ग़ज़ा सिटी छोड़ रहे लोग भी इसराइली हमले से प्रभावित हो रहे हैं, फु़टेज़ से हुई पुष्टि

बीबीसी वेरिफ़ाई ने एक वीडियो की पुष्टि की है, जिसमें पश्चिमी ग़ज़ा सिटी में एक पिक-अप ट्रक पर इसराइली हमला होते नज़र आया.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता

  1. जम्मू-कश्मीर: वैष्णो देवी यात्रा 22 दिन बाद फिर शुरू हुई

    श्रद्धालु

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वैष्णो देवी यात्रा शुरू होने पर श्रद्धालुओं ने ख़ुशी जताई

    जम्मू-कश्मीर के कटरा में 22 दिन बाद बुधवार को वैष्णो देवी यात्रा फिर शुरू हुई. यह यात्रा मौसम संबंधी और सुरक्षा कारणों से रोकी गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बताया कि "अनुकूल मौसम रहने की स्थिति में आज (बुधवार) सुबह से यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा."

    रियासी ज़िले का कटरा, वैष्णो देवी यात्रा का बेस कैंप है. यहां हज़ारों श्रद्धालु रुके हुए हैं.

    बुधवार तड़के यात्रा के शुरुआती बिंदु बाणगंगा दर्शनी गेट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा हुए. उन्होंने यात्रा शुरू होने पर ख़ुशी और राहत जताई.

    बीते दिनों जम्मू क्षेत्र में भयंकर भूस्खलन के कारण यात्रा को रोक दिया गया था. अधिकारियों के मुताबिक़, भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हुए थे.

  2. मोहम्मद यूसुफ़ ने सूर्यकुमार यादव पर टिप्पणी के लिए मांगी माफ़ी, क्या बोले

    मोहम्मद यूसुफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद यूसुफ़ ने सवाल किया कि जब इरफ़ान पठान ने शाहिद अफ़रीदी पर टिप्पणी की थी तब लोग उनकी तारीफ़ क्यों कर रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ़ ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने पर माफ़ी मांगी है. साथ ही उन्होंने इरफ़ान पठान की शाहिद अफ़रीदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भी सवाल किया है.

    मोहम्मद यूसुफ़ ने एक्स पर लिखा, "मैं ऐसे किसी भी खिलाड़ी का अपमान नहीं करना चाहता था जो अपने देश के लिए जुनून और गरिमा के साथ खेलता हो."

    मोहम्मद यूसुफ़ ने सवाल किया कि जब इरफ़ान पठान ने शाहिद अफ़रीदी पर टिप्पणी की थी, तब भारतीय मीडिया और लोग इरफ़ान पठान की तारीफ़ क्यों कर रहे थे.

    उन्होंने लिखा, "जो लोग गरिमा और सम्मान की बात कर रहे हैं, क्या उन सभी लोगों को इसे अस्वीकार नहीं करना चाहिए था?"

    मोहम्मद यूसुफ़ ने पाकिस्तान के एक न्यूज़ चैनल में डिबेट के दौरान सूर्यकुमार यादव को लेकर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल था.

    उनकी इस टिप्पणी पर भारत में लोगों ने कड़ा विरोध किया था.

  3. पीएम मोदी के जन्मदिन पर ट्रंप का फ़ोन कॉल, दोनों के बीच क्या बात हुई?

    मोदी और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने यूक्रेन में जंग रोकने के लिए ट्रंप के प्रयासों का 'समर्थन' किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ोन पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन जंग को लेकर भी बातचीत हुई.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया, "मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फ़ोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई. मैंने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. वह बेहतरीन काम कर रहे हैं."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "नरेंद्र, रूस और यूक्रेन के बीच जंग को ख़त्म करने में आपके सहयोग के लिए धन्यवाद."

    वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए दोनों नेताओं के बीच बातचीत का ब्योरा साझा किया.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "मेरे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप, आपके फ़ोन कॉल और मेरे 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. आपकी तरह मैं भी भारत-अमेरिका के व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपके प्रयासों का समर्थन करते हैं."

    आज (17 सितंबर), प्रधानमंत्री मोदी का 75वां जन्मदिन है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.