अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े के मक़सद से बड़े पैमाने पर किए जा रहे हमले के तहत ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है. इसके बाद हज़ारों परिवार ग़ज़ा सिटी छोड़ रहे हैं.
सुमंत सिंह, सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images
इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े के मक़सद से बड़े पैमाने पर किए जा रहे हमले के तहत ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है. इसके बाद हज़ारों परिवार ग़ज़ा सिटी छोड़ रहे हैं.
शहर के शेख़ रदवान इलाक़े की रहने वाली तीन बच्चों की मां, 32 साल की लीना अल-मग़रेबी ने बीबीसी को बताया कि ख़तरे के बावजूद उन्होंने पहले अपना घर छोड़ने से इनकार किया था.
लेकिन उन्हें एक इसराइली अधिकारी का फ़ोन आया जिसने उन्हें घर ख़ाली करने का आदेश दिया. इसके बाद उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ग़ज़ा सिटी में एक "शक्तिशाली अभियान" शुरू किया गया है, जिसे उन्होंने हमास का अंतिम प्रमुख गढ़ बताया.
स्थानीय लोगों के निकलने के लिए इसराइली सेना ने सिर्फ़ अल-रशीद कोस्टल रोड मंज़ूरी दी है.
कई लोगों ने इस रास्ते पर भारी जाम और गाड़ियों और ट्रकों की लंबी कतारें लगने की बात कही है. बताया जा रहा है कि लोग सड़क किनारे फंसे हुए हैं जबकि ऊपर से हवाई हमले जारी हैं.

इमेज स्रोत, Asif Ali
उत्तराखंड में देहरादून सहित कई इलाकों में सोमवार देर रात हुई भारी बारिश से काफी तबाही हुई है. इस दौरान देहरादून के सहसपुर ब्लॉक के परवल क्षेत्र में आठ मजदूरों की मौत हो गई.
ये मजदूर टोंस नदी से बजरी भरने और छानने का काम कर रहे थे. अचानक नदी में तेज़ पानी आया. मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़ गए, लेकिन बहाव इतना तेज़ था कि ट्रॉली ही पलट गई और सभी लोग पानी में बह गए.
एक प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद तासिम ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 7 बजे उनके सामने ही हुआ. हादसे के समय 14 लोग नदी से बजरी खनन का काम कर रहे थे. इनमें महिलाएं भी शामिल थीं.

इमेज स्रोत, Asif Ali
मोहम्मद तासिम ने कहा, "नदी किनारे खनन का काम अक्सर नियमों से परे होता है. मज़दूर रोज़गार की तलाश में यहां आते हैं और अपनी जान जोख़िम में डालकर काम करने को मजबूर रहते हैं."
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ़ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. एसडीआरएफ़ ने अब तक पांच लोगों के शव और ज़िला पुलिस ने तीन लोगों के शव बरामद किए हैं.
वहीं दो लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे. एसडीआरएफ़ के मुताबिक़ सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ओडिशा के पुरी ज़िले में 19 साल की एक कॉलेज छात्रा से गैंगरेप के आरोप में दो अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है. ये जानकारी पुरी के एसडीपीओ रवि नारायण भंज ने दी है.
ये घटना पुरी के ब्रह्मगिरि पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बालीहरचंडी के पास बीते शनिवार की है. साइंटिफ़िक टीम ने घटनास्थल की जांच की है.
इस मामले में बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक ने प्रतिक्रिया दी है.
नवीन पटनायक ने एक्स पर पोस्ट किया, "ओडिशा में महिलाओं के ख़िलाफ़ लगातार हिंसा की डरावनी घटनाएं दिल दहलाने वाली हैं. एक ओर जहां बीजेपी के नेता चिंता जताने का दिखावा करते हैं, वहीं अपराधी खुलेआम दिनदहाड़े घूमते हैं."
उन्होंने ओडिशा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, "ओडिशा की बीजेपी सरकार सिस्टम में भरोसा कायम करने में बुरी तरह नाकाम रही है, जहां हमारी बेटियां सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें- सशक्तिकरण की तो बात ही छोड़ दीजिए."
पुरी शहर अध्यात्म और पर्यटन के लिए जाना जाता है. लाखों लोग हर साल यहां घूमने आते हैं.
नवीन पटनायक ने लिखा, "अगर ऐसा अपराध किसी बड़े पर्यटन स्थल के पास होता है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, तो यह ओडिशा की छवि को देश और दुनिया में नुकसान पहुंचाएगा. बीजेपी सरकार जितनी जल्दी सख़्त कार्रवाई करेगी, ओडिशा की महिलाएं उतना ही सुरक्षित महसूस करेंगी."

