने कहा, "चुनाव के इतने क़रीब इस तरह की कार्रवाई शुरू करने से लोगों का निर्वाचन आयोग पर भरोसा कमज़ोर हो जाएगा."

    ओवैसी ने एक और पोस्ट में लिखा, "चुनाव आयोग हर वोटर की जानकारी एक महीने में घर-घर जाकर इकट्ठा करना चाहता है. बिहार जैसा राज्य, जो बहुत बड़ी आबादी और कम कनेक्टिविटी वाला है. वहां इस तरह की प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से करना लगभग असंभव है."

  20. रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप की तारीफ़ की, दिया इस बात का श्रेय

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों की सराहना करता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ पुतिन ने कहा, "उन्होंने (डोनाल्ड ट्रंप) हाल ही में कहा था कि ये बाहर से जैसा लग रहा है, उससे कहीं ज़्यादा मुश्किल निकला. ख़ैर, यह सच है."

    बीते साल डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि वो अगर अमेरिका के राष्ट्रपति बनते हैं तो तुरंत यूक्रेन और रूस के बीच जंग रूकवा देंगे. लेकिन उनके राष्ट्रपति बनने के क़रीब छह महीने बाद भी रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है.

    हालांकि ट्रंप ने इस हफ़्ते की शुरुआत में कहा कि उन्हें लगता है पुतिन संघर्ष को सुलझाने का रास्ता तलाशना चाहते हैं.

    ट्रंप ने आरोप लगाया कि यूक्रेन और यूरोप के सहयोगियों की इस संघर्ष का रास्ता निकालने में दिलचस्पी नहीं है.

    पुतिन ने कहा है कि रूस और अमेरिका के संबंध सुधार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

    पुतिन ने इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है.

    पुतिन ने कहा, "अभी भी काफ़ी सारे कूटनीतिक मतभेद हैं. लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया. उनकी वजह से संबंध सुधारने की दिशा में बात आगे बढ़ी है."