इमेज स्रोत, Getty Images
हॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर रॉबर्ट रेडफ़ोर्ड का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है.
उनकी पब्लिसिस्ट सिंडी बर्जर ने कहा, "रॉबर्ट रेडफ़ोर्ड का 16 सितंबर को यूटा के पहाड़ों में स्थित सनडांस वाले घर पर निधन हुआ. इस जगह को वे बेहद पसंद करते थे."
"रेडफ़ोर्ड का परिवार उनके अंतिम क्षणों के दौरान साथ था. उनकी बहुत याद आएगी. उनके परिवार ने प्राइवेसी की अपील की है."
रॉबर्ट रेडफ़ोर्ड को 'द स्टिंग' और 'बुच कैसिडी एंड द सनडांस किड' में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता था.
लॉस एंजिल्स काउंटी में जन्मे, रॉबर्ट रेडफ़ोर्ड ने 1950 के दशक के आखिर में मंच पर अभिनय करना शुरू किया. 1960 में उन्होंने अपने टेलीविज़न करियर की शुरुआत की और फ़िल्म 'वॉर हंट' से फ़िल्मों में डेब्यू किया.
1973 में 'द स्टिंग' में अपनी एक्टिंग के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का ऑस्कर नॉमिनेशन मिला.
1980 में, उन्होंने 'ऑर्डिनरी पीपल' से निर्देशन की शुरुआत की. इस फ़िल्म को चार एकेडमी अवॉर्ड मिले, जिनमें बेस्ट पिक्चर और बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड शामिल था.
2002 में उन्हें लाइफ़टाइम अचीवमेंट ऑस्कर से सम्मानित किया गया.
उन्होंने यूटा में सनडांस फ़िल्म फ़ेस्टिवल की स्थापना की, जो स्वतंत्र फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाता है.
दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर सुनिए मानसी दाश और संदीप राय के साथ
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी दोनों पर निशाना साधा है.
प्रशांत किशोर ने कहा कि पीएम मोदी और राहुल गांधी बिहार आकर सिर्फ एक-दूसरे को 'गाली' देते हैं, लेकिन वे बिहार की समस्याओं को ख़त्म करने की बात नहीं करते हैं.
उन्होंने कहा, "पीएम मोदी बिहार आएंगे, तो राहुल गांधी और लालू यादव को गाली देंगे. राहुल गांधी आएंगे, वो मोदी को गाली देंगे."
"दोनों में अभी तक किसी ने नहीं कहा कि बिहार से पलायन कब बंद होगा? बाढ़ की समस्या कब ख़त्म होगी? बिहार में फ़ैक्ट्री क्यों नहीं लगी? मोदी पहले ये बताएं."

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत की राजधानी नई दिल्ली का लाल किला काला पड़ रहा है. एक स्टडी के मुताबिक़ वायु प्रदूषण के कारण लाल किले की दीवारों पर "काली परतें" जम गई हैं.
रिसर्चर्स ने पाया कि ये काली परत लाल बलुआ पत्थर से बनी किले की दीवारों और प्रदूषकों के बीच रासायनिक क्रिया के कारण बनी है. इसकी मोटाई 0.05 मिमी से 0.5 मिमी बताई गई है.
स्टडी के मुताबिक़ इन काली परतों के कारण क़िले की बारीक नक्काशी को नुकसान पहुंच सकता है. यह ऐसी पहली स्टडी है, जिसमें 17वीं सदी के इस स्मारक पर वायु प्रदूषण के प्रभाव को समझा गया है.
दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है. सर्दियों के मौसम में दिल्ली अक्सर अपनी खराब वायु गुणवत्ता के लिए सुर्खियों में रहती है.

इमेज स्रोत, EPA
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने ग़ज़ा में अपने ज़मीनी और हवाई अभियानों पर एक अपडेट जारी किया है.
इसमें कहा गया है कि उसकी सैन्य टुकड़ियां "ग़ज़ा सिटी में ज़मीनी अभियानों का विस्तार" कर रही हैं.
आईडीएफ़ का यह भी कहना है कि उसकी इकाइयां इसराइल की सीमा से लगे "सुरक्षा क्षेत्र" और ग़ज़ा के रफ़ाह और ख़ान यूनिस इलाक़ों में भी सक्रिय हैं.
आईडीएफ ने अपने बयान में दावा किया कि पिछले हफ़्ते, इसराइली वायु सेना ने "ग़ज़ा शहर में 850 से ज़्यादा ठिकानों और सैकड़ों आतंकवादियों पर हमला किया."

अल्बानिया में AI मंत्री बनाए जाने पर आज का कार्टून

इमेज स्रोत, EPA
फ़लस्तीनी विदेश मंत्रालय ने ग़ज़ा पर रातोंरात किए गए इसराइली हमलों के बाद "तुरंत अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप" की मांग की है.
एक्स पर किए गए पोस्ट में, मंत्रालय ने "ग़ज़ा में नागरिकों की सुरक्षा के लिए तुरंत अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है", और युद्ध को समाप्त करने में अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की "नाकामी" को "संदिग्ध और अनुचित" बताया है.
मंत्रालय ने इसराइल की ग़ज़ा सिटी पर क़ब्ज़े की योजना को "फ़लस्तीनियों को निशाना बनाने की सुनियोजित कोशिश" बताते हुए कहा कि इससे "ग़ज़ा सिटी को सामूहिक कब्रिस्तान में बदला जा रहा है".
फ़लस्तीन का विदेश मंत्रालय, वेस्ट बैंक में स्थित फ़लस्तीन अथॉरिटी का हिस्सा है.
इसराइल ने सोमवार रात ग़ज़ा सिटी पर भारी बमबारी की. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसराइली सेना ने पूरे शहर पर कब्ज़ा करने के लिए ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है.

इमेज स्रोत, Rashad Lari
गोरखपुर के पिपराइच इलाके में 'पशु तस्करों' पर एक युवक की हत्या करने का आरोप लगा है. मृतक की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है.
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने बताया कि सुबह लगभग सवा तीन बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी.
राजकरन नय्यर ने कहा, "सूचना मिली थी कि गांव में दो पिकअप गाड़ियों से कुछ तस्कर आए थे. गांव के लोगों ने उनका पीछा किया. एक पिकअप से धक्का लगने के कारण गांव के एक युवक के सिर के पीछे चोट आई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई."
राजकरन नय्यर के मुताबिक़ इस मामले में मृतक युवक के परिवार से बात करके तहरीर ले ली गई है. केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं गांव वालों के मुताबिक जब उन लोगों ने पिकअप सवार 'पशु तस्करों' को रोकने की कोशिश की, तब अभियुक्त भागने लगे. इस बीच गांव के दीपक गुप्ता पिकअप वैन पर चढ़ गए.
गांव वालों का आरोप है कि पिकअप सवारों ने दीपक गुप्ता की हत्या की है. लेकिन एसएसपी राजकरन नय्यर का कहना है कि दीपक की मौत पिकअप वैन से गिर जाने के कारण हुई.
इस घटना के बाद गांव वालों ने सड़क जाम करके हंगामा किया. उन्होंने एक 'पशु तस्कर' को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. ये अभियुक्त घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने बताया कि इस मामले में जिन अभियुक्तों का पता चला है, उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
संयुक्त राष्ट्र के एक जांच आयोग ने कहा है कि इसराइल ने ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों के ख़िलाफ़ जनसंहार किया है.
संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि इसराइल ने हमास के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत जनसंहार के पांच कृत्यों में से चार कृत्यों को अंजाम दिया है.
इनमें एक समूह के सदस्यों की हत्या करना, उन्हें गंभीर शारीरिक और मानसिक क्षति पहुंचाना, समूह को नष्ट करने के लिए हालात उत्पन्न करना और जन्म रोकना शामिल है.
रिपोर्ट में इसराइली नेताओं के बयान और इसराइली सेना की कार्रवाइयों को जनसंहार के इरादे के सबूत के तौर पर पेश किया गया है.
इसराइल के विदेश मंत्रालय ने इस रिपोर्ट को ख़ारिज करते हुए इसे "भ्रामक और झूठा" बताया है.

इमेज स्रोत, Khursheed Alam
जम्मू-कश्मीर में कश्मीर घाटी की सभी सेब मंडियों को सोमवार को विरोध के तौर पर बंद रखा गया. हालांकि, कुछ मंडियां मंगलवार को भी बंद हैं.
कुलगाम सेब मंडी के अध्यक्ष ने बीबीसी को बताया कि मंगलवार को भी मंडी को बंद रखा गया है.
सेब उद्योग से जुड़े कई लोगों ने सोमवार को सोपोर, शोपियां, अनंतनाग, कुलगाम और दूसरी मंडियों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए मांग की कि राजमार्ग पर फंसे ट्रकों को फौरी तौर पर आगे रवाना किया जाए, ताकि वे नुक़सान से बच सकें.
संकट को गहराता देख जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सोमवार को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर केंद्र सरकार से कहा, "अगर आपसे राजमार्ग ठीक नहीं हो पा रहा है तो इस सड़क को हमारे हवाले कीजिए और हम खुद सड़क को ठीक करेंगे."
सोमवार देर रात एक्स हैंडल पर जानकारी देते हुए उमर अब्दुल्लाह ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बात की. गडकरी ने आश्वासन दिया है कि अगले चौबीस घंटे में कुछ ठोस क़दम उठाए जाएंगे.
इस बीच निर्दलीय विधायक खुर्शीद अहमद ने मंगलवार को श्रीनगर में सेब संकट के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शन को रोक दिया.
श्रीनगर से जम्मू की दूरी क़रीब 250 किलोमीटर है. इसी रास्ते से सेब के ट्रकों को कश्मीर से बाहर पहुंचाया जाता है. बीते दिनों जम्मू-कश्मीर में बाढ़, बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को कई दिनों तक बंद रखा गया था.
हालांकि, अब राजमार्ग को खोला गया है. लेकिन रास्ते पर ज़बरदस्त ट्रैफ़िक जाम लगा हुआ है, जिसके कारण सेब के ट्रक आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.

इमेज स्रोत, ANI
'क़रीब 1200 करोड़ रुपये का नुक़सान'
सेब उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि बीते 20 दिनों से सेब से लदे ट्रक श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे हैं, जिसके कारण सेब सड़ रहा है.
सोपोर फ्रूट मंडी के अध्यक्ष फ़याज़ अहमद मलिक ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "बीते 20 दिनों से हमारे सेब से लदे ट्रक राजमार्ग पर फंसे हैं और हमारा सारा सेब सड़ रहा है और भारी नुक़सान उठाना पड़ रहा है. सरकार कुछ नहीं कर पा रही है."
"सेब को ज़्यादा समय तक ट्रक में नहीं रखा जा सकता है. बल्कि जितना जल्दी हो सके सेब मंडी में पहुंचना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है."
फ़याज़ अहमद मलिक ने कहा, "हम ट्रक में सेब को लोड तो करते हैं, लेकिन वो ट्रक रास्ते में फंस जाते हैं और माल ख़राब हो रहा है. अभी तक 1200 करोड़ से अधिक नुक़सान इस उद्योग को हो चुका है. सरकार ठोस क़दम नहीं उठा रही है. हम मंडियों को बंद करने पर मजबूर हो गए हैं."
कश्मीर में लाखों लोगों का रोज़गार सेब उद्योग से जुड़ा है. कश्मीर में हर साल क़रीब 20 से 25 मीट्रिक टन सेब की पैदावार होती है.
सोमवार (15 सितंबर) को सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हुए, जिनमें ट्रकों से ख़राब सेब फेंकते हुए देखा गया.
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Reuters
इसराइल ने सोमवार रात ग़ज़ा सिटी पर भारी बमबारी की है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसराइली सेना ने पूरे शहर पर कब्ज़ा करने के लिए ज़मीनी अभियान शुरू कर दिया है.
सेंट्रल ग़ज़ा से भी इसराइली हमलों की खबरें सामने आई हैं. ये हमले उसी दिशा में हुए हैं, जहां हज़ारों लोग पलायन कर रहे हैं. फ़लस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि मरने और घायल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
ये हमले ऐसे वक्त में हुए हैं जब सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यरूशलम दौरे के दौरान इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को अमेरिका के "अटूट समर्थन" का भरोसा दिलाया है.
मंगलवार सुबह इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने एक्स पर लिखा, "ग़ज़ा जल रहा है." उन्होंने चेतावनी दी कि इसराइल "पीछे नहीं हटेगा, जब तक मिशन पूरा नहीं हो जाता."
ग़ज़ा में स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि इसराइली हवाई हमले और गोलाबारी लगातार जारी हैं. घरों के मलबे में लोगों के दबे होने की भी सूचना है. इसराइली सेना की ओर से नए ज़मीनी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

इमेज स्रोत, X/@AmitShah
भारत की वैशाली रमेशबाबू ने एफ़आईडीई वीमेंस ग्रैंड स्विस 2025 जीत लिया है. उन्होंने लगातार दूसरी बार यह ख़िताब अपने नाम किया है.
इंटरनेशनल चेस फ़ेडरेशन के मुताबिक़, इस जीत के साथ ही वैशाली ने वीमेंस कैंडिडेट्स 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली है.
वैशाली की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "शानदार उपलब्धि. वैशाली रमेशबाबू को बधाई. उनका जुनून और समर्पण एक उदाहरण है. भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं."
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वैशाली को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत वैश्विक स्तर पर शतरंज में भारत की बढ़ती ताक़त का सबूत है.

इमेज स्रोत, ANI
उत्तराखंड में बीती रात भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं. राजधानी देहरादून समेत कई जगहों पर हालात ख़राब हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बारिश प्रभावित इलाक़ों का निरीक्षण कर रहे हैं.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य में हुए नुक़सान की जानकारी दी है. सीएम धामी ने बताया, "कल रात हुई तेज़ बारिश से हमारे यहां की सभी नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर बादल फटा है."
उन्होंने बताया, "क़रीब 25-30 स्थानों पर सड़कें पूरी तरह से बह गई हैं. घरों और सरकारी संपत्तियों को बहुत नुक़सान हुआ है. पूरा जन-जीवन अस्त-व्यस्त है, उसको सामान्य करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं."
मुख्यमंत्री ने कहा, "बहुत सारे संपर्क मार्ग कट गए हैं. नदियों का जलस्तर काफ़ी बढ़ा हुआ है. पुल भी ख़तरे की जद में हैं. हमारे सभी विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं."
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात का जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह उनसे बात की और उन्होंने हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है.
मंगलवार को आई तस्वीरों में ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी और उत्तरकाशी में तमसा नदी उफान पर दिख रही हैं.
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का पानी हाईवे तक आ गया है. एसडीआरएफ़ की टीम ने पानी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया है.
राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा में भारी बारिश से कुछ दुकानों को नुक़सान पहुंचा है.

इमेज स्रोत, X/@narendramodi
भारत ने स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में एक साथ दो गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है.
आनंदकुमार वेलकुमार ने सीनियर मेन्स 1000 मीटर स्पर्धा में, जबकि क्रिश शर्मा ने जूनियर मेन्स 1000 मीटर स्पर्धा में गोल्ड जीता है.
इससे पहले किसी भी भारतीय ने स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल नहीं जीता था.
आनंदकुमार वेलकुमार, स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं. उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई मंत्रियों और नेताओं तारीफ़ की है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 के सीनियर मेन्स 1000 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है. उनके धैर्य, गति और जज़्बे ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला वर्ल्ड चैंपियन बनाया है."
स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर्नामेंट चीन में हो रहा है.

इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास की ओर से इसराइली बंधकों को ढाल की तरह इस्तेमाल किए जाने के दावे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने हमास को चेतावनी दी है कि अगर वह ऐसा करता है तो 'सभी शर्तें ख़त्म हो जाएंगी'.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "मैंने अभी-अभी एक न्यूज़ रिपोर्ट पढ़ी कि हमास बंधकों को ज़मीन के ऊपर ले जाकर इसराइली अभियान के ख़िलाफ़ इंसानी ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है."
ट्रंप ने धमकी भरे अंदाज़ में कहा, "आशा है, हमास के नेताओं को यह पता है कि अगर वे ऐसा करेंगे तो वे क्या कर रहे हैं."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसे 'मानवीय क्रूरता' बताया. उन्होंने कहा, "ऐसा न होने दें वरना, सभी 'शर्तें' समाप्त हो जाएंगी. सभी बंधकों को तुरंत रिहा करें!"
पिछले हफ़्ते इसराइल ने क़तर के दोहा में हमास के नेताओं पर हमला किया था. इस हमले की अमेरिकी राष्ट्रपति समेत कई देशों के नेताओं ने निंदा की थी.